राजस्थान – ग्रामीण गुर्जर लोगों के इलाके से


31 मई 2023

नगर या बृजनगर भरतपुर जिले का पश्चिमी किनारा होगा। यहाँ भी प्रेमसागर को खण्डेलवाल समाज की धर्मशाला में जगह मिल गयी। सस्ते में। तीस-इकतीस मई की रात वहां गुजारी। आज सवेरे जल्दी निकलना नहीं हो पाया। खण्डेलवाल धर्मशाला का मेन गेट छ बजे खुलता है।

नगर से निकलते ही मोर, ऊंटगाड़ी, भिटोरा (उपड़ऊर – उपले का ढेर) दिखे।

आगे मुख्य मार्ग से अलग चले प्रेमसागर। नगर से निकलते ही मोर, ऊंटगाड़ी, भिटोरा (उपड़ऊर – उपले का ढेर) दिखे। भिटोरा उत्तरप्रदेश के डोम के आकार का नहीं, चौकोर होता है और उसपर गोबर के लेप में सुंदर चित्रकारी भी दीखती है। यह बनाने का काम महिलायें ही करती होंगी। बहुत कलात्मक हाथ होंगे उनके। उपले रखने की साधारण सी जगह को भी सुंदर बनाना यहां उत्तरप्रदेश की महिलाओं को नहीं आता।

भिटोरा चौकोर होता है और उसपर गोबर के लेप में सुंदर चित्रकारी भी दीखती है। यह बनाने का काम महिलायें ही करती होंगी। बहुत कलात्मक हाथ होंगे उनके।

ग्रामीण इलाका गुर्जर बहुल है। लोगों ने प्रेमसागर का वेश देख कर और यह जान कर कि वे लम्बी पदयात्रा पर निकले हैं; उनका अच्छा स्वागत सत्कार किया। तख्त और फर्श पर बैठे ग्रामीण, हुक्का बारी बारी से गुड़गुड़ाते हुये। प्रेमसागर को हुक्के की दरकार तो नहीं होगी, पर उन्हें जलपान अच्छे से कराया ही होगा। जहां भी स्वागत सत्कार होता है, वहां के चित्र बड़ी उदारता से मेरे पास भेजा करते हैं प्रेमसागर। ध्यान से देखने पर ग्रामीण जीवन की विविधता नजर आती है। एक व्यक्ति तिलक लगाये है। एक पगड़ी पहने। जिन्होने पगड़ी नहीं रखी उनके कांधे पर गमछा है। शायद गमछा ही पगड़ी बन जाता हो।

एक ही हुक्के से बारीबारी गुड़गुड़ाते लोग। क्या बात कर रहे होंगे? स्थानीय राजनीति की? गर्त में जाती नई पीढ़ी की? या प्रेमसागर की यात्रा की। चित्र के अलावा बहुत इनपुट नहीं मिलते। प्रेमसागर जितनी सरलता से फोटो भेजते हैं, उतनी कलात्मकता से उसका विवरण नहीं देते। उन्हें मैंने इत्मीनान से ऑडियो मैसेज देने को कहा है। पर कोई काम का सम्प्रेषण नहीं लगता। केवल कुछ शब्द, जो लिखे जाने थे, वे ऑडियो रूप में बोले जाते हैं।

जगह का नाम बताया – बाजाहेड़ा। नक्शे में वह बजहेड़ा लिखा है। गूगल मैप हिंदी से अंगरेजी नहीं बनाता। अंगरेजी से हिंदी बनाता है। प्रेमसागर भी कुछ कुछ गूगल जैसे हैं। शब्दों के हिज्जे और ध्वनि को सही सही री-प्रोड्यूस नहीं करते।

