
सात आठ लोगों का समूह था। अपना सामान लिये गंगा में उभर आये टापू पर सब्जियाँ उगाने के काम के लिये निकला था घर से। गंगाजी में पानी ज्यादा नहीं था।
एक रास्ता पानी में खोज लिया था उन्होने जिसे पानी में हिल कर पैदल चलते हुये पार किया जा सकता था। यह सुनिश्चित करने के लिये कि एक ही रास्ते पर चलें; एक ही सीध में एक के पीछे एक चल रहे थे वे। सब की रफ्तार में अंतर होने के कारण एक से दूसरे के बीच दूरी अलग अलग थी।
सब से आगे एक आदमी था। उसके पीछे दो औरतें। उसके बाद एक बच्चा। बच्चा इतना छोटा नहीं था कि पार न कर सकता गंगा के प्रवाह को। पर था वह बच्चा ही। डर रहा था। उसकी मां उससे आगे थी और शायद मन में आश्वस्त थी कि वह पार कर लेगा; अन्यथा उसके आगे वह काफी दूर न निकल जाती। इतना धीरे चलती कि वह ज्यादा दूर न रहे।
बच्चा डरने के कारण बहुत बोल रहा था, और इतने ऊंचे स्वर में कि मुझे दूर होने पर भी सुनाई पड़ रहा था। मां भी उसी तरह ऊंची आवाज में जवाब दे रही थी।
माई, पानी बढ़त बा! (माँ, पानी बढ़ रहा है!)
कछु न होये, सोझे चला चलु। (कुछ नहीं होगा, सीधे चला चल)।
पनिया ढेर लागत बा। (पानी ज्यादा लग रहा है।)
न मरबे। (मरेगा नहीं तू।)
अरे नाहीं! माई डर लागत बा। बुडि जाब। (अरे नहीं माँ, डर लग रहा है। डूब जाऊंगा।)
न मरबे! चला आऊ! (नहीं मरेगा; चला आ।)
आगे का आदमी और स्त्री टापू पर पंहुच चुके थे। लड़का एक जगह ठिठका हुआ था। मां को यकीन था कि वह चला आयेगा। टापू पर पंहुच कर उसने पीछे मुड़ कर लड़के की ओर देखा भी नहीं। धीरे धीरे लड़का गंगा नदी पार कर टापू पर पंहुच गया। उनकी गोल के अन्य भी एक एक कर टापू पर पंहुच गये।
नेपथ्य में सूर्योदय हो रहा था। हो चुका था। लड़के को सूरज की झिलमिलाती परछाईं पार कर आगे बढ़ते और टापू पर पंहुचते मैने देखा। … अगले सीजन तक यह लड़का दक्ष हो जायेगा और शेखी बघारेगा अपने से छोटों पर। गंगा पार होना उसने सीख लिया। ऐसे ही जिन्दगी की हर समस्या पार होना सीख जायेगा।
माई डर लागत बा। बुडि जाब। (माँ, डर लग रहा है। डूब जाऊंगा।)
न मरबे! चला आऊ! (नहीं मरेगा; चला आ।)

Probably one of your best post. God bless you.
LikeLike
आपके शब्द सार-गर्भित होते है और हमेशा दिल को छू जाने वाले प्रकरण। आसपास के प्रसंग और हमारे जैसे लोगो के जीवन को इतनी खूबसूरती से और आसानी से आप जिवंत कर देते है की हर अपडेट के लिए उत्स्य्क रहता हूँ।
LikeLike
धन्यवाद धर्मवीर जी!
LikeLike
माँ के मन का आत्म विश्वास और बच्चे का भय, गजब का समन्वय। incidentally “मुस्कान” शायद पोस्ट नहीं हो पायी।
LikeLike
“मुस्कान” इस पोस्ट का सीक्वेल है। उसके चित्र डाउनलोड करने में समस्या थी। अब वह कल पोस्ट होगी।
LikeLike
वाह! आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की शिक्षा, गंगा मैया स्टाइल …
LikeLike
ओह, मैं भी चमत्कृत रह गया था इस आदान-प्रदान से!
LikeLike
लगे रहो, डटे रहो
मंजिल मिल ही जायेगी
संघर्ष से बड़ी शक्ति कोई नहीं
LikeLike
निश्चय ही, एक बार तो विजय पाने दें बच्चों को उनके भय पक्षों पर। सरल और सीधा।
LikeLike
बच्चों को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने का ये ही तरीका है जो ग्रामीण जन जानते है.
LikeLike
जिन्दगी ऐसे ही सिखा देती है कठिनाइयों को पार करना.
LikeLike
There can’t be a better blog. Thank you sir. Few words and you take us to a different world with all its vitality. Life as it is!
I feel proud to know that you and you halchal is there.
LikeLike