यह विशुद्ध मजे के लिये है!



अज़दक आजकल हज करने गये हैं/जाने वाले हैं. साम्यवादी विचार धारा वाले व्यक्ति के लिये चीन की यात्रा हज करने के बराबर ही है. वे यांगटीसीक्यांग नदी को निहार इतने गदगदायमान हो गये हैं कि गंगा को महिमा-मण्डित करने वाले भूपेन हजारिका की लत्तेरेकी-धत्तेरेकी कर दी. उनके अनुसार गंगा की स्तुति गा कर भाजपा के टिकट पर संसद का चुनाव लड़ने के कारण ही भूपेन हारे. शायद उनके मन माफिक विचारधारा का पुण्य स्मरण कर चुनाव लड़ते तो शूरवीर और विजयी होते!

भूपेन को पोस्ट पर लाने का काम यूनुस ने किया था. सो यूनुस को भी जी भर के नोचा उन्होनें. अब यूनुस तो श्रीश की तरह शरीफ इंसान हैं, लिहाजा सौरियाते हुये (सॉरी बोलते हुये – गलती मानते हुये) इसी पोस्ट की टिप्पणी में कुछ जवाब दिया. हमने भी अपने मैत्री धर्म को निभाते हुये यूनुस के पक्ष में टिप्पणी कर दी तो ठाकुर जी ने ठसक के हमें भी लपेट लिया:

ज्ञानजी, चीन से लौट आवें तो इलाहाबाद आकर आपकी बगिया, कुटिया भी नोचेंगे. चिंता न करें.

थोड़ी फिकर हो गयी है. अभय तिवारी, अजदक की चीन से वापसी कब है और इलाहाबाद में पदार्पण कब है? जरा बताना. मुझे अपनी कुटिया की सुरक्षा के लिये पुलीस सुरक्षा न मांगनी पड़े एडवांस में! :)

और है कोई माई का लाल (सॉरी, लाल तो साम्यवादी हो गया, है कोई माई का हरा) जो भूपेन हजारिका के पक्ष में एक-आध पोस्ट लिख दे.

यूनुस, भूपेन के दो-चार और गाने सुनवा दो भाई! और जरा जल्दी करना.

(1. अज़दकजी, खार न खायें. यह विशुद्ध मजे के लिये है. वैसे भी, लाल रंग के बावजूद आपका लेखन मुझे प्रिय है यह मैं बार-बार कह चुका हूं! यह अलग बात है कि ज्यादातर बिरादर लोग उनकी पोस्ट पर पहले ही मौज ले चुके हैं. कई तो अपने-अपने तरीके से मन्दारिन सीख चुके हैं!

2. भूपेन हजारिका देश की शान हैं – वैसे ही जैसे लता मंगेशकर. उनको किसी विशेष शब्द के उच्चारण, भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ना, या किसी अन्य व्यक्तिगत कारण से इस प्रकार सार्वजनिक उपहास का पात्र बनाना उचित नहीं है. उत्कृष्टता में राजनीति नहीं घुसनी चाहिये. हां मुझे भाजपा या उसकी विचारधारा से कोई मोह नहीं है, उसकी जितनी निन्दा करना चाहें, अजदक जी करें.

3. पोस्ट पर इण्टरनेट से लिये यांगत्सी नदी के दो चित्र हैं.)


मैं अंग्रेजी से नकल का जोखिम ले रहा हूं



रीडर्स डाइजेस्ट के अगस्त-2007 अंक में गिविंग बैक स्तम्भ में फ्रूट्स ऑफ प्लेण्टी नामक शीर्षक से पद्मावती सुब्रह्मण्यन का एक लेख है (पेज 39-40). मुम्बई में 66 वर्षीया सरलाबेन गांधी हर रोज 6 दर्जन केले खरीदती हैं. इतने केले क्यों? कितने नाती-पोते हैं उनके?

सरलाबेन केले ले कर 300 मीटर दूर घाटकोपर के राजवाड़ी म्युनिसिपल अस्पताल में जाती हैं. वहां गर्भ की परीक्षा के लिये आउट-पेशेण्ट-विभाग (ओपीडी) में गर्भवती महिलायें प्रतीक्षारत होती हैं. उनमें से बहुत सी कुपोषित प्रतीत होती हैं. सरलाबेन मेज पर अपना केलों वाला थैला रख कर उन स्त्रियों को केले देती हैं. वे औरतें कृतज्ञता से स्वीकार करती हैं.

केले के छिलके जमीन पर मत फैंकना सरलाबेन कहती हैं. कुछ देर बाद वे केले के छिलके एक प्लास्टिक की थैली में जमा करती हैं और घर के लिये रवाना हो जाती हैं.

इनमें से बहुत सी औरतें दूर-दूर से आती हैं और थक चुकी होती हैं. राजवाड़ी अस्पताल की गायनिक डा. कृपा अशोक बताती हैं. केला बहुत अच्छा ऊर्जादायक फल है. वास्तव में केले में पोटैशियम, मैग्नीशियम, विटामिन और लौह तत्व हैं, जो गर्भावस्था में बहुत लाभदायक हैं.