आगे दोपहर होते समय एक अन्य गांव में फूल सिंह जी उन्हे भोजन कराते हैं। गांव का नाम भेजा है सिकाहेरा। पता नहीं वह सिकाहेरा है या कुछ और। गूगल मैप में लगभग उसी जगह पर गांव दिखता है – सिताहरा – Sitahara. फूल सिंह जी सम्पन्न ग्रामीण नजर आते हैं। पैण्ट कमीज पहने हैं। घर में सोफा है। प्रेमसागर को स्टील की थाली, कटोरी में भोजन और ग्लास तथा पीतल के लोटे में जल रख कर जिमाया गया है।

सिताहरा में फूल सिंह जी के यहां भोजन

मैं गुर्जर लोगों को रुक्ष और अभद्र टाइप मानता था। वह जाति जो कायदे कानून अपने हिसाब से बनाती मानती हो। पर प्रेमसागर जी की इस यात्रा में उनके स्नेह और आतिथ्य ने मेरी धारणा बिल्कुल बदल दी है। बजहेड़ा और सिताहरा और उस जैसे अन्य गुर्जर गांवों की जय हो!

भोजन के बाद प्रेमसागर कठूमर-लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर चले। वहां भी वैसे ही मेजबानी के चित्र हैं। एक जगह लोग उन्हें ठण्डई जैसा कोई पेय पिलाते दीख रहे हैं। रास्ते भर राजस्थान की गर्मी में पीने के पानी का इंतजाम है। पानी का कण्डाल और मटके। पानी की टंकी आदि। वनस्पति बदल रही है। रेगिस्तानी; मोटे तने में पानी अपने में जमा करने वाली केक्टस वेराइटी की वनस्पति नजर आती है। राजस्थान अपना रंग दिखा रहा है। शायद सीकर जिला है। शेखावाटी इलाका।

जगह जगह पेय जल का इंतजाम है।

गांव में गुर्जर और मेव हैं। कस्बों, बड़े गांवों में बनिया और बाभन। हो सकता है राजपूत और जाट भी हों। जातिगत बदलाव पर प्रेमसागर के बहुत इनपुट्स नहीं हैं। मेव तो उनके लिये मुसलमान ही हैं। उनके इतिहास और वर्तमान से अछूती रहती है प्रेमसागर की यात्रा। आगे कई गांव दिखते हैं जहां मुस्लिम आबादी है। लक्ष्मणगढ़ के पास एक मेव मस्जिद भी नजर आती है। मेव आबादी हरियाणा, भरतपुर, सीकर और अलवर में है। इनका इतिहास राजपूतों द्वारा 1200-1700 के बीच इस्लाम स्वीकार करने का है। इनमें कई रस्म रिवाज अभी भी सवर्ण हिंदुओं के हैं। मसलन एक ही गोत्र में विवाह नहीं होना और नाम में भी हिंदू प्रतीकों का प्रयोग – रामचंद्र खान जैसे नाम। अब हिंदू-मुस्लिम वैमनस्य के कारण धार्मिक जड़ता शायद आई हो। पर प्रेमसागर की इस यात्रा में उनसे सम्पर्क नहीं होता है। प्रेमसागर की वेशभूषा भी ऐसी है कि कोई अन्यधर्मी शायद ही उनके पास फटके!

भोजन के बाद प्रेमसागर कठूमर-लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर चले। वहां भी वैसे ही मेजबानी के चित्र हैं। एक जगह लोग उन्हें ठण्डई जैसा कोई पेय पिलाते दीख रहे हैं। … प्रेमसागर की वेशभूषा भी ऐसी है कि कोई अन्यधर्मी शायद ही उनके पास फटके!

मुझे लगता था कि लक्ष्मणगढ़ बड़ी जगह है। यहां प्रेमसागर को रात गुजारने की जगह मिल जायेगी। पर वैसा हुआ नहीं। खण्डेलवाल धर्मशाला में व्यवस्था अच्छी नहीं थी। शौचालय में दुर्गंध का साम्राज्य था। एक दो मंदिरों ने ठहरने की जगह होने से इंकार कर दिया। “भईया, वह मंदिर कैसा जहां साधू या पदयात्री को रुकने की जगह न हो? भगवान वहां नहीं रहते होंगे।” – प्रेमसागर ने कहा। राजस्थान के सामान्य आतिथ्य को देख कर प्रेमसागर की अपेक्षायें बढ़ गयी हैं शायद। अन्यथा देश के बहुत हिस्सों में मंदिरों में और शक्तिपीठों में भी उन्हें टके सेर जवाब मिल चुका है। ईश्वर या माता वहां भी नहीं होंगे?

