शाम 7 बजे ‘बोधई’ का बाटी चोखा


रवींद्रनाथ जी यदा कदा मिलते हैं। उनकी और हमारी दूरी रेल लाइन पार करने की है। अन्यथा हमारी प्रवृत्तियां मेल खाती हैं। वे भी मेरी तरह गांव के बाहर व्यवसाय की लम्बी पारी खेल कर दूसरी पारी के लिये गांव आये हैं। वे भी मेरी तरह गांव में अपनी सूखी जड़ों को पुष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं। वे भी, मेरी तरह गांव के बदले बदले अंदाज से हतप्रभ, दुखी और तालमेल तलाशते नजर आते हैं।

कल उन्होने बताया कि अपने घर के सामने वे आसपास के आठ दस लोगों के साथ शाम के समय कऊड़ा पर बैठते हैं। आपस की बातचीत होती है और कभी कभी यह होता है कि वहीं बाटी चोखा बना कर भोजन भी हो जाता है। एक दो लोग हैं जो बाटी चोखा बनाने में कुशल हैं। कुल मिला कर अच्छा सामाजिक मेल मिलाप हो जाता है।

मैंने भी अपनी इच्छा जताई कि एक दिन उस कऊड़ा में बैठ कर अनुभव लेना चाहूंगा। और रवींद्रनाथ जी ने कहा – क्यों नहीं! आज ही शाम को।

यह तय हुआ कि शाम सात बजे उनके यहां पंहुचूंगा। आठ बजे तक बैठकी होगी अलाव के इर्दगिर्द। उसी दौरान भोजन भी बनेगा अलाव पर। भोजन के बाद साढ़े आठ बजे तक घर वापसी हो जायेगी। जनवरी/माघ की सर्दी में उससे ज्यादा बाहर नहीं रहना चाहता था मैं और रवींद्रनाथ जी भी उस समय तक कऊड़ा सम्मेलन समाप्त करने के पक्ष में थे।

बाटी चोखा आयोजन की मेजबानी श्रीमती शैल और श्री रवींद्रनाथ दुबे ने की। चित्र रात साढ़े सात बजे।

शाम 7 बजे, अंधेरा हो गया था। ठीक समय पर मैं उनके यहां पंहुच गया। बाटी एक टेबल पर गोल गोल बनाई जा चुकी थी। चोखा भी बन गया था और एक स्टील की बाल्टी में रखा गया था। एक ओर उपले की आग जल रही थी और उसके बगल में एक ईंट के मेक-शिफ्ट चूल्हे पर दाल का पतीला चढ़ा रखा गया था।

बाटी के लिये जलते उपले (बांये) और चूल्हे पर चढ़ा दाल का पतीला

जय प्रकाश ‘बोधई’ दुबे मुख्य कार्यकर्ता थे इस आयोजन के। उन्होने बताया कि साढ़े पांच बजे से बाटी-चोखा बनाने का कार्यक्रम प्रारम्भ कर दिया था। मेरे सामने जय प्रकाश एक कुशल रसोईये की तरह काम कर रहे थे। रवींद्रनाथ जी ने कहा कि अगर मुझे बाटी-चोखा के आईटम्स पर बाद में लिखना हो तो सभी के चित्र ले लिये जायें! लिखने में आसानी रहेगी।

  • baati
  • chokha
  • Puppy near fireplace
  • daal
  • rice cooking
  • jay prakash 'bodhai'

कुल सात आठ लोग थे वहां। रवींद्रनाथ दुबे जी की पत्नी शैल भी थीं। मैं उन्हे मौजूद देख अपनी पत्नीजी को फोन कर उन्हे आने को कहा, पर वे रजाई में लेटी थीं और आने को तैयार नहीं हुईं। मेरा बेटा ज्ञानेंद्र जरूर मेरे साथ था।

जय प्रकाश की सामान बेचने की कुशलता के बारे में रवींद्रनाथ जी ने टिप्पणी की – ‘बहुत होशियार है जय प्रकाश। गंजे को कंघी ही नहीं; मुर्दे को चवनप्राश भी बेचने का हुनर रखता है!’

