कोहरा – साइकिलवाद से पैदलवाद की ओर


<<< कोहरा – साइकिलवाद से पैदलवाद की ओर >>>

नये साल का संकल्प कि रोज दस हजार से ज्यादा कदम चलना है; सिर मुड़ाते ही ओले पड़ने जैसा कुछ साबित हुआ। साल की शुरुआत ही मौसम के खराब होने और कोहरा गहराने से हुई। साइकिल चलाना तो कोहरे में सही नहीं था, घर परिसर में भी ठंड के कारण साइकिल नहीं चलाई गई। बाहर पैदल चलना भी कठिन काम था। तीन दिन घर के अंदर ही छत्तीस कदम के ट्रैक पर आगे पीछे चलते हुये कई टुकड़ों में दिन भर में दस हजार कदम पूरे किये। यह संतोष हुआ कि प्रथमे ग्रासे मक्षिका पात: जैसा कुछ नहीं हुआ। एक, दो, तीन जनवरी को क्रमश: 10400, 10500 और 10800 कदम चला। किसी तरह मार तोड़ कर दस हजार कदम का लक्ष्य पूरा किया। दिन में कभी कभार बिना बात उठ कर भी चल किया करता।

ऐसा नहीं कि इन दिनों खरामा खरामा ही चला। तीनों दिन ब्रिस्क चाल में करीब सत्तर मिनट रोज चला। गूगल फिट पर सत्तर से अधिक हार्ट प्वॉइंट का अर्जन प्रतिदिन हुआ।

चार जनवरी को सर्दी के कारण घुटनों और पंजों में दर्द हुआ। लगा कि आज तो संकल्प टूटेगा ही। सवेरे चला ही नहीं। पर दिन में कोहरा कुछ कम हुआ और दोपहर में घर के अंदर की बजाय घरपरिसर में बाहर चलना शुरू किया। कान ढंकने के लिये कुलही पहने, गले में नेकबैंड लगा कर सम्राट चौधुरी की ‘द ब्रेडेड रिवर’ सुनते हुये 11100 कदम चल लिया। संकल्प बच गया। बचा ही नहीं और दृढ़ बना।

आज पांच जनवरी है। एक बार तो आज लगा कि रविवार होने के कारण चलने से छुट्टी मार ली जाये। आखिर, हफ्ते में एक दिन तो आराम बनता है। पर फिर याद आया कि नये साल का संकल्प करते समय यह तो नहीं तय किया था कि सप्ताह में एक दिन ऑफ रहेगा। इसलिये देर से ही सही, बहुत रिलक्टेंट तरीके से बाहर निकला। पैर में मोजे, घुटनों पर नी-गार्ड, ऊपर स्वेटर और फिर हुडी पहन कर द ब्रेडेड रिवर सुनते चलना शुरू किया। पुस्तक में सराईघाट और गौहाटी के चेप्टर ऑडीबल सुने।

अब तक ब्रह्मपुत्र नदी के ट्रेवलॉग का अरुणांचल प्रदेश की तीन ट्रिब्यूटरी – सियांग, दिबांग और लोहित की यात्रा विवरण सुन चुका हूं। ऊपरी ब्रह्मपुत्र के माझुली, काजीरंगा, कामरूप तेजपुर आदि के बारे में पता चल चुका है मुझे। अब सराईघाट की लड़ाई, लचित बरफूकन का शौर्य और रामसिंह की पराजय सुनने लगा। पिछ्ली बार जब प्रेमसागर सराईघाट पुल पर से इसपार से उसपार गये थे, तब मुझे यह इतिहास नहीं पता था, वर्ना प्रेमसागर के शक्तिपीठ वाले ट्रेवल प्रकरण में इसे भी जोड़ता मैं। … अब उस ट्रेवलॉग को एक बार फिर सम्पादित करने का मन करता है।

द ब्रेडेड रिवर के दो चेप्टर सुनते हुये पूरे किये हैं। कोहरा है, पर कम है। विजिबिलिटी करीब पचास मीटर की होगी। घरपरिसर में सब ठीक से दिख रहा है। करीब पौने तीन हजार कदम चलने के बाद पोर्टिको में झूले पर बैठ मैने चलने के आंकड़े मोबाइल पर देखे। खराब मौसम में भी बाहर चलने का संतोष हुआ। आराम से एक लम्बी सांस भर कर कोहरे की नम हवा फेफड़ों मे भरी। कोहरे की नम हवा की गंध भी क्या गज़ब की चीज है! उसकी अनिभूति के लिये बाहर निकलना होता है।

