हिन्दी और अंग्रेजी में छत्तीस का आंकड़ा क्यों है?

छत्तीस का प्रयोग देवनागरी आकड़ों में तब होता है जब तनातनी हो. अंग्रेजी और हिन्दी में झगड़ा होने का कोई कारण नहीं होना चाहिये. दोनो अपने अपने प्रकार से समृद्ध भाषायें हैं. अंग्रेजी के नाम से बिदकना शायद इसलिये होता है कि कुछ लोग अंग्रेजी को शासन तंत्र की भाषा मानते हैं. पर अब शासन नहीं, उत्तरोत्तर बाजार मजबूत हो रहा है. चलेगा वह जिसे जनता वापरेगी. चाहे वह हिन्दी हो या अंग्रेजी.

मैने पहले परिचर्चा में अंग्रेजी का प्रयोग सम्प्रेषण की सहूलियत के लिये किया था.तब हिन्दी में टाइप करना मेरे लिये बहुत झंझट का काम था. पर पिछले कुछ दिनों से इस ब्लॉग पर अंग्रेजी का प्रयोग बतौर टीज़र कर रहा था. तभी कल अमित और श्रीश का नाम लेकर लिखा.

श्रीश मैं ऑन रिकार्ड कहना चाहूंगा निहायत शरीफ इंसान हैं. वे टीज़र पर छैलाये नहीं. लाल-पीले नहीं हुये. उनकी जगह मैं खुद होता, जिसे (अगर) हिन्दी का जुनून होता तो, ताल ठोंक मैदान में आ गया होता. मैं अंग्रेजी-हिन्दी में फ्लिप-फ्लॉप न करने का निर्णय इसलिये लेता हूं कि मैं श्रीश को प्रोवोक नहीं कर पाया!

खालिस हिन्दी में लिखने की और सोचने की अपनी लिमिटेशन हैं. मेरे पास केवल कामिल बुल्के की डिक्शनरी है, जो सटीक हिन्दी शब्द सुझाने में कई बार गच्चा दे चुकी है. लिहाजा अंग्रेजी को सीधे देवनागरी में लिखने के और कोई चारा नहीं बचता.

कल जो महानुभावों ने चलेबल (चल सकने योग्य) माना है वह शायद यह है कि अंग्रेजी की संज्ञा-सर्वनाम-क्रिया भले हो, पर व्याकरण/वाक्य विन्यास और लिपि हिन्दी की अवश्य हो. अगर हिन्दी ब्लॉगरी पंचायत इसे रेटीफाई करती है तो मेरे जैसा जन्मजात रेबल अपने आप को रबल नहीं सफल मानेगा!

प्रियंकर जी बता सकते हैं कि “कामिल बुल्के” के बाद उससे बेहतर अंग्रेजी-हिन्दी कोश कौन सा आया है. सरकारी प्रयास तो मक्षिका स्थाने मक्षिका वाले अनुवाद के होते हैं. उनके अनुसार लिखें तो लगता है कि एकादशी व्रत के दिन अलोना (बिना नमक-मिर्च-मसाले का) भोजन बना रहे हैं. लिहजा हिन्दी बरास्ते अंग्रेजी लिखने वालों की मजबूरी धुर-हिन्दी वाले ब्लॉगर समझने की कृपा करें.

असल में हिन्दी-अंग्रेजी में लाग-डांट होने का कारण सिर्फ यह है कि अंग्रेजों ने यहां राज किया. अन्यथा, अगर फ्रेंच में लिखा होता तो फ्रेंच पर व्यंग न होता; मात्र अनुरोध होता कि जरा साथ में हिन्दी अनुवाद भी लिख दिया करें!