जय प्रकाश ‘बोधई’ बड़ी कुशलता से बाटियां उलटते, पलटते; चावल की बटुली में कड़छुल हिलाते मुझसे बातें भी करते जा रहे थे। वे बम्बई में सेल्स मैन हैं – सूटकेस, बैग आदि यात्रा हेतु सामान रखने वाले आईटमों की दुकान में काम करते हैं। सन 2020 के समय होली पर गांव आये थे। उसके बाद कोरोना संक्रमण का लॉकडाउन चल गया। जिस दुकान में वे सेल्समैन थे, लगता है उस कंज्यूमर ड्यूरेबल चीजों का काम अभी भी गति नहीं पकड़ सका है। अभी वे गांव पर ही हैं, “पर जल्दी ही बम्बई लौटेंगे”।

कुल मिला कर पूरी दुकानदारी और सेल्समैनी चाइना छाप माल बेचने में पारंगत है। सेल्समैन के गुणों के मोहजाल में स्वदेशी और राष्ट्रवाद से ओतप्रोत ग्राहक कड़क से मुलायम बनते हुये अंतत: चाइनीज पर टूटता है! आत्मनिर्भरता तेल लेने चली जाती है!

इसी पोस्ट से
जो ग्राहक ज्यादा ‘कड़ा’ होता है, ब्राण्डेड ही लेना चाहता है और चाईनीज पर नहीं टूटता; वह भी बिल बनाते समय साढ़े अठारह परसेण्ट का जी.एस.टी. जोड़ने पर माथा थाम लेता है! :-D

जय प्रकाश की सामान बेचने की कुशलता के बारे में रवींद्रनाथ जी ने टिप्पणी की – ‘बहुत होशियार है जय प्रकाश। गंजे को कंघी ही नहीं; मुर्दे को चवनप्राश भी बेचने का हुनर रखता है!’

‘बोधई’ ने बताया कि बम्बई के शो रूम पर ग्राहक सामान्यत: ब्राण्डेड सूटकेस लेने आता है। वी.आई.पी., सफारी या सैम्सोनाइट ब्राण्ड। पर जब दाम सुन कर ‘मुलायम’ होता है, तब वे दुकानदार/सेल्समैन के लिये ज्यादा मार्जिन वाले चीनी, थाई या और कहीं के बने सूटकेस दिखाने लगते हैं। मजबूती का भरोसा देने के लिये उसपर बैठ कर, घूंसा मार कर दिखाते हैं। ग्राहक की कद काठी के हिसाब से उसे सूटकेस पर कूदने का भी ऑप्शन देते हैं। वह सब ग्राहक को सस्ता भी पड़ता है और बेचने में मार्जिन भी खूब मिलता है।

जो ग्राहक ज्यादा ‘कड़ा’ होता है, ब्राण्डेड ही लेना चाहता है और चाईनीज पर नहीं टूटता; वह भी बिल बनाते समय साढ़े अठारह परसेण्ट का जी.एस.टी. जोड़ने पर माथा थाम लेता है! :-D

कुल मिला कर पूरी दुकानदारी और सेल्समैनी चाइना छाप माल बेचने में पारंगत है। सेल्समैन के गुणों के मोहजाल में स्वदेशी और राष्ट्रवाद से ओतप्रोत ग्राहक कड़क से मुलायम बनते हुये अंतत: चाइनीज पर टूटता है! आत्मनिर्भरता तेल लेने चली जाती है!

यह महसूस हुआ कि ग्राहक चाहता है भारतीय सामान लेना और वापरना। पर यह भी जरूरी है कि दाम में उसे इतना पेरा न जाये कि वह दोयम दर्जे के चाईनीज माल की ओर देखे।

सब भोज्य पदार्थ बनने के बाद रवींद्रनाथ जी भोजन के लिये आमंत्रित करने में देर नहीं करते। ‘बोधई’ का बनाया बाटी-चोखा-दाल-चावल A++ कोटि का है। वे भले ही कुशल सेल्समैन हों; अपनी पाक कला की तारीफ खुद नहीं करते। उसके लिये हम ही स्वत: बोलते हैं। एक अच्छा बना भोजन किसी सेल्समैन की दरकार नहीं रखता। भोजन के बाद – सवा आठ बजे, हम घर वापसी की जल्दी मचाते हैं। सर्दी का मौसम है। घर पंहुचने की तलब है।

