मैं फिर गंगा किनारे गया। सब्जियों की खेती देखने नहीं, अपने आप को अनवाइण्ड करने। अपना मोबाइल ले कर नहीं गया – कोई फोन नहीं चाहता था एक घण्टे भर।
एक छोटा बच्चा तेजी से चलता हुआ गया – बोलता जा रहा था – “अले हम त लस्तवइ भुलाइ गये”। (अरे मैं तो रास्ता ही भूल गया।) थोड़ी देर बाद वह अपनी गोल में मिला दिखा।
दो लड़कियां दिखीं – पूनम और गुड़िया। गंगा किनारे क्यारी खोद, खाद डाल कर टमाटर रोप रही थीं। पूनम फावड़े से क्यारी बना कर यूरिया छिड़क रही थी। गुड़िया पौधे रोप रही थी। खनकदार हंसी पूनम की। भाई कहीं गया है। समय बरबाद न हो, इस लिये वे यह काम करने आई हैं।
उन दोनो की अम्मा बीमार है, लिहाजा उन्हें ही यह रुपाई का काम करना है। मेरी पत्नी बातचीत में पूनम से कहती हैं – लड़कियां भी अब आगे बढ़ रही हैं। पूनम तुरंत जवाब देती है –
“लड़कियां ही तो आगे बढ़ रही हैं। लड़के तो बस अपने को लड़का मान कर खुश हैं।”
छठी क्लास पास पूनम का यह बड़ा गूढ़ ऑब्जर्वेशन है।
मैने पूनम का फोटो लिया। पर वह यहां लगाऊंगा नहीं। आप तो उसका गंगा की रेती में क्यारी बनाता फावड़ा देखें।
इतने में रेत के खेत में चाचा को दोपहर का भोजन दे कर लौटता रोहित दीखता है। घर लौट कर स्कूल जायेगा। चिल्ला गांव में रहता है और शशिरानी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। गली में हर दूसरा स्कूल पब्लिक स्कूल है। जो पब्लिक के लिये हो वह पब्लिक स्कूल।
एक बुआ और भतीजी दिखीं। वे भी रास्ता भूल गई थीं। जेके देखअ, उहई लस्तवा भूला रहा। (जिसको देखो, वही रास्ता भूला था।)
हमहूं लस्तवा भुलान हई (क्या बताऊं, मैं भी रास्ता भूला हूं)। न केवल कैसे करना चाहता हूं, वरन क्या करना चाहता हूं, यह भी स्पष्ट नहीं है। कौन भाग्यशाली है जो जानता है मुकाम और मार्ग?!
गिरिराज किशोर जी के ब्लॉग पर एक महत्वपूर्ण पोस्ट है – भाषा का तप त्याग और उपेक्षा। फीड में यह पूरी पोस्ट है पर ब्लॉग पर मात्र रोमनागरी में शीर्षक बचा है।
पता नहीं, उनका ब्लॉग वे मैनेज करते हैं या उनके बिहाफ पर कोई अन्य (वैसे प्रतिटिप्पणियां रोमनागरी में उनकी ही प्रतीत होती हैं)। पर यह बेहतर होगा कि वह हिन्दी की स्थिति विषयक पोस्ट लोग देख पायें। इकहत्तर वर्षीय श्री गिरिराज किशोर अगर ब्लॉग इत्यादि के प्रति प्रो-एक्टिव हैं तो प्रसन्नता का विषय है।
(वैसे यह वर्ड डाक्यूमेण्ट में पांच पेज की फुरसतियात्मक पोस्ट है। पाठक के पेशेंस को परखती हुई!)

सही जगह अनवाइण्ड होते है आप ….शीर्षक खासा दिलचस्प लगा आपका
LikeLike
अक्सर लोग लस्तवइ भुलाइ जाते है… आपकी आज की पोस्ट रूटीन से हट कर लगी… अच्छा लगा…
LikeLike
बहुत सरल पर बहुत ही गूढ़ पोस्ट है आपकी ।पूनम की बात मे भी सच्चाई है ।आपकी पोस्ट भी लोगों को रास्ता तलाशने मे मदद करेगी ।
LikeLike
मैं तो रास्ता नहीं भूली…बिल्कुल सही ब्लॉग पर पहुँची हूँ.बेशक !!!!!!!!लड़कियां हर क्षेत्र में ,हर देश में तरक्की कर रही हैं..लड़के भी खूब तरक्की करें .उनके लिए भी शुभकामनाएं.
LikeLike
आलोकजी ने जो किस्सा सुनाया है वह भी पोस्ट को आगे बढ़ाने वाला है.
LikeLike
छोरी गंगा किनारे वाली ने बहुत सही बात कह दी कि लड़कियां ही तो आगे बढ़ रही हैं, लड़के तो बस अपने को लड़का मान कर खुश हैं.यही हाल रहा तो ज्यादा समय तक खुश नहीं रह पाएंगे.
LikeLike
“लड़कियां ही तो आगे बढ़ रही हैं। लड़के तो बस अपने को लड़का मान कर खुश हैं।”सच में, गूढ़ वचन है यह..
LikeLike
गंगाजी के किनारे सही जा रहे हैं आप।लड़कियां घणी स्पीड से आगे बढ़ रही हैं, इत्ती कि पकड़ में नहीं आ रही हैं। अभी कल ही एक धांसू वाकया हो गया। मेरी एक छात्रा करीब इक्कीस वर्षीय बालिका एक स्कूल में एक पांच साल के बालक के साथ दिखायी दी। मैंने पूछा कैसे यहां,मैं तो यहां अपनी बेटी के लिये आया हूं,उसने बताया कि वह अपने भाई की पेरेट्स टीचर्स मीट के लिए आयी है। फिर मुस्कुराकर बताने लगी कि दोनों भाई बहन में करीब पंद्रह साल का अंतर है। पापा दुबई में हैं, मम्मी टिपीकल हाऊस वाइफ हैं। पूरा घर बाहर का काम वही देख रही है।पापाजी ने जिस लड़के की चाहत में पंद्रह साल बाद घर में नयी जिम्मेदारी लाने का काम किया, वह भी अब उस लड़की की जिम्मेदारी है। वह लड़का उस बालिका को क्या सपोर्ट करेगा, पूरी जिंदगी वह बालिका ही उसका सपोर्ट बनेगी।
LikeLike
वैसे तो सभी रस्ता भूले हुए हैं बहुत कम है जो सही रास्ते पर हैं।बहुत बढिया पोस्ट है।धन्यवाद।
LikeLike
भाई ज्ञानदत्त जी, यदि आप रास्ता भूलेंगे तो भला कैसे चलेगा। आपको तो भूले हुओं को रास्ते पर लाना है।
LikeLike