कार्तिक अमावस की सांझ


विल्वपत्र की टेरी तोड़ रही थीं कोटेश्वर महादेव की मालिनें। एक बकरी उनसे स्पर्धा कर रही थी विल्वपत्र और गेंदे के फूल चबाने में। पर स्पर्धा इतनी विकट नहीं थी कि बकरी पर कोई डण्डा पड़ता। हटाने पर वह एक स्थान से दूसरे पर जा कर कुछ न कुछ चबाने को पा जा रही थी। कुल मिला कर कोटेश्वर महादेव पर समरसता का माहौल था; जो सामान्यत: पाया जाता है। शिव जी और गौरा पार्वती की पूजा करने को लोग थे – न कम न ज्यादा।

यह कार्तिक अमावस की सांझ थी। रात में दीपावली का पर्व मनने जा रहा है।

पीछे खुशीराम आगे चिण्टू - डगमग पग!

घाट पर दो वीर दिखे। हाला उनके उदर में इतना नहीं गई थी कि लोट जाते रेती में। पर इतना जरूर थी कि पग डगमग चल रहे थे। पास में खड़ी नाव पर बैठे व्यक्ति से शायद हाला को ले कर टिर्रपिर्र हो गयी थी। जाते जाते वे बोल रहे थे – अरे न देई क होई त जिनि द भाई, पर हमहू बिरादरी के हैं। हमार नाम लिखि लो – चिण्टू मल्लाह (अरे शराब न देनी हो तो न दो भाई; पर हम भी बिरादरी के हैं। हमारा नाम लिख लो – चिण्टू मल्लाह)। तब तक दूसरे ने भी सम्पुट लगाया – खुशीराम मल्लाह।

नाव वाले ने हाथ हिलाया - जाओ जाओ!

चिण्टू और खुशीराम लटपटाते चले गये घाट से मन्दिर की ओर। नाव वाले ने हाथ हिलाया, मानो कह रहा हो – जाओ जाओ!

महिषासुरमर्दिनी की विसर्जित प्रतिमा का अंश, जो गंगाजी के उतार के कारण रेत में फंस गया!

एक महिषासुरमर्दिनी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया रहा होगा। पर प्रतिमा पूरी विसर्जित कहां हुई?! सीधी खड़ी थी। सम्भवत: महिषासुर वाला अंश था वह। गंगाजी में पानी उतर गया था। अब यह प्रतिमा एक मॉन्यूमेण्ट की तरह काफी समय तक किनारे पर बनी रहेगी। रात में कोई अनजाना घाट पर चला जाये तो प्रतिमा देख भय-हदस के मारे उसका बुरा हाल हो जाये! आजकल भक्त लोग पूजा और विसर्जन में 20-20 मैच सा खेलते हैं। गंगाघाट की भी ऐसी तैसी करते हैं और धर्म की भी!

साझ होने को थी। दो औरतें बीज रोप रही थीं कछार में। आदमी होते तो मैं बातचीत करता, पर देखा कि थोड़ी ही देर वें वे अपना आज का काम निपटा कर बस्ती की तरफ लौट रही थीं। शाम को दिवाली भी मनायेंगी, जरूर!

कछार में किसानी के लिये जमीन बांटने का चिन्ह।

कछार में सीधी सपाट रेतीली जमीन है। खेती करने को जमीन बांटने के लिये कोई चिन्ह नहीं हैं। लिहाजा लोग चिन्ह गाड़ते हैं। कई चिन्ह तो कलात्मक बन जाते हैं!

