औरंगाबाद के रंजन कुमार


औरंगाबाद के रंजन कुमार

गांवदेहात डायरी

वह आगे चलता दिखा—दो झंडे लिये। एक तिरंगा और एक धर्म को दर्शाता तिकोना। मैं पीछे से साइकिल पर था। चलते-चलते ही उसका चित्र लिया और फिर उसके पास जाकर साइकिल रोक दी। पूछा—यह क्या लिये हैं और कहां जा रहे हैं?

उसने कहा—“राधे राधे।” मैंने अपना प्रश्न दो बार दोहराया। दोनों बार वही उत्तर—“राधे राधे।” जब मैंने भी “राधे राधे” कहकर उसका अभिवादन स्वीकार किया, तब संवाद खुला।

वह रंजन कुमार है। गांव गोरहाँ, जिला औरंगाबाद, बिहार से आया है। खाटू श्याम तक की यात्रा पर है। अभी तक 200 किलोमीटर चल चुका है। आगे 900 किलोमीटर और जाना है। मैंने उसके पैरों को देखा – चप्पल नहीं है। नंगे पैर। शायद गर्मी से बचाव के लिये उसने दोनो पैरों में क्रेप-बैंडेज बांध रखे हैं। यह भी हो सकता है पैरों में छाले पड़े हों।

बिना पैसे के निकला है। हाथ में मोबाइल है। उसने मुझसे एक सेल्फी लेने का अनुरोध किया। मुझे पूर्व दिशा की ओर—उल्टी दिशा में—मुड़ने को कहा। उसे पता था कि सवेरे के गोल्डन ऑवर में तस्वीर साफ आती तस्वीर लेने के लिये फ्रंट नहीं बैक कैमरे का इस्तेमाल किया उसने। यह भी ध्यान रखा कि रीयर कैमरा ज्यादा मेगा-पिक्सल का है।

उसने धर्म वाला झंडा एक हाथ में थामा था। तिरंगा झंडा पीठ में खोंसा हुआ था। दूसरे हाथ में खाटूश्याम जी की फोटो थी। मुझे उसने फोटो को एक ओर से पकड़ने को कहा फोटो लेने के लिये।

रंजन कुमार के चित्र से एआई द्वारा बनाई पेंटिंग

तस्वीर लेने के बाद उसने बताया कि अपने गांव में बेसहारा वृद्धा-विधवा महिलाओं के लिए एक आश्रम बनाना चाहता है। इस यात्रा के जरिये वह खाटू श्याम जी से अपने प्रोजेक्ट के लिए आशीर्वाद मांगने जा रहा है।

यहीं से मेरे भीतर सवाल उठने लगे।

बिना पैसे के यात्रा का अर्थशास्त्र क्या है? आज के समय में ऐसे यात्रा करते नौजवान कैसे दिख रहे हैं मुझे? नौकरी-रोजगार की कमी है—तो क्या यह एक तरह का पलायनवाद है? या यह रील-इंस्टाग्राम-फेसबुक के दौर का “लाइक-गिनक-टूरिज्म” है?

अस्सी के दशक में अमृतलाल वेगड़ ने नर्मदा परिक्रमा करते बाबाओं को उद्धृत करते लिखा था—परकम्मा पर लोग निकलते हैं जिससे पेट भी भर जाता है और पांव भी पूज जाते हैं। तब भी यात्रा में एक अर्थशास्त्र था—और एक सामाजिक स्वीकृति भी।

शायद वह धारणा आज भी कहीं बनी हुई है। बस उसमें अब सोशल मीडिया जुड़ गया है। रील, लाइक्स, फॉलोअर्स—ये नए “पांव पूजने” के तरीके हैं। अब पेट भी भर सकता है और प्रोफाइल भी।

