अ बिजनेस इज अ बिजनेस – गलत क्या है?


जो शीर्षक दिया है, वह हिन्दी अंग्रेजी घालमेल वाला हो गया है. इतना हिन्दी रखी है कि हिन्दी वाले नाक-भौं न सिकोड़ें. अन्यथा शीर्षक रखने का विचार था – अ बिजनेस इज़ अ बिजनेस इज़ अ बिजनेस – व्हाट्स रॉंग अबाउट इट!

यह प्रतिक्रिया दिल्ली में ब्लॉगरों के जमावड़े के बारे में पढ़ कर है. हिन्दी-युग्म पर वह पढ़ने भी इसलिये गया कि मैने श्री शैलेश भारतीय जी के ई-मेल का समय पर जवाब नहीं दिया था. उसका अपराध बोध था और मैं उनके और उनके ब्लॉग के विषय में जानकारी लेना चाहता था.

हिन्दी ब्लॉगरों के जमावड़े के बारे में हिन्दी-युग्म पर बड़ा बढ़िया लिखा है. मैं अगर साइडवेज कटाक्ष करूं तो यह होगा कि हिन्दी ब्लॉगरी में सबसे बढ़िया और विस्तृत लेखन शायद ब्लॉगरों के जमावड़े के रिपोर्ताज का है!

खैर जो बात उस लेख में बतौर थ्रेड पकड़ रहा हूं वह है – आलोक पुराणिक द्वारा “दुकान” शब्द के प्रयोग पर मैथिली का क्षुब्ध हो जाना.

इस रामकृष्ण परमहंसीय परम्परा का निर्वहन करते हिन्दी जगत में पैसा या किसी भी बिजनेस वेंचर को दोयम दर्जे का माना जाता है – यह मुझे बहुत खलता है. अगर निराला पैसे-पैसे को मोहताज थे और उन्होने अपनी रचनाओं की रॉयल्टी कौड़ियों के मोल दे दी थी तो इसमें निराला की महानता क्या है? वे महान कवि रहे होंगे, पर समग्र व्यक्ति के रूप में तो असफल जीव ही माने जायेंगे.

हिन्दी वालों को अर्थ (मनी) के बेसिक्स तो समझने चाहियें. हिन्दी का तो पता नहीं, पर अंग्रेजी में कई लेखक सफल बिजनेस नियमों के तहद लिखते और समृद्ध पाये गये हैं और ऐसा भी नहीं है कि वे बौद्धिक रूप से बेइमान हों.

मुझे नहीं मालूम की मैथिली के कैफे की बैलेंस-शीट कैसी है. पर उसमें सेवा-फेवा जैसा इमोशनलिज्म नहीं होना चाहिये. अगर वह बिजनेस वेंचर है तो उसे बतौर बिजनेस वेंचर सफल होना चाहिये – हिन्दी के शौकिया ब्लॉगर चाहे जो कहें. मुझे लगता है कि स्मार्ट निवेश के डा. पुराणिक (अगड़म-बगड़म वाले नही!) मुझसे सहमत होंगे. हिन्दी में लेखन एक सफल व्यवसाय से ज्यादा पवित्र और हाई क्वालिटी की चीज है – यह बौद्धिक नहीं जंक सोच है. हां, यह लिखने पर कोई यह न समझे कि मैं एथिक्स या ईमानदारी में पानी मिलाने वाली बात कह रहा हूं. पानी तो तब मिलता है जब आप अपना कैश फ्लो या बजट मैनेज नहीं कर सकें, आपकी लार और आपके पैसे में सही अनुपात न हो, और आप फिर भी परमहंसीय बात करते हों.

समय बदल रहा है. “पैसा हाथ का मैल है”, “मैं तो आत्म शांति के लिये प्रयासरत हूं, पैसा तो उसमें व्यवधान ड़ालता है” “पैसा ही सब कुछ नहीं है”, “अपन तो यह अफोर्ड नहीं कर सकते” — छाप कहने वाले अगर सरासर झूठ नहीं कहते तो कम से कम अज्ञानी अवश्य हैं.

अत: अगली बार मैथिली को कोई हिन्दी सेवक कहे तो उसे वे एक कप बढ़िया कॉफी पिलायें. और अगर मेरे जैसा यह कहे की आप बढ़िया बिजनेस चला रहे हैं तो गरमागरम धन्यवाद देते हुये कॉफी के साथ वेज-बर्गर भी ऑफर करें. एक सफल बिजनेस (अगर वे चला रहे हैं तो) के लिये संकुचित होने के दिन लद गये या बड़ी जल्दी लद जायेंगे. आप देखते जाइये!


