गणित पढ़ने वाली लड़की

पिंकी की गुरुदक्षिणा

गांव में बगल के एक घर की भैंस ने दूध देना शुरू किया। हमने उस परिवार से दूध का अनुबंध किया — पहले एक लीटर सवेरे और फिर यह जानकर कि दूध शुद्ध मिल रहा है बिना मिलावट के, तो हमने दो लीटर रोज लेने की सोच ली।

उस परिवार की एक लड़की — पंद्रह साल की होगी — रोज सुबह-शाम अपने बर्तन में दूध लेकर आती है। धीरे-धीरे उससे परिचय हुआ। वह पिंकी है। दसवीं कक्षा में पढ़ती है। गरभ (गणित-रसायन-भौतिकी) की कोचिंग को जाती है। करीब चालीस छात्र-छात्राओं का बैच है। दो अध्यापक पढ़ाते हैं। एक गणित पढ़ाते हैं और दूसरे भौतिकी और रसायन। गणित में उसे समस्या होती है। शायद ठीक से समझा नहीं पाते अध्यापक महोदय।

दो-तीन बार उसने अपने तीन बजे सवेरे उठकर पढ़ने, घर पर काम करने और दिन भर व्यस्त रहने की बात की तो पहले मुझे यकीन कम हुआ। धीरे-धीरे मैं समझ सका कि लड़की यूं ही नहीं कह रही — पढ़ाई को गंभीरता से लेती है पर परिवार की आर्थिक स्थिति, घर पर खेती किसानी में हाथ बटाने की जरूरत — सब मिला कर उसे जद्दोजहद करनी पड़ रही है। ऐसे हालात में कई बच्चे पढ़ाई से दूर होकर काम की तलाश में लग जाते हैं या पढ़ाई उनके जीवन की प्राथमिकता नहीं रह पाती। लेकिन पिंकी पढ़ना चाहती है। वह गंभीरता से पढ़ना चाहती है।

मैंने उससे कहा कि मैं उसे रोज़ एक आध घंटा गणित पढ़ा दूंगा। उसे शायद आश्चर्य हुआ। शायद उसे नहीं लगता था कि मुझे गणित जैसा विषय आता होगा। पर मैंने उसे अपने लिए गणित की पुस्तक खरीदने के पैसे दिए और वह खरीद लाई।

तीन अध्यायों के बारे में उसे समस्या थी — बहुपद (पोलीनॉमियल एक्स्प्रेशंस), त्रिभुज और त्रिकोणमिति के बारे में।

मैंने अपनी हायर सेकेंडरी की पढ़ाई हिंदी माध्यम से की थी पर उसके बाद माध्यम स्विच हो कर अंग्रेजी हो गया था। अब मुझे पुन: हिंदी की शब्दावली पर लौटना था। थोड़ा अटपटा लगा, पर हिंदी में पढ़ने-पढ़ाने में आनंद भी आया।

सप्ताह भर हो गया है। मुझे समझ में आ गया है कि कोचिंग में अध्यापक उसे प्रश्नों के उत्तर लिखवा रहे हैं। अध्याय की समझ पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जब मैंने विषय का अर्थ उसे समझाया और उसे इस योग्य बनाया कि वह स्वयं प्रश्नों को हल कर सके तो उसे आश्चर्य हुआ। उसने कहा — ऐसा तो किसी ने पढ़ाया नहीं!

उसे मैंने प्रसिद्ध पुस्तक में कहा गया विचार बताया — मैं उसे मछलियां नहीं दूंगा, पर उसे मछली पकड़ने की योग्यता दूंगा जिससे वह खुद सक्षम हो सके मछली पकड़ने में।

मेरी पत्नीजी ने मुझसे कहा — लड़की तुम्हारी बोझिल बातें सुन कर दो, या ज्यादा से ज्यादा तीन दिन में तुमसे कन्नी काट जाएगी। कोई बच्चा तुम्हारा प्रवचन नहीं सुनेगा। बेचारी चिन्ना (पद्मजा — हमारी पोती) तो तुम्हारी बंधुआ शिष्या है। उसके पास तो ऑप्शन नहीं है। पर कोई बाहरी लड़की तो तुम्हें सुनने से रही!

पर सप्ताह भर हो गया। वह लड़की बिल्कुल समय पर आती है। अगले दिन के लिए अध्याय पढ़ कर आती है। प्रश्नों को खुद अपनी कॉपी में सुंदर लिखाई में हल कर भी लाती है। जो समझ नहीं आता, उसके बारे में प्रश्न पूछती है और कई बार तो मुझे दो तीन बार समझाने को भी कहती है। वह व्यवहार में विनम्र है पर गणित समझने से जान छुड़ाने का प्रयास नहीं करती।

उसका परिवार गरीब है। पिता श्रमिक हैं। खेती किसानी और आसपास मिले कामों के बल पर परिवार चल रहा है। उसकी बड़ी बहन और छोटा भाई हैं। तीनों पढ़ रहे हैं। परिवार में शिक्षा का महत्व तो ज्ञात है — ऐसा लगता है। उसने बताया कि सवेरे तीन बजे वे उठ तो जाते हैं पर कई बार बिजली नहीं होती तो दिया जला कर पढ़ना मुश्किल होता है। मेरी पोती ने अपने गुल्लक से निकले पैसे से एक रीचार्ज किया जाने वाला बल्ब उसे दिया है जिससे कमरे में सवेरे तीन बजे उठने पर रोशनी रहे।

पिंकी में केवल लेने का भाव नहीं है। वह दो-तीन दिन में एक लौकी अपने बस्ते में लेकर आती है। उसके कोचिंग के अध्यापक तो ₹300.- लेते हैं, पर मुझे तो उस नरम लौकी की सब्जी की मिठास में ही भरपूर गुरु-दक्षिणा पाने का अहसास होता है।

पिंकी की गुरुदक्षिणा

अब देखते हैं कि गणित के तीन अध्याय पढ़ाने तक यह एक शिष्य वाली पाठशाला सीमित रहेगी या इसका आगे भी कोई स्वरूप होगा!

###

Published by Gyan Dutt Pandey

Exploring rural India with a curious lens and a calm heart. Once managed Indian Railways operations — now I study the rhythm of a village by the Ganges. Reverse-migrated to Vikrampur (Katka), Bhadohi, Uttar Pradesh. Writing at - gyandutt.com — reflections from a life “Beyond Seventy”. FB / Instagram / X : @gyandutt | FB Page : @gyanfb

One thought on “गणित पढ़ने वाली लड़की”

आपकी टिप्पणी के लिये खांचा:

Discover more from मानसिक हलचल

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free