जय प्रकाश ‘बोधई’ दुबे भोजन बनाते हुये।

सर्दी ज्यादा न होती तो एक आध घण्टा और बैठ कर जय प्रकाश ‘बोधई’ दुबे के संस्मरण और उनकी बोलने की शैली का आनंद लेते। गांव का यह नौजवान; जो दसवीं तक ही पढ़ा है; दुनियां के हर एक देश और उसकी सभ्यता-संस्कृति की जानकारी भी रखता है। यह जानकारी उसे बेहतर सेल्समैन बनाती होगी।

मार्क जुकरबर्ग ने कभी कहा था कि “जवान लोग पहले वाली पीढ़ियों के मुकाबले कहीं ज्यादा स्मार्ट हैं।” और जय प्रकाश में उसका उदाहरण मुझे प्रत्यक्ष दिख रहा था।

आगे, फिर कभी मिलूंगा जय प्रकाश ‘बोधई’ से; उनके बम्बई जाने के पहले!


Gyan Dutt Pandey: || Twitter || Facebook Page || Instagram


कुहासा – रीपोस्ट



यह 5 जनवरी 2009 की पोस्ट है। सामान्यत: उस समय मैं रेलवे के बारे में कोई पोस्ट नहीं लिखता था। पर कुहासे का मौसम। दिन पर दिन निकल रहे थे कोहरे में। मुगलसराय-गाजियाबाद खण्ड पर वैसे ही बहुत यातायात हुआ करता था और कोहरे के मौसम में गाड़ियां 8 से 25 किमीप्रघ की रफ्तार से रेंगती थीं। आप कुछ कर नहीं सकते थे; सिवाय तनाव ग्रस्त होने के। और मेरे पास उत्तर मध्य रेलवे का मालगाड़ी परिचालन का चार्ज हुआ करता था।

यह छोटी पोस्ट वही तनाव व्यक्त करती है। वर्ना आजकल तो आनंद है। कोहरे का भी आनंद!

कल एक सज्जन ने क्या टिप्पणी की ब्लॉग पर! – “आप बहुत खलिहर आदमी है, ना खेती की चिंता, ना गाय भैंस गोरू की चिंता, कितनी अच्छी है आपकी जिंदगी।”

उन्हे क्या मालुम कि यह अवस्था कितने तनाव से गुजरते आयी है। और आज भी कितने गम हैं जमाने में मुहब्बत के सिवा! :)


मौसम कुहासे का है। शाम होते कुहरा पसर जाता है। गलन बढ़ जाती है। ट्रेनों के चालक एक एक सिगनल देखने को धीमे होने लगते हैं। उनकी गति आधी या चौथाई रह जाती है।

हम लोग जो आकलन लगाये रहते हैं कि इतनी ट्रेनें पार होंगी या इतने एसेट्स (इंजन, डिब्बे, चालक आदि) से हम काम चला लेंगे, अचानक पाते हैं कि आवश्यकता से पच्चीस तीस प्रतिशत अधिक संसाधन से भी वह परिणाम नहीं ला पा रहे हैं। सारा आकलन – सारी प्लानिंग ठस हो जाती है।

Photo by Johannes Plenio on Pexels.com

सारी ब्लॉगिंग बन्द। सारा पठन – सारी टिप्पणियां बन्द। फायर फाइटिंग (या सही कहें तो कुहासा फाइटिंग) चालू। जब तक मौसम नहीं सुधरता, तब तक यह खिंचाव बना रहेगा।

मेरा कमरा, मेरे फोन, मेरा इण्ट्रानेट (जो मालगाड़ी परिचालन बताता है ऑनलाइन) और मेरे कागज – यही साथी हैं। खुद तो बाहर निकल कुहासा देख भी नहीं पा रहा।

चार घण्टे हो गये पहले के दिये निर्देशों को। चलें, देखें, कितनी बढ़ी गाड़ियां। कितना सुधरा या खराब हुआ ट्रेन परिचालन।


विष्णु मल्लाह – गंगा-नाव-मछली ही उसका जीवन है!