लक्ष्मणगढ़ बाजार से गुजरते हुये।

अंत में लक्ष्मणगढ़ के चार किमी आगे एक हनुमान मंदिर (नकटे हनुमान मंदिर) में उन्हें रहने को जगह मिली। पुजारी जी ने उनके भोजन का भी इंतजाम किया। जब प्रेमसागर मंदिर में पंहुच कर अपना परिचय पुजारी जी को दे रहे थे, तभी मैंने प्रेमसागर को फोन किया था। फोन का बटन उन्होने ऑन कर दिया या गलती से हो गया होगा। मैं उनकी पुजारी जी से बातचीत सुन पाया। रात गुजारने की जगह तलाशते पदयात्री के तर्क बहुत रोचक थे।

प्रेमसागर कह रहे थे – “आप मंदिल के पुजारी जी हैं? पुजारी जी हम बारह ज्योतिर्लिंग, चार धाम की पदयात्रा करने के बाद इक्यावन शक्तिपीठों की पदयात्रा पर हैं। अब तक तेईस शक्तिपीठ जा चुके हैं। आगे की यात्रा में एक रात गुजारने के लिये हमने सोचा कि जब हनुमान जी यहां हैं तो किसी और मंदिर की क्या जरूरत। हनुमान जी तो अस्थान देंगे ही। … आप मेरा आधार नम्बर नोट कर सकते हैं। और मेरे बारे में ज्यादा जानकारी के लिये गूगल सर्च कर सकते हैं। शक्तिपीठ पदयात्रा के नाम से सर्च करने पर मेरे बारे में पूरी यात्रा का विवरण मिल जायेगा।…”

नकटे हनुमान मंदिर में प्रेमसागर

पांव ठोंक कर, आवाज में आत्मविश्वास दिखाते हुये बात कर रहे थे प्रेमसागर। गूगल सर्च, ब्लॉग के ट्रेवलॉग, आधार नम्बर आदि की जहमत नहीं उठाई पुजारी जी ने। आसानी से रात गुजारने की जगह मिल गयी प्रेमसागर को।

… और तब मुझे समझ आया कि अपनी यात्रा को सुगम बनाने के लिये किस तरह उपयोग करते हैं मेरे डियाक (डिजिटल यात्रा कथा) लेखन का! कई जगह परिचय देने में ब्लॉग का प्रयोग कर उनकी झांकी जमी होगी। कितनी जगह सरलता से बिना पैसे या कंसेशन पर उन्हें सुविधायें मिली होंगी! पदयात्रा का महत यत्न तो उनका ही है, पर रुपया में दो-चार आना क्रेडिट ब्लॉग को भी मिल सकता है! :lol:

हर हर महादेव! ॐ मात्रे नम:!

प्रेमसागर की शक्तिपीठ पदयात्रा
प्रकाशित पोस्टों की सूची और लिंक के लिये पेज – शक्तिपीठ पदयात्रा देखें।
*****
प्रेमसागर के लिये यात्रा सहयोग करने हेतु उनका यूपीआई एड्रेस – prem12shiv@sbi
दिन – 103
कुल किलोमीटर – 3121
मैहर। प्रयागराज। विंध्याचल। वाराणसी। देवघर। नंदिकेश्वरी शक्तिपीठ। दक्षिणेश्वर-कोलकाता। विभाषा (तामलुक)। सुल्तानगंज। नवगछिया। अमरदीप जी के घर। पूर्णिया। अलीगंज। भगबती। फुलबारी। जलपाईगुड़ी। कोकराझार। जोगीघोपा। गुवाहाटी। भगबती। दूसरा चरण – सहारनपुर से यमुना नगर। बापा। कुरुक्षेत्र। जालंधर। होशियारपुर। चिंतपूर्णी। ज्वाला जी। बज्रेश्वरी देवी, कांगड़ा। तीसरा चरण – वृन्दावन। डीग। बृजनगर। विराट नगर के आगे। श्री अम्बिका शक्तिपीठ। भामोद। यात्रा विराम। मामटोरीखुर्द। चोमू। फुलेरा। साम्भर किनारे। पुष्कर। प्रयाग। लोहगरा। छिवलहा। राम कोल।
शक्तिपीठ पदयात्रा