प. विष्णुकांत शास्त्री से क्या सीख सकते हैं चिठेरे?


पण्डित विष्णुकांत शास्त्री (1929-2005) को मैं बतौर आर.एस.एस. के सक्रिय सम्बद्ध व्यक्ति, पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष, भाजपा के उपाध्यक्ष अथवा उत्तरप्रदेश/उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में नहीं वरन एक लेखक के रूप में याद कर रहा हूं. और उस रूप में अच्छे ब्लॉगर के लिये एक सबक है – जो मैं बताना चाहता हूं.

पण्डित विष्णुकांत शास्त्री को मैं धर्मयुग में पढ़ा करता था. उन्होने पूर्वी बंगाल (बांगलादेश) के स्वातंत्र्य के विषय में बहुत लिखा था. उस समय हमारी किशोरावस्था थी, विषय सामयिक था, और शास्त्री जी का लेखन अद्भुत!

मुझे दो वर्ष पहले कहीं से उपहार में “विष्णुकांत शास्त्री : चुनी हुई रचनायें” के दो खण्ड जो श्री बड़ाबाजार कुमारसभा पुस्तकालय, कोलकाता ने प्रकाशित किये थे, प्राप्त हुये. जैसा मुफ्त में प्राप्त पुस्तकों के साथ होता है – इन दोनो खण्डों का अवलोकन टलता गया. अब मैने हाथ में लिया है इन्हें पढ़ने/ब्राउज करने को.

पहले भाग में प्रस्तावना के रूप में पण्डित विष्णुकांत शास्त्री का एक लेख है – “मेरी रचना प्रक्रिया”. उनकी रचना प्रक्रिया में बहुत कुछ है जो एक अच्छे ब्लॉगर को अपने में उतारना चाहिये.

“मेरी रचना प्रक्रिया” में उन्होने अपने लेखन के आयाम बताते हुये लेखन की तैयारी के विषय में कहा है. मैं उनके द्वारा उनके लेखन के आयामों की सूची देता हूं :

  • उपाधि के लिये शोध ग्रंथ लेखन
  • संस्मरण और यात्रा वृतांत लेखन
  • बांगला मुक्ति संग्राम विषयक लेखन
  • आध्यात्म लेखन

मैं समझता हूं कि इन मूल आयामों के अतिरिक्त भी शास्त्री जी के लेखन में बहुत विस्तार था. यह विस्तार ऐसे ही नहीं आ जाता. मां सरस्वती सतत और कठोर साधना मांगती हैं. अत:, बतौर ब्लॉगर लेखन को बहु आयामी बनाना मैं पहली आवश्यकता मानता हूं.

अपनी लेखन तैयारी के विषय मे उन्होने जो कहा है वह भी महत्वपूर्ण और रोचक है. उसके कुछ अंश उद्धृत कर रहा हूं :

“मैं जितना लिख सकता था. उतना लिख नहीं पाया…. इसका बाहरी कारण मेरा बहुधन्धीपन रहा….इसका सीधा परिणाम यह हुआ कि अल्प महत्व के तात्कालिक प्रयोजन वाले कार्य ही अधिकांश समय चाट जाते रहे और स्थायी महत्व के दीर्घकालिक प्रकल्प टलते रहे. लेखन भी इन्ही प्रकल्पों के अंतर्गत आता है.

“इससे भी अधिक गुरुतर कारण मेरा भीतरी प्रतिरोध रहा है. मेरी पूर्णता ग्रंथि ने मुझे बहुत सताया है. गंभीर विवेचनात्मक लेख लिखते समय मेरा अंतर्मन मुझे कुरेद-कुरेद कर कहता रहा है कि इस विषय पर लिखने के पहले तुम्हे जितना जानना चाहिये, उतना तुम नहीं जानते, थोड़ा और पढ़ लो, इस विषय के विशेषज्ञों से थोड़ा विचार विमर्श कर लो, तब लिखो……

”मैं यह भी नहीं मानता कि इस ग्रंथि के कारण मुझे केवल हानि ही हुई है. नहीं, इसका एक विधायक पक्ष भी है. इसी भावना के कारण मेरे लेखों से भले ही कुछ विद्वान असहमत हों, पर उन्हें हंस कर नहीं उड़ाया जा सकता. निराला की दो पंक्तियां भी मेरे मन में बराबर कौन्धती रहती हैं: भाव जो छलके पदों पर, न हों हल्के न हों नश्वर.

