महाभारत के तीन कारण बताये जाते हैं।
शान्तनु का काम, दुर्योधन की ईर्ष्या और द्रौपदी का क्रोध।
शान्तनु का काम भीष्म-प्रतिज्ञा का कारण बना। दुर्योधन की ईर्ष्या पाण्डवों को 5 गाँव भी न दे सकी। द्रौपदी का क्रोध विनाश पत्र के ऊपर अन्तिम हस्ताक्षर था।
"गुरुचरण दास की Difficulty of Being Good पढ़ रहा हूँ। ईर्ष्या का प्रसंग रुचिकर और सार्वजनिक लगा। श्रीमती जी के मायके गमन के बाद बच्चों की देख रेख के लिये आज की छुट्टी लिये घर बैठा हूँ। बच्चों को उलझाकर ब्लॉग पोस्ट लिखने का अपराध कर चुका हूँ। ब्लॉगहित में क्षम्य हो।"
इनमें से केवल दुर्योधन की ईर्ष्या ही थी जो लम्बे समय तक इस विनाश बीज को पल्लवित किये रही, शेष दोनों कारण तो तात्कालिक थे।
ज्ञानीजन अनुभवजन्य यह तथ्य बताते हैं कि ईर्ष्या हर मानव में विद्यमान है। हम सबमें अपने अपने हिस्से का थोड़ा सा दुर्योधन है और तज्जनित महाभारत। दाँय पहले कपाल में मचती है, काल तो उसका मूर्त और धीमा एक्शन रिप्ले ही दिखाता है।
मत्सर(ईर्ष्या) हिन्दू शास्त्रों में वर्णित 6 दोषों में एक है, बाइबिल में बताये 7 पापों में स्थान रखता है, इस्लाम में हसद के नाम से है। जैन और बौद्ध ग्रन्थों में इस पर विस्तार से चर्चा की गयी है। कहीं इसे आग के समान, तो कहीं दीमक के समान और कहीं इसे न ठीक होने वाली बीमारी बताया है।
हमारे हाथ में इसका उपचार है, समग्र नाश नहीं। तीन स्तरों पर समस्या और निराकरण है। जो ईर्ष्या करता है, जिसके प्रति ईर्ष्या की जाती है, वह समाज जो 1 और 1 को 11 नहीं बना पाता है।
ग्रीक समाज में जब कोई इतना ऊपर उठ जाता था कि लोग उससे ईर्ष्या करने लगें तो उसे प्रशीतलन(Cooling off) के लिये कुछ वर्षों के लिये निर्वासित कर दिया जाता था। सुकरात को तो जीवन से ही निर्वासित होना पड़ा। भारतीय संस्कृति में यह प्रशीतलन क्रमिक है और पहले वानप्रस्थ और फिर सन्यास के रूप में जाना जाता है। अकबर के द्वारा बैरम खाँ को संभवतः इसी कारण हज पर भेजा गया हो। भारतीय राजनीति में ऐसे चेहरों की सूची बनाने से कई घाव पुनः खुल जायेंगे। अतः दिल पर मत लीजिये, यह परम्परा का अंग है, प्रशीतलन के बाद पुनः कार्य पर लग जाइये।
जो व्यक्ति बहुत ऊपर उठे, उसे भी चाहिये कि अधिक दिखावा न करे। न धन का, न ज्ञान का, न सम्मान का, न अभिमान का। चीन की संस्कृति में बड़ी ऊँचाइयाँ छूने के बाद भी लोग ‘मैं तो बड़ा तुच्छ सा प्राणी हूँ और आप के ऐश्वर्य के आगे यह उपलब्धि तो कुछ भी नहीं’ जैसे वाक्य बोलते हुये दिख जाते हैं। भारत में दान को बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। कम से कम जिन्हें दान मिलेगा, वे ईर्ष्या न कर के साधुवाद देंगे। आपका धन कम होने से आपके प्रति ईर्ष्या की मात्रा भी कम हो जायेगी। और इसी बहाने आपकी भी मोह माया कम हो जाये तो क्या हानि है। कई लोग स्वयं तोप चलाने के बाद भी क्रेडिट अपनी टीम को ही दान कर देते हैं या पुष्पगुच्छ में लपेट कर बॉस के चरणों में अर्पित कर देते हैं।
भारतीय संस्कृति में यह प्रशीतलन क्रमिक है और पहले वानप्रस्थ और फिर सन्यास के रूप में जाना जाता है। अकबर के द्वारा बैरम खाँ को संभवतः इसी कारण हज पर भेजा गया हो। भारतीय राजनीति में ऐसे चेहरों की सूची बनाने से कई घाव पुनः खुल जायेंगे। अतः दिल पर मत लीजिये, यह परम्परा का अंग है, प्रशीतलन के बाद पुनः कार्य पर लग जाइये।
ज्ञानदत्त पाण्डेय उवाच – इसी परम्परा के वशीभूत बेचारे नये ब्लॉगर कुछ पोस्टें लिख कर खुद को अकबर और स्थापितों को बैरामखाँ बनाने पर प्रतिबद्ध हो जूतमपैजार करने लगते हैं!