जिन्दगी के साथ भी, जिन्दगी के बाद भी। जीवन बीमा का बदरंग विज्ञापन नाव के साइड में।

एक नाव के साइड पर लिखा था – “जिन्दगी के साथ भी, जिन्दगी के बाद भी; जीवन बीमा”। जो लिखा था, वह नाव के जीते जी बदरंग हो चला था, जीवन बीमा की तरह। नाव में एक पॉलीथीन थी और एक थर्मोकोल का कण्टेनर। लगता था कि नाव मदिरा उद्योग की लॉजिस्टिक का अंग थी, जो बदरंग होने पर भी लोगों के जीवन को रंग प्रदान करती है। नाव, मदिरा, जीवन बीमा, गंगा नदी – सब गड्डमड्ड कोलाज है! सब बिखरा है। यह तो आप पर है कि आप अपने कैमरे या शब्दों में कैसे उतार पाते हैं।

दो-तीन नौजवान मिले। एक छोटी खांची में दोने, दिये और तेल बाती ले कर गंगा तट पर जा रहे थे। पूछने पर बताया कि दीपावली की सन्ध्या में दीपदान का कार्यक्रम है। बस्ती से दूर, वीरान गंगातट पर ये जवान इस तरह का काम कर रहे हैं – देख कर बहुत अच्छा लगा। रात घिरेगी तो बहते दिये कितने मनमोहक लगेंगे। कितनी दूर तक जायेंगे – दारागंज या संगम तक जायेंगे ही!

कोटेश्वर महादेव के आगे होता सूर्यास्त।

वापसी में बस्ती के ऊपर सूर्यास्त देखने को मिला। कोटेश्वर महादेव के पीछे से दीख रहा था – सूरज डूब रहे थे। बहुत मनोरम लगा। धुन्धलके में मोबाइल का कैमरा तो वास्तविक मनोरमता का अंशमात्र भी न संजो पाया। क्या बतायें, पत्नीजी बढ़िया कैमरा खरीदने के लिये मुद्रा ही नहीं अलॉकेट करतीं! :lol:

अमावस की सांझ गंगा किनारे हो आया। रात में दीपावली मनेगी।

मेरी अम्मा बताती हैं कि जब मैं पैदा हुआ था तो भी कार्तिक अमावस का दिन था। एक तरह से मेरा जन्मदिन।

जय कोटेश्वर महादेव!

मोहन लाल और पच्चीस हजार वाले लोग


मोहन लाल को बीड़ी फूंकते पाया मैने। साथ में हीरालाल से कुछ बात कर रहे थे वे। आसपास गंगाजी की रेती में सब्जियां लगाने – बोने का उपक्रम प्रारम्भ हो चुका था। मैने बात करने की इच्छा से यूं ही पूछा – क्या क्या लगाया जा रहा है?

सब कुछ – कोन्हड़ा, लौकी, टमाटर।

मोहन लाल (बायें) और हीरालाल

लोग काम में जुटे थे; ये दो सज्जन बैठे इत्मीनान से बात कर रहे थे। लगता नहीं था कि खेती किसानी के चक्कर में हैं। पर मोहनलाल प्रगल्भ दिखे। बताया कि गंगा उसपार भी खेती प्रारम्भ हो गयी है। गाज़ीपुर से लोग आ कर किराये पर कछार की जमीन ले कर खेती कर रहे हैं। दो हजार रुपया बीघा किराया है। एक बीघा में तीस पैंतीस क्विण्टल तक की पैदावार तो हो ही जायेगी। फलाने बैंक से लाख लाख भर का लोन लेते हैं। एक बीघा पर हजार-दो हजार का डी.ए.पी. लग जाता है। मुझे लगा कि ये सज्जन जैसे भी हों, दिमाग से तेज हैं। कछारी खेती के अर्थशास्त्र की बात कर ले रहे हैं।

मोहन लाल मेरी पत्नीजी से बात करते हुये।

मेरी पत्नीजी ने उनके खेती के काम में आमदनी से सम्बन्धित कुछ पूछ लिया। इसपर मोहन लाल को गरीब-अमीर की चर्चा करने का सूत्र दे दिया।

