डोमिनगढ़


डोमिनगढ़ के पास ककरा नदी पर पॉण्टून पुल। दांयी ओर रेल पुल है।
डोमिनगढ़ के पास ककरा नदी पर पॉण्टून पुल। दांयी ओर रेल पुल है।

किसी स्थान के बारे में मैं अगर सोचूं कि अनूठे कोण से लिख सकता हूं, तो वह गंगा के कछार के अलावा सम्भव नहीं। वहां मेरे साथ कोई सरकारी अमला नहीं होता था। ज्यादातर मैं कुरता पायजामा में होता था। या फ़िर जींस का पैण्ट। वहां के केवट, सब्जी उगाने वाले, मछेरे, ऊंट वाले या नित्य के स्नानार्थी मुझे निरीह जीव मानते थे। कुछ सिरफिरा जो अटपटे सवाल करता या कुछ फोटो खींचता था। कुछ को मैने यह बताया भी था कि उनसे बातचीत कर मैं क्या और कैसे उसे नेट पर प्रस्तुत करता हूं। कुल मिला कर गंगाजी के कछार में मैं घुल मिल सा गया था। अवैध शराब बनाने वालों की गतिविधियों पर ताक झांक करने का अपना एक खतरा था। पर उन लोगों से कोई सीधा टकराव नहीं हुआ। शान्तिपूर्ण सह-अस्तित्व!

लेकिन वैसा यहां गोरखपुर में नहीं है। यहां ऑस्टियो अर्थराइटिस पता चलने के कारण बहुत लम्बा पैदल नहीं चल पाता। वाहन से जाने पर कम से कम सरकारी एम्बेसडर कार और उसका सरकाई ड्राइवर मुझे रेलवे के लोगों से अलग थलग तो करता ही है, आम जनता में भी घुलने मिलने में सहायक नहीं है। यह मुख्य कारण है कि मेरी ब्लॉग पर गतिविधि कम हो गयी है। निकलना हो नहीं रहा है और निकलना जो हो भी रहा है वह रेलवे का प्रोटेक्टिव आवरण साथ होने के कारण इन्स्युलर है।

फिर भी जब कल डोमिनगढ़ (गोरखपुर से पश्चिम की ओर पहला स्टेशन) गया तो यह भाव ले कर गया कि पटरियों और सिगनल/स्टेशन के अलावा भी कुछ देखने का यत्न करूंगा। उस भाव की रक्षा हुयी – कुछ सीमा तक।

रेलवे स्टेशन पर यह वेटिंग हॉल जाने कब से बन रहा है।
रेलवे स्टेशन पर यह वेटिंग हॉल जाने कब से बन रहा है।

मेरे साथ मेरे यातायात  नियोजन के सहकर्मी मनीश, लखनऊ मण्डल के गोरखपुर में पदस्थ यातायात निरीक्षक श्री डीके श्रीवास्तव और मेरे वाहन चालक देवीप्रसाद साथ थे। गोरखपुर की संकरी सड़कों के बाजार से गुजरते हुये हम डोमिनगढ़ स्टेशन के लेवल क्रॉसिंग पर पंहुचे। यह लेवल क्रॉसिंग उत्तर की ओर संकरा हो गया है। इस समपार फ़ाटक के स्थान पर रोड ओवर ब्रिज बनाने का काम कई साल पहले प्रारम्भ हुआ होगा। उसके लिये सड़क के बीचोबीच खम्भे बन गये। फिर काम रुक गया। अब न रोड ओवर ब्रिज बन रहा है, न लेवल क्रॉसिंग गेट ठीक से काम कर पा रहा है।  काम न करने की कीमत लोग नित्य असुविधा के रूप में भुगत रहे हैं। स्टेशन से पहले सूर्यकुण्ड पड़ा। मिथक है कि राम अयोध्या वापस लौटते समय यहां रुके थे। यह तो जनकपुर के रास्ते में पड़ता होगा; लंका के रास्ते में नहीं। अत: शायद राम ससुराल से लौटते यहां आये हों। कोई बहुत आकर्षक नहीं था कि मैं वहां रुकता। किसी बड़े गांव के पोखरा जैसा था।

स्टेशन से नदी के रास्ते यह कचरा-अम्बार। वाहन का शीशा नहीं खोला वहां से गुजरते।
स्टेशन से नदी के रास्ते यह कचरा-अम्बार। वाहन का शीशा नहीं खोला वहां से गुजरते।

स्टेशन देखने के बाद मैने नदी देखने की इच्छा जताई। श्रीवास्तव जी ने मुझे बताया कि पास में ही है नदी। पर बहुत गन्दगी है। रास्ता भी संकरा है। मैने फिर भी वहां जाना चाहा। गया भी।

