रात भर डीजे बजेगा – लवण्डिया लंदन से …


मेरे घर के बगल में है कटका रेलवे स्टेशन। उसके आईलैण्ड प्लेटफार्म पर अतिक्रमण रहता है गांव वालों का। बच्चे खेलते हैं वहां दिन भर। दो चार सामंती अवशेष सुबह शाम प्लेटफार्म पर अपना बेटन या छड़ी ले कर ब्रिस्क वॉक करते हैं। बगल की बस्तियों के लोग वहां अपने लूगड़े और अचार खटाई सुखाते हैं। पटरियों से बच बचा कर गायें, बकरियां और मुर्गियां भी टहलती हैं। गांव का कोर्टयार्ड जैसा है प्लेटफार्म।

आजकल खेत खाली हैं। रेल लाइन/प्लेटफार्म और मेरे घर के बीच मेजर साहब का खेत है। मेजर साहब तो बनारस में रहते हैं पर उनका अधियरा खेती करता है। अभी धान की नर्सरी बनाने में एक पखवाड़ा शेष है। तब तक बगल के पसियान की दो तीन शादियां इस खेत की बदौलत निपट जायेंगी।

आज शामियाना सज रहा है। बरात ठहरेगी यहां। सड़क के दूसरी ओर लड़की वाले का घर है। वहां शादी के भोज का शामियाना लग गया है। सब्जियांं कट रही हैं। पूड़ी छानने का उपक्रम होने जा रहा है। बरात तो रात बारह बजे तक ही आयेगी। हम घर में सो रहे होंगे तभी बैंड बाजा और आतिशबाजी शुरू होगी। रात भर डीजे बजता रहेगा। भोजपुरी श्लीलाश्लील गाने बजेंगे। अरहर के खेत की रास लीला की चर्चा वाला गीत बार बार बजेगा। यह वाला गाना भी बार बार आयेगा – लवण्डिया लंदन से लायेंगे, रात भर डीजे बजायेंगे। पिछली शादी में पीने पिलाने के बाद डीजे पर नाचते दो बस्तियों के लोगों में मारपीट हो गयी थी। दो चार के सिर भी फूटे थे। उसकी चर्चा विवाह संस्कार के सांस्कृतिक अंग के रूप में अभी तक की जा रही है। यह भी सम्भावना है कि वैसा कुछ इस बार भी हो।

कुल मिला कर हमें आज निर्बाध नींद मिलना असम्भव है। ऐसे मौकों के लिये मैने ईयर प्लग का जोड़ा ले रखा है जिससे ध्वनि प्रदूषण का डेसीबल अस्सी फीसदी कम हो जाता है। पर जब आपके सिन के पास ही डीजे धांय धांय बज रहा हो तो बेचारा ईयर प्लग कितना कारगर होगा? हां रात में बिजली गुल हो जाये तो राहत मिल सकती है।

बहरहाल आज की रात नींद के कतल की रात है!

आज शामियाना सज रहा है। बरात ठहरेगी यहां।

मेरी चाय की दुकान की सोच


मैं अढ़सठ साल का हो चुका हूं। छ महीने में उनहत्तर का हो जाऊंगा। मेरी कैरीयर की जद्दोजहद का काल पूरा हो चुका है। मैं अपनी कॉलिंग की छटपटाहट अनुभव करता हूं। कॉलिंग जिसमें रुचि हो, ध्येय हो और जिसमें अर्थ कम परमार्थ अधिक हो। साइकिल चलाना और घर में गोल गोल चलाते हुये पुस्तक सुनना उसी का एक हिस्सा है। अपना स्वास्थ्य सुधार कर शरीर और मन को आने वाले समय के लिये तैयार करना उसी तैयारी का भाग है। पर वह कॉलिंग क्या है?

मैं बचपन से ही सोचना और लिखना चाहता था। पर करीयर में जो काम मिला उसमें रुक्षता थी। भाषा का खुरदरापन था। कभी कभी ऐसा भी कहता था कि उस भाषा से पुलीस का हवलदार या थानेदार भी सकुचा जाये। मुझे अपनी भाषा को सुधारने में बहुत मशक्कत करनी पड़ी। भाषा सुधार की प्रक्रिया में अपनी प्रकृति में भी परिवर्तन करने पड़े। जो हुआ वह अच्छे के लिये हुआ। मेरे ब्लॉग ने उस प्रक्रिया में सार्थक भूमिका निभाई।

अब, पिछले साल भर से एक ठहराव फिर आ गया है। मानसिक हलचल चलती है पर उसकी अभिव्यक्ति सूखती सी प्रतीत होती है। यह पूरी तरह आंतरिक प्रतिक्रिया है। पर उस सूखे और अभिव्यक्ति के अकाल से उबरना पड़ेगा ही!

