देवघर से तालझारी


17 मार्च 23

कल सवेरे साढ़े छ – पौने सात बजे प्रेमसागर ने बाबा धाम दर्शन किये। मंदिर खुला था तो विधिवत दर्शन हुये। मुझे दर्जन भर चित्र ह्वाट्सएप्प पर ठेले और फिर फोन किया। मैं साइकिल चला रहा था। किनारे लगा उनकी बात सुनी – “आज अभी बाबा धाम के दर्शन किये हैं। अभी घण्टा भर बाद निकलूंगा एक टैबलेट ले कर।”

टेबलेट काहे?

“कुछ खास नहीं भईया। हरासमेण्ट है।” – प्रेमसागर का हिंदी शब्द हरारत (थकान, हल्का ज्वर और सामान्य शिथिलता) का शायद अंगरेजी या शहरी तर्जुमा है हरासमेण्ट। तबियत नरम होने पर इस शब्द का प्रेमसागर बहुधा उपयोग करते हैं। अंग्रेजी शब्दकोश में शरीर की दशा के अर्थों में सम्भवत: उसका प्रयोग न होता हो।

सवेरे साढ़े छ – पौने सात बजे प्रेमसागर ने बाबा धाम दर्शन किये।

जब तबियत नरम है तो एक दिन आराम कर लीजिये। मोनू पण्डा और यहां की व्यवस्था तो आपकी जानी पहचानी है। रुकने में कोई परेशानी थोड़े होगी?

प्रेमसागर शायद रुकना चाहते भी थे। उनकी भावना पर एक हामी मेरी ओर से मिली और उन्होने रुकने का निर्णय ले लिया। कल आराम ही किया। बाद में दिन भर के बारे में बताते हुये मुझे बताया – “खूब सोया दिन भर भईया। बीच में जब उठता तो बाबाधाम में जा कर बैठ जाता। फिर वापस आ कर सो जाता। शरीर को जो चाहिये था, वह आराम मिल गया।”

आज सवेरे साढ़े तीन – पौने चार बजे ही निकल लिये प्रेमसागर वासुकीनाथ के लिये। जब आठ बजे मुझसे चित्र भेजने के बाद बात की तो करीब बीस किमी चल चुके थे। घोरमारा में बैठ चाय पी रहे थे। दिन की पहली चाय।

“घोरमारा का पेड़ा एक नम्बर का होता है।”

“घोरमारा वह जगह है जहां बासुकीनाथ जाने वाले यात्री रुक कर बासुकीनाथ का प्रसाद लेते हैं। अभी तो मैं आज की पहली चाय की दुकान देख कर रुक गया हूं। प्रसाद की दुकानें कुछ आगे हैं। बहुत सी हैं। पचास ठो से ऊपर ही होंगी। मेन बात है भईया कि नम्बर एक का दूध का पेड़ा मिलता है वहां। कभी मैं आपको खिलाऊंगा।” – प्रेमसागर ने अपनी कमेण्ट्री दी।

“सवेरे जल्दी निकलना बहुत फायदेमंद है भईया। अब गर्मी हो गयी है। दिन में सड़क तपने लगती है तो चलने में मुश्किल होती है। सवेरे सवेरे खूब चला जा रहा है। अब आगे यही करूंगा। सवेरे जितना हो सके चल कर दिन में आराम और फिर शाम को चलना हुआ करेगा। आगे बंगाल में तो और भी गर्मी होगी। मैं बासुकीनाथ में एक चप्पल खरीदूंगा। बनारस से चलने पर खरीदी पहले वाली चप्पल तो टूट गयी। अब नंगे पैर चल रहा हूं। ज्यादा मंहगी नहीं, पचास – साठ की खरीदूंगा। जितना चले चले, फिर दूसरी।”

जूता क्यों नहीं खरीदते?

