यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो — २



(कल से आगे—) यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो छात्रो‍ के रूप मे‍ हम गम्भीर अध्ययन के कालयापन के स्थान पर अपने पाठ्यक्रम से अलग की गतिविधियो‍ मे‍ ही अधिक रुचि लेंगे और हम ऐसे विचारो‍ तथा कार्यों मे‍ व्यस्त रहेंगे, जो हमारे जीवन कालिका को गलत आकार देंगे और इसके फ़लस्वरूप हम खिलने के पहले ही मुरझा जायेंगे। बादमें जब हमें अपने अस्तित्व के लिये संघर्ष करना पड़ेगा, तो पता चलेगा कि हम कहीं के नहीं रहे। और तब हम निर्लज्जतापूर्वक दूसरों द्वारा उपार्जित रोटियों पर पलते हुये, आनेवाली क्रान्तियों के स्वप्न देखेंगे।

Photo Sharing and Video Hosting at Photobucket
कल की टिप्पणियों में चरित्र और स्वामी/सन्यासी के प्रति एक उपहास भाव दीखता है। चरित्र के गिरते स्तर; चरित्रहीनता से तथाकथित रूप से मिल रही सफ़लता तथा ढोंगी सन्यासियों के व्यापक प्रपंच से यह भाव उत्पन्न हुआ प्रतीत होता है। पर यह शाश्वत नहीं रहेगा।
ट्र्यू-नॉर्थ या ध्रुव सत्य बदल नहीं सकता। यह मेरा प्रबल विश्वास है।

यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो हमारा ज्ञान बड़ी जटिलता के साथ मनुष्य की बरबादी के काम में लगेगा; छोटी-छोटी चीजों के लिये हम अत्यन्त बुद्धिमत्ता का प्रयोग करेंगे और हमारा अथक उद्यम भी निष्फ़ल सिद्ध होगा।

यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र का अभाव हो, तो उचित विचार हमारे लिये असम्भव होगा, और गलत विचारों से भला आकांक्षित फल कैसे प्राप्त हो सकेगा? यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो हम या तो अतीत में रहेंगे या भविष्य में, न कि जाग्रत वर्तमान में। हमारी शक्तियां आत्मसुधार या सामाजिक हित के साहसपूर्ण सन्घर्ष मे‍ लगने के स्थान पर, निरन्तर जगत के दोषो‍ की शिकायत करते हुये अतीव नकारात्मक ढ़ंग से खर्च होंगी।

यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र का अभाव हो, तो हमारे वैवाहिक सम्बन्ध बालू के घरौन्दों जैसे, घर के सांपों के विवर के समान, सन्तान लोमड़ियों जैसे और मानवीय सम्बन्ध स्वार्थ तथा चालबाजी से भरे होंगे। इसके परिणाम स्वरूप, गृहविहीन अनाथों, अपराधियों, धूर्तों, ठगों, पागलों तथा असामाजिक तत्वों में वद्धि होगी।

यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो लोकतन्त्र में ऐसे लोग सत्ता पर अधिकार जमा लेंगे कि जनता पुकार उठेगी, ’हाय, कब हमें एक तानाशाह मिलेगा!’ यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र का अभाव हो, तो योजना के अनुसार अन्न का उत्पादन होने पर भी सबके लिये पर्याप्त भोजन का अभाव होगा। मानव के चरित्र के समान ही अन्न भी लुप्त हो जायेगा।

यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र का अभाव हो, तो हमारी आपात प्रगति भी वस्तुत: अधोगति होगी, हमारी समॄद्धि ही हमारे विनाश का कारण होगी और हमारी अत्यन्त जटिल पीड़ायें समाप्त होने का नाम ही न लेंगी। यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र का अभाव हो, तो सर्वत्र भौड़ेपन का साम्राज्य होगा, हमारे चेहरों की चमक खो जायेगी, हमारे नेत्रों का तेज, हॄदय की आशा, मन के विश्वास की शक्ति, आत्मा का आनन्द – सब चले जायेंगे।