राजस्थान में – प्याऊ, बबूल और जलेबा


30 मई 2023

डीग में खण्डेलवाल धर्मशाला में रुके थे प्रेमसागर। पहले चौरासी कोस की परिक्रमा के दौरान भी इसी धर्मशाला में ठहर चुके थे। सस्ता भी था वहां रुकना और आत्मीयता भी थी वहां लोगों से। यह गुण प्रेमसागर में प्रचुर है – लोगों से आत्मीयता बना लेना और उस नेटवर्किंग का अपनी पदयात्रा के लिये भरपूर उपयोग कर लेना। यह गुण उनकी रुक रुक कर बोलने, स्थानों और लोगों ने नाम गड्डमड्ड कर देने और भूगोल की अपर्याप्त जानकारी आदि की कमियों को बखूबी कवर-अप कर लेती हैं।

धर्मशाला पर बड़ा अच्छा वाक्य लिखा था – श्री खण्डेलवाल वैश्य समाज आपका हार्दिक स्वागत करता है।

सवेरे देरी से निकलना हुआ। करीब सात बजे। एक घण्टे बाद उन्होने बताया कि करीब चार-पांच किमी चल चुके हैं और एक “ठाकुर साहब” ने उन्हें बुला कर आलू के परांठे के साथ चाय का नाश्ता कराया है। उनका नाम बताया चौधरी महेंद्र सिन्ह। चित्र में लगता है कि महेंद्र सिंह जी का कोई सड़क किनारे रेस्तरां है। पास में एक महिला भी बैठी हैं। शायद महेंद्र सिंह जी की पत्नी होंगी। “भईया, ठाकुर साहब के खिलाने से दिन के दो बजे तक का तो काम हो गया!”

एक “ठाकुर साहब” ने उन्हें बुला कर आलू के परांठे के साथ चाय का नाश्ता कराया है। उनका नाम बताया चौधरी महेंद्र सिन्ह।

डीग/भरतपुर के आसपास करीब 40000 वर्ग किमी का इलाका जाट बाहुल्य है। पूर्वी उत्तरप्रदेश और बिहार के लोग जाट, ठाकुर, राजपूत में अंतर नहीं जानते। बहुधा इन सब को एक समझ कर ठाकुर या क्षत्रिय के कोष्ठक में रखते हैं। ठाकुर या राजपूत मुख्यत: राजे रजवाड़े और सामंती मानसिकता से ओतप्रोत हैं, पर जाटों की सामाजिक संरचना जातिगत प्रजातंत्र पर अवलम्बित है। यहां पांच बुजुर्गों की राय मायने रखती है और उसके खिलाफ बगावत नहीं होती। खाप पंचायत या महापंचायत की अवधारणा बहुत से लोगों को समझ नहीं आती।

आगे गर्मी बढ़ी और पानी की कमी दीखने लगी। “भईया, पानी के लिये तो हर आधा किलोमीटर पर पेड़ की छाया में घड़े रखे मिले हैं। पशुओं को भी पानी पिलाने के लिये गड्ढ़े खोदे गये हैं। कई जगह सड़क किनारे कुयें भी हैं और उनसे मीठा पानी निकालने के लिये रस्सी-बाल्टी भी रखी है। फसल तो इस समय नहीं दीखती पर लोगों ने बताया कि मोटा अनाज – मकई, बाजरा – उगाया जाता है। बबूल के ही पेड़ दीखते हैं ज्यादातर।”

