आंधी पानी


कल रात नौ बजे तेज आंधी आई। बवण्डर। करीब डेढ़ घण्टा ताण्डव चला। हम अपने पोर्टिको में बैठे पेड़ों का झूमना-लचकना और डालियों का टूटना देख रहे थे। दिन भर की उमस से राहत भी थी। लेकिन जब पोर्टिको की खाली कुर्सियां हवा में नाचने लगीं और उलट गयीं, गमले गिरने लगे, तो हमने घर के अंदर जाने में ही भलाई समझी।

बहुत तेज थी हवा। उसके बाद पानी बरसने लगा पर पानी बरसने पर भी हवा की गति कम नहीं हुई।

आज सवेरे साइकिल ले कर घूमने निकलने में उहापोह था। सैर का कुछ हिस्सा पगडण्डी वाला होता है। मिट्टी अगर गीली होगी तो साइकिल धंस सकती है, रपट सकती है और गिरने पर चोट लग सकती है या कपड़े गंदे हो सकते हैं। पर मन में आंधी के प्रभाव को देखने की उत्सुकता भी थी। निकल ही लिया।

आम तथा पेड़ों की टहनियां बीनने वाले बालक, युवा, अधेड़ और वृद्ध सक्रिय हो गये थे। कहावत है early bird gets the worm; उसकी तर्ज पर early kid gets the mango and twigs.

एक बच्चे ने बहुत से आम बीने थे पन्नी में। उसका फोटो लेने लगा तो वह बड़ी जोर से चिंचिया कर भागा।

पर बच्चे फोटो खिंचाने में बहुत लजा रहे थे। एक बच्चे ने बहुत से आम बीने थे पन्नी में। उसका फोटो लेने लगा तो वह बड़ी जोर से चिंचिया कर भागा। शायद गूंगा था।

Continue reading “आंधी पानी”

कालीन मजदूरों की वापसी – भदोही से लातेहार


श्रमिक वापस जा रहे हैं। खबरें हैं मेट्रो शहरोंं से या पंजाब से; उत्तरप्रदेश या बिहार/झारखण्ड जा रहे हैं अपने घर को। शुरुआत में तो हड़बड़ी में निकले। बिना तैयारी। पैदल। या ठेले पर भी। अब थोड़ा व्यवस्थित तरीके से लौट रहे हैं। उनके पास कुछ भोजन की सामग्री भी है। अब जो अपने घर के लिये निकल रहे हैं उनके पास बेहतर सर्वाइवल किट है। वे साइकिल पर हैं।

आसपास की सड‌कों पर जो दिखते हैं, और बहुत नजर आते हैं, उनमें खिन्नता भी है और अकबकाहट भी। क्रोध भी है और नैराश्य भी। कोरोनावायरस के प्रति सतर्कता भी है, पर उससे ज्यादा अपने भविष्य को ले कर अनिश्चितता झलकती है व्यवहार में। सरकार के प्रति क्रोध बहुत मुखर नहीं है। पर है जरूर। इस भाव को भविष्य में विपक्ष, अगर सशक्त हुआ (जो फिलहाल लगता नहीं) तो अच्छे से भुना सकता है।

मैं सवेरे साइकिल सैर में निकला था। गंगा किनारे। घर से करीब सात किलोमीटर दूर निबड़िया घाट पर। वहां सामान्यत: मोटरसाइकिल/मॉपेड खड़ी कर घाट पर मछली खरीदने वाले जाते हैं। भोर में जो केवट जाल डाल कर मछली पकड़ते हैं, उनसे ये दुकानदार खरीद कर या तो कस्बे के बाजार में फुटपाथ पर, या गांवों में फेरी लगा कर बेचते हैं।

वहां, निबड़िया घाट के करार पर मुझे कुछ मोटरसाइकिलें दिखीं और कुछ साइकिलें भी। लोग, जो साइकिल के साथ थे, अपने पीठ पर रुकसैक (पिठ्ठू) लादे थे। वे निश्चय ही मछली खरीदने वाले नहीं थे।

यह दृष्य सामान्य से अलग लगा।

निबड़िया घाट पर करार पर खड़े थे ये साइकिल सवार लोग।

वे लोग आपस में मिर्जापुर जाने की बात कर रहे थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि नाव से गंगा पार करें या सड़क पर बढ़ते जायें। मुझसे पूछा कि सड़क मिर्जापुर की ओर जायेगी?

Continue reading “कालीन मजदूरों की वापसी – भदोही से लातेहार”

माणिक सेठ कहते हैं जिंदगी गोलों में बंध गयी है


माणिक सेठ की जनरल स्टोर्स की दुकान महराजगंज कस्बे के बाजार में है। पुरानी दुकान है। उनके दादा जी के जमाने की। पर माणिक नौजवान हैं। डिजिटल पेमेण्ट एप्प का प्रयोग करने वाले कस्बे के पहले व्यापारी। उनकी दुकान में मुझे वह चीज मिल जाती है, जो और कहीं कस्बाई बाजार में नहीं मिलती।

सवेरे साइकिल से निकलता हूं तो यदा कदा उनकी दुकान की ओर चला जाता हूं। घर गृहथी की छोटी मोटी चीजें जो याद रहती हैं, उन्हें लेने के लिये। लॉकडाउन 1 और 2 में उनकी दुकान तो पूरी तरह बंद थी। यदा कदा दिखे तो उनसे सामान मिल जाता था। माणिक ने ही बताया था कि दुकान नहीं खुलती, पर सुरती की तलब रखने वाले सवेरे छ बजे ही घर का दरवाजा खटखटा कर सुरती मांगने लगते हैं।

Continue reading “माणिक सेठ कहते हैं जिंदगी गोलों में बंध गयी है”
Design a site like this with WordPress.com
Get started