कल की टिप्पणियां पढ़ने पर एक विचार मन में आया है – जो सम्भव है नितांत व्यक्तिगत असुरक्षा की भावना का प्रगटीकरण हो. बहुत से ऐसे लोग होंगे जो गाली वाले चिठ्ठे को निकाले जाने पर अभिव्यक्ति की आजादी के आधार उसे गलत निर्णय बताने और वापस लेने के लिये शायद लामबन्द हो जायें (या हैं), पर वे हमारे रोज के चार लाइन अंग्रेजी में ठूंसने के मुद्देपर हमें हिन्दी ब्लॉगरी से बाहर करने को सात-आठ दिन में ही धर्मयुद्ध/जिहाद बोलने से गुरेज नहीं करेंगे. और निकाल बाहर करने की दशा में, बावजूद इसके कि अभी शतकवीर होने की बधाई टिप्पणियां मिल रही हैं, किसी कोने से कोई सपोर्ट मिलने वाला नहीं है. हिन्दी ब्लॉगरी में कुनबापंथी का बड़ा स्थान है पर किसी की पर्सनल इडियोसिंक्रेसी के प्रति टॉलरेंस जरा कम ही है!

भाइयों, हिन्दी मस्त भाषा है. अंग्रेजी भी मस्त भाषा है. हिन्दी में दूध पिया है. अंग्रेजी में सूप पिया है. ऑलमण्ड सूप-सैण्डविच में भी पौष्टिकता और दिव्य अनुभूति होती है. अत: मुझे हिन्दी-अंग्रेजी में छत्तीस नहीं तिरसठ का आंकड़ा लगता है. दोनों साथ-साथ जियें. बल्कि दोनो के फ्यूज़न से ब्लॉग-हिन्दी (ब्लिन्दी) बने. यही कामना है!

ब्लॉग पर लिखने में न मुझे लेखक कहलाने की चाह है न अपने को हिन्दी/अंग्रेजी फेनॉटिक साबित करना है. जब तक मन चाहे ब्लॉग पर मडल थ्रू (muddle through) करना है!

इति हिन्दी-अंग्रेजी टण्टा पुराण. भूल-चूक माफ. सफेद झण्डा फहराया जाये!

Published by Gyan Dutt Pandey

Exploring rural India with a curious lens and a calm heart. Once managed Indian Railways operations — now I study the rhythm of a village by the Ganges. Reverse-migrated to Vikrampur (Katka), Bhadohi, Uttar Pradesh. Writing at - gyandutt.com — reflections from a life “Beyond Seventy”. FB / Instagram / X : @gyandutt | FB Page : @gyanfb

15 thoughts on “हिन्दी और अंग्रेजी में छत्तीस का आंकड़ा क्यों है?

  1. हमारी टिप्पणी से बखेड़ा खड़ा होता है, अतः मौन है. आप अनुनाद भाई की टिप्पणी को भी हमारी टिप्पणी मान सकते है.

    Like

  2. श्रीश उवाच> … यदि आप फायरफॉक्स का प्रयोग करते हैं तो सुविधा के लिए इसका सर्च-इंजन यहाँ से इंस्टाल करें। यह तो पहले से ही इंस्टाल था, पर मैने प्रयोग नहीं किया. अब करूंगा. पर असली बात यह है कि “अनुवाद” बहुत बुकिश लगता है और प्रवाह को अवरुद्ध करता प्रतीत होता है. मेरे विचार से अच्छा अनुवादक होना कठिन है, लिख्खाड़ होना आसान! रही बात शरीफ इंसान की – वह इल्जाम तो लेना ही होगा बन्धु! :)

