हसन जमाल को इंटरनेटेनिया क्यों नहीं हो सकता


बेताल पच्चीसी की तरह इस ब्लॉग पोस्ट में लिंक और पेंच हैं. पहला और डायरेक्ट लिंक है रवि रतलामी का ब्लॉग. उसमें 4-5 लिंक हैं जो आप फुर्सत से वहीं से क्लिक करें.

हसन जमाल एक मुसलमान का नाम है. ये सज्जन लिखते हैं. नया ज्ञानोदय जैसे अभिजात्य हिन्दी जर्नल-नुमा-पत्रिका में इनके पत्र/प्रतिक्रियायें छपती हैं तो इंटेलेक्चुअल ही होंगे. कई चिठेरों ने इनपर कलम चलाई है. मुझे इनसे न जलन है न इनके मुसलमान/इंटेलेक्चुअल होने पर कोई वक्र टिप्पणी करनी है. मैं तो इंटरनेट को लेकर उन्होने जो कहा है उसके समर्थन (?) में कुछ कहना चाहता हूं.

यह इंटरनेटोबिया इंटरनेटेनिया क्या है? मोटे तौर पर इंटरनेट बग जिसे काट लेता है और जो यदा-कदा-सर्वदा गूगल सर्च में मूड़ी घुसाये रहता है, वह इंटरनेटोबिया इंटरनेटेनिया ग्रस्त जीव होता है. आप अगर यह ऑन-लाइन पढ़ रहे हैं और आप के दायें हाथ की तर्जनी माउस को सतत सहलाती रहती है, तो आप को यह विशेष फोबिया (सही शब्द मेनिया, जैसा बासूती जी ने स्पष्ट किया है।) – इंटरनेटोबिया इंटरनेटेनिया है.

हसन जमाल जी इंटरनेट के खिलाफ हैं. जाहिर है उनको इंटरनेटोबिया इंटरनेटेनिया नहीं हो सकता. पर इतना कहने से बात समाप्त नहीं हो जाती. उन्होने अपने रिसाले में जो अजीब तर्कों से युक्त सम्पादकीय लिखा है, उसके बावजूद उनसे ईर्ष्या करने का मन कर रहा है.

प्रयोग कै तौर पर मैने अपना कम्प्यूटर बन्द कर दिया है। केवल ऑफलाइन ही नहीं, यह लेखन मैं कागज-कलम लेकर कर रहा हूं. जेल पेन इस्तेमाल करने की बजाय, बहुत समय बाद मैने अपने फाउण्टेन पेन में रॉयल ब्ल्यू स्याही भरी है. निब हो धोया-पोंछा है. अपने ट्रांजिस्टर को बाहर निकाल कर वन्देमातरम सुनते हुये सवेरे छ बजे की हिन्दी खबर का इंतजार कर रहा हूं.

इंटरनेट के दंश से पीड़ित होने के कारण अपने बगीचे को मैने काफी समय से नहीं देखा था. आज ध्यान से देखा है. सूरजमुखी उदात्त मन से खिला है. किचन गार्डन में भिण्डी और नेनुआ में फूल लगे हैं. मनी-प्लाण्ट की बेल जो गमले से निकाल कर जमीन में रोपी गयी थी, न केवल जड़ पकड़ गयी है वरन पास के ठूंठ पर चढ़ने भी लगी है. कितना कुछ हो गया है, और मोजिल्ला/इण्टरनेट एक्स्प्लोरर की शरणागत इस जीव को उनका पता भी नहीं चला. लानत है.

यह पढ़कर हमारी जैसी प्रवृत्ति के अन्य सज्जन, जो इण्टरनेटोबिया इंटरनेटेनिया से ग्रस्त हैं; अपने कदम जरा पीछे खींचें. मेरी तरह अपने को कोसते हुये इंटरनेट कनेक्शन बन्द करें और हसन जमाल जी का प्रशस्ति गायन करें.

हसन जमाल जी के प्रशस्ति गायन का अर्थ उनके मुसलमान परस्ती के (कु)तर्क को समर्थन देना नहीं है. पर हम लोगों में इंटरनेटीय ऑब्सेशन के प्रति उनके आगाह करने को धन्यवाद देना जरूर है. शनै-शनै हम भूलते जा रहे हैं कि हमें यह ऑब्शेसन भी है.

हसन जमाल जी को इंटरनेटोबिया इंटरनेटेनिया नहीं हो सकता क्यों कि वे इंटरनेट के सख्त खिलाफ हैं. (वे इसे चैटिंग-चीटिंग का माध्यम मानते हैं – जैसे कि इससे पहले लोग पूजा-नमाज में ही तल्लीन रहते रहे हों!) पर हम जो इंटरनेट के सख्त पक्षधर हैं, वे भी, क्यों इंटरनेटोबिया इंटरनेटेनिया ग्रस्त हों? किसी तकनीक का प्रयोग मानव जीवन की सहूलियतें बढ़ाने में होना चाहिये, न कि बतौर अफीम, एडिक्शन के लिये. आफीमची होना घोर कर्म है, जिसे अफीमची ही सत्व संकल्प से दूर कर सकता है.