सवेरे आठ बजे तक तीन हजार कदम हो गये तो मार तोड़ कर दिन भर में दस हजार तो हो ही जायेंगे। रविवार को ऑफ नहीं होगा; संकल्पभंग नहीं होगा।

एक कोने में साइकिल उपेक्षित सी रखी है। पिछले साल औसत साढ़े चार हजार कदम रोज चला था मैं पर औसत आठ-नौ किलोमीटर साइकिल भी चलाई थी। दिसम्बर महीने में यह अहसास हो गया था कि मैं पैदल चल सकता हूं। दिसम्बर में दस हजार कदम का औसत छू लिया था। अब, इस साल साइकिलवाद से पैदलवाद की ओर बढ़ गया हूं। या यूं कहूं कि साइकिल-पैदलवादी हो गया हूं। इस साल सत्तर का हो जाऊंगा। रोज छ – सात किमी पैदल और लगभग उतना या उससे कुछ अधिक ही साइकिल पर चलना हो जायेगा। साल भर में पांच हजार किमी गतिमान रहते हुये गुजरेंगे। यह तो कश्मीर के कन्याकुमारी और कच्छ से कामरूप तक का वर्चुअल दोलन होगा सन 2025 में!

लोग बढ़िया ट्रेक-सूट, गैजेट्स आदि से लैस हो चलते हैं। उनके जूते भी एडीडास के मंहगे वाले होते हैं। मैं तो गांव की दुकान के सस्ते वाले मोज़े, फदर फदर करते बड़ी मोहरी के पायजामे और बाथरूम स्लीपर पहने पैदल चलता सियांग-दिबांग-लोहित और माझुली, उमानंद, काजीरंगा की वर्चुअल सैर कर रहा हूं। मेरे ख्याल से वर्चुअल यात्रा का ही सही, मेरा आनंद कम नहीं है!

सन 2025 के पैदलवाद की जय हो!

पोस्ट का ट्विटर पर लिंक – https://x.com/GYANDUTT/status/1875810727442677825

पोस्ट का फेसबुक पर लिंक – https://www.facebook.com/share/p/15vy3Yh8xT/


कुम्भ मेला स्पेशल का रेक


<<< कुम्भ मेला स्पेशल का रेक >>>

मेरे घर के समीप के कटका रेलवे स्टेशन पर एक मेला स्पेशल का रेक स्टेबल हो गया है। मैं ध्यान से देखता हूं – इसमें अधिकांश उत्तर पूर्वीसीमांत रेलवे के कोच हैं। उनपर इंजन भी सिलीगुड़ी (इलेक्ट्रिक) शेड का लगा है। डब्ल्यू ए जी 9 इंजन का नाम भी लिखा है – त्रिस्त्रोता।

त्रिस्त्रोता में, जलपाईगुड़ी के पास भ्रामरी शक्तिपीठ है। सिलीगुड़ी,त्रिस्त्रोता के नाम मुझे प्रेमसागर की शक्तिपीठ पदयात्राओं की याद दिलाते हैं। त्रिस्त्रोता की यात्रा का विवरण यहां पर है – https://gyandutt.com/2023/04/24/shree-tristrota-shaktipeeth/

लगता है कुम्भ के लिये यह रेक एन.एफ. रेलवे के योगदान से आया है। कुम्भ मेला स्पेशल रेक देख कर मुझे सन 2013 का कुम्भ याद हो आया। उस समय मैं उत्तर मध्य रेलवे का माल यातायात प्रबंधक था। प्रयाग और उसके समीप के स्टेशनों पर एक एक कर मेला स्पेशल के रेक आये जा रहे थे। उन सब का हिसाब किताब, उनके इंजनों और कोचों का परीक्षण और उनकी स्टेबलिंग का कार्य – यह सब परिचालन कर्मियों और अधिकारियों की मुख्य गतिविधि हो गई थी। मालगाड़ियों का परिवहन जो सामान्यत: सबसे महत्वपूर्ण माना जाता था, कुम्भ के अवसर पर बैक सीट ले चुका था।

अपनी रेल सेवा के दौरान, सिवाय अंतिम दो वर्षों के जब मैं पूर्वोत्तर रेलवे के परिचालन का चीफ था; मैं मूलत: फ्रेट-ट्रैफिक वादी ही रहा। माल यातायात को मैं रेलवे की आय का स्रोत समझता था (अभी भी मानता हूं) और यात्री परिवहन मुझे बोझ लगता था। सुविधाओं के मुकाबले यात्री लोग खर्चा बहुत कम देते थे और शिकायतें बेशुमार करते थे। सवारी गाड़ियां तो समय सारिणी से चलती थीं पर माल गाड़ी बनाने और चलाने में ही असली मशक्कत थी। रेलवे भी माल यातायात को महत्व देती थी और मैं भी उस ग्लोरी में पूरी रेल सेवा के दौरान जिया।