    Like

  3. देवनागरी अंकों में ३६ परस्पर विमुखी आकृति के हैं। इसी प्रकार ६३ परस्पर मुँहमोड़ी आकृति के हैं। किन्तु राजभाषा नियमों तथा सुविधानुसार सभी अंतर्राष्ट्रीय अंकों का ही प्रयोग करते हैं, अतः इनमें 69 या 96 को परस्पर विमुखी या विपीठी के अर्थ में प्रयोग करना उचित होगा। वैसे 69 का प्रयोग तो अति रहस्यमय शुभंकर ‘यिंगयांग’ के अर्थ में होता है।हिन्दी और अंग्रेजी में मुख्य अन्तर तकनीकी समस्याओं के लेकर है, विशेषकर कम्प्यूटिंग के क्षेत्र में तो हिन्दी अंग्रेजी मूलाधार पर सिर्फ पैबन्द की तरह चिपकी है। समस्या तीन स्तरीय है1- कीबोर्ड मूलतः अंग्रेजी का ही है, उन्हीं का प्रयोग करके येन-केन प्रकारेण हिन्दी (तथा जापानी-चीनी सहित अन्य समस्त) भाषा टंकित करनी पड़ती है।2. देवनागरी के यूनिकोड कूट आन्तरिक संसाधान हेतु प्रयोग होते हैं3. पारम्परिक रूप में मात्राओं सहित पूर्णाक्षरों, संयुक्ताक्षरों के प्रदर्शन व मुद्रण हेतु ओपेन टाइप फोंट प्रयोग करने पड़ते हैं। बेसिक ASCII के आधार पर प्रोग्रामिंग होती है, इण्डेक्सिंग होती है, वेबसाइट, वेबपेज का नाम आदि इसी में चलता है, अतः इनके डैटाबेस में अंग्रेजी का ही प्रयोग करना अनिवार्य है।

    Like

  4. श्रीश – मैं ऑन रिकार्ड कहना चाहूंगा – निहायत शरीफ इंसान हैं.हे हे, यह आप मुझ पर बहुत बड़ा इल्जाम लगा रहे हैं। :)बाकी हिन्दी के लिए शब्दकोष.कॉम नामक ऑनलाइन डिक्शनरी बहुत अच्छी है, यद्यपि यह जरुरी नहीं कि इसमें सभी शब्द मिल ही जाएं, फिर भी अधिकतर मिल जाते हैं।यदि आप फायरफॉक्स का प्रयोग करते हैं तो सुविधा के लिए इसका सर्च-इंजन यहाँ से इंस्टाल करें।असल में हिन्दी-अंग्रेजी में लाग-डांट होने का कारण सिर्फ यह है कि अंग्रेजों ने यहां राज किया. अन्यथा, अगर फ्रेंच में लिखा होता तो फ्रेंच पर व्यंग न होता; मात्र अनुरोध होता कि जरा साथ में हिन्दी अनुवाद भी लिख दिया करें!आपकी बात कुछ हद तक सही है, अक्सर कुछ हिन्दी के अकादमिक विद्वान अंग्रेजी विरोध को ही हिन्दी प्रेम मानते हैं, पर हिन्दी चिट्ठाकारों में ऐसी बात नहीं है।वे हमारे रोज के चार लाइन अंग्रेजी में ठूंसने के मुद्देपर हमें हिन्दी ब्लॉगरी से बाहर करने को सात-आठ दिन में ही धर्मयुद्ध/जिहाद बोलने से गुरेज नहीं करेंगे. और निकाल बाहर करने की दशा में, बावजूद इसके कि अभी शतकवीर होने की बधाई टिप्पणियां मिल रही हैं, किसी कोने से कोई सपोर्ट मिलने वाला नहीं है. हिन्दी ब्लॉगरी में कुनबापंथी का बड़ा स्थान है पर किसी की पर्सनल इडियोसिंक्रेसी के प्रति टॉलरेंस जरा कम ही है!जैसा कि मैंने कल भी कहा था कि, नारदमुनि भी संदर्भ आदि अंग्रेजी में देने की आज्ञा देते हैं:”आप अपने ब्लॉग पर यथासंभव हिन्दी में ही लिखें। अंग्रेजी उद्धरणों के प्रयोग से नारद को कोई आपत्ति नहीं।”इसलिए आप चिंता न करें, थोड़ी बहुत अंग्रेजी के पीछे आपको कोई नहीं पकड़ेगा। :)बाकी आप ब्लिन्दी में लिखें, मस्त होकर लिखें। मुझ सहित कुछ साथियों की अंग्रेजी कमजोर है पर शब्द्कोष.कॉम है ना। मैंने फायरफॉक्स में इसका सर्च इंजन लगा रखा है, जब भी कोई शब्द नहीं पता होता तो फट से खोज लेता हूँ।वैसे आपकी हर पोस्ट में एक-दो शब्द देखने ही पड़ते हैं। आज फेनॉटिक और मडल थ्रू देखना पड़ा। :)