जल प्रबंधन

सवेरे गर्मी थी पर दोपहर होते होते मौसम बदल गया। बारिश होने से रुकना पड़ा, पर आगे चलने में गर्मी के कारण व्यवधान भी खत्म हो गया। दोपहर दो बजे तक अठारह किलोमीटर का रास्ता तय किया था प्रेमसागर ने। मैंने उन्हें फोन कर बताया – “आगे छ किमी पर बृजनगर या नगर है। वहां मंदिर और धर्मशालायें दिखती हैं नक्शे में। आज वहां रुकने की सोचें। अन्यथा आगे अठारह-बीस किमी तक चलने पर ही कोई बड़ी जगह मिलेगी। नगर में जलेबा मिलता है। उसका फोटो भी ले लीजियेगा।”

प्रेमसागर ने नगर में रुकने की सोची। किसी खण्डेलवाल धर्मशाला में रुकने का इंतजाम हुआ। दिन भर का विवरण उन्होने बताया –

एक नौजवान लड़के ने तो मुझे रोक कर कोल्ड ड्रिंक और दो पैकेट बिस्कुट मंगाया मेरे लिये।

“लोग बहुत अच्छे हैं भईया। एक नौजवान लड़के ने तो मुझे रोक कर कोल्ड ड्रिंक और दो पैकेट बिस्कुट मंगाया मेरे लिये। उन्होने मेरे लिये पचीस पचास भक्ति गीत भी लोड कर दिये मेरे ब्ल्यू-टूथ (?) में। एक और जगह तो बड़ी उम्र के दो लोगों ने रोक कर चाय पिलाई। ब्राह्मण के रूप में बड़ी कदर की मेरी। उनका कहना था कि मुझे सिर झुका कर चलते चले जाना उन्हें अलग सा लग रहा था। ज्यादातर इस तरह की वेशभूषा वाले तो भीख मांगते दिखते हैं।”

बड़ी उम्र के दो लोगों ने रोक कर चाय पिलाई। ब्राह्मण के रूप में बड़ी कदर की मेरी।

“सरकार कांग्रेस की है यहां। तो मुझे लगा कि हो सकता है मुझ जैसे के लिये कोई दिक्कत हो। पर वैसा कुछ भी नहीं। लोग – स्त्रियां बच्चे भी देख कर राधे राधे कह कर अभिवादन करते हैं।”

“लोग कुरता पायजामा में हैं। कहीं कहीं धोती पहने भी हैं। सिर पर पगड़ी वाले भी कुछ हैं।”

नगर में जलेबा का चित्र भी लिया प्रेमसागर ने। “काफी बड़े साइज की जलेबी है। एक जलेबी का वजन डेढ़ सौ से तीन सौ ग्राम तक है।”

बृजनगर का जलेबा

“पहले राजस्थान नहीं देखा था। अब यह सब देख कर अच्छा लग रहा है। आगे देखें कैसा होता है।” – प्रेमसागर को रुच भी रहा है राजस्थान पर अनजानी जगह की आशंकायें भी हैं। लोग अच्छे मिल रहे हैं। व्यवहार अच्छा है।

राजस्थान में मौसम और बबूल की रुक्षता है पर स्वागत वह बाहें फैला कर करता है। … पधारो म्हारे देस!

हर हर महादेव! ॐ मात्रे नम:!