स्वामी बुधानन्द की पुस्तिका – “चरित्र-निर्माण कैसे करें”, अध्याय – 4 के अंश।

अद्वैत आश्रम, कोलकाता से प्रकाशित। मूल्य रुपये 8 मात्र।

इस पुस्तक के आगे के अध्यायों में चरित्र साधन, सुनियोजित जीवन और पूर्णता के विषय पर बहुमूल्य विचार हैं। मैने उनका बहुधा पारायण किया है; यद्यपि चरित्र निर्माण तो सतत प्रक्रिया है जो शायद जन्मान्तरों में जारी रहती है।


यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो —



यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो तो हमारी शक्तियों की बजाय हमारी दुर्बलतायें ही अधिक प्रभावी होंगी, हमारे सौभाग्य की तुलना में हमारा दुर्भाग्य ही अधिक प्रबल होगा, हमारे जीवन में सुख शांति की जगह शोक विषाद की ही बहुतायत होगी और हमारे भविष्य की तुलना में हमारा अतीत ही अधिक गौरवशाली होगा।

यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो तो हमारे मित्रों की अपेक्षा हमारे शत्रु ही अधिक सबल होंगे, शांति की तुलना में युद्ध ही अधिक होंगे, मेल मिलाप के स्थान पर हिंसा का ही आधिक्य होगा। यथेष्ट चरित्र के अभाव में हमारी रेलगाड़ियां समय से नहीं चलेंगी, कारखाने अपनी क्षमता के अनुरूप उत्पादन नहीं करेंगे; उद्योग धन्धे चौपट हो जायेंगे और खेतों से आशानुरूप फसल नहीं होगी।

यदि यथेष्ट चरित्र न हो तो हमारे मन्दिर व्यवसायिक केन्द्र बन जायेंगे और हमारे शिक्षाकेन्द्र कारखाने मात्र बन कर रह जायेंगे। हमारे पास यदि यथेष्ट चरित्र न हो तो हम ऐसे कार्यों को टालेंगे जो हमें पूर्ण बनाते हैं और उत्साह पूर्वक ऐसे कार्य करेंगे जो बरबादी लाते हैं। यदि यथेष्ट चरित्र न हो तो हमारे बांध बाढ़ को रोक नहीं सकेंगे, हमारे पुल बह जायेंगे और हमारे राजमार्ग जगह-जगह टूट कर जीवन का विनाश करेंगे।

यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो हमारी नगरपालिकायें गुटबन्दी के अड्डे बन जायेंगे, सड़कें कूड़े-कचरे से परिपूर्ण होंगी और हमारे कार्यालयों में कामचोरी का साम्राज्य होगा। यदि यथेष्ट चरित्र न हो तो हमारे नेता अपने नेतृत्व की खरीद-फरोख्त करेंगे, हमारे राजनैतिक दलों में फूट होगी, हमारे पुरोहित दुकानदारों के समान होंगे और व्यवसायी ‘गला काटने’ में आनन्द का अनुभव करेंगे।

Photo Sharing and Video Hosting at Photobucket 
यथेष्ट चरित्र के अभाव में हमारी रेलगाड़ियां समय से नहीं चलेंगी, कारखाने अपनी क्षमता के अनुरूप उत्पादन नहीं करेंगे; उद्योग धन्धे चौपट हो जायेंगे और खेतों से आशानुरूप फसल नहीं होगी।

यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो सेवा कार्यों की अपेक्षा आपराधिक कर्म ही अधिक होंगे, सुरक्षित स्थानों की तुलना में असुरक्षित स्थानों का ही बाहुल्य होगा, विश्वसनीय व्यक्तियों की अपेक्षा सन्दिग्ध लोगों की ही संख्या अधिक होगी। यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो युवक और युवतियां असंयमी होंगे, वृद्ध और वृद्धायें उत्तेजक तथा तारुण्यपूर्ण आचरण करेंगे, जिसके फलस्वरूप सरकार को अधिकाधिक पागलखाने खोलने की आवश्यकता होगी। यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो हमारी संस्कृति कामुकता का पर्याय बन जायेगी, हमारी कला धूल में मिल जायेगी और हमारा साहित्य शुद्ध इन्द्रियपरता में परिणत हो जायेगा।

यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो हमारे समाज में शांति-सामंजस्य, सुख-संयम और सच्चाई-ईमानदारी की तुलना में लड़ाई-झगड़ों, उत्तेजना-उपद्रव, भ्रष्टाचार तथा भाई-भतीजावाद का बोलबाला होगा। हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो धन कमाने के लिये हम निम्न तथा कुरुचिपूर्ण भावों को बढ़ावा देने वाली चीजों को बेंच कर, लोगों की और यहां तक अपने बच्चों की अभिरुचि तक को भी भ्रष्ट कर डालेंगे। यदि हमारे पास यथेष्ट चरित्र न हो, तो धर्म निर्जीव अनुष्ठानों तक ही सीमित रह जायेगा, नैतिक मूल्य विकृत होकर विताण्डवाद में परिणत हो जायेंगे, लोकहित आत्मप्रशंसा के हेतु सामाजिक कार्य में, आध्यात्मिकता ऐहिकता में, ऐहिकता सुखवाद में और सुखवाद विनाश में परिणत हो जायेगा। (शेष कल —)


स्वामी बुधानन्द की पुस्तिका – "चरित्र-निर्माण कैसे करें", अध्याय – 4 के अंश। 

अद्वैत आश्रम, कोलकाता से प्रकाशित। मूल्य रुपये 8 मात्र।  


टिप्पणी नीति – कुछ यूंही विचार



कमेण्ट मॉडरेशन बड़ी वाहियात चीज है। अगर आप अपने पाठकों से जुड़ाव महसूस करते हैं तो यह आपको इण्टरनेट और कम्प्यूटर से दूर नहीं जाने देती। तो फिर मेरे जैसा आदमी, जो टिप्पणी मॉडरेशन के खिलाफ लिख चुका था, मॉडरेशन को क्यों बाध्य हुआ?

Photo Sharing and Video Hosting at Photobucket
इस बारे में चर्चा होनी चाहिये कि सुस्पष्ट व्यक्तिगत टिप्पणी नीति पाठक/ब्लॉगर आवश्यक मानते हैं या नहीं।


चित्र में टच-स्टोन

पहले जब मुझे पढ़ने वाले और टिप्पणी करने वाले कम थे, तो हम पर्सन-नॉन-ग्राटा थे।

हमारे लेखन या टिप्पणियों से किसी के पेट में दर्द नहीं होता था। मेरी टिप्पणियों में और लेखों में कभी-कभी तल्खी अवश्य झलकती है। वह व्यक्तित्व का अंग है। शायद दुर्वासा के गोत्र में होऊं। लिहाजा जब कुछ ब्लॉग-यातायात बढ़ा ब्लॉग पर तो लैम्पूनर्स (निन्दक) भी आये।

स्वस्थ निन्दा खराब नहीं लगती, वरन सोचने को ऊर्जा प्रदान करती है। पर गाली गलौज और अश्लीलता को जायज मानने वाले और व्यर्थ ईश निन्दा में रुचि लेने वाले भी इस ब्लॉग जगत में हैं। पहले मुझे लगा कि उनके लिये एक टिप्पणी नीति की आवश्यकता है। मैने आनन-फानन में बनायी भी। वह यहां पर है। वह नीति मुझे ब्लॉग पोस्ट के रूप में दिखाने की जरूरत नहीं पड़ी। मैने साथ में टिप्पणी मॉडरेशन का निर्णय लिया। और मुझे याद नहीं आता कि एक आध बेनामी टिप्पणी के अलावा कभी मुझे कोई टिप्पणी हटानी पड़ी हो। ब्लॉग जगत में लोग जिम्मेदार ही हैं और अगर उन्हे पता रहे कि खुराफात का स्कोप नहीं है तो और भी जिम्मेदारी से काम लेते हैं।