उनके अनुसार कई लोग (हमारी ओर ताक रहे थे मोहन लाल) सरकारी मुलाजिम हैं। तनख्वाह मिलती होगी पच्चीस हजार महीना। पच्चीस हजार की बात मोहनलाल ने कई बार कही – मानो पच्चीस हजार बहुत बड़ी रकम हो। सरकारी आदमी को तो फर्क नहीं पड़ता कि कल क्या होगा। कल रिटायर भी हुये तो आधी तनख्वाह मिलेगी। कछार में खेती करने वाले को तो मेहनत पर ही गुजारा करना है।

मेरी पत्नीजी ने कहा – हमें नौकरी का सहारा है तो आप लोगों को गंगाजी का सहारा है। गंगामाई कहीं जा नहीं रहीं। हमेशा पेट पालती रहेंगी आप लोगों का।

मोहन लाल ने हैव्स और हेव-नॉट्स पर अपना कथन जारी रखा। गंगामाई कि कृपा जरूर है; पर गरीब तो गरीब ही है – आगे जाइ त हूरा जाये, पाछे जाइ त थुरा जाये (आगे बढ़ने पर घूंसा मार कर पीछे धकेला जायेगा और पीछे हटने पर मार खायेगा)!

मैने कहा – सटीक कह रहे हैं – गरीब की हर दशा में जान सांसत में है।


मोहन लाल की वाकपटुता कुछ वैसी ही थी, जैसी हमारे यूनियन के नेता दिखाते हैं। उसे भी बहुत देर तक नहीं झेला जा सकता और मोहन लाल को भी। उनमें कुछ बातें होती हैं, जो याद रह जाती हैं। उनका आत्मविश्वास देख लगता है कि अपने में कुछ कमी जरूर है। कौन अपनी कमी का अहसास देर तक करना चाहेगा।

मैने मोहन लाल का नाम पूछा और कहा कि फिर मिलेंगे और मिलते रहेंगे हालचाल लेने को। वहां से चलने पर बार बार गणना कर रहा था मैं कि पच्चीस हजार रुपये, जो बकौल मोहन लाल मेरी तनख्वाह होनी चाहिये, में कितनी साहबियत पाली जा सकती है।


एक सज्जन जो कह रहे थे कि खेती शुरू करने में देर हो गई है!

कछार में खेती कैसे चल रही है, यह सवाल वहां के हर आदमी से करने लग गया हूं। एक सज्जन, तो स्वत: मुझसे नमस्ते कर रहे थे और कोन्हड़ा के लिये थाला खोद रहे थे, से पूछा तो बोले कि देर हो गयी है। गंगा माई की बाढ़ सिमटने में देर हो गयी।

अरविन्द मिला तो उससे भी पूछा। वह बोला कि आज पहली बार आया है अपनी जमीन पर। उसके अनुसार देर नहीं हुई है। सवाल देर का नहीं है, सवाल सही प्लानिंग कर खाद-बीज-पानी का इंतजाम करने का है।

मेरे कछार के लोग – वही लोग वर्ग भेद की बात करते हैं वही लोग प्रबन्धन की भाषा में भी बोलते हैं। उन्ही में सरलता के दर्शन होते हैं। उन्ही में लगता है मानो बहुत आई.क्यू./ई.क्यू. हो। इसी जगह में साल दर साल घूमता रहूंगा मैं और हर रोज नया कुछ ले कर घर लौटूंगा में।

हाथ से मछली बीनते बच्चे – तकनीक का विकास


वे पहले हाथ से बीन रहे थे मछली। आज देखा तो पाया कि उन्होने तकनीक विकसित कर ली है। उसी जगह एक चादर का प्रयोग बतौर जाल के रूप में कर रहे थे। गंगाजी के पानी से बने तालाब में एक ओर से शुरू कर दूसरी ओर तक ला रहे थे चादर को। कोशिश कर रहे थे कि चादर तालाब की तली के समीप से फिरायें। दो बच्चे यह काम कर रहे थे। एक व्यक्ति – ग्राहक – एक पॉलीथीन की पन्नी ले कर किनारे खड़ा था उनसे मछली खरीदने को।

सूरज भगवान थोड़ा देर कर रहे थे उगने में।

Design a site like this with WordPress.com
Get started