नर्मदा दंड परिक्रमा: अध्याय 3

केदारपुर से घंसौर

 08 मई 2026

दंड यात्री ने लाइव लोकेशन शेयर कर रखा है। उसकी तस्वीर चलती नजर आती है — तबियत दुरुस्त है, दंड भरा जा रहा है। केदारपुर से आगे निकल गया है, इतना पक्का है। नक्शे में सड़क किनारे के गाँव दिखते हैं — सुदामापुर, बरेली, किंदराई।

मैं नक्शे पर माउस फेरता हूँ। इन जगहों के कोई चित्र गूगल नक्शे पर अपलोड नहीं हैं। शायद बहुत छोटे गाँव हैं — या उनका कोई आदमी नहीं जो अंतरजाल पर चित्र डाले। पर सड़क है तो वाहन भी होंगे। जमीन नक्शे में ऊँचाई पर दिखती है। नर्मदा की घाटी से ऊँची।

इन जगहों के उत्तर में नर्मदा किनारे छिंदवाहा और रोटो हैं। ये नाम पहचाने हैं। वेगड़ की पुरानी यात्राओं में ये नाम आते हैं। मैं प्रेमसागर की हिलती प्रोफाइल के साथ चार दशक पहले और आज के बीच दोलन करता हूँ।

उस समय वेगड़ जी के साथ दो-तीन लोग, एक स्केचबुक और तीन दिन का राशन रहा होगा। मेरे साथ गूगल नक्शा है। लैपटॉप का चौबीस इंच का मॉनीटर है और प्रेमसागर के साथ यदा-कदा होने वाला सम्पर्क है।

उनकी यात्रा खुर्दबीन से थी, मेरी दूरबीन से है। उन्होंने यात्रा भोगकर की थी। मैं सोचकर कर रहा हूँ। बहुत अंतर है।

यही अंतर मुझे बेचैन करता है — इस तरह चला जा सकेगा क्या? जितनी प्रेमसागर बता दें, उतनी ही यात्रा। बाकी तो जो है, वह सोचना है।

गूगल नक्शे में नर्मदा किनारे की जगहों के कुछ चित्र भी मिल जाते हैं। इलाके की फील आ जाती है। डूब के जल के बीच पेड़ों से भरे टापू नजर आते हैं। यह इलाका बरगी बांध के ड्रेगन की पूंछ का है — वह मोटा हिस्सा जो धड़ से जुड़ता है।

एक जगह एक वैन में लोग पार्थिव शिव की मिट्टी की प्रतिमाएँ लिये आये दिखते हैं — नर्मदा में शिवलिंग का विसर्जन कर रहे हैं। मेरे जैसा कुतर्की यह सवाल अड़ा देता है: विसर्जन नर्मदा में हो रहा है या बरगी में? किनारे तो बांध का इलाका है। नर्मदा तो मध्य में बहती होगी।

पर नर्मदा परिक्रमावासी इस झंझट में पड़ता ही नहीं। वह बरगी के ड्रेगन से कतराता हुआ यात्रा जारी रखता है। बरगी आने से पहले भी पार्थिव शिवलिंग का विसर्जन होता रहा होगा। तब लोग किसी वैन में नहीं, सिर पर परात में शिवजी को लेकर आते रहे होंगे। समय बदला है, परम्परा निर्वहन हो रहा है — पर तरीका आधुनिक हो गया है।

आज मेरे मन में कई सवाल हैं। इंतजार करता हूँ शाम को प्रेमसागर के फोन का। देखें वे कितनों के जवाब दे पाते हैं। वैसे मेरे ज्यादातर सवाल आउट-ऑफ-कोर्स लगते हैं — वे सवाल जिनका दंड परिक्रमा से कोई सीधा लेना-देना नहीं।

ψψψ

08–09 मई 2026

प्रेमसागर ने बताया — रात वे केदारपुर में ही रहे। आज बरेली आये हैं। “मेन बात है भईया, वो रोक लिये। कुछ लोग मिलने आये थे, सो एक दिन और रुकना हो गया। वैसे कल दंड मैंने बरेली से आगे तक भरा था।”

प्रेमसागर के कथन में परतें हैं — सुविधा को ढंकती परतें। पर अकेले कठिन यात्रा करता दंड-यात्री कुछ सुविधा तो चाह ही सकता है।

