जात हई, कछार। जात हई गंगामाई!


जात हई, कछार। जात हई गंगामाई।

जा रहा हूं कछार। जा रहा हूं गंगामाई!

आज स्थानान्तरण पर जाने के पहले अन्तिम दिन था सवेरे गंगा किनारे जाने का। रात में निकलूंगा चौरी चौरा एक्स्प्रेस से गोरखपुर के लिये। अकेला ही सैर पर गया था – पत्नीजी घर के काम में व्यस्त थीं।

DSC_0060कछार वैसे ही मिला, स्नेह से। गंगा माई ज्यादा बोलती नहीं हैं। उन्हे सुनने के लिये कान लगाने पड़ते हैं। धीरे धीरे बह रही थीं। सूर्य चटक उगे थे। साफ सुबह। ज्यादा सर्दी नहीं। हल्की बयार। स्नानार्थी कम थे। नावें भी कम। कोई धारा में नहीं – किनारे बंधी थीं। कल्लू की मड़ई के पीछे सूर्योदय भव्य था। कोई था नहीं मड़ई में।IMG-1392686520916-V

मैने गंगाजी और कछार के कुछ चित्र लिये। कछार ने एक छोटे मोथा के पौधे का भी सूर्योदय में चित्र लेने को कहा। वह भी लिया। वनस्पति धीरे धीरे बढ़ रही है। जब झाड़ियां बन जायेंगी, तब उनका चित्र लेने जाने कौन आयेगा यहां! शायद कभी कभी मेरी पत्नीजी घूमें उनके बीच। DSC_0062

वहां अपना भी अन्तिम चित्र लेना चाहता था। पत्नीजी नहीं थीं, सो सेल्फी (Selfie) ही लेना पड़ा।Feb14.0976

वापसी जल्दी ही की। आज घर में काफी काम निपटाने हैं इलाहाबाद से प्रस्थान पूर्व। बार बार मुड़ मुड़ कर गंगाजी और सूर्योदय देखता रहा। आखिरी बार आंखों में जितना भर सकूं, उतना समेटने के लिये!

करार पर दिखा दूर बैठा जवाहिर। उसके पास जाने के लिये नाले और कचरे को पार करना पड़ा। कऊड़ा जला रहा था, अकेले। एक हाथ में मुखारी थी। पास में बीड़ी का बंडल और माचिस। शॉल नया और अच्छा था उसके पास। उसे बताया कि अब यहां से तबादले पर जा रहा हूं। पता नहीं, उसने किस भाव से लिया मेरा कहना। जवाहिर ज्यादा कहता नहीं।Feb14.0977

अपनी चौकी पर पण्डा थे। उन्हे भी बताया यहां से जाने के बारे में। उन्होने कन्सर्न जताया कि मेरा परिवार अकेले रहेगा यहां। इस जगह के अन्य लोगों को आगे पण्डाजी बता ही देंगे मेरे जाने के बारे में! Feb14.0980

मलिन अपनी जगह बैठी नहीं थी कोटेश्वर महादेव के फर्श पर। उसका सामान रखा था। उसी का चित्र ले लिया याद के लिये।Feb14.0981

भगवान कोटेश्वर महादेव और हनुमान जी को प्रणाम करते हुये घर लौटा।

बहुत लम्बा समय गंगामाई और कछार की गोद में बीता। भूल नहीं सकता। अब तो वह मेरे मन-शरीर-प्राण का अंग है।

जा रहा हूं कछार, जा रहा हूं गंगा माई। पर जाना कहां? अन्तत तो आपकी ही गोदी में ही रहना, जीना है। इस दुनियां से जाना भी आपकी गोदी से होगा!Feb14.0974

“मेरा कौन पढ़ेगा” : गौरव श्रीवास्तव से मुलाकात


गौरव का फ़ेसबुक स्नैपशॉट
गौरव का फ़ेसबुक स्नैपशॉट

गौरव श्रीवास्तव पढ़ाकू जीव हैं। मोतीलाल नेहरू टेक्नॉलॉजी संस्थान के डॉक्टरेट के रिसर्च स्कॉलर। संकोची व्यक्ति। वे इस ब्लॉग के नियमित पाठक हैं। यहीं पास में उनका कार्य क्षेत्र है – मेरे घर से डेढ़ किलोमीटर दूर। पर मुझसे कभी मिले नहीं। जब उन्हे पता चला कि मैं यहां से गोरखपुर स्थानान्तरण पर जा रहा हूं तो वे मेरे जाने के पहले मुझसे मिलने की ठान लिये। फेसबुक पर उन्होने मुझसे सम्पर्क किया। मैसेज के आदान-प्रदान में फोन नम्बर भी लिये-दिये और शनिवार 15 फरवरी को जद्दोजहद से मेरे घर को तलाश कर मेरे पास थे। हम लोग करीब डेढ़ घण्टा साथ रहे।