आज सवेरे भोर में जब नींद खुली तो विचार मन में था – ज्ञानदत्त, चाय की एक दुकान खोल लो।

चाय की दुकान कोई यूं ही आया विचार नहीं है। चाय बनाना पाकशास्त्र मेंं सबसे आसान चीज है। किसी को कुछ नहीं आता तो चाय तो बना ही सकता है। मैं भी वह कर लेता हूं। चाय के साथ विविध प्रयोग भी मैने कर लिये हैं। घड़ी सामने रख कर यह भी तय कर लिया है कि कितना खौलाना है। अदरक, कालीमिर्च, चायमसाला और चायपत्ती प्रति कप कितनी मिलानी है और दूध का प्रयोग किस प्रकार करना है कि दूध फटे नहीं — यह सब इतना कर लिया है कि एक थीसिस लिख सकता हूं। और बात केवल चाय बना सकने की नहीं है। चाय प्रेम भी प्रकृति प्रेम से कम नहीं है। एक दो दिन उपवास करना हो और चाय निरंतर मिलती रहे तो वह कष्टप्रद नहीं लगेगा। अकाल तख्त वाले दर्शन सिंह फेरुमान जो 65 दिन भूख हड़ताल के बाद वाहेगुरू को प्यारे हुये थे, और जो दिन में एक बार कड़ा-प्रसाद का भोग भर लगाते थे, अगर साथ में चाय की प्रॉपर सप्लाई का सेवन भी करते रहते तो अनशन का सैंकड़ा लगा जाते! भारत में एक बड़ी जनसंख्या चाय सेवन को उपवास में बाधा नहीं मानती है।

बिट्स पिलानी के दिनों में नूतन मार्केट की चाय की दुकानें हम जैसे चाय वीरों के बल पर ही फल फूल रही थीं। सो चाय के साथ आधी शताब्दी से नाता है! :lol:

बहुत पहले से मन में एक साध पली हुई है कि बारिश का मौसम हो, उमस न हो और खपरैल की छत वाली चायकी चट्टी पर कोने के बेंच मेरे लिये रिजर्व हो। वहां बैठे घंटों गुजारे जायें। वही नोश्टॉल्जिया स्वप्न में प्रेरित कर रहा होगा कि “ज्ञानदत्त, चाय की एक दुकान खोल लो।”

चाय या समोसे जैसी ‘तुच्छ’ वस्तु की दुकान वाले उसे लुभावना शीर्षक देते हैं। मसलन वह चाय का ठेला लगाने वाली महिला ग्रेजुयेट चायवाली का होर्डिंग लगाये थी। उसी तर्ज पर भोर में उठते हुये मेरे मन में चाय की दुकान का शीर्षक भी कौंध गया था – गजटेड/राजपत्रित चाय की दुकान।

राजपत्रित रिटायर्ड लोग किसी हिल स्टेशन या फिर बैंगलुरू, पुणे या किसी बड़े शहर में रहते हुये पॉश लोकेशन के अपार्टमेण्ट की आर.ड्ब्ल्यू.ए के मैनेजमेण्ट में घुसे हुये अपना प्रोफेशनल ज्ञान उंडेलते रहते हैं। कोई मेरी तरह नहीं होता होगा जो कटका जैसे छोटे रेलवे स्टेशन के बगल में चाय की चट्टी खोल कर बैठने की सोचे। एक डाउन-टू-अर्थ चाय की चट्टी पर राजपत्रित का उपसर्ग लगाने से दुकान आने जाने वालों का ध्यान खींचेगी और एकबारगी लोग चाय पीने आ ही जायेंगे।

मेरे साले लोगों का एक पेट्रोल पम्प गांव में खुला है और उनकी मेहनत के कारण खूब चलता है। बगल में ही वे एक ढाबा भी बनवा रहे हैं। ढाबा ट्रक और कार वालों को सर्व करेगा। उन्ही की पिग्गी-बैकिंग करता हुआ मैं एक ओर चाय की चट्टी बना सकता हूं – “मानसिक हलचल। राजपत्रित चाय की दुकान।” चाय बेचने के साथ साथ मैं वहां अपने ब्लॉग के बारे में भी आने जाने वाले पथिक लोगों से इण्टरेक्ट कर सकता हूं। अस्सी घाट की काशीनाथ सिंह वाली पप्पू चाय की दुकान की टक्कर की चीज कायम की जा सकती है। क्या पता, चाय की दुकान जितनी चले उससे ज्यादा मेरे की-बोर्ड से “काशी का अस्सी” छाप कोई कालजयी कृति निकल आये।

अभी बहुत सी पृष्ठभूमि का काम करने की जरूरत है। दस पंद्रह दिन तो चाय बनाने के बारे में यूट्यूब पर वीडियो देखने हैं। कुछ चाय विषयक पुस्तकें तलाश कर पढ़नी हैं। चाय का समा बांधने के लिये आधा दर्जन ब्लॉग पोस्टें ठेलनी हैं। कुछ चाय प्रेमी चरित्र तलाशने हैं। चाय बनाने के अलावा वह सब कुछ चाय की चट्टी के पेरीफेरल करना है जिसमें मन लगता है। … आप शर्त लगा सकते हैं की राजपत्रित चाय की दुकान मूर्तरूप लेगी या नहीं। अभी तो भोर का सपना/विचार था, वह आपको बता दिया!