दोपहर तक वे पोंडी तक दंड भर चुके हैं। आगे जंगल हैं। कितना दूर, उन्हें अभी ज्ञात नहीं।

दंड यात्रा सवेरे ही होती है। साढ़े पाँच बजे से चार घंटा। शाम तक सड़क तपती है और जब ताप कम होने लगता है तो साँझ घिर जाती है। केवल आधा घंटा होता होगा — उतने के लिये रुकना उचित नहीं लगता। एक घंटे में तीन-साढ़े तीन सौ दंड, यानी करीब ढाई किलोमीटर।

अभी जेठ है। आषाढ़ में जब मेघ आगे बढ़ेंगे और धरती का ताप कम होगा, दंड की दूरी भी बढ़ेगी। जल्दी में नहीं लगते प्रेमसागर।

बरेली में राजेंद्र सिंह जी के यहाँ रुकना हो रहा है। उनका घर देख लगता है कि भारत का गाँव अब चुपचाप बदल चुका है। तीन दशक पहले यही गाँव शायद पूरी तरह मिट्टी, खपरैल और सामूहिक जीवन का संसार रहा होगा। तब कोई परिक्रमा यात्री आता तो किसी मंदिर के ओसारे में ठहरता। गाँव का कोई दूध दे जाता, कोई आटा-दाल। रात को भजन-कीर्तन होता। गाँव सेवा करता था, पर दूरी बनाये रखता था।

राजेंद्र सिंह जी आदिवासी हैं — शिक्षा विभाग के अधिकारी, दर्जन भर स्कूल उनके अधिकार क्षेत्र में। श्रीमती राजेंद्र सिंह सीधी पर सुगढ़ लगती हैं। प्रेमसागर बताते हैं — सुसंस्कारी है परिवार। माताजी घर पहुँचने पर आदर से पैर धुलवाती हैं। यह सब तो अब और जगह लोप ही हो गया है।

अब गाँव में सड़क है, ट्रैक्टर है, रंगे हुए पक्के मकान हैं, डिश एंटेना है। सरकार और बाजार दोनों गाँव के भीतर तक पहुँच चुके हैं। इस सबके बीच संस्कार और परम्परा का द्वीप बनाये हैं राजेंद्र सिंह जी।

पहले गाँव यात्री को सीधा-पिसान, लकड़ी और मंदिर का ओसारा देता था — अब राजेंद्र सिंह जैसे के ड्राइंग रूम में जलपान, भोजन और मोबाइल चार्जर तक देने लगा है। आतिथ्य भाव वही है, पर उसका रूप बदल गया है। प्रेमसागर की यात्रा केवल नर्मदा किनारे की यात्रा नहीं — बदलते ग्रामीण भारत के बीच से गुजरती यात्रा भी है।

ψψψ

09 मई 2026

इलाके में पानी की कमी नजर आती है। जंगल नहीं हैं — गाँव हैं और खेती है। पर पानी के लिये लोग दूर-दूर से सिर पर, पैदल, साइकिल या मोटरसाइकिल से पानी ढोते दिखते हैं।

चाँपाकल हैं पर गर्मी आते-आते सूख जाते हैं। भूगर्भ का पानी नीचे भाग रहा है। राजेंद्र सिंह जी का बोरवेल ढाई सौ फुट तक है। कई जगह चार-पाँच सौ फुट तक खोदना पड़ा है। लोग कहते हैं — एक परिक्रमावाले को किसी ने पानी नहीं दिया था, तो उसका श्राप लगा है इस इलाके को।

पर धरती तो माँ है। वह श्राप के बावजूद लोगों के पेट भरने का इंतजाम करती रहती है। दो फसलें — गेहूँ और धान — हो जाती हैं। मसूर और मूंग भी, जो कम समय और कम पानी माँगती हैं।

प्रेमसागर ने नये जमाने के कुएँ का एक फोटो भेजा — सीमेंट के पाइप एक के ऊपर एक, बिना जगत, बिना घिर्री-गड़ारी। रस्सी से बंधी बाल्टी सीधे डालते हैं। मशीन ने खोदा तो सामूहिक प्रयास नहीं रहा — सरकार घुसी है।