न शूल हो, बस फूल ही हो; इनटरनेट एक टूल ही हो.

(मुझे खेद है – जहां भी इंटरनेटोबिया शब्द का प्रयोग हुआ है, उसे कृपया इंटरनेटेनिया पढ़ें. वास्तव में बीमारी मेनिया की है, फोबिया की नहीं. चेताने के लिये बासूती जी को धन्यवाद)

अस्वीकृति को अधिकाधिक आमंत्रण दें


एक चीज जो आधी जिन्दगी के बाद मुझे बढ़िया (?) मिली है वह है – ब्लॉगिंग में अस्वीकृति का अभाव. आप अण्ट-शण्ट जो लिखें छाप सकते हैं.पब्लिश बटन आपके अपने हाथ में है. और भला हो नारद का, कुछ शिकार तो होते ही हैं जो आप की पोस्ट पर क्लिक कर बैठेंगे.

पर क्या वास्तव में अस्वीकृति बुरी चीज है?

मैने लेख लिख कर सम्पादक को भेजने और स्वीकृति/अस्वीकृति का इंतजार नहीं झेला है. पर अन्य क्षेत्रों में अस्वीकृति तो झेली ही है.

ऐसा बहुत पढ़ा है कि फलाने की रचना कुछ जगह रिजेक्ट हुयी; बेचारा टूट गया. उसके मरने के बाद जब वह रचना छपी तो कालजयी साबित हुई. अत: लेखन या रिजेक्शन गलत नहीं था; लेखक का टूटना गलत था. बिना टूटे वह यत्न जारी रखता तो जीवित ही यशस्वी हो जाता.

कथा है कि एडीसन 1000 बार फेल हुये बल्ब के अनुसन्धान में. फिर एडीसन, एडीसन बन गये.

रिजेक्शन एक अनुशासन तो बनाता है. इतने ब्लॉगर जो लिख रहे हैं; अगर यह हो कि उनका लेखन एक मॉडरेटर देखेगा तो आप पायेंगे कि ब्लॉग की गुणवत्ता में 10% सुधार तो स्वत: आ जायेगा (यह वर्तमान गुणवत्ता पर प्रतिकूल टिप्पणी न मानी जाये). हमारा लेखन चमकेगा नहीं, अगर हम असफलता या अस्वीकृति का जायका नहीं पायेंगे. अस्वीकृति जरूरी नहीं बाहरी हो. अच्छे ब्लॉगर बता सकते हैं कि उन्होंने कितनी ब्लॉग पोस्ट कितनी बार मॉडीफाई की हैं या कितनी परमानेण्टली रिसाईकल बिन में फैंक दी हैं. वह भी तो रिजेक्शन ही है, सेल्फ-इंफ्लिक्टेड ही सही.

अगर आपके जीवन में असफलता/अस्वीकृति/रिजेक्शन नहीं है तो या तो आप बहुत भाग्यशाली हैं, या आपके लक्ष्य बहुत साधारण हैं. आज के युग में जहां इतनी जद्दोजहद है. मैं साधारण लक्ष्य की बात नहीं मान सकता. और परमानेण्ट भाग्यशाली तो वाल्ट-डिज़्नी के कार्टून चरित्र अंकल स्क्रूज़ को ही पाया है मैने.

इसलिये बन्धुओं, अगर दैदीप्यमान होना है तो अस्वीकृति/रिजेक्शन को अधिकाधिक आमंत्रण दो।

————————————————

पीसा जाता जब इक्षु–दण्ड, झरती रस की धारा अखण्ड
मेंहदी जब सहती है प्रहार, बनती ललनाओं का शृंगार
मानव जब जोर लगाता है
पत्थर पानी बन जाता है
जब विघ्न सामने आते हैं, सोते से हमें जगाते हैं
मन को मरोड़ते हैं पल–पल, तन को झंझोरते हैं पल–पल
सत्पथ की ओर लगा कर ही
जाते हैं हमें जगा कर ही

(रश्मिरथी : दिनकर)

चिठेरों को टिप्पणी-निपटान की जल्दी क्यों रहती है?


हिन्दी ब्लॉगर्स दनादन कमेंट करते है? कई बार आपको लगता है कि आप (चिठेरा) कह कुछ रहे हैं, पर टिपेरे (टिप्पणीकार) एक लाइन, एक बहुप्रचलित शब्द को चुनकर दन्न से टिप्पणी कर आगे बढ़ जाते हैं. आप का मन होता है कि आप फिर से एक स्पष्टीकरण लिखें. टिपेरों का पुन: आह्वान करें – हे टिपेराधिपति, कृपया मेरा आशय समझें और फलानी बात पर अपना आशीर्वाद दें. यह आशीर्वाद जम कर आपकी मजम्मत का भी हो सकता है. पर आशीर्वाद टू-द-प्वाइण्ट हो.