“जूते से चलने में थकान ज्यादा होती है। गर्मी का मौसम है। सर्दी का होता तो ज्यादा ठीक रहता जूता। अब चप्पल ही ठीक है।” – प्रेमसागर कहते हैं।

“भईया, बंगाल के शक्तिपीठ तो आप देख लिये होंगे नक्शे में। एक लिस्ट बना लिये होंगे न?” – उनका यह कहना मुझे मनोरंजक लगता है। यात्रा वे कर रहे हैं। प्लानिंग उनकी होनी चाहिये पर धीरे से यात्रा का प्लानिंग वाला पार्ट मेरी ओर सरका दे रहे हैं – मेरी तरफ, जिसने बिहार-बंगाल का यह हिस्सा कभी देखा नहीं। कभी मानसिक रूप से जिस इलाके की कोई छवि भी नहीं बनी। :lol:

प्रेमसागर रास्ते में पड़े त्रिकूट पर्वत की बात किये। रास्ते से तीन किलोमीटर हट कर पर्वत है। “चित्र में आप जरा जूम कर देखियेगा। लगता है पहाड़ को किसी ने तरवार से फारा हो। … मैं वहां कभी गया नहीं। वहां माई का मंदिल है। जब बुलावा आयेगा, तब शायद जाना हो पाये।” त्रिकूट पर्वत के दूर से अनेक चित्र भेजे हैं प्रेमसागर ने। एक चित्र में तो इकहरी रेल लाइन के अंत में क्षितिज पर दीखता है त्रिकूट।

एक चित्र में तो इकहरी रेल लाइन के अंत में क्षितिज पर दीखता है त्रिकूट।

घोरमारा से आगे बढ़ने पर ढाई घंटे बाद फिर फोन आया प्रेमसागर का। कोई जगह है तालझारी। वहां के प्रकाश बाबा ने उन्हें आज के लिये रोक लिया है। प्रकाश बाबा भी कांवर यात्री रह चुके हैं।

“मैं डब्बा में जल ले कर चलता था और प्रकाश बाबा सुराही (मिट्टी के संकरे मुंह वाले बर्तन) में जल ले कर चला करते थे। उन्होने यहां महाकाल शिवजी का मंदिल (मंदिर) और आश्रम बनाया है। एक गौशाला भी है। बाउण्ड्री का काम अभी होना है। प्रकाश बाबा दरभंगा जिला के हैं। वे उज्जैन से शिवलिंग ला कर यहां स्थापित किये हैं। भजन-पूजन और यज्ञ आदि करते हैं। मेरे लिये बहुत स्नेह है। उन्होने कहा तो रुक ही गया हूं। मोटामोटी अठ्ठाईस किलोमीटर चल चुका हूं।” – प्रेमसागर ने बताया।

तारझारी। वहां के प्रकाश बाबा ने उन्हें आज के लिये रोक लिया है।

पहले इतनी जानकारी लेने के लिये मुझे कम से कम पांच साल सवाल करने होते थे। अब वह प्रेमसागर खुद बता ले रहे हैं। वे समझ गये हैं कि मुझे किस तरह की जानकारी चाहिये और वे शायद अपनी ओर से तैयार रखते हैं। या फिर यह हो सकता है कि देवघर-वासुकीनाथ उनका अपना बैटिंग-फील्ड है और यहां वे ज्यादा सहज महसूस करते हैं।

मैंने पूछा – भजन-पूजन करते हैं प्रकाश बाबा तो कैसी आवाज है गाने में? क्या उनका गायन ह्वाट्सएप्प पर रिकार्ड कर भेज सकते हैं आप?

“हां हां। जब गायेंगे तो भेजूंगा। आप से उनकी बात भी करा दूंगा।” – प्रेमसागर ने कहा। पर उसके बाद पूरे दिन लगता है तालझारी में प्रकाश बाबा के आतिथ्य में मगन रहे प्रेमसागर। मुझे फोन करने का या ह्वाट्सएप्प पर संदेश भेजने का समय नहीं निकाल पाये।

अब कर वासुकीनाथ के लिये निकलना होगा। वह तालझारी से बीस किलोमीटर से कम ही दूरी पर है। कल भी ज्यादा चलना नहीं होगा। कल ही बात होगी प्रेमसागर से।

आप कृपया प्रेमसागर की यूपीआई पते पर सहायता करने पर विचार करें। वे आप जैसों के सहयोग से ही आगे बढ़ रहे हैं। आगे बंगाल में अनजान जगह और भाषाई अपरिचय के कारण उन्हें आर्थिक सहयोग की ज्यादा ही जरूरत होगी।

हर हर महादेव। जय वासुकीनाथ। ॐ मात्रे नम:!