गौरव श्रीवास्तव, मेरी पत्नीजी रीता पाण्डेय के साथ
गौरव श्रीवास्तव, मेरी पत्नीजी रीता पाण्डेय के साथ

“मेरा कौन पढ़ेगा” कहने वाले बहुत से लोग होंगे। पर सोशल मीडिया के माध्यम से अभिव्यक्ति का जो विस्फोट हम देख रहे हैं, उसमें हम सामान्यजन अपने जीवन में जो भी सामान्यता-असमान्यता से मुखातिब हैं, उससे परिचय पाने को बहुत से लोग उत्सुक होंगे और बहुत से लालायित भी। …इसलिये  “मेरा कौन पढ़ेगा” सार्थक  सही कथन नहीं…


मेरे लिये यह बहुत खुशी का विषय था कि वे मुझसे मिलने आये। हिन्दी ब्लॉगिंग और फ़ेसबुक/ट्विटर की उपस्थिति के कारण लगभग लगभग 15-20 व्यक्ति शिवकुटी में मेरे इस घर में; जिसको ढूंढने के लिये पर्याप्त भटकना पड़ता है – सड़क गली मुहल्ले को बहुधा लोग कन्फ्यूज कर गलत जगह बता देते हैं; मिलने आ चुके हैं। यह एक प्रकार से सोशल मीडिया की सशक्तता का प्रमाण है।

गौरव मुझसे ही मिलने आये हों, ऐसा नहीं है। वे उड़न तश्तरी (समीर लाल) से टोरन्टो जा कर मिल चुके हैं। समीर लाल तो उनसे मिलने के लिये काफी यात्रा कर आये। अनूप शुक्ल से उनकी बहुधा लम्बी बातचीत हुआ करती है। गौरव को यह मलाल है कि अनूप मोतीलाल इन्स्टीट्यूट में एल्यूमिनी मीट में आये थे, पर यहां होते हुये भी वे उनसे नहीं मिल पाये। अनूप उनको उनके पारिवारिक जीवन में भी एक बड़े और सीनियर के रूप में सलाह देते रहते हैं – गौरव ने मुझे यह बताया। और अनूप का यह रोल मुझे बहुत अच्छा लगा। उन्ही की तर्ज पर मैने भी गौरव से कुछ कहा। मुझे लगता है एक पीढ़ी ब्लॉग और सोशल मीडिया के माध्यम से हम में रोल मॉडल्स खोजती-तलाशती है; अगर हम उस रोल-मॉडलत्व को ईमानदारी से अंश मात्र भी निभा पाते हैं तो अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन हुआ वह!

मेरा ब्लॉग गौरव बहुत अर्से से पढ़ते रहे हैं। उन्होने कई पोस्टों और कई पात्रों का जिक्र किया मेरे ब्लॉग की। मेरे कई कथ्यों/टिप्पणियों से परिचय है उनका। वे ऐसे पाठक हैं, जिनपर कोई भी ब्लॉगर गर्व कर सकता है। गौरव अर्से से – कई वर्षों से – मुझसे मिलना चाहते थे; ऐसा मुझे बताया उन्होने।

गौरव प्रशान्त प्रियदर्शी, नीरज रोहिल्ला और अभिषेक ओझा के ब्लॉग भी सतत पढते हैं और इन लोगों के व्यक्तित्व के बारे में बहुत कुछ जानते हैं। उनके लेखन से बहुत प्रभावित भी हैं। मैने गौरव से पूछा – वे खुद क्यौं नहीं लिखते? गौरव ने उत्तर दिया – मेरा कौन पढ़ेगा?!

