चिठेरों को टिप्पणी-निपटान की जल्दी क्यों रहती है?


हिन्दी ब्लॉगर्स दनादन कमेंट करते है? कई बार आपको लगता है कि आप (चिठेरा) कह कुछ रहे हैं, पर टिपेरे (टिप्पणीकार) एक लाइन, एक बहुप्रचलित शब्द को चुनकर दन्न से टिप्पणी कर आगे बढ़ जाते हैं. आप का मन होता है कि आप फिर से एक स्पष्टीकरण लिखें. टिपेरों का पुन: आह्वान करें हे टिपेराधिपति, कृपया मेरा आशय समझें और फलानी बात पर अपना आशीर्वाद दें. यह आशीर्वाद जम कर आपकी मजम्मत का भी हो सकता है. पर आशीर्वाद टू-द-प्वाइण्ट हो.

देखिये यहां जो जमात है; वह दोनो रोल अदा करती है. एक ही आदमी चिठेरा है और वही टिपेरा भी है. टिपेरे के रोल में 2 मूल तत्व हैं पहला (तत्व-क) स्वांत: सुखाय पढ़ने का और दूसरा (तत्व-ख) टिप्पणी दे कर कटिया फंसाने का. कटिया का मतलब कि ब्लॉगर आपका प्रोफाइल देखे, आपके ब्लॉग पर जा, टिपेरियाकर ऋण उतारे. तत्व-क जो टिप्पणी प्रोड्यूस करता है, वह आनन्दित करने वाली होती है. स्टेटेस्टिकली, यह तत्व हिन्दी चिठेरों में ज्यादा है करीब 50% तक. (अन्यथा जैसा रिसर्च पेपर्स में होता है केवल लिखने वाला ही पढ़ता है!). तत्व-ख (कटिया फंसाने वाला तत्व) जब ज्यादा होता है तो टिप्पणी सूखी-बासी-बेस्वाद सब्जी जैसी होती है.

(टिप्पणी : अहो रूपम, अहो ध्वनि!)

ऐसा नहीं है कि दो अलग-अलग प्रकार के टिपेरे हैं. एक ही टिपेरे में दोनो तत्व होते हैं. जिसमें तत्व-क 70% व तत्व-ख 30% है, वह बड़ा मस्त टिपेरा होगा. चिठेरे के रूप में भी भावी इतिहास उसका है. पर जिसमें इसका उल्टा; तत्व-क 30% या कम और तत्व-ख 70% या ज्यादा है, उसका तो नारद ही भला कर सकते हैं; कि उसे येन-केन-प्रकरेण पन्ना एक पर ज्यादा समय समय मिल सके, उसकी फीड में 200-250 शब्द एडीशनल आते हों, उसकी फोटो भी आती हो पोस्ट की चिप्पी के साथ, या जिसके ऑथर आर्काइव में एरर 404 नॉट फाउण्ड न आता हो।

खैर, यह तो विषयान्तर हो गया. पर दूसरे प्रकार के टिपेरे-चिठेरे को काफी सीखना होगा.

हिन्दी ब्लॉगरी में बड़ा रोचक राग दरबारी बज रहा है. कहीं मुहल्ला है, लोक मंच है, पंगेबाज है, सल्क कर रहे सृजनशिल्पी हैं, निषेध को निमंत्रण मानने वाले धुरविरोधी हैं, हमारे जैसा हिन्दी ब्लॉगरी में चौंधियाया नया एलीमेण्ट भी है … (बस-बस, नहीं तो छूटने वाले कहीं मेरे ब्लॉग पर आना ही बन्द न कर दें!). जरूरत है कि आत्ममुग्धता छोड़ राग दरबारी के आर्केस्टा वाले ब्लॉगर बढ़िया टिपेरा बनने में भी जोर लगायें.

है कोई ई-पण्डित जो बढ़िया टिपेरा कैसे बनें पर फड़कती हुई पोस्ट लिखदे.

——————————————–

पोस्ट स्क्रिप्ट:

मुझे डिल्यूज़न हो रहा है कि हिन्दी ब्लॉगर सिद्धांत कौमुदी बनाई जा रही है, और उस संहिता के लिये मैने धर्म संसद के समक्ष प्रस्ताव रखा है:

“यह चिठेरा-धर्म है कि चिठेरा अपने चिठ्ठे पर जितनी टिप्पणियों की इच्छा रखता है; पोस्ट लिखने के साथ-साथ कम से कम उतने ब्लॉग्स पर जा कर तत्व-क अनुप्रेरित टिप्पणियां अवश्य करे. और अगर वह किसी घेट्टो (समूह) से जुड़ा है तो घेट्टो के बाहर जा कर कम से कम 25% टिप्पणियां वहां करे. यह न हो कि पत्रकार/मुहल्ला/लोकमंच बिरादरी वाले अपने पट्टीदारों में ही टिपेरते रहें।”
(वरना हमारे जैसे गरीब निर्दलीयों का क्या होगा?)