तीन नदियां हैं – ककरा, रोहिणी और राप्ती – ऐसा श्रीवास्तव जी ने बताया। यह पास वाली नदी ककरा है। दोनो नदियां आगे जा कर राप्ती में मिल जाती है।

डोमिनगढ़ स्टेशन ऊंचाई पर बना है पर उसके साथ की जमीन कछारी है। रिहायशी इलाकों को बचाने के लिये बन्ध बना है। अन्यथा नीचे के इलाकों में हर साल बाढ़ आ जाये। निचले इलाकों में अभी भी हर साल पानी भर जाता है।


इस क्षेत्र में प्रॉजेक्ट निर्माण की दशा –

टिपिकल यूपोरियन कंस्ट्रक्शन सिण्ड्रॉम। आधा तीहा काम होता है। तब तक पैसा चरित्रहीनता का असुर लील जाता है। उसके बाद वर्षॉं इंतजार होता है प्रॉजेक्ट के पूरा होने का। तब तक जो बना है, वह भी उपेक्षा में क्षरित होने लगता है।

योजनायें पूरा होने में अधिक समय। खर्चों की अधिकता। व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर की अभावग्रस्तता। अराजक दशा का भाव। छुटभैयों-माफिया की रंगदारी का माहौल… यह सब दीखता है।


ककरा नदी तक जाने वाली सड़क पर गिट्टी बिछी थी। डामरीकरण नहीं था। सो बहुत धूल थी। आते जाते ट्रक कूड़े से लदे थे। वे सड़क के किनारे कछारी इलाके में कूड़ा डम्प कर रहे थे। यह क्षेत्र गोरखपुर के कूड़े का लैण्डफिल था। आते जाते 5-6 ट्रक/ट्रॉली देखे मैने। कचरा/लैण्डफिल और गन्दगी – बीमारियों का उत्तमोत्तम स्थान। पास में जो घर थे, वे भी बहुत सम्पन्न लोगों के नहीं थे। कौन धनी ऐसी जगह रहेगा भला?!

नदी किनारे धोबीघाट। कई धोबी घाट हैं यहां।
नदी किनारे धोबीघाट। कई धोबी घाट हैं यहां।
धोबीघाट पर सूखने को टंगे कपड़े।
धोबीघाट पर सूखने को टंगे कपड़े।

नदी से पहले कई उथले जगहों में पानी के तालाब थे। ऐसे ही एक तालाब के किनारे, सड़क से सटा धोबी घाट था। पक्की इमारत। करीब पन्द्रह बीस रजक वहां कपड़े धोते दिखे। कपड़ों में वस्त्र तो नहीं थे – ज्यादा तर होटलों, टेण्ट हाउस वालों के कपड़े दिखे। रुका हुआ, लैण्डफिल के पास का दूषित जल। उसमें धुलते यह कपड़े। भगवान ही बता सकते हैं कि उनका प्रयोग करने वाले कितना रिस्क लेते होंगे चर्म और अन्य रोगों का। घरों में अब वाशिंग मशीने हैं सो इस प्रकार के सार्वजनिक वस्त्र-प्रक्षालन से मुक्ति मिल गयी है।

नदी में जल अधिक नहीं था (मैं मन ही मन गंगा नदी से तुलना कर रहा हूं); पर जल में बहाव अच्छा था। सड़क एक पाण्टून पुल से गुजरती है उस पार जाने के लिये। उस पार एकाध मन्दिर, उनकी ध्वजायें और झोंपड़ियां/ पक्के मकान थे करार पर। बायीं ओर रेल पुल था – दोहरी लाइन का। उनकी बगल में एक संकरा पुल था – शायद पैदल के लिये।

एक बड़ा पुल दायीं ओर निर्माणग्रस्त था – वैसे ही जैसे स्टेशन पर रोड-ओवर-ब्रिज था। पुल के पिलर बन चुके थे पर पुल बनने का काम वर्षों से रुका पड़ा था।

कंकरा नदी पर निर्माणग्रस्त सड़क पुल।
कंकरा नदी पर निर्माणग्रस्त सड़क पुल।

अधबना रुका पुल। टिपिकल यूपोरियन कंस्ट्रक्शन सिण्ड्रॉम। आधा तीहा काम होता है। तब तक पैसा चरित्रहीनता का असुर लील जाता है। उसके बाद वर्षॉं इंतजार होता है प्रॉजेक्ट के पूरा होने का। तब तक जो बना है, वह भी उपेक्षा में क्षरित होने लगता है। ऐसा ही मुझे डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी दिखा था। वहां एक वेटिंग हाल जाने कब से बन रहा था और नीव पूरी होने पर काम छोड़ दिया गया था। पिलर के सरिया भर दिख रहे थे – स्टील का एकाबेना बनाते। … मुझे मायूसी होने लगी।