रंजन कुमार दो झंडे लिये है—तिरंगा और खाटू श्याम जी का झंडा। दो झंडे लेकर चलना दुगना श्रम है। पर वह अपने ध्येय को एक साथ राष्ट्रीय और धार्मिक रूप दे रहा है। शायद इससे उसकी यात्रा की अपील बढ़ती है। शायद इससे रास्ते में मिलने वाले लोगों से उसे ज्यादा सहानुभूति, ज्यादा सहयोग मिलता है। यह एक तरह की नेटवर्किंग भी हो सकती है—अनजाने में या जान-बूझकर।

मेरे भीतर का विश्लेषक उसकी भावना की परतें खोलना चाहता है—जैसे किसी फल को काटकर देखना कि अंदर क्या है। लेकिन मैं अपने आप को रोकता हूँ। हर भावना को डाइसेक्ट करना जरूरी नहीं होता।

फिर भी एक बात साफ दिखती है—उसके द्वारा ली गई सेल्फी किसी न किसी सोशल मीडिया अकाउंट पर जाएगी। वहां उसका उपयोग होगा—शायद उसकी यात्रा के दस्तावेज के रूप में, शायद समर्थन जुटाने के लिए, शायद केवल साझा करने के लिए।

और हो सकता है, रंजन कुमार के जरिये मुझे भी कुछ लाइक्स मिल जाएँ।

अब दुनिया लाइक्स गिनकों की है। जीडी को भी पीछे नहीं रहना चाहिए?

— ज्ञानदत्त पाण्डेय
विक्रमपुर, भदोही
14 अप्रेल 2026

@@@@@@@

साइकिल से घुमक्कडी करते कुंदन आर्य 


कुंदन आर्य के साथ सवेरे का समय

गांवदेहात डायरी

वह नौजवान साइकिल पर आगे एक बोर्ड लगाये था और पीछे कैरियर पर एक बैग। पहली नज़र में लगा—कोई फेरीवाला होगा, जो सवेरे-सवेरे निकल पड़ा है। गांव में ऐसे फेरीवाले अक्सर दिख जाते हैं।

जिज्ञासा हुई तो मैंने अपनी साइकिल आगे बढ़ाई और बोर्ड पढ़ा। तब पता चला—वे फेरीवाले नहीं, बल्कि मुजफ्फरपुर (बिहार) से वृन्दावन की साइकिल यात्रा पर निकले हैं। रोज़ लगभग पचास किलोमीटर चलते हैं, जहां जगह मिल जाये, वहीं रुक जाते हैं। कुल 970 किलोमीटर की यात्रा है, जिसमें अभी करीब 650 किलोमीटर शेष हैं।

नाम है—कुंदन आर्य। उम्र 28 वर्ष। अविवाहित। इससे पहले भी कई साइकिल यात्राएं कर चुके हैं—उज्जैन, ॐकारेश्वर, त्र्यम्बकेश्वर, घृष्णेश्वर और केदारनाथ तक। 2024 में केदारेश्वर की यात्रा की थी, फिर दो साल का विराम रहा। अब दोबारा निकल पड़े हैं।

मैंने पूछा—समय हो तो मेरे घर चाय पीते चलें? वे सहज ही मेरे साथ मुड़ लिये।

घर पर पत्नीजी ने उनका स्वागत किया। हाथ-मुंह धोकर कुंदन ने पहले मिठाई-पानी लिया, फिर चाय। इसी बीच उनकी बातें भी होती रहीं।

मुजफ्फरपुर में वे सरकारी अस्पताल में लोगों को निशुल्क भोजन कराते हैं। सप्ताह में एक-दो दिन, लगभग दो सौ लोगों को भोजन। इसके लिए उन्होंने एक संस्था बनाई है—महादेव फाउंडेशन। फेसबुक-इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं, और उनकी साइकिल पर सहायतार्थ क्यूआर कोड भी लगा है।

लोग मदद करते होंगे—मैंने सोचा। पर कुंदन ने कहा—यात्रा का खर्च तो अपना ही रहता है।