    Like

  5. अज़दक उवाच: … आपकी ब्लिन्‍दी बंद टॉयलेट की बजाय खुले में दिशा-मैदान होना चाहिए.. अब इस पर आप सकुचाएंगे तो वह आपकी दिक़्क़त है.. दिव्य निपटान क्या खाक होगा. ऊपर टिप्पणियां देख रहे हैं न! एक्सपेरिमेंटेशन पर धौंस जमाऊ टैग लगा कर खारिज करना भारतीय चरित्र की विशेषता है! पर फिक्र न करें – ऐसे टेढ़े मेढ़े तरीके से लिखते रहेंगे. फुरसतिया जी ने कह ही रखा है – जबरी लिखो, कोई क्या कर लेगा! आप मेरे पक्ष में आवाज बुलन्द करेंगे. इसका मतलब आपकी पोजीशन सिक्योर है. आप तो एस्टेब्लिशमेंट के मनई निकले. हमारी तरह फटक गिरधारी नहीं.

    Like

  6. पाण्डेय जी,पहली बात कि, मै अनुनाद जी वाली टिप्पणी लिखने वाला था।दूसरी बात,अगर कल आपकी पोस्ट पर दोनो मे से कोई एक अपना आपा खोने का भाव दिखाते तो वे किसी अन्य श्रेणी के व्यक्ति होते।तीसरी बात आप के लिये ऐसा मौका है,क्या आप Provoke होंगे?

    Like

  7. आप सभी पाठकों को बेवकूफ समझने की भूल कर रहें हैं। हिन्दी में अंगरेजी कहाँ अपरिहार्य है, समझने के लिये भारी-भरकम विद्वान होने की जरूरत नहीं है। ये भी सत्य है कि भारत में लोग प्राय: दो कारणों से हिन्दी में अंगरेजी ठूस देते हैं:१) अपनी हीन भावना को ढकने के लिये (इ हमको भी अंगरेजी आती है)२) अपने के आम जनता से अलग बताने और धौंस जमाने के लियेबाकी हिन्दी में अनुवाद की कठिनाई तो एक बहाना है। लोग मशीन से अनुवाद करने पर भिड़े हुए हैं और आप..

    Like

  8. मुझे ऎतराज़ है आपकी ब्लिन्दी से.. ये चक्कर क्या है.. जब तक आप दो चार नये शब्द उछाल न लें.. आपको चैन ही नहीं..बताइये गूगल वालों ने विन्डो का अनुवाद गवाक्ष किया है.. आप जैसे नॉन-सेकुलरहे को तो इस पर आनन्दित होना चाहिये.. निजी तौर पर मुझे तो बरसों बाद गवाक्ष पढ़ कर बड़ा मज़ा आया.. उसका कितना इस्तेमाल हो पायेगा वो प्रैगमैटिकता का सवाल है..:)

    Like

  9. ब्लिन्‍दी बुरा आइडिया नहीं है.. चिंता न करें, आपको बहिरयाने की कोशिश हुई तो पक्ष में मैं आवाज़ बुलंद करूंगा. खुलके लिखिए, जो मन आए, और जिसमें मन आए लिखिए. अंग्रेज़ी, फ्रेंच ही क्‍यों, स्‍वाहिली में तबीयत करे तो उसमें भी लिखिए.. आपकी ब्लिन्‍दी बंद टॉयलेट की बजाय खुले में दिशा-मैदान होना चाहिए.. अब इस पर आप सकुचाएंगे तो वह आपकी दिक़्क़त है..

    Like

Leave a reply to अनुनाद सिंह Cancel reply

Discover more from मानसिक हलचल

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Design a site like this with WordPress.com
Get started