बाबू। 'एकाध किलो मछली पकड़ लेते हैं रोज'
बाबू। ‘एकाध किलो मछली पकड़ लेते हैं रोज’

दूर चिता जल रही थी। श्मशान भी है यहां। तभी तो शायद नाम है – डोमिनगढ़।

मैं अपना ध्यान बंटा रेल पुल के नीचे मछली पकड़ने वालों को निहारने लगा। एक लम्बी कंटिया/लग्गी लिये जवान आता दिखा। पूछा तो नाम बताया बाबू। यहीं घण्टाघर में काम करते हैं। काम से छूट कर ककरा नदी में मछली पकड़ते हैं। “काम भर को मिल जाती है – एकाध किलो। भाग्य अच्छा हुआ तो किसी दिन बड़ी मछली भी हाथ लग जाती है।” बाबू के पास समय की कमी हो, ऐसा नहीं लगता था। पर वह अपने को बहुत व्यस्त दिखा रहा था। खैर फोटो तो खिंचा ही लिया!

हम ककरा नदी किनारे से वापस हो लिये। कभी मौका मिला तो रोहिणी और राप्ती किनारे भी चक्कर लगेगा। … ये सभी नदियाँ अंतत: मिलती तो गंगा में ही हैं।

नदियाँ चरित्र का प्रवाह हैं। नदियां स्वस्थ हैं तो चरित्र स्वस्थ है।

सिनेमा संगीत का विस्तृत शास्त्रीय अध्ययन – श्री कन्हैयालाल पाण्डेय


श्री कन्हैयालाल पाण्डेय
श्री कन्हैयालाल पाण्डेय

श्री कन्हैयालाल पाण्डेय।

वे कुछ समय पहले तक रेलवे मेँ अतिरिक्त सदस्य (वाणिज्य) थे। अब रेलवे से सेवा निवृति ले कर यहां गोरखपुर में रेल दावा ट्रिब्यूनल में सदस्य (तकनीकी) बने हैं।

कल वे मेरे चेम्बर में पधारे।

उनकी ख्याति जितनी रेलवे में है, उससे कहीं ज्यादा फिल्म संगीत के अध्ययन के क्षेत्र में है। इसके अलावा उन्होने हिन्दी साहित्य में भी प्रयोग किये हैं। उनकी कई पुस्तकें कविता, सटायर और लघु कथा के विषय में हैं।

हिन्दी फिल्में, फिल्म संगीत, हिन्दी साहित्य – कविता, सटायर और लघु कथायें – ये सभी ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें मेरी जानकारी न के बराबर है। अत: उनसे मैं अपनी ओर से बहुत कुछ नहीं पूछ पाया। श्री पाण्डेय ने जो बताया, वह ब्लॉगर-धर्मिता के साथ प्रस्तुत कर रहा हूं।

श्री कन्हैयालाल पाण्डेय के पास डेढ़ लाख से अधिक गीतों के ऑडियो/वीडियो और 2-2 हजार हिन्दी-अंग्रेजी फिल्मों का संकलन है। “यह रखने के लिये बड़ा घर चाहिये। तभी मैं बड़े घर की इच्छा करता हूं। अन्यथा व्यक्तिगत आवश्यकता अधिक नहीं है।” – श्री पाण्डेय ने बताया।

स्कूली शिक्षा में संगीत उनका एक विषय था। अत: बीज तो वहीं से पड़ा था संगीत के बारे में। शास्त्रीय संगीत का गहन ज्ञान कालान्तर में उन्होने स्व. ठाकुर सुकदेव बहादुर सिंह जी से अर्जित किया। गीतों के संकलन का चस्का लगा तो उनके पीछे रागों की मैलोडी (माधुर्य?) जानने की भी जिज्ञासा बनी। बड़ोदा में बतौर मण्डल-रेल-प्रबन्धक और उसके बाद जबलपुर में पशिम-मध्य रेलवे के मुख्य परिचालन प्रबन्धक होने के समय फिल्मी गीतों के अध्ययन की उनकी इच्छा बलवती हो गयी।