प्रेमसागर की शक्तिपीठ पदयात्रा
प्रकाशित पोस्टों की सूची और लिंक के लिये पेज – शक्तिपीठ पदयात्रा देखें।
*****
प्रेमसागर के लिये यात्रा सहयोग करने हेतु उनका यूपीआई एड्रेस – prem12shiv@sbi
दिन – 103
कुल किलोमीटर – 3121
मैहर। प्रयागराज। विंध्याचल। वाराणसी। देवघर। नंदिकेश्वरी शक्तिपीठ। दक्षिणेश्वर-कोलकाता। विभाषा (तामलुक)। सुल्तानगंज। नवगछिया। अमरदीप जी के घर। पूर्णिया। अलीगंज। भगबती। फुलबारी। जलपाईगुड़ी। कोकराझार। जोगीघोपा। गुवाहाटी। भगबती। दूसरा चरण – सहारनपुर से यमुना नगर। बापा। कुरुक्षेत्र। जालंधर। होशियारपुर। चिंतपूर्णी। ज्वाला जी। बज्रेश्वरी देवी, कांगड़ा। तीसरा चरण – वृन्दावन। डीग। बृजनगर। विराट नगर के आगे। श्री अम्बिका शक्तिपीठ। भामोद। यात्रा विराम। मामटोरीखुर्द। चोमू। फुलेरा। साम्भर किनारे। पुष्कर। प्रयाग। लोहगरा। छिवलहा। राम कोल।
शक्तिपीठ पदयात्रा
प्रेमसागर की पदयात्रा के लिये अंशदान किसी भी पेमेण्ट एप्प से इस कोड को स्कैन कर किया जा सकता है।

टोला डुमरी से देवघर


15 मार्च 23

आज रास्ता लम्बा था। छप्पन किलोमीटर का। मुझे यकीन नहीं था कि प्रेमसागर उसे पूरा चल पायेंगे। पर शायद प्रेमसागर को था। सवेरे छ बजे के पहले निकले होंगे वे टोला डुमरी खास से। रेत का इलाका जल्दी ही खत्म हो गया। घण्टे भर में ही। उसके बाद पहाड़ और जंगल। दो घाटियां पड़ीं – चकाई और रांगा। प्रेमसागर के शब्दों में रास्ता अंग्रेजी का डब्ल्यू बनाता था। ऊपर नीचे होता हुआ।

चकई घाटी में एक अजीब घटना हुई। एक बूढ़ा और अपंग आदमी एक लाइन होटल वाले से खाने को मांग रहा था और होटल वाले ने उसे दुत्कार दिया। प्रेमसागर को दुत्कारना बुरा लगा। बूढ़े से बातचीत की तो उसने बताया कि पास के गांव का है वह। उसकी पतोहू जंगल से लकड़ी काट कर लाती है। उसे बेच कर वे भोजन का इंतजाम करते हैं। पतोहू बीमार है। जंगल नहीं जा पा रही। खाने को नहीं है। तो उसने दो दिन से खाना नहीं खाया है।

प्रेमसागर ने अपने पास मौजूद चिवड़ा और चीनी उस वृद्ध को दिया। अपने पास से एक प्लास्टिक की बोतल में उसे पानी भी दिया।

प्रेमसागर ने अपने पास मौजूद चिवड़ा और चीनी उस वृद्ध को दिया। साथ में रोती उसकी पोती को दस रुपये बिस्कुट लेने को दिये। अपने पास से एक प्लास्टिक की बोतल में उसे पानी भी दिया। चिवड़ा-चीनी-पानी का भोजन पा कर वृद्ध ने आशीर्वाद दिया – आगे तुम्हारी यात्रा सकुशल और सफल होगी।

चिवड़ा-चीनी-पानी का भोजन पा कर वृद्ध ने आशीर्वाद दिया – आगे तुम्हारी यात्रा सकुशल और सफल होगी।

सहायता करने और वह आशीर्वाद पाने से प्रेमसागर जरूर रोमांचित हुये होंगे। उन्होने तुरंत फोन कर मुझे इस घटना की जानकारी दी। लगा कि महादेव स्वयम परीक्षा ले रहे हों प्रेमसागर की करुणा और दया की। और वे उसमें पास हो गये हों।