“लोग सहायता कर देते हैं, ढाबे वाले कभी बिना पैसे या कम पैसे में खिला देते हैं। पर मेरा ध्येय मुफ्त तलाशना नहीं है।”

यात्रा के लिए साइकिल भी उन्होंने साढ़े पांच हजार रुपये में खरीदी। मोटे टायर वाली ऑल-टेरेन साइकिल—दुकानदार ने उनका उद्देश्य देख कर रियायत दे दी।

पीछे कैरियर पर एक बैग और साथ में फोल्डिंग मच्छरदानी। जहां जगह मिले—किसी मंदिर के ओसारे में रुक जाते हैं। ज़मीन पर चादर, ऊपर मच्छरदानी—बस, रात गुज़र जाती है।

सुबह ठंडे समय में तीन-चार घंटे चलते हैं—बिना किसी जल्दबाज़ी के। शाम को फिर लंबा चलना होता है। कभी-कभी रात के बारह-एक भी बज जाते हैं।

मैंने पूछा—रास्ते में लोग कैसे मिलते हैं?

कुंदन बोले—“ज़्यादातर अच्छे ही मिलते हैं। मदद करने वाले। पर पांचों उंगलियां बराबर तो नहीं होतीं।”

आधा घंटा साथ बिताने पर लगा—यह लड़का सरल है। यात्राओं का कोई अहंकार नहीं। बार-बार अपनी संस्था और उसके काम की ही बात करता रहा—मानो वही उसका असली लक्ष्य हो।

सरल दिखने वाले लोग अक्सर भीतर से बहुत सुसंगत – व्यवस्थित होते हैं।

उन्हें खुद पता होता है कि वे क्या कर रहे हैं—बस भाषा में नहीं बताते।

वृन्दावन की यात्रा का विचार कैसे आया?

कुंदन कहने लगे—प्रेमानंद महाराज को सुनते रहे। मन में इच्छा जगी कि उनसे मिलना है—वह भी साइकिल यात्रा से उनके पास जा कर।

“दो-तीन दिन सपने में भी आये… फिर मैं रुका नहीं, निकल पड़ा।”

मेरे घर पर कुंदन ने तीस-चालीस सेकंड की एक रील भी बनाई। मैंने उनका फेसबुक पेज देखा—काफी लोग जुड़े हैं। सोशल मीडिया का अच्छा उपयोग कर रहे हैं।

पत्नीजी ने उनके साथ मेरा एक चित्र लिया—साइकिल सहित। गेट तक छोड़ने गया तो उन्हें गले लगा कर विदा किया। अच्छा लगा—28 साल के एक नौजवान से मिलना।

शायद आगे भी कभी बातचीत होती रहेगी।

भारत में केवल महापंडित राहुल सांकृत्यायन और बिमल डे ही नहीं हैं—कुंदन जैसे घुमक्कड़ भी हैं, जिन्हें अब सोशल मीडिया पहचान दे रहा है। उन्हें शायद किसी ग्रंथ-लेखन की दरकार नहीं। नये युग में ग्रंथ लेखन की जगह रील-लाइक्स-फालोवर्स ने बड़ी दक्षता से ले ली है। 

— ज्ञानदत्त पाण्डेय
विक्रमपुर, भदोही
13 अप्रेल 2026 

@@@@@@@

होरमुज़ बंदी और रसोई के कार्बन फुटप्रिंट 


दो अलग दिशाओं में जाती गांव की रसोई 

गांवदेहात डायरी

युद्धों का असली प्रभाव विभीषिकाओं और त्रासदियों में नहीं, लोगों की आदतों में होने वाले परिवर्तन में दिखाई देता है। फारस की खाड़ी और होरमुज़ जलडमरूमध्य मेरे गांव से लगभग 2600 किलोमीटर दूर है। वहां क्या हो रहा है—इससे गांव वालों को सीधा कोई लेना-देना नहीं। पर उसका असर यहां तक पहुंचा है।