अपने पास लाख से अधिक गीतों के कलेक्शन में उन्होने हिन्दी फिल्मों के 65 हजार गाने पाये जो सबसे पहले की फिल्म आलम आरा (सन1931)  से ले कर आधुनिक समय की हैदर (सन 2014) फिल्म तक में हैं। इन 65 हजार गीतों में से वैविध्य के आधार पर उन्होने 4600 फिल्मों के 15 हजार चुने। जबलपुर में उन्होने संगीत में पारंगत लोगों की एक टीम बनाई। वह रोज शाम दो घण्टे पहले इन चुने गीतों को बजाती थी, उनके बीच चर्चा करती थी कि उसमें कौन राग का प्रारम्भ है और गाने के दौरान वही राग रहता है या अन्य राग भी उसमें आते हैं। इस चर्चा के आधार पर विस्तृत नोट्स बनाये गये।

स्क्रीन में प्रकाशित श्री पाण्डेय की गतिविधियों पर एक लेख।
स्क्रीन में प्रकाशित श्री पाण्डेय की गतिविधियों पर एक लेख।

लगभग 5000 रागों (तथ्यानुसार 4840) में से मैलोडी के आधार पर लगभग 500 राग उन्होने चुने थे, जिनके अवयव उन्होने फिल्मी गीतों में तलाशे। लगभग 170 रागों की उपस्थिति उन्होने गीतों में दर्ज की। यह पाया कि आरम्भिक दौर (30 से 60 के दशकों की फिल्मों में) उन्हे एक राग पर आर्धारित गीत बहुतायत में मिले। कालान्तर में रागों का मिश्रण होने लगा। गीत एक राग से प्रारम्भ होता और उसके प्रवाह में अन्य राग मिलते। आजकल के गीतों में तो राग बड़े जिग-जैग चलते हैं। उनके अध्ययन में यह बात पूरी तथ्यात्मकता से सामने आयी है।

यह अध्ययन उन्होने लगभग 3600 पृष्ठों में द्विभाषी रूप में (अंग्रेजी और हिन्दी में ) समेटा है। इसको सात खण्डों में  “हिन्दी सिने-संगीत रागोपीडिया” के रूप में स्टार पब्लिकेशंस, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित किया जा रहा है।01


अध्ययन से – 

पन्द्रह हजार गीतों के अध्ययन के अनुसार हिन्दी फिल्मों में सबसे लोकप्रिय राग हैं – पहाड़ी ( 3710 गीतों में पाया गया), खमाज (2970), नट भैरवी (2210), काफी (2100), भैरवी (1670), पीलू (900), मांझ खमाज (818), यमन+यमन कल्याण (174 + 305),किरवानी (783), बिलावल (672), झिंझोटी(606), चारुकेशी (402), 9 विभिन्न प्रकार के मल्हार (236), 5 विभिन्न प्रकार के सारंग (337), भैरव, असावरी, गावती, कलावती, बागीश्री,  मालगुंजी, गारा, धानी, भीमपलासी, बिहाग, मारू बिहाग, दरबारी, मालकौंस, शिवरंजिनी इत्यादि। 


श्री कन्हैयालाल पाण्डेय को उनके इस अध्ययन के आधार पर विभिन्न शास्त्रीय संगीत से सम्बद्ध विश्वविद्यालयों में प्रेजेण्टेशन के लिये बुलाया जा रहा है। अब तक वे 28-29 प्रेजेण्टेशन कर चुके हैं। सात शोधार्थी इस सामग्री के आधार पर पी.एच.डी. करने के लिये विभिन्न विश्वविद्यालयों में एनरोल भी हो चुके हैं।  श्री पाण्डेय को पुणे में (नाना पाटेकर द्वारा) और बेलगाम में सम्मानित भी किया जा चुका है। इस शोध के माध्यम से उनकी फिल्मी संगीत की हस्तियों – रवि, आनन्द जी और खय्याम आदि से निकटता भी बनी है उनकी और इन फिल्मी संगीत की हस्तियों से गहन चचायें भी हुई हैं संगीत के अध्ययन पर।

श्री कन्हैयालाल पाण्डेय को मिला एक सम्मान-पत्र
श्री कन्हैयालाल पाण्डेय को मिला एक सम्मान-पत्र

जैसा मैने कहा – न मैं विस्तृत कुछ पूछ पाया और न उसे विधिवत नोट कर पाया। पर जितना श्री पाण्डेय  को सुना, उससे यह विचार घर कर गया कि अपने में रेलवे के कार्य के इतर हुनर अवश्य निखारना चाहिये। उससे यश प्राप्ति तो होती ही है; रेलवे के काम के अतिरिक्त पहचान भी बनती है और नौकरी के बाद समय काटने का वैक्यूम नहीं झेलना पडता।

लगभग पौना घण्टे की उनसे मुलाकात में बहुत प्रभावित हुआ मै। वे गोरखपुर में रहेंगे – अत: श्री कन्हैयालाल पाण्डेय जी से आगे मिलना तो होता ही रहेगा। उनके सानिध्य में शायद कभी मुझमें भी संगीत के प्रति रुचि बने।

शायद!