इस टिप्पणी नीति के इतर मैने कुछ दिनों पहले यही निर्णय लिया है कि अंग्रेजी में भी टिप्पणियों का स्वागत करूंगा। 

 

अपने ब्लॉग पर तो नहीं पर आलोक 9211 के ब्लॉग पर एक मामला मुझे मिला। इसमें आलोक ने आगे ‘बिल्लू पीछे सेब’ के नाम से पोस्ट लिखी है। इस पर आयी दो विवादास्पद टिप्पणियों को आलोक ने ब्लॉग पर रखने का निर्णय लिया। आलोक की पोस्ट और टिप्पणियों का आप अवलोकन करें। यह पोस्ट माइक्रोसॉफ्ट के लिये अप्रिय है। एक बेनाम सज्जन ने आलोक को माइक्रोसॉफ्ट के प्रति अनग्रेटफुल पिग (अकृतज्ञ सूअर) कहते हुये अंग्रेजी में टिप्पणी की है। उसपर अरविन्द जी ने मां की गाली देते हुये उस अंग्रेजी में टिप्पणी करने वाले को ललकारा है। आलोक ने अपनी टिप्पणी नीति का हवाला दे कर दोनो टिप्पणियों को रिटेन करना जस्टीफाई किया है।1

मैं आलोक के पक्ष-विपक्ष में नहीं जा रहा। मैं केवल यह प्रसन्नता व्यक्त कर रहा हूं कि आलोक के पास टिप्पणी पॉलिसी का टच-स्टोन है जिसपर वे तोल कर टिप्पणी रखने/हटाने का निर्णय करते हैं। शायद और ब्लॉगरों के पास भी अपनी नीति हो। कृपया आप आलोक के तर्क भी उस पोस्ट पर देखें। 

इस बारे में चर्चा होनी चाहिये कि सुस्पष्ट व्यक्तिगत टिप्पणी नीति पाठक/ब्लॉगर आवश्यक मानते हैं या नहीं।


1. वैसे; आलोक 9211 वाला उक्त मामला मेरे साथ होता तो मैं दोनो टिप्पणियों पर रबर फेर देता! आलोक मनमौजी हैं, जापानी से निकल थाई भाषा में टहल रहे हैं। पर मेरे लिये हिन्दी माँ है तो अंग्रेजी मामी! कोई दिक्कत नहीं अंग्रेजी से। और ब्लॉगर.कॉम को भी मैं दान की बछिया मानता हूं – उसके दांत नहीं देखे जाते। गूगल जी को हिन्दी में नफा नजर आयेगा तो हिन्दी ब्लॉगर.कॉम अपने से चमकदार बनेगा। ब्लॉगर की पोल से क्या फर्क पड़ेगा; यह मैं किनारे बैठ कर देखता रहूंगा।

चलते-चलते : कल संजय तिवारी का यह लेख पढ़ा। टिप्पणी करने के पहले रुक गया। लिखा था -  ‘बिना पूरा पढ़े, टिप्पणी न करें’। पूरा पढ़ना क्या होता है? आत्मसात करना? आत्मसात करने पर टिप्पणी क्या निकलेगी? उहापोह में मैं रुक गया। अच्छा हुआ, नहीं तो शायद अण्ट-शण्ट लिखता। बिना पोस्ट पढ़े टिप्पणी करने को दिखाने/न दिखाने के विषय को संजय अपनी टिप्पणी नीति से जोड़ सकते हैं।       


Design a site like this with WordPress.com
Get started