एक किसान का उपहार


पास के खेत से खीरा निकला था और किसान बटखरा-तराजू लिये दो ग्राहकों के लिये तौल रहा था। दृष्य रोचक लगा मुझे। साइकिल रोक पर सीट पर बैठे बैठे मैंने चित्र लेने का उपक्रम किया।

मैं किसान का चित्र लेने में लगा था, दृष्य पर ध्यान इस कोण से था कि किस चीज पर फोकस करना है, खीरा और तराजू ठीक से रूल ऑफ थर्ड के हिसाब से सही जगह पर फ्रेम में आ जाये, आदि। किसान के चेहरे पर ध्यान नहीं दिया।

विजयशंकर उपाध्याय

पर किसान ने मुझे देख लिया था। वह दोनो हाथ मेँ कुछ खीरे अंजुली की तरह भर कर मेरी साइकिल के पास आया और मेरी आगेवाली टोकरी में डाल दिये। तब मैंने ध्यान दिया – वे सज्जन विजय शंकर उपाध्याय थे। पिछलेे नवम्बर में मैंने उनपर एक ब्लॉग पोस्ट लिखी थी। तब विजयशंकर परेशान थे वर्षा ऋतु की अति से। खेत पानी से इतना भरे थे कि अगली फ़सल वे बो नहीं पाये थे और पिछली फसल बरबाद हो गयी थी। वे इस फ़िक्र में थे कि अगली फ़सल इतनी तो हो जाये कि खाने भर का काम चल जाये…

वह व्यक्ति, बिना कुछ बोले, अपनी फसल से लगभग दो सेर खीरा ले कर मेरी टोकरी में रख दे रहे है‍। … किसान की विशाल हृदयता ही तो है यह!

मैने विजयशंकर जी को (लजाते हुये) दाम देने की पेशकश की। उन्होने कहा – अब दाम देहे क कहब्यअ? (अब कीमत देने की कहोगे?)।

खीरा तोलते विजयशंकर उपाध्याय

सवेरे की साइकिल सैर के दौरान इस उपहार ने मुझे हृदय के अन्दर तक सींच दिया। घर वापस लौटते समय पूरे रास्ते मैं विजयशंकर जी के बारे में ही सोचता रहा। अगर एक किसान – एक मार्जिनल किसान; इतनी दरियादिली रखता है तो मुझे तो अपने दिल को और भी खोलना चाहिये। अपनी संकीर्णता के कई वाकये याद आने लगे, जिनका पछतावा स्मृति में उभर आया।

अपना पर्सोना बदलो जीडी। गांवदेहात को वक्र दृष्टिकोण से देखने की बजाय विजयशंकर जी को सामने रख अपना नजरिया बदलो अपने परिवेश के बारे में। गांव के बारे में।

मेरे साइकिल की आगे की टोकरी में खीरे रख दिये थे विजयशंकर जी ने।

तालाब में फंसी घायल नीलगाय


मैं लीलापुर के तालाब के किनारे था। यह बड़ा तालाब है। इसके किनारे बहुत से वृक्ष हैं। इसकी साफ़सफ़ाई पर ग्रामीण बहुत ध्यान देते हैं और यह भी उनका ध्यान रखता है। इसके किनारे एक प्राचीन मन्दिर भी है – शायद 17-18वीं शताब्दी का।

तालाब में पानी पर्याप्त था। उसके दूर के किनारे पर पानी में एक गाय जैसा बड़ा जानवर दिखा। कुछ कुत्ते उसपर झपट रहे थे। वह जब भी बच निकलने और किनारे पर जाने का प्रयास करता था, कुत्ते उसपर हमला कर देते थे। कुत्तों का ध्येय उसे पानी में फ़ंसा कर थका कर मार डालना लगता था।

दृष्य कुछ अजीब सा था। मैने ध्यान से देखा तो पाया कि वह जानवर नीलगाय था। बड़े आकार का नीलगाय।

लीलापुर के ताल के दूसरे किनारे पर पानी में फ़ंसा नीलगाय

नीलगाय ने हार कर अपनी स्ट्रेटजी बदली। वह किनारे पर जाने की बजाय ताल के बीच में तैर कर दूसरे किनारे – मेरी ओर – आने का प्रयास करने लगा। मेरे सामने दो विकल्प थे। उसका चित्र लेते जाना अथवा वहां से हट कर वापस चल देना। नील गाय इस किनारे आने पर बेतरतीब भागता तो उससे मेरे घायल होने की सम्भावना थीं। मेरे पार केवल मोबाइल था। आत्मरक्षा के लिये कोई डण्डी या छड़ी नहीं थी। अपना डेढ़ हाथ का बैटन भी घर पर छोड़ आया था आज।

Continue reading “तालाब में फंसी घायल नीलगाय”

रवींद्रनाथ दुबे – एन.आर.वी. और शहर-गांव का द्वंद्व


अगर एन.आर.आई. होते हैं – नॉन रेजिडेण्ट इण्डियन तो वे लोग जो गांव छोड़ कर लम्बे अर्से से मेट्रो शहरों में रहने लग गये हों और जिनकी अगली पीढ़ी वहीं पली-बढ़ी हो; वहीं के सपने देखती हो; वहीं के आचार-विचार-व्यवहार जीती हो; उन लोगों को एन.आर.वी. – नॉन रेजिडेण्ट विलेजर (Non Resident Villager) कहा जा सकता है। इस गांव के श्री रवींद्रनाथ दुबे जी को उस श्रेणी में रखा जा सकता है।

श्री रवींद्रनाथ (सुभाष) दुबे जी

आज रवींद्रनाथ जी गांव (विक्रमपुर) से लसमणा की प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर सवेरे की सैर करते मिल गये। मैँ साइकिल से वापस लौट रहा था और वे आगे जा रहे थे। बोले कि बड़े डरते डरते घर से निकले हैं। हाइवे पर उन्हे आशंका थी कि कोरोनावायरस सम्बंधी लॉकडाउन में कहीं कोई पुलीस वाला न मिले और अपनी लाठी के जोर पर अभद्रता न कर बैठे। उनके पास एक बढ़िया चमकती बेंत वाली छड़ी थी। पैण्ट और बंडी पहने थे। साफ और सुरुचिपूर्ण वेश। उनका चेहरा सवेरे की सूरज की रोशनी में चमक रहा था। वे अत्यंत शरीफ और सरल लगते हैं। बहुत ही प्रिय और मोहक व्यक्तित्व है उनका।

Continue reading “रवींद्रनाथ दुबे – एन.आर.वी. और शहर-गांव का द्वंद्व”
Design a site like this with WordPress.com
Get started