प्रेमसागर की शक्तिपीठ पदयात्रा
प्रकाशित पोस्टों की सूची और लिंक के लिये पेज – शक्तिपीठ पदयात्रा देखें।
*****
प्रेमसागर के लिये यात्रा सहयोग करने हेतु उनका यूपीआई एड्रेस – prem12shiv@sbi
दिन – 103
कुल किलोमीटर – 3121
मैहर। प्रयागराज। विंध्याचल। वाराणसी। देवघर। नंदिकेश्वरी शक्तिपीठ। दक्षिणेश्वर-कोलकाता। विभाषा (तामलुक)। सुल्तानगंज। नवगछिया। अमरदीप जी के घर। पूर्णिया। अलीगंज। भगबती। फुलबारी। जलपाईगुड़ी। कोकराझार। जोगीघोपा। गुवाहाटी। भगबती। दूसरा चरण – सहारनपुर से यमुना नगर। बापा। कुरुक्षेत्र। जालंधर। होशियारपुर। चिंतपूर्णी। ज्वाला जी। बज्रेश्वरी देवी, कांगड़ा। तीसरा चरण – वृन्दावन। डीग। बृजनगर। विराट नगर के आगे। श्री अम्बिका शक्तिपीठ। भामोद। यात्रा विराम। मामटोरीखुर्द। चोमू। फुलेरा। साम्भर किनारे। पुष्कर। प्रयाग। लोहगरा। छिवलहा। राम कोल।
शक्तिपीठ पदयात्रा

डीग, भरतपुर, राजस्थान


29 मई 2023

राजस्थान में दो शक्तिपीठ बताये गये हैं। एक अलवर-जयपुर के बीच श्री अम्बिका देवी शक्तिपीठ है। यह विराटनगर (वैराट ग्राम) में है। यहाँ विराट की राजधानी के खण्डहर हैं। पाण्डवों ने अपने वनवास का अंतिम तेरहवां वर्ष अज्ञातवास के रूप में यहां व्यतीत किया था।

उसके बाद अजमेर के पास पुष्कर सरोवर के समीप पहाड़ी पर गायत्री मंदिर है। यह मंदिर ही मणिवेदिक शक्तिपीठ है। यहां सती के मणिबंध (कलाईयां) गिरे थे।

प्रेमसागर ने वृन्दावन की चौरासी कोस – 360 किमी – की परिक्रमा के दौरान पश्चिमी भाग में डीग की पदयात्रा पहले ही कर रखी है। इसलिये राजस्थान के शक्तिपीठों के दर्शन के लिये उन्होने डीग को चुना, यात्रा प्रारम्भ करने के लिये।

डीग से श्री अम्बिका और मणिबंध शक्तिपीठ का पैदल मार्ग। कुल दूरी 348किमी।

डीग में पंहुच कर प्रेमसागर ने जाट राजाओं के “जल महल” को एक बार पुन: देखा। सोलहवीं सदी में राजा सूरजमल की ख्याति इन इमारतों से जुड़ी है। प्रेमसागर ने महाराजा बदन सिंह (1722 इस्वी) से प्रारम्भ कर एक दर्जन से अधिक भरतपुर-डीग के जाट राजाओं के नाम मुझे भेजे हैं। इसमें दूसरे महाराजा सूरजमल (1755-1763) सर्वाधिक शौर्यवान थे। यह डियाक जाट राजाओं की गाथा के बारे में नहीं है। पर प्रेमसागर ने जो चित्र उस स्थान के भेजे हैं, उनसे यह तो लगता है कि आज से चार सौ साल पहले भी उन महाराजाओं के पास बुद्धि-कौशल-तकनीकी प्रचुर थी। पर उनका समय धूमकेतु की तरह उभरा, चमका और इतिहास हो गया।

[मैंने महाराजा सूरजमल पर कुंवर नटवरसिंह की पुस्तक किण्डल पर डाउनलोड कर ली है। पर कितनी पुस्तकें पढ़ी जायेंगी? प्रेमसागर की डियाक लेखन के लिये कई पुस्तकों को मैंने ब्राउज किया है। पर उन सबके साथ न्याय तो नहीं ही किया। कभी कभी लगता है कि लिखने की बजाय पढ़ना ज्यादा महत्वपूर्ण है। पर फिर ब्लॉग लेखन समय लेने लगता है।]