एक चित्र में सुंदर-सी लड़की सिर पर पानी का घड़ा और हाथ में बाल्टी लिये आती दिखती है। साँवली, पर सुराहीदार ग्रीवा वाली। बिना किसी सौंदर्य प्रसाधन के ऐसा सौंदर्य! मुझे अपनी महाबलीपुरम की मछेरन लड़की याद आ गई। चलते-चलते उस मत्स्यकन्या का चित्र मेरे मोबाइल में आ गया था — और अब तक लगता है मैंने उस सौंदर्य का अपहरण किया हो जैसे। ऐसा ही कुछ प्रेमसागर ने किया।

राजेंद्र सिंह बताते हैं — पानी की कमी से यहाँ दस एकड़ जमीन वाले भी नरसिंहपुर के दो एकड़ वाले के यहाँ जाकर मजदूरी कर रहे हैं। लोग मुम्बई, नागपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल पलायन कर रहे हैं आजीविका के लिये।

राजेंद्र सिंह गोंड हैं। वे वृक्ष की पूजा करते हैं — बड़ा देव की। प्रकृति उनकी देवता है। हनुमान जी के भी भक्त हैं — पिताजी की तरह। नर्मदा केवल पाँच किलोमीटर पर हैं। फिर भी समझ नहीं पा रहे कि जल संकट क्यों हो रहा है।

बरगी बांध ने जब इतनी बड़ी नदी को रोका, इतने गाँव डूबे, इतने पेड़ खत्म हुए — तो भी कुएँ क्यों खोदने पड़ रहे हैं? पानी नीचे क्यों भाग रहा है? इस कन्या को सिर पर जल क्यों ढोना पड़ रहा है?

जब नर्मदा को बांध ही दिया है — जब बरगी का ड्रेगन आ ही गया है — तब नहरें क्यों नहीं हैं इस इलाके में? प्रेमसागर के पास इसकी जानकारी नहीं है। बोले — आगे पता करूँगा, भईया।

ψψψ

10 मई 2026

आज सवेरे नक्शे में देखता हूँ तो प्रेमसागर का चित्र पोंडी के दो किलोमीटर आगे नजर आता है। बाद में पता चला कि वे गोकल्थाना तक पहुँच गये दंड भरते — पर राजेंद्र सिंह जी आज भी उन्हें बरेली वापस ले आये।

आगे घंसौर जाना है। उसके आगे तय नहीं। लोग कहते हैं सीधे नरसिंहपुर निकल लें। मेरे ख्याल से परिक्रमा नर्मदा के इर्दगिर्द होनी चाहिये। घंसौर से बरगी के रास्ते गोटेगाँव, फिर नरसिंहपुर — यही सही रहेगा। तय तो प्रेमसागर को करना है।

पोंडी से गोकल्थाना के बीच उतराई थी। नक्शे में एक जगह हेयरपिन बेंड भी दिखता है। आगे फिर रंग हरे से धूसर — चढ़ाई होगी।

पोंडी के दो चित्र देखकर लगता है इलाके में गरीबी ज्यादा ही है। सड़क किनारे टीन के जर्जर छप्पर की चाय, किराना और मोबाइल रीचार्ज की दुकानें। गरीबी कैसी भी हो — किराना के साथ मोबाइल रीचार्ज और चाय सब जगह मौजूद है।

इलाके की गरीबी के बावजूद प्रेमसागर को आतिथ्य-सत्कार मिले जा रहा है — इसमें आश्चर्य भी है और सुकून भी।

महाभारत काल का वह नेवला जो आधा सोने का हो गया था — इस इलाके से गुजरे तो शायद पूरा सोने का हो जाये!