अगर लोभ पूंजीवाद का पाप है तो ईर्ष्या समाजवाद का दुर्गुण! – गुरचरनदास की संदर्भित पुस्तक से।
जो ईर्ष्या करते हैं उनकी तो बात ही निराली है। चर्चिल व चार्ल्स डि गॉल जैसे नेता महानायक ईर्ष्यालु समाज के कारण ही भयानक हार तक निपटा दिये गये। न रहेगा बाँस न बजेगी बाँसुरी । एण्टी इनकम्बेन्सी में भी इसी रणनीति की बू आती है। आशानुरूप कार्य नहीं किया तो क्रोध, आशा से बहुत अच्छा किया तो ईर्ष्या, आपका जाना तय है श्रीमन्। ‘उसकी साड़ी मेरी साड़ी से सफेद कैसे’ जैसे विज्ञापन आपके अन्दर ईर्ष्या के दबे हुये भाव को उभार कर पैसा कमा कर निकल जाते हैं।
एक सर्वे के अनुसार आस्ट्रेलिया में यह पाप(ईर्ष्या) अन्य देशों की अपेक्षा सर्वाधिक है। बेचारे भारतीय!
बर्टाण्ड रसेल के अनुसार यह भाव(ईर्ष्या) लोकतन्त्र का जनक है और सामाजिक समानता बनाये रखने के लिये बने रहना चाहिये। शौक से जलिये!
मैं इस दाह(डाह) से बचने के लिये दो सत्य जीवन में स्वीकार कर चुका हूँ। पहला संसाधनों की प्रचुरता (Abundance theory) और हर जीवन की विशिष्टता (Uniqueness of every being)। आपके सत्य क्या हैं?

प्रवीण जी ! आलेख प्रशंसनीय है..!
LikeLike
शास्त्रों में कहा गया है की चिंता और ईर्षा चिता का कारण बनती है फिर कैसी चिंता ….
LikeLike
ईर्ष्या विनाश का कारण है. चिता की तरह जलाती है. वह गुण कौन सा है जो अच्छा देख और अच्छा करने को प्रेरित करता है? ईर्ष्या का ही परिष्कृत रूप? शायद.
LikeLike
और पदमसिंह जी से बाद में ईर्ष्या हुई कि उन्होंने अपनी प्रोफाइल में इतनी बढ़िया 'सोचनीय' फोटो लगाई है….:-)
LikeLike
बढ़िया पोस्ट.हम तो प्रवीण जी से पुराने ब्लॉगर हैं फिर भी हमें उनसे ईर्ष्या है कि वे इतना बढ़िया कैसे लिख लेते हैं. हमें तो गिरिजेश जी से भी ईर्ष्या है कि वे बिना ईर्ष्या के कैसे रह लेते हैं. हम अजय कुमार झा जी से यह सोचकर ईर्ष्या कर लेते हैं कि वे सही जगह इतनी जल्दी कैसे पहुँच जाते हैं? अजित भाई से इस बात के लिए ईर्ष्या है कि वे ईर्ष्या के भाव को समझदारी से बह जाने देते हैं और मैं समझदारी के अभाव में ऐसा नहीं कर पाता. सच कहें तो हम ईर्ष्या से बहुत पीड़ित हैं. आज रामनवमी है उसके बावजूद.
LikeLike
@ज्ञानदत्त पाण्डेय उवाच – इसी परम्परा के वशीभूत (बेचारे) नये ब्लॉगर कुछ पोस्टें लिख कर खुद को अकबर और स्थापितों को बैरामखाँ बनाने पर प्रतिबद्ध हो जूतमपैजार करने लगते हैं!… वो ये नहीं जानते कि चारा तो स्थापितों के पास ही होता है… जूतमपैजार मत करो भाई … ब्लॉग जगत में रहना है तो मठाधीशों के पीछे पीछे चलो … (जलने की बू तो नहीं आई)
LikeLike
ज्ञानवर्धक आलेख. रामनवमी की शुभकामनायें.
LikeLike
ढाई गज की पोस्ट पर ढाई लाईनों का उवाच ..जब ज्यादा भारी पडता देखा तो हम समझ गए कि सब कुछ ईर्ष्यावश किया जा रहा है । इसपर अलग से और भी नाईस , नाईसर ..नाईसेस्ट की हद तक लिखा जाए ..वर्ना हम जैसे नए ब्लोग्गर ……..समझ रहे हैं न ….या करें घोषित …. अजय कुमार झा
LikeLike
'' ईर्ष्या तू न गयी मेरे मन से ….. ''बहुत अच्छा लिखा है , हंसमुख गद्य ! आभार ! @ गिरिजेश राव जी राजनीति में ईर्ष्या कम है ? तामसिक ईर्ष्या है वहां !'इस टाइप ' में सात्विक ईर्ष्या कहाँ !
LikeLike
हम तो ईर्ष्या के भाव को समझदारी से बह जाने देते हैं…बढ़िया आलेख
LikeLike