पोस्ट स्क्रिप्ट 2:

जिस तरह से टिपेरा जा रह है, लगता है जूते खाने कि नौबत जल्दी आने वाली है. भैया क्षमा करें अगर आपकी भावनायें आहत हो रही हैं. किसी व्यक्ति विशेष को लपेटने के लिये यह नहीं लिखा है. आपमें से कोई भी कह दें तो मैं यह पोस्ट हटा दूंगा

क्रोध पर नियंत्रण कैसे करें?



मेरे घर और दफ्तर – दोनो जगहों पर विस्फोटक क्रोध की स्थितियां बनने में देर नहीं लगतीं। दुर्वासा से मेरा गोत्र प्रारम्भ तो नहीं हुआ, पर दुर्वासा की असीम कृपा अवश्य है मुझ पर. मैं सच कहता हूं, भगवान किसी पर भी दुर्वासीय कृपा कभी न करें.


क्रोध पर नियंत्रण व्यक्ति के विकास का महत्वपूर्ण चरण होना चाहिये. यह कहना सरल है; करना दुरुह. मैं क्रोध की समस्या से सतत जूझता रहता हूं. अभी कुछ दिन पहले क्रोध की एक विस्फोटक स्थिति ने मुझे दो दिन तक किंकर्तव्यविमूढ़ कर दिया था. तब मुझको स्वामी बुधानन्द के वेदांत केसरी में छ्पे लेख स्मरण हो आये जो कभी मैने पढ़े थे. जो लेखन ज्यादा अपील करता है, उसे मैं पावरप्वाइण्ट पर समेटने का यत्न करता हूं। इससे उसके मूल बिन्दु याद रखने में सहूलियत होती है. ये लेख भी मेरे पास उस रूप में थे.

मैने उनका पुनरावलोकन किया. उनका प्रारम्भ अत्यंत उच्च आदर्श से होता है – यह बताने के लिये कि क्रोधहीनता सम्भव है. पर बाद में जो टिप्स हैं वे हम जैसे मॉर्टल्स के लिये भी बड़े काम के हैं.

कुछ टिप्स आपके समक्ष रखता हूं:

राग और द्वेष क्रोध के मूल हैं.
जब तक हममें सत्व उन्मीलित (सब्लाइम) दशा में है, हम क्रोध पर विजय नहीं पा सकते.

  • अगर आप क्रोध पर विजय पाना चाहते हैं तो दूसरों में क्रोध न उपजायें. 
  • अगर कोई अपने पड़ोसी के घर में आग लगाता है तो वह अपने घर को जलने से नहीं बचा सकता.
  • जो लोग कट्टर विचार रखते हों, उनसे विवादास्पद विषयों पर चर्चा से बचें.
  • अपने में जीवंत हास्य को बनाये रखें और जीवन के विनोद पक्ष को हमेशा देखने का प्रयास करें.
  • याद रखें; जैसे आग के लिये पेट्रोल है, वैसे क्रोध के लिये क्रोध है. जैसे आग के लिये पानी है, वैसे क्रोध के लिये विनम्रता है.
  • बुद्ध कहते हैं: अगर तुम अपना दर्प अलग नहीं कर सकते तो तुम अपना क्रोध नहीं छोड़ सकते.
  • धैर्य से क्रोध को सहन करें. विनम्रता से क्रोध पर विजय प्राप्त करें.
  • क्रोध का सीमित और यदा-कदा प्रयोग का यत्न छोड़ दें.
  • जैसे कि सीमित कौमार्य का कोई अर्थ नहीं है, वैसे ही तर्कसंगत क्रोध का कोई अस्तित्व नहीं है.
  • क्रोध में कोई कदम उठाने में देरी करें. चेहरे पर क्रोध छलकाने से बचें. क्रोध छ्लक आया हो तो कटु शब्द बोलने से बचें. कटु बोल गये हों तो हाथ उठाने से बचें. पर अगर आप हाथ उठा चुके हों तो बिना समय गंवाये आंसू पोंछें और पूरी ईमानदारी और विनम्रता से क्षमा याचना करें.
  • क्रोध न रोक पाने के लिये अपने आप पर बहुत कड़ाई से पेश न आयें. अपने आप को पूरी निष्ठा और सौम्यता से संभालें.
  • अहंकार, अपने को सही मानने की वृत्ति, और स्वार्थ को निकाल बाहर फैंकें.
  • अपने में व अपने आसपास सतर्कता का भाव रखें. बुराई को अपने अन्दर से बाहर या बाहर से अन्दर न जाने दें.
उक्त विचार स्वामी बुधानन्द के धारावाहिक लेख से रेण्डम चयन किये गये हैं. सूत्रबद्ध पठन के लिये निम्न पीपीएस फाइल के आइकॉन पर क्लिक कर डाउनलोड करें, जिसे मैंने हिंदी में रूपांतरित कर दिया है। चूंकि उसमें बिन्दु दिए गए हैं, आपको धाराप्रवाह पढ़ने में दिक्कत हो सकती है.