अब मेरी सोच रुपया में चार आना भर बदल गई है। अब आते जाते कटका स्टेशन पर इस स्टेबल किये गये मेला स्पेशल के रेक को देख कर कुम्भ के बारे में मेरी स्मृतियां हरियरा रही हैं। मेरी सेवा में पहला कुम्भ 1992 का सिंहस्थ था उज्जैन में। तब मैं रतलाम रेल मंडल में वाणिज्य विभाग संभालता था। उसके बाद 2013 के प्रयाग महाकुम्भ के दौरान मैं उत्तर मध्य रेलवे में माल यातायात का मुखिया था। पर वे स्मृतियां अपने आप में लेखन का विषय नहीं बन सकेंगी। वर्तमान के महाकुम्भ के दौरान जो कुछ हो रहा है, उसे ले कर स्मृतियां कुरेदी जा सकती हैं।

कटका स्टेशन पर यह स्टेबल रेक वही कुरेद रहा है।

सन 1992 के सिंहस्थ के दौरान तीन-चार लाख के आसपास मेला यात्री रेलवे ने डील किये रहे होंगे। प्रयाग के 2013 के कुम्भ में उससे अनेक गुना ज्यादा तीर्थ यात्रियों की कल्पना थी। और अब तो पिछले महाकुम्भ से दो तीन गुना ज्यादा मेलहरू होंगे। अब तो सरकार हिंदुत्व वाली है तो तामझाम भी ज्यादा ही होगा!

एक सप्ताह हो गया इस रेक को यहां खड़ा रहे। इंजन भी लगा हुआ है। लगता है पूरे मेला के दौरान इस रेक के साथ यह इंजन जुड़ा रहेगा। रेलवे अब बहुत धनी हो गई है इंजनों की उपलब्धता के मामले में। जब मैने रेलवे ज्वाइन की थी तो कोच और वैगनों की किल्लत तो थी ही, इंजन की उपलब्धता सबसे क्रिटिकल हुआ करती थी। मुझे याद है कि उस समय उस रेल मंडल का परिचालन इंचार्ज होना बड़ा पनिशमेंट होता था, जिसमें कोई डीजल शेड न हो। डीजल इंजन ही चलते थे उस समय। विद्युतीकरण भी बहुत कम ट्रैक का हुआ था। उज्जैन के सिंहस्थ मेला के दौरान भी सभी ट्रेनें डीजल इंजनों से चली थीं। कुछ मीटर गेज की गाड़ियां तो स्टीम इंजन पर भी थीं. विशेषत: उज्जैन-इंदौर खंड पर। अब तो डीजल इंजन का काम बहुत कम हो गया है। स्टीम इंजन तो बचे ही नहीं। बिजली के इंजनों की बजाय शायद इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट वाले रेक ज्यादा चलेंगे इस महाकुम्भ में।

मैने अपने पुराने सम्पर्क सूत्र प्रसुप्त कर रखे हैं पर अब उन्हें सयास जागृत कर पता करने की कोशिश करूंगा कि क्या गतिविधियां हो रही हैं मेला के संदर्भ में; और उस आधार पर लिखने का भी प्रयास करूंगा।

आज कोहरे में देखता हूं – कटका रेलवे स्टेशन से वह रेक अभी हिला नहीं है। हफ्ता भर बाद ही मेला ट्रेफिक गरमायेगा। तब तक का समय है मेरे पास जानकारियां जुटाने के लिये।

#महाकुम्भ25


ठल्लू के चूल्हे का एक चित्र


<<< ठल्लू के चूल्हे का एक चित्र >>>

सवेरे कोहरा मामूली था। पत्नीजी और मैं बगल में रहते ठल्लू के घर तक यूं ही चले गये। उसके आंगन में एक ओर कोने में कऊड़ा जल रहा था। उसके आसपास बैठी उसकी पतोहू और छोटी लड़की सब्जी काट रही थीं। पतोहू के गोद में महीने भर का लड़का था और बड़ा लड़का, जो अभी डेढ़ दो साल का होगा, पास में बैठा राख में खिलौना चला रहा था। खिलौना एक जेसीबी था – खिलौने भी समय के अनुसार बदल गये हैं।