आगे ऊंचाई और नीचाई पड़ी जंगली इलाके की। पलाश फूला था चटका लाल लाल। “भईया, ऐसा लग रहा था मानो माई यात्रा में मुझे आशीर्वाद दे रही हों लाल रंग के फूल बिछा कर।” माता को लाल रंग प्रिय है।

कई जगह सड़क छोड़ पगडण्डी पकड़ चले प्रेमसागर। उससे आराम भी रहा और दूरी भी कुछ कम हुई। “फिर भी बहुत चलना पड़ा भईया आज। और ऊंचाई-नीचाई के कारण मेहनत भी रही। लेकिन गया वाले दिन (उस दिन 74 किमी चलना पड़ा था गया में जगह न मिल पाने से) से कम ही चलना पड़ा। कच्चे रास्ते चलते हुये मैं सीधे माधोपुर पंहुचा। वहां से बिहार-झारखण्ड बार्डर पास ही है। मन में बाबा धाम में पंहुचने का जोश तो था ही।” – प्रेमसागर ने शाम के समय बाबा धाम – देवघर पंहुच कर बताया।

“भईया, ऐसा लग रहा था मानो माई यात्रा में मुझे आशीर्वाद दे रही हों लाल रंग के फूल बिछा कर।”

रास्ते में सड़क किनारे कई जगह टेबल लगाये सत्तू का शर्बत बेचते लोग थे। जहां भी वे मिले, प्रेमसागर ने सत्तू पिया। उससे ऊर्जा भी मिली और शरीर को पानी भी। करीब 8-9 जगह सत्तू का शर्बत पिया होगा, प्रेमसागर बोले। दस रुपये का एक ग्लास सत्तू। उसके अलावा रास्ते में एक जगह रसगुल्ला खा कर पानी पिया। इन्ही के बल पर 56 किमी की यात्रा सम्पन्न की।

देवघर से पहले नदी पड़ती है। मयूराक्षी नाम है गूगल मैप पर। मैंने उसके बारे में पूछा।

“भईया अंधेरा हो गया था सो फोटो नहीं ले पाया। नदी में पानी रहता है पर पहले कहीं पानी रोकने का फाटक लगा है। पानी सिंचाई के काम लाते होंगे। इसलिये पानी कम था। बरसात के मौसम में खूब पानी होता है। और इस साल बारिश भी कम ही हुई है। पानी कम होने का वह भी कारण है।”

मोनू पण्डा जी ने बाबा बैजनाथ के मंदिर पर दण्डवत के बाद पास की दुकान में जलपान कराया।

बाबाधाम में अनेक बार कांवर के साथ आने के कारण बहुत से लोग प्रेमसागर के परिचित हैं। मोनू पण्डा जी ने उनके रहने का इंतजाम किया है। सामान रख बाबा बैजनाथ को प्रणाम करने गये प्रेमसागर। रात हो गयी थी, तो मंदिर बंद हो गया था। बाहर से ही बाबा को दण्डवत किया। कल वे सवेरे पुन: आयेंगे दर्शन करने। दर्शन के बाद ही रवाना होंगे वासुकीनाथ के लिये।


मेरे अनुसार, प्रेमसागर में लम्बी यात्राओं से बड़े सार्थक परिवर्तन हुये हैं। प्रकृति के दर्शन और ईश्वर के प्रति श्रद्धा में कोई विरोधाभास नहीं है – यह उन्हें समझ में आया है। गूगल नक्शे का बेहतर प्रयोग करने लग गये हैं। भौगोलिक स्थिति का अध्ययन, लोगों का व्यवहार, आदतें आदि देखने समझने की ड्रिल ने उनके व्यक्तित्व को निखारा है।