विष्णु से मैने कहा था कि बाद में कभी गंगा उस पार ले जाने और वापस आने की नाव-सैर करा दे। पर वह तुरत ले जाने को तैयार हो गया।

“चलिये अभी। आधा घण्टे में वापस आ जायेंगे।”

विष्णु मछली बेच नाव ले कर निकल लिया था। वापास आ कर मुझे ले गंगा उस पार चला उसके बाद।

अब मैं बैकफुट पर था। मैंने सोचा था कि अभी तो चार बजे से मछली पकड़ने में लगे विष्णु को घर जाने की जल्दी होगी पर वह मेरे साथ गंगा जी की एक ट्रिप को तैयार हो गया। उल्टे, मुझे घर लौटने की कुछ जल्दी थी (एक कप चाय की तलब)। पर विष्णु के साथ समय भी गुजारना चाहता था। मैने पूछा – कितना लोगे?

“आप जो दे दें।”

मैने कम कहा तो? … मैने कहा, …  50-60 रुपये ठीक रहेंगे?

“ठीक है; साठ दे दीजियेगा। चलिये।”

वह नाव के एक सिरे पर बैठा डांड/पतवार के साथ। दूसरी ओर उसका जाल पड़ा था। मैं नाव के फ़र्श पर बीच में बैठा।

वह नाव के एक सिरे पर बैठा डांड/पतवार के साथ। दूसरी ओर उसका जाल पड़ा था। मैं नाव के फ़र्श पर बीच में बैठा। वह नाव चलाने लगा और मैं उससे उसके बारे में पूछने लगा।

चार भाई और तीन बहने हैं वे। कुछ की शादी हो गयी है और कुछ अभी कुंवारे हैं। वह अभी छोटा है।

कितनी उम्र होगी तुम्हारी?

“आपको कितनी लगती है?”

मैने कहा – 18/19 या उससे कम। उसने हामी भरी – “इतनी ही है।”

पढ़ाई नहीं की विष्णु ने। जब मछली ही पकड़नी है तो पढ़ाई का क्या फायदा? बचपन से ही मछली पकड़ी है। जब नींद खुलती है, चला आता है नदी में मछली पकड़ने। उस पार सामने गांव है उसका – सिनहर। मल्लाहों के कई घर हैं सिनहर में। पर पूरा गांव मल्लाहों का नहीं है। जैसे केवटाबीर में तो मल्लाह ही हैं। वहां तो करीब 50 नावें होंगी। सिनहर गांव में करीब 4-5 नावें हैं।

मछली खूब मिल जाती हैं। खरीददार भी तैयार मिलते हैं। तुरन्त बेच कर पैसा मिल जाता है।

मछली खरीददारों के साथ विष्णु

तुम अकेले थे। खरीददार बहुत सारे। कभी उनसे लड़ाई नहीं होती?

लड़ाई काहे होगी। हां, उनकी आपस में कभी कभी मार हो जाती है कि कौन कितनी मछली लेगा। दाम जरूर वे पूरा नहीं देते। दस बीस रुपया रोक लेते हैं। बाद में वह मिल नहीं पाता।

अपना काम तुम्हें पसन्द है?

“पसन्द का क्या; यही काम है। कोई बेलदारी (राज-मिस्त्री) का काम तो आता नहीं मुझे। यही ठीक है।”

मैने पूछा – अगर तुम्हारा पुनर्जन्म हो, तो तुम मल्लाह बनना चाहोगे?

वह सवाल नहीं समझता। मैं उससे दूसरी तरह से पूछता हूं – कभी ऊब नहीं होती अपने काम से? रोज नाव, रोज मछली… वह ऊब को भी समझ नहीं पाता – काम ही यही है। जाल बिछाना, मछली पकड़ना और बेचना। यही करना है।

पढ़ाई नहीं की विष्णु ने। जब मछली ही पकड़नी है तो पढ़ाई का क्या फायदा? बचपन से ही मछली पकड़ी है। जब नींद खुलती है, चला आता है नदी में मछली पकड़ने। गंगा उस पार सामने गांव है उसका – सिनहर। मल्लाहों के कई घर हैं सिनहर में।

अपने सवाल को और तरह से प्रस्तुत करता हूं मैं – जैसे तुम्हारी बिरादरी में लोग यह नहीं कहते कि क्या यही काम किये जा रहे हैं। बदलने के लिये यहां से दिल्ली-बम्बई क्यों नहीं चले जाते?