“मेरा कौन पढ़ेगा” कहने वाले बहुत से लोग होंगे। पर सोशल मीडिया के माध्यम से अभिव्यक्ति का जो विस्फोट हम देख रहे हैं, उसमें हम सामान्यजन अपने जीवन में जो भी सामान्यता-असमान्यता से मुखातिब हैं, उससे परिचय पाने को बहुत से लोग उत्सुक होंगे और बहुत से लालायित भी। मसलन गौरव अपने कैरियर बनाने के लिये जिस जद्दोजहद से गुजरे या गुजर रहे हैं और अपने परिवार के साथ जिस सेण्टीमेण्टालिटी के साथ जुड़े हैं, वह जानने और उस पर गहन चर्चा करने को एक पूरी पीढ़ी तैयार बैठी है। उसपर चेतन भगत छाप कालजयी उपन्यास ठेलने में लगे हैं। गौरव कई लोगों के लिये प्रेरणा बन सकते हैं और कई लोगों के रोल मॉडल। इसलिये  “मेरा कौन पढ़ेगा” सार्थक सही कथन नहीं…

गौरव के पिताजी यहीं जी.आई.सी. में रसायन शास्त्र के व्याख्याता थे। अब रिटायर्ड हैं। उनके बड़े और छोटे भाई नौकरी में हैं। वे अपनी डॉक्टरेट की रिसर्च पूरा कर रहे हैं। मध्यवर्गीय परिवार अपनी सफलताओं और जद्दोजहद पर चढ़ता-उतरता-रमता रहा है। बड़ी सरलता से, बड़ी स्पष्टता से गौरव ने उन सब के बारे में बताया। पता नहीं गौरव यह जानते हैं या नहीं, वे संकोची और सेण्टीमेण्टल होने के बावजूद (या साथ साथ) अपने को अभिव्यक्त करने में दक्ष हैं। भविष्य में उन्हे अपनी इस दक्षता को और परिमार्जित भी करना चाहिये और दोहन भी।

उनके चलते हुये मेरी पत्नीजी ने उनसे कहा कि वे तो इलाहाबाद में रहेंगी ही – भले ही मैं गोरखपुर में रहूं। गौरव कभी भी घर आ सकते हैं।

अच्छा लगा हम लोगों को गौरव के साथ। स्वागत और शुभकामनायें गौरव!

गौरव श्रीवास्तव। हमारे ड्राइंग रूम में।
गौरव श्रीवास्तव। हमारे ड्राइंग रूम में।

गोरखपुर को प्रस्थान?


सन 2003 के अक्तूबर से लगभग पौने दो साल मैने गोरखपुर में गुजारा था। वहां की कुछ स्मृतियां हैं। रेलवे कालोनी, मोहद्दीपुर में रहते थे हम लोग। घर में लीची और आम के वृक्ष थे। बहुत ज्यादा नहीं घूमा मैं गोरखपुर में और जितना घूमा, उससे कम स्मृतियों में संजोया। एक बार पुन: पूर्वोत्तर उत्तरप्रदेश का वह इलाका देखने और उसके बारे में ब्लॉग पर लिखने का मन था।

इस लिये जब रेलवे के यातायात विभाग के मुखिया श्री देवीप्रसाद पाण्डे ने मुझे वहां पदस्थ करने का प्रस्ताव पिछले महीने किया, तो अपनी बीमार माता, वृद्ध पिता और परिवार की इलाहाबाद में आवश्यकताओं के बावजूद मैने अपनी पत्नीजी से सलाह कर उसे स्वीकार कर लिया।

अब निकट भविष्य में मुझे पूर्वोत्तर रेलवे के परिचालन विभाग का कार्यभार देखना है और मेरा मुख्यालय गोरखपुर होगा।

पूर्वोत्तर रेलवे का नक्शा
पूर्वोत्तर रेलवे का नक्शा

रेलवे के कार्य के अतिरिक्त मेरे पास अवसर होगा तराई का क्षेत्र, गंगा की सहायक नदियां, वाराणसी-गाजीपुर-छपरा-देवरिया-गोरखपुर-बस्ती-गोण्डा-बरेली-उत्तराखण्ड का निचला हिस्सा आदि देखने, समझने और लिखने का।

मेरे मन में कुछ ब्लॉगिंग के प्रॉजेक्ट कुलबुला रहे हैं। रेलवे का काम बहुत समय और ऊर्जा लेगा। निश्चय ही। रेलवे भी मुझे वहां कुछ अपेक्षा में ले कर जा रही होगी। पर व्यक्तिगत तौर पर और क्रियेटिव तौर पर इस अवसर का पूरा उपयोग करना चाहूंगा मैं।

Design a site like this with WordPress.com
Get started