और दिन यात्रा विवरण लिखने में मुझे बहुत प्रश्न करने होते हैं और बहुत से इनपुट मुझे खुद को खंगालने होते हैं। आज वह उतना नहीं करना पड़ा। बाबाधाम प्रेमसागर का अपना क्षेत्र है और वहां पंहुचने की ललक ने प्रेमसागर को स्वत: मुखर बना दिया है। अपने से ही वे छोटी छोटी जानकारियां देते गये मुझे। इसके अलावा पलाश वन की लालिमा के साथ माई के आशीर्वाद की कल्पना करना अच्छा लगा। प्रेमसागर यात्रा विवरण देने-लिखने की बारीकियां समझने लगे हैं। जानने लगे हैं कि वह मात्र चित्र देना या घटना की बेसिक जानकारी देना भर नहीं होता। उसमें यह भी जानने की जिज्ञासा का भाव लाना होता है कि कोई चीज कैसी क्यों है। मयूराक्षी में पानी अगर कम है तो क्यों है। रास्ता अगर अनड्यूलेटिंग है तो उसे डब्ल्यू कहा जा सकता है। हां, उस बूढ़े की अपंगता नहीं बताई उन्होने अपने से। वह तो चित्र में साइकिल का चक्का देख मैंने पूछा, तब उन्होने बताया कि वह अपंग था और ट्राईसाइकिल से चल रहा था।

मेरे अनुसार, प्रेमसागर में लम्बी यात्राओं से बड़े सार्थक परिवर्तन हुये हैं। प्रकृति के दर्शन और ईश्वर के प्रति श्रद्धा में कोई विरोधाभास नहीं है – यह उन्हें समझ में आया है। गूगल नक्शे का बेहतर प्रयोग करने लग गये हैं। भौगोलिक स्थिति का अध्ययन, लोगों का व्यवहार, आदतें आदि देखने समझने की ड्रिल ने उनके व्यक्तित्व को निखारा है। पर लोगों, स्थानों आदि के नाम सही सही सुनना और याद रखना उनका बहुत ही कमजोर पक्ष सतत बना हुआ है। इसको ले कर कभी कभी बहुत खीझ होती है। इस विषय पर समय मिलता रहेगा लिखने के लिये। :lol:


देवघर में अपने सहायक कुछ मित्रों के साथ प्रेमसागर। बीच में हैं शंकर जी और दांये हैं ताराकांत झा।

मोनू पण्डा जी ने बाबा बैजनाथ के मंदिर पर दण्डवत के बाद पास की दुकान में जलपान कराया। रात में भोजन भी उन्हे के सौजन्य से होगा। रहने की व्यवस्था तो है ही। अगले दिन बैजनाथ धाम दर्शन के बाद आगे निकलेंगे प्रेमसागर वासुकीनाथ के लिये। वासुकीनाथ दर्शन के बाद उन्हें बंगाल में धंसना है।

जब यात्रा प्रारंभ की तो मध्यप्रदेश था. उसके बाद उत्तर प्रदेश और फिर बिहार। अब झारखंड। चार प्रांतों की धरती पर चल चुके हैं प्रेम सागर!

हर हर महादेव! जय बाबा बैजनाथ! ॐ मात्रे नम:!

प्रेमसागर की शक्तिपीठ पदयात्रा
प्रकाशित पोस्टों की सूची और लिंक के लिये पेज – शक्तिपीठ पदयात्रा देखें।
*****
प्रेमसागर के लिये यात्रा सहयोग करने हेतु उनका यूपीआई एड्रेस – prem12shiv@sbi
दिन – 103
कुल किलोमीटर – 3121
मैहर। प्रयागराज। विंध्याचल। वाराणसी। देवघर। नंदिकेश्वरी शक्तिपीठ। दक्षिणेश्वर-कोलकाता। विभाषा (तामलुक)। सुल्तानगंज। नवगछिया। अमरदीप जी के घर। पूर्णिया। अलीगंज। भगबती। फुलबारी। जलपाईगुड़ी। कोकराझार। जोगीघोपा। गुवाहाटी। भगबती। दूसरा चरण – सहारनपुर से यमुना नगर। बापा। कुरुक्षेत्र। जालंधर। होशियारपुर। चिंतपूर्णी। ज्वाला जी। बज्रेश्वरी देवी, कांगड़ा। तीसरा चरण – वृन्दावन। डीग। बृजनगर। विराट नगर के आगे। श्री अम्बिका शक्तिपीठ। भामोद। यात्रा विराम। मामटोरीखुर्द। चोमू। फुलेरा। साम्भर किनारे। पुष्कर। प्रयाग। लोहगरा। छिवलहा। राम कोल।
शक्तिपीठ पदयात्रा
प्रेमसागर की पदयात्रा के लिये अंशदान किसी भी पेमेण्ट एप्प से इस कोड को स्कैन कर किया जा सकता है।