आंगन के दूसरे ओर हमेशा की तरह चूल्हा रखा था और पीढ़ा पर बैठी ठल्लू की बड़ी बिटिया कुछ बनाने का उपक्रम कर रही थी। ध्यान से देखा तो पाया कि बटुली में अदहन चढ़ा है। एक बरतन में चावल धो कर तैयार हैं बनाने के लिये। एक परात में आटा है, पलथन। शायद रोटियां सिक चुकी हैं। चूल्हा और बटुली – धुयें में जगर मगर करती; मुझे बचपन के मेरे गांव के अतीत में ले गई। (चित्र ज्ञ1)

मैने अपनी पत्नीजी को कहा कि वे मेरा एक चित्र चूल्हे के पास खींच लें।

हम लोग कैजुअल तरीके से ठल्लू के यहां चले गये थे। मैने तो ऊपर कुरते पर हूडी और नीचे मात्र लोवर पहन रखा था। सर्दी से बचाव के लिये पैर में मोजे थे। कुल मिला कर तस्वीर खींचने लायक वेश था ही नहीं। पर पत्नीजी ने मेरा अनुरोध मान फोटो खींच लिया। ठल्लू की बिटिया हंसते हुये बोली – ऐसे छूंछा फोटो कैसे आयेगा? वह मेरे बैठने के लिये एक ऊंचा स्टूल और बटुली में चलाने के लिये एक पल्टा ले आई। पीढ़े पर मैं बैठ नहीं पाता तो स्टूल पर बैठा और बटुली के पानी में बिना किसी जरूरत के पल्टा घुमाया। मेरा चित्र खिंचा गया। (चित्र ज्ञ2)

चित्र अच्छा आया। इसके अलावा आंगन के चित्रों से ठल्लू की गृहस्थी के कई पक्ष उभर कर सामने आये। कई चीजें नजर आ रही थीं – सिल, बुहारने वाली ताड़ की झाड़ू, खटोला, उपलों का ढेर, चकरी, डारा, सूखते कपड़े, रतनजोत मिला तिल का तेल, प्लास्टिक की पाइप और पन्नी… एक ओर खाट उंठगाई हुई थी रखी थी। रसोई का सामान आंगन में जमाया गया था। एक कोने में बकरी और उसके नये जन्मे बच्चों की खांची थी। परिवार के लिये दो कमरे और यह आंगन; एक आरामदायक घर था – ग्रामीण जीवन को दर्शाता एक विस्तृत कोलाज।

ठल्लू दम्पति की दो लड़कियां, पतोहू साथ रहते हैं। पांच लोगों (और ठल्लू के दो छोटे पोतों) के लिये यह घर गांव के स्तर से ठीकठाक ही है।

कऊड़ा और चूल्हा जलने के कारण ठल्लू का आंगन बहुत आरामदायक तापक्रम वाला लग रहा था। अगर ठल्लुआइन एक कप चाय की पेशकश करती तो मैं बेझिझक मान लेता। पर भोजन बनाने के इस समय चूल्हे पर चाय रखना उनके काम को अनावश्यक रूप से बढ़ा देता।

घर लौट आने पर पत्नीजी के मोबाइल से मैने अपने चित्र निकाल कर लैपटॉप में भरे। यह करते समय पत्नीजी का कहना था – यह चित्र पोस्ट करोगे तो गांव-समाज के ‘समृद्ध’ लोग जरूर कहेंगे कि पांडे जी क्या इधर उधर घूमते, केवटाने में चूल्हे पर बैठ फोटो खिंचाते नाक कटा रहे हैं! उनके लिये तो किसी के यहां जा कर यूं चूल्हे पर बैठना अकल्पनीय जातीय-अपराध होगा! शहर में तो लोग बहुत बदल गये हैं पर गांवदेहात में अब भी सवर्ण अभिजात्य की ग्रंथि पाले लोग तो अपने घर में भी चौका-बासन के आसपास नहीं फटकते; किसी अजातीय की रसोई में बैठना तो बहुत दूर की बात है!

पर मेरे लिये हूडी और लोवर पहने ठल्लू के चूल्हे पर स्टूल ले कर बैठे, बटुली में पल्टा चलाते अपना चित्र एक प्राइज-कैच है। बढ़ती उम्र, बेफिक्री और टूटती वर्जनायें – यह सब उस चित्र से पूरी तरह उभर कर आता है। सवर्ण की सुपीरियॉरिटी की नाक कटे तो कटे! :lol:

#गांवदेहात #आसपास


Design a site like this with WordPress.com
Get started