ψψψ

11–12 मई 2026

आगे जंगल का वह क्षेत्र आ रहा है जहाँ नेट और इंटरनेट दोनों नहीं होते। इस युग के पांडव होते तो विराट नगरी की बजाय यह इलाका चुनते अज्ञातवास के लिये।

प्रेमसागर की अटकती हुई आवाज आई। कभी कुछ वैसे जैसे ट्यूनिंग-फॉर्क झनझना रहा हो। नेटवर्क बहुत खराब है। जो समझ पाया — वे पहाड़ी के नजदीक पहुँच गये हैं। कल गोकल्थाना में नेमसिंह पुनहा जी के यहाँ रहे, आज बबलू पाठक जी के घर पर हैं।

सिवनी जिले का गोकल्थाना जंगल की संधि पर बसा गाँव है। ऐसा लगता है मानो सड़क और जंगल ने यहाँ आकर समझौता किया हो। इंटरनेट यहाँ सुविधा नहीं, संयोग है।

गाँव में खपरैल की नीची छत वाले घर हैं। गर्मी बाहर चालीस-बयालीस डिग्री तक चढ़ जाती है, पर रात में इतनी ठंड पड़ती है कि कंबल ओढ़ना पड़े। सर्दियों में एक इंच तक बर्फ जम जाती है। पास की पहाड़ी नाला-नुमा नदी में जनवरी तक पानी रहता है — दिसम्बर-जनवरी में उसमें डुबकी लगाना किसी हिमालयी धारा जैसा लगता है। मध्यप्रदेश के भीतर छिपे इस दूसरे मध्यप्रदेश की कल्पना मैदानों में बैठा आदमी आसानी से नहीं कर पाता।

लेकिन नेमसिंह जी के भतीजे के हाथ में प्लास्टिक की पानी की बोतल है। सड़क आ गई है तो मोटरसाइकिल भी आ गई है। शायद मैगी और नूडल्स भी पहुँच गये हों।

उपभोक्तावाद शायद ऐसे ही आता है — पहले बच्चे के लिये टॉफी बनकर, फिर चमकीले पैकेट बनकर। परीक्षित का तक्षक नाग भी शुरू में फल में छिपा छोटा कीड़ा ही था। बड़े बदलाव शोर मचाकर नहीं आते — वे पहले सुविधा बनकर आते हैं, फिर धीरे-धीरे जीवन की लय बदल देते हैं।

गोकल्थाना की लय बदल रही है। लोकगीत अब लोग नहीं गायेंगे, यूट्यूब से सुनने लगेंगे।

प्रेमसागर घंसौर की ओर बढ़ रहे हैं। आगे बारह किलोमीटर। चार दिन लगेंगे। वहाँ रेलवे स्टेशन भी है और बड़ी बस्ती भी। हो सकता है वहाँ नेटवर्क मिले।

दो-तीन दिन जब बात ठीक से नहीं होगी तो लिखना मेरे मन की मर्जी से होगा। मैं सोचता हूँ — वह इतना खराब भी नहीं! आखिर मन गंगा तीरे हो या नर्मदा तीरे — एक-सा ही सोचता है।

ψψψ

13 मई 2026

सवेरे पौने आठ बजे दंड भरते प्रेमसागर के लिये एक ऑटो से चाय लेकर आये सूरज पुनहा और प्रदीप यादव। सूरज के सिर पर क्रिकेट खिलाड़ियों के चित्र वाली टोपी है और प्रदीप के केसरिया गमछे का फेंटा। दोनों मिलकर आधुनिकता और परम्परा — दोनों का जोड़ लगते हैं।

सड़क किनारे एक बड़ी स्टील की ग्लास में चाय पीते प्रेमसागर का चित्र है। जंगल में इतनी बड़ी ग्लास में चाय! मुम्बई का कोई होटल वाला यही सर्विस जंगल की संधि पर दे तो हजार रुपया वसूल ले।

उघारे बदन और कंठी-माला में प्रेमसागर स्वस्थ लगते हैं। दंड भरना कठिन है, पर उसमें मौज भी है। मैं सोचता हूँ — उस इलाके में चार-पाँच सौ घरों की जजमानी मिल जाये तो वहीं खपरैल का घर बनाकर बस जाऊँ।

अंतर प्रवृत्ति का है। मैं जहाँ देखता हूँ, बसने की सोचता हूँ। प्रेमसागर घूमने की। मेरे पैरों में गठिया है और उनके पैरों में चक्र!