नेवादा – सिकंदरा – टोला डुमरी


13 मार्च 23

प्रेमसागर में चलने का उत्साह बरकरार है, या यूं कहा जाये कि उठना और निकल लेना उनकी आदत बन चुकी है। चार बजे सवेरे उठ कर रवाना हो गये हैं। सवेरा होने पर एक चाय की दुकान का चित्र है। खास बात यह है कि एक महिला दीखती है दुकान में चाय बनाते हुये।

उसके बाद उनके लाइव लोकेशन के सेम्पल, जब कभी नेट ठीक होने पर ही मिलते हैं, उससे उनकी चाल काफी तेज होने का आभास होता है।

सवेरा होने पर एक चाय की दुकान का चित्र है। खास बात यह है कि एक महिला दीखती है दुकान में चाय बनाते हुये।

लाइव लोकेशन आज कम ही मिली। नेटवर्क शायद ठीक काम नहीं कर रहा था। दोपहर तीन बजे रास्ते से दूर किसी और जगह नजर आयी उनकी लोकेशन। फोन कर पता किया तो बताया कि सिकंदरा में टनटन मुंशी जी मिल गये थे। मुंशी जी लखीसराय में कोर्ट के मुंशी हैं और बाबाधाम के प्रेमसागर के सोमवारी कांवर जोड़ीदार रहे हैं। उन्होने ने प्रेमसागर को अपनी मोटर साइकिल से लखीसराय ले जाने और कल भोर में वापस सिकंदरा छोड़ने को राजी कर लिया। अपने घर पर बढ़िया, शुद्ध चने का सत्तू बनवाये हैं मुंशी जी ने प्रेमसागर के लिये। यात्रा में सत्तू साथ होना जरूरी है।

लोकेशन में वे सिकंदरा से लखीसराय के रास्ते पर थे, टनटन मुंशी के साथ उनकी मोटर साइकिल पर।

इलाका प्रेमसागर के परिचित कांवर-संगी लोगों से भरा है। जैसे जैसे देवघर पास आयेगा, और भी लोग मिलेंगे! प्रेमसागर 101 बार सुल्तानगंज से बैजनाथ धाम कांवर ले कर जल चढ़ा चुके हैं। यह काम वे दो साल तक प्रति सोमवार करते रहे हैं। इसके अलावा तीन बार दण्ड यात्रा – लेट लेट कर दूरी पार करना – भी कर चुके हैं। इसलिये इलाके में लोग उन्हें सुम्मारी (सोमवारी) बाबा या दण्डी बाबा के नाम से भी सम्बोधित करते हैं।

टनटन मुंशी को रास्ते में ही कोई अर्जेण्ट काम आ पड़ा। वे सुम्मारी बाबा को वापस सिकंदरा ला कर छोड़े। सिकंदरा में प्रेमसागर को मिले ललन मिश्र। ललन मिसिर भी कांवर यात्री रह चुके हैं। वे हर पूर्णिमा को जल चढ़ाने बाबा धाम जाते रहे। ललन मिसिर सिकंदरा में हनुमान मंदिर के पुजारी हैं। चित्र में काफी बड़ा दीखता है हनुमान मंदिर। प्रेमसागर ने बताया कि मंदिर परिसर में पांच कमरे हैं जिनमें गंगोत्री यात्रा करने वाले श्रद्धालु लौटानी में विश्राम करते हैं या शादी-ब्याह में उन कमरों की बुकिंग होती है। वहीं प्रेमसागर के रहने का इंतजाम हुआ है।

जगत जननी जगदम्बा की काले रंग की प्रतिमा बहुत सुंदर है। बहुत सुंदर हैं उनकी आंखें।

ललन मिश्र जी ने प्रेमसागर को जगत जननी जगदम्बा मंदिर के दर्श भी कराये। सन 1977 में बना है यह मंदिर और माँ की काले रंग की प्रतिमा बहुत सुंदर है। बहुत सुंदर हैं उनकी आंखें। माथे पर तीसरा नेत्र भी है। उतने सुंदर तरीके से चित्र आ नहीं पाया।