सरलाबेन यह जानती हैं. उनके पति डॉक्टर हैं. वे नर्स बनना चाहती थीं, पर उनकी जल्दी शादी हो गयी. फिर तीन बच्चियां हुईं. दस साल पहले उन सब की शादी हो गयी. सरलाबेन के पास बहुत सा वक्त खाली बचने लगा. वे एक स्वयमसेवी संस्था के साथ जुड़ कर गर्भवती स्त्रियों को राजवाड़ी अस्पताल में केले बांटने लगीं. बाद में यह काम वे अलग से स्वयम करने लगीं. अब वे सप्ताह में 5 दिन सुबह शाम (दो बार) यह करती हैं. सवेरे वे बच्चों को बिस्कुट-ब्रेड देती हैं और दोपहर में गर्भवती स्त्रियों को केले. शनिवार को उनकी बड़ी लड़की यह काम सम्भालती है. रविवार को ओपीडी नहीं होती, सो छुट्टी होती है.

कब तक करेंगी वे यह कार्य? पूछने पर सरलाबेन मुस्कुरा कर कहती हैं जब तक जियूंगी.

मित्रों यह पढ़ने पर कई दिन मैं सोचता रहा. ध्येय खोजने के लिये लम्बी-चौड़ी योजना चाहिये क्या? शायद नहीं.

और मैं रीडर्स डाइजेस्ट से यह अनुवाद कर प्रस्तुत करने में दो प्रकार का जोखिम ले रहा हूं पहला यह कि कुछ मित्र कह सकते हैं कि इस व्यक्ति के पास कुछ ओरीजिनल तो होता नहीं, अंग्रेजी से टीप कर प्रस्तुत करता है. दूसरा यह कि शायद इसका कॉपीराइट पद्मावती सुब्रह्मण्यन या/और रीडर्स डाइजेस्ट के पास हो.

पर यह इतना सरल और सशक्त लेखन लगा मुझे कि मैं प्रस्तुत कर ही दे रहा हूं इस विचार के साथ कि शायद कुछ लोग होंगे जिन्होने इसे अंग्रेजी में न पढ़ा हो.
(ऊपर दायें सरलाबेन और महिलाओं का धुंधला चित्र रीडर्स डाइजेस्ट से)



मेरी चिंतायें



1. लोग पच्चीस-तीस की उम्र में जड़ हो जाते हैं. पर दाह संस्कार के लिये 80-90 की उम्र तक इंतजार करते हैं. बीच का समय टेलीवीजन की शरण में काटते हैं. यह कैसे रोका जा सकता है? लोगों की जीवंत उम्र कैसे बढ़ाई जा सकती है?

2. ऐसा क्यों है कि दुख-दर्द हमें असीमित लगते हैं. अन्याय अत्याचार विकराल प्रतीत होते हैं. अच्छाई को टॉर्च लेकर ढ़ूंढ़ना पड़ता है. जबकि ये सब ईश्वर प्रदत्त हैं और असीमित हैं. हम जो सोचने लगें वही प्रचुर मात्रा में मिल सकता है. पर हमारी सोच में अभाव और अकाल ही क्यों आते हैं?

3. हम गरीबी, भुखमरी, बीमारी, अकेलापन, अभाव नहीं चाहते. पर अपने सोचने, बोलने और लिखने में उसी का महिमामण्डन करते हैं. उसी में हमें सरलता, निरीहता, भोलापन और करुणा नजर आती है. हम इस प्रकार के सोचने, लिखने और बोलने के प्रति निर्मम क्यों नहीं हो सकते?

4. एंट्रॉपी हममें बढ़ रही है. अव्यवस्था हममें अनियंत्रित है. पर हम देख बाहर रहे हैं बाहर कितना कचरा है. लोग कितने जाहिल और काहिल हैं. भय हमारे अन्दर है पर उसका कारण हम बाहर खोज रहे हैं कितने सांप हैं बाहर, कितने माफिया हैं, कितने दादा हैं. हम अपने में नहीं बाहर गलतियां देख रहे हैं.

5. अपने समय को रेत की तरह मुठ्ठी से निकल जाने दे रहे हैं. एक के बाद एक दिन कैलेण्डर से काट रहे हैं. पर जब कुछ करने की बारी आती है, या करने का संकल्प करने की बारी आती है तो अचानक समय की किल्लत लगने लगती है. समय मिल ही नहीं पाता. इतना काम है, इतना काम है कि कोई काम नहीं हो पाता.

6. मानव विकसित हो रहा है. आजके बच्चे पहले की अपेक्षा अधिक जानकार और होशियार हैं. वे अपने और अपने वातावरण के प्रति अधिक चैतन्य हैं. पर हमें पहले से ज्यादा नैराश्य, दैन्यता और अन्धेरा क्यों नजर आता है. अखबारों और पत्रिकाओं/पुस्तकों के पन्ने अधिक चमकदार बन रहे हैं, पर वे जीवन धुंधला क्यों बना रहे हैं?
(शेष फिर कभी…. )


उक्त चिंतायें तो मन/प्राण के स्तर की हैं. पर एक चिंता पूर्णत: अधिभौतिक है – यह भाव हमेशा क्यों आता है कि लोग आपके लिखे में गलतियां सहन नहीं करेंगे या छिद्र ढ़ूंढ़ेंगे? और यह विचार तब आते हैं, जब चेतना के स्तर पर मैं जानता हूं कि उत्कृष्टता के लिये अपने को उत्तरोत्तर नकार सहने को तैयार रखना चाहिये!

और हाँ; स्वतंत्रता दिवस की बधाई-शुभकामनायें.

Design a site like this with WordPress.com
Get started