रामाधार नाम बताया उस भुंजवा ने। हाईवे के किनारे गांव की ओर जाती सड़क के तिराहे पर शाम चार बजे वह दाना भूनने का ठेला लगाता है । पिछली बार जो भुनवाया था, खत्म हो गया तो एक बार फिर उसके यहां जाना हुआ।
चिवड़ा, मूंगफली, चना और मक्का के फ्लेक्स को अलग अलग भुनवाया। ठेले पर कढाई में नमक डाल भूनता है वह। जैसे सब भुंजवा भूनते हैं, वैसे ही। फायदा यह है कि घर से ज्यादा दूर नहीं है उसके ठेले की जगह। वहां जाने के लिए बाजार की भीड़ और वाहनों की किचिर पिचिर नहीं झेलनी होती।
इस बार उसने मेरा परिचय पूछा। जानने पर मेरे पैर छुए। आदर दिया। फिर अपने बारे में बताने लगा कि वह मेरे ही गांव का है। वहां से इस गांव चला आया। बाकी परिवार के लोग वहीं हैं।
फिर अपनी जिंदगी के बारे में बताने लगा — आप सामने देख रहे हैं न, तीन मंजिला अहाता। आप के रिश्ते में होंगे। उनकी आटा मिल में काम करता था। फिर अपना दांया हाथ उसने दिखाया — कलाई के पास हड्डी टेढ़ी लग रही थी। बताया — मिल में काम करते टूट गया था हाथ। काम छूट गया। कोई मुआवजा नहीं दिया। दवा कराने के पैसे भी नहीं दिए। बड़े लोग हैं। पर ऊपर वाला सब देखता है। वो बिस्तर पर पड़े हैं और मैं आपके सामने खड़ा हूं।
वो पड़े हैं, मैं खड़ा हूं — इस कथन में ईश्वरीय न्याय, अमीर आदमी को ले कर तल्खी और अपनी मेहनत कर जीने की आदत — सब झलकता था। मिल की दुर्घटना से उसका हाथ कलाई पर टेढ़ा हुआ था, पर जिंदगी नहीं।

रामाधार पहली नजर में मुझे कुछ रूखा आदमी लगा था। अपना काम कर रहा था और कढ़ाई गरम करने, दाना तोलने, गर्म भूंजा छानने, ठोंगे में रखने आदि में ही मगन था। फिर जब बातचीत में परिचय खुला; उसने मुझे जान कर पैर छुए तो मेरे और उसके बीच का संबंध आश्चर्यजनक रूप से बदल गया। वह अब केवल दाना भूनने वाला रामाधार नहीं था। वह मेरे गांव का आदमी था। एक परिचित मिट्टी से निकला हुआ। उसके प्रति मेरा देखने का कोण ही बदल गया। अब वह आत्मीय था! मेरे लेखन के लिए एक बहुमूल्य पात्र!
भूंजा के ठोंगे लिए; ‘वो पड़े हैं, मैं खड़ा हूं’ को मंत्र की तरह दोहराता घर वापस आया मैं। यह एक पेज लिख दूंगा तो शायद उस मंत्र-जप की पूर्णाहुति हो जाए!
घर में बंद मत रहा करो; रामाधार जैसे लोगों की खोज में निकला करो जीडी।
***$$$***