ललन मिश्र जी ने प्रेमसागर को रहने का इंतजाम किया। भोजन उनके घर पर नहीं हो सका। सूतक में था ललन का परिवार। आगे यात्रा के अगले दिन के पड़ाव का इंतजाम उन्होने कर दिया है। सिकंदरा से 44 किमी आगे टोला डुमरी में।

ताड़ के कई गाछ दीखते हैं

इलाके की बात करते प्रेमसागर बताते हैं कि ताड़ के कई गाछ दीखते हैं इस रास्ते पर। सरकार ने सड़क किनारे साखू (सागौन) और सफेदा भी लगाया है। पेड़ बड़े हो गये हैं। खेती तो सामान्य सी है। सड़क किनारे पेड़ हैं तो छांव मिलती जाती है।

14 मार्च 23

गया के आसपास की धरती शापित है। प्रेमसागर यह बार बार कहते हैं। नदियों में पानी नहीं है। पर शाप का असर बहुत धीरे धीरे कम हो रहा है। लोग कहते हैं कि बीस कोस तक शाप था सीता माई का। पर उससे ज्यादा दीखता है।

आज कुछ देर से निकले प्रेमसागर। शायद छ बजे। उन्हें सिकंदरा से खैरा के रास्ते जमुई जिले में दक्षिण की तरफ उतरते टोला डुमरी तक जाना है। खैरा के आगे पड़ता है मंगोबदर और फिर सोने तहसील। किसी बर्नार नदी के समांतर चलना है। सोने के पहले बर्नार पार होती है। नक्शे में बड़ी नदी दीखती है। पर नदी क्या है? रेत की नदी। एक बूंद पानी नहीं। रेत ही रेत। लोगों को रेत उत्खनन के पट्टे मिले हैं। जेसीबी मशीन और ट्रेक्टर-डम्पर काम पर लगे हैं। कई जगह लोगों के रेत के जखीरे लगे हैं।

सीता माई का शाप एक तरफ; इस रेतीले फिनॉमिना का कोई भौगोलिक कारण तो होगा? गया, नेवादा, लखीसराय का दक्षिणी भाग, जमुई, खैरा और अब यह सोने-टोला डुमरी – यहां जमीन पर पानी नहीं पर पचास फिट नीचे पानी है। मॉनसून का मौसम नदियों में बाढ़ लाता है। पर बाढ़ से उपजाऊ मिट्टी नहीं आती। रेत भर आती है। उस रेत में ताड़ के पेड़ उगते हैं। या सरपत। कुल मिला कर वही जी रहा है जो रेत से जद्दोजहद करने का माद्दा रखता है।

प्रेमसागर की यह यात्रा नहीं होती तो मैं इस फिनॉमिना को महसूस ही नहीं कर पाता। मैं तो यही मान कर चलता कि बरसात में बाढ़ आती है और उसके बाद खूब अच्छी फसल लेते हैं बिहारी। पर गरीबी का एक बड़ा घटक – फालगू और बर्नार जैसी नदियों का शापित होना है।

यहां नहरें क्यों नहीं आयीं? नहरें शायद सही विकल्प नहीं होतीं। सोन नदी – या जो भी नदी हो, उसका, पानी यहां आते आते 20-30 प्रतिशत सूख जाता नहरों में। शायद बड़ी पाइप के जरीये पानी आ सकता था या आ सकता है। बड़ी पाइप की नहरों का जाल!

रुक्ष भूगोल के बावजूद जीवन है। खेतों में गेंहू पक गया है। कटाई हो रही है। पिछली फसल का पुआल दीखता है। चीजें उतनी खराब नहीं, जितनी मैं सोचता हूं।

मैंं जिला भदोही के एक गांव में बैठा डियाकर (डिजिटल यात्रा कथा लेखक) सोचे जा रहा हूं। कहीं बेहतर सोचा होगा जल प्रबंधन करने वाले विद्वानों नें। पर हुआ कुछ नहीं। बरनार जैसी नदियां रेत की नदियां हैं।