मार्च के पहले सप्ताह के अंत तक गांव रसोई गैस की किल्लत से परिचित हो गया। असली दिक्कत तब महसूस हुई जब छोटे सिलिंडर में गैस भरकर बेचने वालों ने हाथ खड़े कर दिए। चाय-समोसे की गुमटियों के शटर बंद हो गए। बम्बई-पूना में काम करने वाले कुछ लड़के वापस आने लगे। उपले, जो एक रुपये के मिलते थे, रातोंरात दो रुपये के हो गए।

उपले बनाने वाली महिलाओं ने उनका आकार भी छोटा कर दिया। झगड़े होने लगे—“ई उपरी अहई कि चपरी?”

मेरा ड्राइवर मेरे घर परिसर में सर्दियों की पेड़-छंटाई से बची सारी लकड़ियां बीन ले गया। लोग लकड़ी और धान की भूसी तलाशने लगे—अपनी रसोई के लिए।

कुल मिलाकर लगभग पूरा गांव अपनी एलपीजी पर निर्भरता आधी से भी ज्यादा घटाकर लकड़ी, उपला और भूसी पर दुगना निर्भर हो गया। गांव की रसोई का कार्बन फुटप्रिंट अनुमानतः 200–300 प्रतिशत बढ़ गया होगा।

मेरे घर में उल्टा हुआ। मैंने अपना सोलर पैनल बढ़ाया—2 kVA से 3 kVA किया। मेरे पास इंडक्शन चूल्हा पहले से था, एक 400 वाट का राइस कुकर भी खरीदा। कुल मिलाकर ₹34,000 का एकमुश्त खर्च किया।

घर की अधिकांश कुकिंग हमने दिन के समय शिफ्ट की, ताकि सोलर चार्जिंग के समय ही पकाने का काम हो। सब्जियों को तलने की बजाय उन्हें स्टीम करने और एक चम्मच तेल में सॉटे करने की विधा अपनाई। रोटियां बनाने के लिए इंडक्शन तवे का प्रयोग किया।

रोज शाम को मैं पूछने लगा—आज गैस का बर्नर ऑन हुआ क्या? हुआ तो कितनी देर के लिए?

गैस अब भी रसोई की मेज पर बीच में राजा की तरह रखा है, पर अब लगता है कि तीन-बर्नर स्टोव की जगह एक छोटा सिंगल-बर्नर रख लिया जाए, और उसे बीच से हटाकर कोने में सरका दिया जाए।

हम अब लगभग 90 प्रतिशत कुकिंग इंडक्शन और राइस कुकर पर—वह भी सोलर ऊर्जा से—कर रहे हैं। रसोई का कार्बन फुटप्रिंट 80–85 प्रतिशत घट गया है।

पहले गैस सिलिंडर 30–35 दिन चलता था। अब 42 दिन हो गए हैं, और उसे उठाने पर लगता है कि आधे से ज्यादा भरा हुआ है। शुरुआती दिनों की तुलना में अब गैस का उपयोग लगातार घटता गया है। अभी बरसात आने में तीन महीने हैं—तब तक सौर ऊर्जा अच्छी मिलेगी और एलपीजी पर निर्भरता शायद 10 प्रतिशत के आसपास रह जाएगी।

होरमुज़ की घटनाओं ने हमारी रसोई पर भी असर डाला है और गांव के बाकी लोगों पर भी—पर हम अलग-अलग दिशाओं में चले हैं।

सत्तर साल की उम्र में मैं कोई नेरेटिव गढ़ने या समाज को बदलने का सपना नहीं देखता। मैं अपना घर ही बदल लूं—वही काफी है। इस मुकाम पर हम वह करने में सफल रहे हैं।

 — ज्ञानदत्त पाण्डेय
विक्रमपुर, भदोही
12 अप्रेल 2026 

@@@@@@@

Design a site like this with WordPress.com
Get started