ψψψ

केदारपुर से घंसौर
केदारपुर से घंसौर

18 मई 2026

दंड यात्रा चलते रहने की यात्रा नहीं है। इसमें यात्री एक ठिकाना तलाशता है। वहाँ से सवेरे पाँच बजे निकलकर एक-दो-तीन किलोमीटर दंड भरता है। जहाँ तक जाता है, वहाँ रास्ते भर लोग कौतूहल से देखते हैं। कोई पानी देता है, कोई शर्बत। दंड पूरा होने पर ठिकाने वाले घर से कोई लेने आ जाता है। कई बार एक ही ठिकाना पाँच दिन तक चल जाता है।

इस बीच आगे के ठिकाने की चर्चा भी चलती रहती है। इंतजाम हो जाता है। कभी-कभी तो आगे वाले परिवार और पहले वाले परिवार में रस्साकशी भी होती है — बाबाजी किसके यहाँ रहें और किसके यहाँ से आगे बढ़ें।

एक वीडियो में उजाला अभी-अभी फैलना शुरू हुआ था। सड़क पूरी तरह जागी भी नहीं थी। सूरज धुएँ और धूल की पतली परत के पीछे लाल सिक्के-सा अटका था। सूनी डामर पट्टी पर दंड परिक्रमा करता वह यात्री अपने शरीर को नाप की इकाई बना चुका था — दोनों हथेलियाँ आगे, फिर पूरा शरीर भूमि पर, फिर उठकर अगला दंड। किनारे खड़ी मोटरसाइकिल शायद पुनहा परिवार के किसी सदस्य की रही होगी, जो उसे आज की शुरुआत तक छोड़ने आया हो।

मैं सोचता हूँ — क्या सचमुच शरीर को इतना घिस देना जरूरी है, या मनुष्य को कभी-कभी अपनी आस्था दंड बनाकर नदी किनारे सूर्योदय देखना चाहिये?

एक चित्र में प्रेमसागर गद्दा बिछाये तख्त पर आसीन हैं। आसपास लोग कुर्सियों पर या जमीन पर बैठे हैं। यह केवल तपस्या का नहीं, उसके सामाजिक मान-सम्मान का भी चित्र लगता है। गोंड परिवार प्रेमसागर की अनूठी दंड यात्रा को सामूहिक स्वीकृति देता प्रतीत होता है।

उनकी बाईं ओर बैठी अधेड़ महिला के चेहरे पर आस्था से ज्यादा कौतूहल दिखता है। लगता है उसके भीतर साथ-साथ कई बातें चल रही हों — “इतनी तपस्या क्यों?”, “खाना खिलाना चाहिए”, “घर का काम भी पड़ा है”, “ये लोग कब तक बैठेंगे?” उसके चेहरे पर भक्ति से ज्यादा गृहस्थी और जिज्ञासा साथ-साथ दिखाई देती है।

एक और चित्र में दंड यात्री स्थानीय रसूखदार लोगों के साथ हैं — ठाकुर झाम सिंह चौहान उर्फ लाट्टा फंदा। पीछे परिवार की महिलाएँ हैं, जिनमें झाम सिंह जी की बेटी पिंकी भी हैं — भाजपा और आरएसएस की पदाधिकारी। प्रेमसागर अपनी दंड यात्रा से नेताओं और स्थानीय प्रभावशाली लोगों में भी कौतूहल जगा रहे हैं।

कल रात दंड यात्री केवलारी पहुँच गये। गोकल्थाना से यहाँ तक ग्यारह-बारह किलोमीटर। केवलारी से आगे तक दंड भर चुके हैं। “घंसौर आधा किलोमीटर बचा है भईया” — प्रेमसागर ने बताया।

केवलारी में नायकवार जी के यहाँ डेरा जमा। आज रात या कल घंसौर पहुँचकर डेरा बदलेगा। उसके बाद बरगी होते हुए गोटेगाँव की तरफ निकलना होगा।

आगे का रास्ता जाना-पहचाना न भी हो, लोगों का आतिथ्य भाव देख प्रेमसागर आत्मविश्वास से भरे लगते हैं। दंड भरना शरीर को थकाता जरूर है, लोगों को जोड़ता भी खूब है।

ψψψ

19 मई 2026

कल शाम आये चित्रों से पता चला कि प्रेमसागर केवलारी से आगे बढ़कर घंसौर पहुँच गये हैं। नक्शे में घंसौर कोई बहुत छोटा गाँव नहीं लगता। रेलवे स्टेशन वाला, धीरे-धीरे कस्बे में बदलता एक पुराना ठिकाना।