टोला डुमरी बड़ा गांव है। दस हजार की आबादी होगी। खास बात यह है कि बहुत भव्य मंदिर हैं यहां पर। देवी पार्वती और शंकर भगवान का मंदिर। और भी देव हैं। विष्णु भी हैं, लक्ष्मी भी और हनुमान जी भी। एक सज्जन को फोन थमा देते हैं प्रेमसागर। वे मुझे बताते हैं टोला डुमरी का प्राचीन इतिहास। यह जगह आदि काल में कंचनपुर था। शिव जी का जो मंदिर है वह कंचनेश्वर महादेव है। अभी का मंदिर नया है। पर यह तीन बार विस्थापित होने पर बना है। पास में किसी पुराने मंदिर के भग्नावशेष हैं। एक पत्थर भी है वहां जिसपार पाली (?) में कुछ लिखा है। वे बताते हैं कि औरंगजेब काल में इसे तोड़ा गया। नया मंदिर किसी गिद्दर महराज ने बनवाया।

प्रेमसागर ने मंदिर और वहां के लोगों के चित्र भेजे हैं। ज्यादा न जोड़ते हुये वे मैं यहां प्रस्तुत कर देता हूं।

आज रास्ते में सिकंदरा से निकलते ही प्रेमसागर का पिट्ठू फट गया। गमछे से बांध कर वे पंद्रह बीस किमी चले। फिर खैरा में नया बैग खरीदा। “भईया, पहला बैग कपड़े का था। चार सौ किलोमीटर साथ दिया। मेंअ बात है कि पीठ पर पसीने और रगड़ से फट गया। अब यह नया बेहतर है। साढ़े आठ सौ का है। चमड़ा और रेक्सीन लगा है। मजबूत दीखता है।”

फटे पिट्ठू पर ट्वीट

पदयात्रा में एक अच्छा पिट्ठू और अच्छी लाठी – यही प्रेमसागर की जरूरत है।

नया पिट्ठू

टोला डुमरी में बहुत लोग मिले प्रेमसागर को। पुजारी जी ने उनके लिये दूध-चिवड़ा का इंतजाम किया। एक और उम्रदराज सज्जन बोले – बाबा, मेरे घर में लहसुन प्याज के बिना भोजन बनता है। वहीं से आपके लिये रोटी-सब्जी ले कर आया हूं।

दूध चिवड़ा, रोटी सब्जी और मंदिर के फर्श पर डेरा। प्रेमसागर के लिये तो इस जगह पिकनिक मन गयी!

कल देवघर का रास्ता लम्बा है। रास्ते में जंगल भी है। शायद सीता माता का शाप पूरी तरह खत्म हो जाये तब तक। कल बिहार से झारखण्ड में घुस जायेंगे प्रेमसागर।

हर हर महादेव। ॐ मात्रे नम:!

प्रेमसागर की शक्तिपीठ पदयात्रा
प्रकाशित पोस्टों की सूची और लिंक के लिये पेज – शक्तिपीठ पदयात्रा देखें।
*****
प्रेमसागर के लिये यात्रा सहयोग करने हेतु उनका यूपीआई एड्रेस – prem12shiv@sbi
दिन – 103
कुल किलोमीटर – 3121
मैहर। प्रयागराज। विंध्याचल। वाराणसी। देवघर। नंदिकेश्वरी शक्तिपीठ। दक्षिणेश्वर-कोलकाता। विभाषा (तामलुक)। सुल्तानगंज। नवगछिया। अमरदीप जी के घर। पूर्णिया। अलीगंज। भगबती। फुलबारी। जलपाईगुड़ी। कोकराझार। जोगीघोपा। गुवाहाटी। भगबती। दूसरा चरण – सहारनपुर से यमुना नगर। बापा। कुरुक्षेत्र। जालंधर। होशियारपुर। चिंतपूर्णी। ज्वाला जी। बज्रेश्वरी देवी, कांगड़ा। तीसरा चरण – वृन्दावन। डीग। बृजनगर। विराट नगर के आगे। श्री अम्बिका शक्तिपीठ। भामोद। यात्रा विराम। मामटोरीखुर्द। चोमू। फुलेरा। साम्भर किनारे। पुष्कर। प्रयाग। लोहगरा। छिवलहा। राम कोल।
शक्तिपीठ पदयात्रा
प्रेमसागर की पदयात्रा के लिये अंशदान किसी भी पेमेण्ट एप्प से इस कोड को स्कैन कर किया जा सकता है।

Design a site like this with WordPress.com
Get started