वोटदान


विक्रमपुर कलाँ के जूनियर हाई स्कूल में हमें वोट देना था। सात बजे घर से निकले। पांच मिनट में पंहुच गये। तब तक पांच सात लोग लाइन में लग चुके थे। स्कूल के गेट पर पुलीस वाले मुस्तैद थे पर निर्वाचन कर्मचारी शिलिर शिलिर काम करते मिले। पंद्रह बीस मिनट बाद तक भी पहला वोट नहीं पड़ पाया था। पर जब शुरू हुआ तो रफ्तार पकड़ ली।

मुझे और पत्नीजी को लाइन में लगने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। विपक्षी गठबंधन के वालेण्टियर हमारी पर्ची ले कर दौड़ भाग कर हमारा बूथ पता कर आये। लाइन में खड़ा भी कर दिया। बुआ-जीजी-फूफा-जीजा को प्रणाम नमस्कार भी किया। हमें भाजपा वाला कोई कलाकार नहीं दिखा। उन्ही कलाकारों के बल पर मोदीजी सरकार बनाने चले हैं। निर्वाचन कर्मी अकुशल थे पर पुलीस वाले चुस्त दुरुस्त। एक पुलीस वाले ने आ कर लाइन ठीक से लगवाई। मुझे और मेरी पत्नीजी को तवज्जो दे कर अलग लाइन में और/या लाइन में वरीयता से खड़ा किया। यह भी कहा – सीनियर सिटिजन लोगों का बाकी सब सम्मान करें। एक वृद्ध महिला को भी लाइन में आगे किया। तब तक वोटिंग प्रारम्भ हो गयी।

सात बजे वोटिंग प्रारम्भ हो जानी थी पर बीस मिनट ज्यादा लगे शुरू होने में।

वोटिंग मशीन और वीवीपैट का मैने अवलोकन किया। पींइईं बजने तक बटन छोड़ा नहीं – क्या पता छोड़ने पर वोट निरस्त न हो जाये। कल तक तो मन में खुंदक थी और नोटा को वोट देने का मन था। आज जब वोट देने घुसा तो मन निर्मल हो गया था। वोट उम्मीदवार को ही दिया।

वोट दे कर निकलने में पंद्रह मिनट लगे। बांये हाथ की तर्जनी में नीले रंग की लकीर लगवाये। स्मार्टफोन तो बाहर छोड़ कर वोट देने गये थे पर चित्र खींचने के लिये नोकिया वाला चुटपुटिया फोन जेब में था। उसी से फोटो लेने की सोची।

स्कूल के दरवाजे पर एक पुलीस वाले बैठे थे। हमने उन्ही को सेल्फी प्वाइण्ट बना लिया। गुमटी वाला जग्गी उन्हें चाय पिला रहा था। “फ्री में पिला रहे हो क्या? फ्री में हो तो हमें भी पिलाओ!” – मैने जग्गी से कहा। जग्गी ने अपनी खीस दिखा दी। वोटिंग वालों ने ऑर्डर दिया था। उन्ही के हिसाब से वह सभी कर्मियों के लिये प्लास्टिक की खड़खड़िया ग्लासों में चाय सर्व कर रहा था। दरवाजे के पुलीस वाले सज्जन को भी दी।

हम उन पुलीस वाले सज्जन पास खड़े हो फोटो खिंचाने लगे तो उम्र का अदब करते हुये वे अपनी कुर्सी से खड़े हो कर हमारे लिये कुर्सी खाली करने लगे। हमने उन्हें कहा कि वे यथावत बैठे रहें। उनके साथ चित्र खिंचवाने का विचार भर है। वहां बैठना उद्देश्य नहीं है।

मैने रीता का और उन्होने मेरा चित्र खींचा।

वोटदान सम्पन्न हुआ।

उन पुलीस वाले सज्जन का नाम मैने झुक कर पढ़ा – अटल सिंह। अटल जी ने बताया कि सभी निर्वाचन की टीम वाले स्थानीय नहीं हैं। अलग अलग स्थानों से आये हैं। वे मुरादाबाद से आये हैं।

एक दिन के निर्वाचन अनुष्ठान के लिये कई लोग भिन्न भिन्न स्थानों से आते हैं। जग्गी जैसा कोई चाय की चट्टी वाला चाय नाश्ते की सर्विस देता है। निर्वाचन अनुष्ठान के दौरान जाने कितने सम्पर्क बनते होंगे। कितनी आत्मीयता उपजती होगी। कितनी टिर्र-पिर्र भी होती होगी। थोड़ी देर अटल सिंह जी के पास और गुजारते तो शायद हम भी मित्र बन जाते। फोन नम्बर एक्स्चेंज होने की सम्भावना बनती। … पर अटल जी ने हमें उठ कर कुर्सी पेश करने की सज्जनता दिखाई, वही काफी था। याद रहेंगे वे।

अटल सिंह

Design a site like this with WordPress.com
Get started