——————————————————————————
ऊपर जिस छोटी पुस्तक का चित्र है, वह स्वामी बुधानंद की अंग्रेजी में लिखी “How to Build Character” के हिंदी अनुवाद का है। यह अद्वैत आश्रम, कोलकाता ने छापी है। मूल्य रुपये ८ मात्र। क्रोध पर लेख इस पुस्तक में नहीं है। किसी को छोटी सी गिफ्ट देने के लिए यह बहुत अच्छी पुस्तक है।


बाबूभाई कटारा की तरफदारी (?) में एक पोस्ट


मुझे भाजपा और कटारा पर तरस आ रहा है. जब मैं रतलाम में था तो झाबुआ-पंचमहल-दाहोद कांग्रेस के गढ़ हुआ करते थे. मैं आदिवासियों से पूछ्ता था कि देश का प्रधानमंत्री कौन है? तब या तो वे सवाल समझ नहीं पाते थे, या वेस्ता पटेल, कंतिलाल भूरिया अथवा सोमाजी डामोर जैसे स्थानीय कांग्रेसी का नाम लेते थे. उन गरीबों के लिये दुनियां में सबसे बड़े वही थे.

फिर आर.एस.एस.वालों ने वनवासी विकास संघ जैसे प्लेटफार्म से आदिवासियों में पैठ बनाई. मिशनरियों का वर्चस्व कुछ सिमटा. उस क्षेत्र से भाजपा जीतने लगी चाहे मध्यप्रदेश हो या गुजरात.

और अब कटारा ने लोढ़ दिया है! बेचारे आर.एस.एस. के कमिटेड वर्कर मुंह पिटा रहे होंगे. कटारा परमजीत कौर को ले जा रहे थे; सो तो ठीक; शिलाजीत(? – देसी वियाग्रा) काहे को ले जा रहे थे जब पत्नी साथ नहीं जा रही थी? पैसे के लिये भ्रष्ट आचरण तो खास बात नहीं है वह तो चलता है! पकड़े गये, वही गड़बड़ हो गया. पर खांटी दैहिक वासना का भ्रष्टाचार यह अति हो गयी.

मुझमें यह वक्र सोच क्यों है, यह मैं नहीं जानता. जनता कबूतरबाजी-कबूतरबाजी की रट लगाये है और मुझे खोट देसी वियाग्रा में नजर आ रहा है.

एक बाबू रिश्वत ले कर मकान बना लेता है, बच्चों को डाक्टरी/इंजीनियरी पढ़ा देता है. लड़की की ठीक से शादी कर देता है, सुबह शाम मन्दिर हो आता है, सुन्दर काण्ड का पाठ और भागवत श्रवण कर लेता है. यह मानक व्यवहार में फिट हो जाता है.

पर अगर वह पैसा पीटता है, दारू-मुर्गा उड़ाता है, रेड़ लाइट एरिया के चक्कर लगाता है, इधर-उधर मुंह मारता है; तब गड़बड़ है. कटारा देसी वियाग्रा के कारण दूसरे ब्रैकेट में लग रहे हैं. आगे क्या निकलेगा, भगवान जाने.

कैश और क्वैरी या कबूतरबाजी छोटा गुनाह है. उसपर तो सांसद निकाल बाहर किये गये. बड़ा गुनाह है माफियागिरी, औरत को मार कर जला देना, आई.एस.आई. से सांठ-गांठ, मधुमिता शुक्ला जैसे मर्डर, पोलिटिकल दबंगई के बल पर देह/असलाह/नशा आदि के व्यापार चलाना. ऐसे गुनाह करने वाले ज्यादातर छुट्टा घूम रहे हैं. उनकी नेतागिरी बरकरार है या चमक रही है.

ब्लॉगर भाई तलवारें तान सकते हैं. कह सकते हैं कि सरकारी नौकर है, रिश्वत को जस्टीफाई (?) कर रहा है. जरूर चक्कर है. पर ब्लॉगरी का मायने ही यह है कि (मर्यादा में रहते हुये) जो जंचे, लिखा जाये.

Design a site like this with WordPress.com
Get started