देखिये यहां जो जमात है; वह दोनो रोल अदा करती है. एक ही आदमी चिठेरा है और वही टिपेरा भी है. टिपेरे के रोल में 2 मूल तत्व हैं – पहला (तत्व-क) स्वांत: सुखाय पढ़ने का और दूसरा (तत्व-ख) टिप्पणी दे कर कटिया फंसाने का. कटिया का मतलब कि ब्लॉगर आपका प्रोफाइल देखे, आपके ब्लॉग पर जा, टिपेरियाकर ऋण उतारे. तत्व-क जो टिप्पणी प्रोड्यूस करता है, वह आनन्दित करने वाली होती है. स्टेटेस्टिकली, यह तत्व हिन्दी चिठेरों में ज्यादा है – करीब 50% तक. (अन्यथा जैसा रिसर्च पेपर्स में होता है – केवल लिखने वाला ही पढ़ता है!). तत्व-ख (कटिया फंसाने वाला तत्व) जब ज्यादा होता है तो टिप्पणी सूखी-बासी-बेस्वाद सब्जी जैसी होती है.

(टिप्पणी : अहो रूपम, अहो ध्वनि!)

ऐसा नहीं है कि दो अलग-अलग प्रकार के टिपेरे हैं. एक ही टिपेरे में दोनो तत्व होते हैं. जिसमें तत्व-क 70% व तत्व-ख 30% है, वह बड़ा मस्त टिपेरा होगा. चिठेरे के रूप में भी भावी इतिहास उसका है. पर जिसमें इसका उल्टा; तत्व-क 30% या कम और तत्व-ख 70% या ज्यादा है, उसका तो “नारद” ही भला कर सकते हैं; कि उसे येन-केन-प्रकरेण पन्ना एक पर ज्यादा समय समय मिल सके, उसकी फीड में 200-250 शब्द एडीशनल आते हों, उसकी फोटो भी आती हो पोस्ट की चिप्पी के साथ, या जिसके ऑथर आर्काइव में “एरर 404 नॉट फाउण्ड” न आता हो।

खैर, यह तो विषयान्तर हो गया. पर दूसरे प्रकार के टिपेरे-चिठेरे को काफी सीखना होगा.

हिन्दी ब्लॉगरी में बड़ा रोचक राग दरबारी बज रहा है. कहीं मुहल्ला है, लोक मंच है, पंगेबाज है, “सल्क” कर रहे सृजनशिल्पी हैं, निषेध को निमंत्रण मानने वाले धुरविरोधी हैं, हमारे जैसा हिन्दी ब्लॉगरी में चौंधियाया नया एलीमेण्ट भी है … (बस-बस, नहीं तो छूटने वाले कहीं मेरे ब्लॉग पर आना ही बन्द न कर दें!). जरूरत है कि आत्ममुग्धता छोड़ राग दरबारी के आर्केस्टा वाले ब्लॉगर बढ़िया टिपेरा बनने में भी जोर लगायें.

है कोई ई-पण्डित जो “बढ़िया टिपेरा कैसे बनें” पर फड़कती हुई पोस्ट लिखदे.

——————————————–

पोस्ट स्क्रिप्ट:

मुझे डिल्यूज़न हो रहा है कि हिन्दी ब्लॉगर सिद्धांत कौमुदी बनाई जा रही है, और उस संहिता के लिये मैने धर्म संसद के समक्ष प्रस्ताव रखा है:

“यह चिठेरा-धर्म है कि चिठेरा अपने चिठ्ठे पर जितनी टिप्पणियों की इच्छा रखता है; पोस्ट लिखने के साथ-साथ कम से कम उतने ब्लॉग्स पर जा कर तत्व-क अनुप्रेरित टिप्पणियां अवश्य करे. और अगर वह किसी घेट्टो (समूह) से जुड़ा है तो घेट्टो के बाहर जा कर कम से कम 25% टिप्पणियां वहां करे. यह न हो कि पत्रकार/मुहल्ला/लोकमंच बिरादरी वाले अपने पट्टीदारों में ही टिपेरते रहें।”
(वरना हमारे जैसे गरीब निर्दलीयों का क्या होगा?)

पोस्ट स्क्रिप्ट 2:

जिस तरह से टिपेरा जा रह है, लगता है जूते खाने कि नौबत जल्दी आने वाली है. भैया क्षमा करें अगर आपकी भावनायें आहत हो रही हैं. किसी व्यक्ति विशेष को लपेटने के लिये यह नहीं लिखा है. आपमें से कोई भी कह दें तो मैं यह पोस्ट हटा दूंगा।

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free