यह सोचने का विषय है कि भारत में भिन्न भिन्न स्थानों पर दैदीप्यमान राजाओं के बावजूद भी यूरोप के डच-स्पेनी-पुर्तगाली-फ्रेंच-ब्रिटिश कैसे पूरे भू भाग पर छा गये। और भारत ही नहीं, पूरी दुनियां पर। और आज, जब भारत योरोपीय प्रभुत्व के आर्थिक पक्ष से लोहा लेना चाह रहा है तो ये उसके आड़े आ रही हैं ये जाट-गुर्जर-जट्ट की खाप पंचायतें। ऐसा ही हाल दक्षिण-पूर्व का भी है। धर्म और जाति के आधार पर खींचतान से सम्भव है भारत के हाथ से यह मौका भी निकल जाये।

प्रेमसागर के चित्र बहुत चटक नहीं हैं, पर मोहक हैं। महलों की बनावट, घास के लॉन, जलाशय, गुप्त रास्ते, आज के बाजार – सब अच्छे लगते हैं। पर इन सब की मोहकता भविष्य के भारत को कैसे चमकायेगी, यह प्रश्न मेरे मन में बार बार उभरता है।

महलों के आसपास हरियाली है, पर यह भी लगता है कि आगे बहुत ज्यादा नहीं दीखेगी। एक बैलगाड़ी में पानी के लदे ड्रम दीखते हैं।

डीग, भरतपुर, राजस्थान।

कल से लगभग दो सप्ताह प्रेमसागर को राजस्थान में गुजारने हैं। शक्तिपीठों की यात्रा के बहाने मैं इस प्रश्न को भी टटोलना चाहूंगा। राजस्थान भारत की आर्थिक उन्नति में एक बड़ा रोल अदा कर सकता है। यहां के मारवाड़ी समुदाय ने पिछले सौ साल में भारत को आर्थिक ताकत देने में बहुत महत्वपूर्ण योगदान किया है। विषम जलवायु के बावजूद जुझारूपन कायम रखना राजस्थान की खासियत है। वह देखना और महसूस करना है।

गोवर्धन, वृन्दावन

प्रेमसागर में ऊर्जा है। मेरे मन मेंं मौसम और स्वास्थ्य को ले कर थकान है। फिर भी देखा जायेगा कि इस डियाक से क्या निकल कर आता है!

जय हो! पधारो राजस्थान!

हर हर महादेव। ॐ मात्रे नम:!

प्रेमसागर की शक्तिपीठ पदयात्रा
प्रकाशित पोस्टों की सूची और लिंक के लिये पेज – शक्तिपीठ पदयात्रा देखें।
*****
प्रेमसागर के लिये यात्रा सहयोग करने हेतु उनका यूपीआई एड्रेस – prem12shiv@sbi
दिन – 103
कुल किलोमीटर – 3121
मैहर। प्रयागराज। विंध्याचल। वाराणसी। देवघर। नंदिकेश्वरी शक्तिपीठ। दक्षिणेश्वर-कोलकाता। विभाषा (तामलुक)। सुल्तानगंज। नवगछिया। अमरदीप जी के घर। पूर्णिया। अलीगंज। भगबती। फुलबारी। जलपाईगुड़ी। कोकराझार। जोगीघोपा। गुवाहाटी। भगबती। दूसरा चरण – सहारनपुर से यमुना नगर। बापा। कुरुक्षेत्र। जालंधर। होशियारपुर। चिंतपूर्णी। ज्वाला जी। बज्रेश्वरी देवी, कांगड़ा। तीसरा चरण – वृन्दावन। डीग। बृजनगर। विराट नगर के आगे। श्री अम्बिका शक्तिपीठ। भामोद। यात्रा विराम। मामटोरीखुर्द। चोमू। फुलेरा। साम्भर किनारे। पुष्कर। प्रयाग। लोहगरा। छिवलहा। राम कोल।
शक्तिपीठ पदयात्रा
Design a site like this with WordPress.com
Get started