मैं भी चेष्ठा यही करता हूं कि हल्के लेख न लिखूं. कितना सफल हो पाया हूं, इसका फैसला तो आप ही लोग कर सकते हैं.

“कविता मेरे लिये ऊर्जा का स्रोत रही है. कठिन परिस्थितियों में भी कविताओं की कुछ पंक्तियां कौन्धती रही हैं, मुझे कष्ट झेल कर भी कार्य करने की प्रेरणा देती रही हैं. लिखूं, न लिखूं की मनस्थिति में श्रीकांत वर्मा की कुछ पंक्तियों ने मुझे बहुत सहारा दिया है, जो मुझे अनायास याद आ रही हैं –

चाहता तो बच सकता था,
मगर कैसे बच सकता था!
जो बचेगा, कैसे रचेगा!!
पहले मैं झुलसा, फिर धधका
चिटखने लगा,
कराह सकता था,
मगर कैसे कराह सकता था,
जो कराहेगा, कैसे निबाहेगा!!!

“प्रभु से प्रार्थना है कि बिना कराहे सृजन की ज्वाला झेलता रहूं, और जो अच्छे से अच्छा दे सकता हूं दे जाऊं….”

आप समझ सकते हैं कि किस प्रकार का परफेक्शनिस्ट था पण्डित विष्णुकांत शास्त्री में. हम ब्लॉगर जो फटाफट पोस्ट बना पब्लिश करने के फेर में रहते हैं, वे अगर पण्डित विष्णुकांत शास्त्री के अच्छे से अच्छा लिख कर दे जाने की भावना ले कर चलें, बहु आयामी बनें, अपना ज्ञान परिपक्व करें तो शायद किसी भी प्रकार के हथकण्डों की आवश्यकता ही न पड़े!


रवि रतलामी, सुन रहे हैं?*


कल रवि रतलामी ने अपने फीड का सैकड़ा पार करने की खबर दी. रवि वह सज्जन हैं जो अकस्मात मुझे नेट पर दिखे थे. मैं रतलामी सेव की रेसिपी गूगल सर्च में खंगाल रहा था और मिल गये रवि रतलामी! उसी के बाद मुझे हिन्दी में नेट पर लिखने की सनक सवार हुई. उनका दफ्तर मेरे दफ्तर और घर से कुछ कदम की दूरी पर था, पर वहां रतलाम में हम कभी नहीं मिले. मिले तो अभी भी नहीं; पर जान जरूर गये एक दूसरे के बारे में.रवि ने फीड का सैंकडा कल या परसों पार किया हो, ऐसा नहीं है.यह तो ब्लॉगर-फीडबर्नर की फीड इण्टीग्रेशन के कारण है. अत: फीड का सैकड़ा तो रवि पहले मारे हुये थे, पहचान में कल आया. इसलिये कल का खास महत्व नहीं है.

जो बात मैं जोर देना चाहता हूं, वह यह है कि हिन्दी ब्लॉगरी में, जहां बहुत सा क्लिक का यातायात फीड एग्रेगेटरों के माध्यम से होता है, बनिस्पत इण्डीवीजुअल पाठक द्वारा फीड सबस्क्राइब कर, वहां 110 की फीड बहुत इम्प्रेसिव है.

मैने उनके ब्लॉग का लेंस लेकर अध्ययन नहीं किया है. (वैसे भी सब अपने ब्लॉग को लेकर आत्ममुग्ध रहते हैं – दूसरे का ब्लॉग क्रिटिकली कौन देखता है!) पर यह शतक की सूचना वह करने के लिये मुझे उत्प्रेरित कर रही है – कि उनके ब्लॉग को विभिन्न कोणों से विश्लेषित किया जाये. ब्लॉगरी में फीड बढ़ाने के तरीके ढ़ूंढ़ने के लिये यह जरूरी लगता है.

यह – खुर्दबीन से विश्लेषण मुझे या हममें से किसी को करना है, पर बेहतर होगा कि रवि इस बारे में स्ट्रेट हिन्दी में; बम्बईया फिल्मों वाली में नहीं (वह स्टिकी हिन्दी तो समझने में समय लगता है), जिसमें उन्होने तरंग में आकर पोस्ट लिखी है; कुछ लिखें. बहुत सम्भव है ऐसा वे पहले लिख चुके हों. अगर वैसा है तो उसका लिंक प्रदान करें.
रवि वे शख्स है, जिन्हें मैं ब्लॉगरी में पसन्द करता हूं.


*- रवि, आर यू लिस्निंग? डू यू स्टिल हैव माई इनीशियल ई-मेल इन योर मेल बॉक्स?


Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free