“हां, कुछ लोग ऐसा करते हैं। कई करते हैं। पर मैं तो यहीं रहूंगा। मछली पकड़ना ही ठीक है।”

मैं समझ गया कि विष्णु सही में हार्डकोर मछेरा है। गंगा-नाव -मछली ही उसका जीवन है और उसी में वह आत्मन्येवात्मनातुष्ट है। आज मुझे एक ऐसा व्यक्ति मिला है जो अपने काम में पूरी तरह लगा है। अन्यथा लोग किसी न किसी मुद्दे पर असंतुष्ट या अनमने ही दिखते हैं।

मैं समझ गया कि विष्णु सही में हार्डकोर मछेरा है। गंगा-नाव -मछली ही उसका जीवन है और उसी में वह आत्मन्येवात्मनातुष्ट है। आज मुझे एक ऐसा व्यक्ति मिला है जो अपने काम में पूरी तरह लगा है।

मुझे यह भी अहसास हुआ कि मल्लाह/नाविक/किशोर के स्तर पर बातचीत करने के लिये मुझे भाषा और भाव – दोनों में ही अपने आप को सुधारना होगा। किताबी वाक्य बहुत साथ नहीं देते। सम्प्रेषण के अपने अलग अलग स्तर हैं, अलग अलग आयाम…

नदी की बीच धारा में कुछ बह रहा था – वह क्या है?

“पंड़िया (भैंस का बच्चा) है। मर जाने पर किसी ने बहा दी है।”

गंगा मोक्षदायिनी हैं। पंड़िया को भी शायद मोक्ष के किसी कोने-अंतरे में जगह मिल जाये।

बात करते करते नदी का दूसरा किनारा आ गया। मैने पूछा – उतरा जाये यहां?

बात करते करते नदी का दूसरा किनारा आ गया। मैने पूछा – उतरा जाये यहां?

विष्णु का विचार था कि वह ठीक नहीं रहेगा। किनारे पर रेत में मिट्टी भी है। इसलिये फ़िसलन है यहां। फिर कभी आने पर किसी और जगह नाव लगायेगा उतरने के लिये। हम वापस चले। इस समय उसका मोबाइल बजा। उसके घर से फोन आया कि लौटते हुये एक पाव मछली लेता आये खाने के लिये। उसने कहा कि उसे नींद तो आ रही है, पर मुझे उतार कर एक पाव मछली का जुगाड़ करेगा। लेकर ही घर जायेगा।

अब वह कुछ खुल गया था मुझसे – “मुझे फ़िकर हो रही है कि उंगली में मछली का कांटा गड़ गया है और यह महीना भर परेशान करेगा। पक जाये तो ठीक है। खोदने पर निकल आयेगा। वर्ना कांटा ऐसा होता है कि निकालने की कोशिश करो तो और अन्दर धंसता जाता है। हांथ में दर्द बढ़ा तो नाव चलाना मुश्किल हो जायेगा।”

वापस मेरी तरफ के तट की ओर मैने वह स्थान बताया जहां अपनी साइकिल खड़ी कर रखी थी। उसी के पास वापसी में नाव ले आया वह। उसके नाव चलाने में दक्षता नजर आ रही थी। उतरने पर मैने उसे सौ रुपये दिये। कहा कि साठ के बदले सौ रख लो। सामान्य सा खुशी का भाव उसके चेहरे पर दिखा।

मैने उसका मोबाइल नम्बर मांगा। उसने अपना मोबाइल मेरी ओर बढ़ा दिया – नम्बर मुझे याद नहीं। आप इससे अपने नम्बर पर कॉल कर लें। उससे नम्बर आपके पास आ जायेगा।

घर देर से पंहुचा। बताने पर कि मल्लाह के साथ गंगा की सैर कर आ रहा हूं तो पत्नीजी ने भी भविष्य में ऐसी सैर की इच्छा जताई। शाम के समय विष्णु को मोबाइल पर फोन किया तो उसने बताया कि शाम पांच बजे वह फिर नाव पर आ गया है। दो तीन घण्टा मछली पकड़ेगा।

गंगा-नाव -मछली ही उसका जीवन है!

मुझे उतार कर अपनी नाव में लौटता विष्णु।


Design a site like this with WordPress.com
Get started