नाम भी पुराना लगता है — घिसा हुआ, कई पीढ़ियों से लोगों की जुबान पर चढ़ता-उतरता। शायद कभी “घनेश्वर” रहा हो। कहते हैं, जंगल इतने घने थे कि तीन अहीर यहाँ आये तो दो को बाघ खा गया। तीसरे ने बरगद के नीचे खुदाई की तो मूर्ति मिली। वही घनेश्वर हुए। भारत के गाँव अपना इतिहास ताम्रपत्रों में नहीं, ऐसी कहानियों में बचाकर रखते हैं।

केवलारी में प्रेमसागर की तबियत कुछ नरम हुई थी। मौसम का असर बताया डॉ. भागीरथ सिहोसे ने। दवा दी। अब वे ठीक महसूस कर रहे हैं।

सोचता हूँ, दंड परिक्रमा में आदमी अकेला कम पड़ता है। कहीं न कहीं कोई डॉक्टर, कोई चाय वाला, कोई घर का बरामदा, कोई मोटरसाइकिल वाला युवक निकल आता है। तप व्यक्तिगत होता है, पर यात्रा सामाजिक।

हालाँकि नर्मदा यहाँ से बहुत दूर बह रही हैं। घंसौर उनकी धारा से सत्रह-अठारह किलोमीटर हट कर है। परिक्रमा अब नदी के बिल्कुल किनारे नहीं चलती। सड़क पकड़ लेती है। सुविधा का अपना गुरुत्व होता है।

सन 1980 के आसपास जब अमृतलाल वेगड़ निकले थे, तब उनके रास्ते में घाघा, बुदेहरा, पद्मीघाट, छिंदवाहा, रोटो, पायली और बरगी जैसे गाँव आते थे — नदी के पास-पास। अब नक्शे में वे नाम तो दिखते हैं, पर परिक्रमा की चाल बदल गई है। पहले श्रद्धा नदी के साथ चलती थी, अब सड़क के साथ चलती है। यह बदलाव केवल परिक्रमा का नहीं है — मनुष्य का भी है।

घंसौर में राजेश डोंगरे जी के यहाँ प्रेमसागर टिके हैं। एक समूह-चित्र आया है। कुर्सी पर प्रेमसागर लाल धोती में बैठे हैं, ऊपर से उघारे। पीछे घर वाले खड़े हैं — आदर में, श्रद्धा में, थोड़ा उत्सुक भी।

एक और चित्र में एक चमकीला दोना रखा है — उसमें बर्फी के चार टुकड़े, हर टुकड़े पर आधा बादाम चिपका। मुझे वही सबसे ज्यादा देर तक दिखता रहा। साथ में पानी की प्लास्टिक की बोतल कहती है — प्लास्टिक युग की यात्रा है यह। आगे अगर आदमी पर्यावरण बचाये तो ये बोतल गायब हो जाये।

छोटे-छोटे दृश्य समय का इतिहास लिखते हैं।

महाभारत के यक्ष-प्रश्न में सम्पन्न वह कहा गया है जो सप्ताह में एक-दो बार शाक-सब्जी खा ले। आज गाँव का सामान्य आदमी भी नाश्ते में समोसा-जलेबी खा लेता है। सम्पन्नता बदल गई है, स्वाद बदल गया है। शरीर भी बदला होगा, इच्छाएँ भी।

और शायद यात्राएँ भी।

कभी परिक्रमा जंगल काटती हुई चलती होगी। अब वह नेटवर्क, सड़क और बाजार के बीच से गुजरती है। श्रद्धा अभी भी है — पर उसके पैरों में अब धूल के साथ चप्पल भी है।

ψψψ

Published by Gyan Dutt Pandey

Exploring rural India with a curious lens and a calm heart. Once managed Indian Railways operations — now I study the rhythm of a village by the Ganges. Reverse-migrated to Vikrampur (Katka), Bhadohi, Uttar Pradesh. Writing at - gyandutt.com — reflections from a life “Beyond Seventy”. FB / Instagram / X : @gyandutt | FB Page : @gyanfb

आपकी टिप्पणी के लिये खांचा:

Discover more from मानसिक हलचल

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Design a site like this with WordPress.com
Get started