शैलेश पाण्डेय – वाराणसी से नागालैण्ड यात्रा विवरण – 6 #ALAKH2011


नागालैण्ड के मोकोकशुंग जिले के उंग्मा गांव में एक दिन दो रात व्यतीत कर शैलेश ने वापसी की यात्रा प्रारम्भ की। वापसी में व्यथित मन। यात्रा के दौरान मुझे प्रश्न पूछने पड़ रहे थे। वापसी में मन भरा होने के कारण शैलेश के शब्द स्वत: निकल रहे थे ह्वाट्सएप्प पर :-

नवम्बर’17; 2014

शैलेश ने कहा - यहीं कहीं छोड़ चला मैं अपना हृदय। मैं यायावर!
शैलेश ने कहा – यहीं कहीं छोड़ चला मैं अपना हृदय। मैं यायावर!

भैया मैं वापस हो लिया हूं। बस से दीमापुर के लिये। वाया मैरानी। मोकोकशुंग से 212 किलोमीटर है यह। किराया 345 रुपये।

इस इलाके की भोजन की आदतें बहुत स्वस्थ हैं। बहुत सी उबली सब्जियां और हरी पत्तियां। वे लोग पानी की कद्र करते हैं और पारम्परिक तरीकों से वाटर हार्वेस्टिंग करते हैं।

इनको समझने के लिये हमें अपने गहरे पैठे पूर्वाग्रहों, हिंसक भावों और भयों को दरकिनार कर देखना होगा। उससे हम इस स्वर्ग तक पंहुच पायेंगे। … हां, स्वर्ग! मैने इसे सबसे साफ, सुन्दर और मैत्रीवत स्थान पाया है अपनी जिन्दगी में।

यह जमीन लीजेण्ड्स की है – जैसे डाक्टर टालीमेरेन, इम्कॉंग्लीबा आओ और महावीरचक्र विजेता इमलीयाकुम आओ।

यहां परिवार और कबीले के सम्बन्ध प्रगाढ़ हैं और लोग उसमें फख्र करते हैं।

हर जिले की अपनी बोली है और सब में भिन्नता है। एक सूत्र के नागामीज़ भाषा।

यह एक प्रकार का नीम्बू है। यहां दिखा मुझे।

गांव में नीबू जैसे फल का झाड़।
गांव में नीबू जैसे फल का झाड़।

हर गांव में एक द्वार होता है।

हर गांव में एक द्वार होता है नागालैण्ड में
हर गांव में एक द्वार होता है नागालैण्ड में

यह देखिये पारम्परिक पानी की टंकी।

पारम्परिक पानी की टंकी।
पारम्परिक पानी की टंकी।

हां। प्रचुर प्रयोग हुआ है इसमें लकड़ी का!   

यह एक फूल है, जिसे मैं पहचान न पाया।

यह फूल। नाम नहीं पता चला।
यह फूल। नाम नहीं पता चला।

स्क्वाश। एक प्रकार की सब्जी।

स्क्वाश। एक सब्जी।
स्क्वाश। एक सब्जी।

यह है एक पारम्परिक घर में फायरप्लेस।

गांव के एक घर में फायर-प्लेस।
गांव के एक घर में फायर-प्लेस।

पर मुझे जंगल की कटाई कहीं न दिखी।

ये हैं मेरे नौजवान मित्र। अतु के भतीजे। उनके साथ मैं।

शैलेश के जवान मित्र। उंग्मा गांव में अतु के भतीजे।
शैलेश के जवान मित्र। उंग्मा गांव में अतु के भतीजे।

… नागालैण्ड छोड़ते समय ये सभी विचार/लोग/दृष्य मेरे मन में थे।

उत्तरार्ध:

भैया, यायावर शब्द सुना था मैने बचपन से। कौतूहल था उनके प्रति। बड़ा हुआ तो वे लोग, जिन्हे यायावर कहा जाता है, के प्रति सम्मान भी देखा। पर यह कभी न समझ पाया कि इस शब्द का प्रयोग जिसके लिये पहली बार हुआ होगा, उसका हृदय कैसा रहा होगा?!

और बाद में अपने लिये भी इस शब्द के प्रयोग को देखा। मन में आया कि अपने को ही यायावर मान कर अपने ही प्रश्नों के उत्तर दें। तब पाया कि यायावर जहां से गुजरता है, स्वयं को कुछ छोड़ कर आगे बढ़ता है। आगे बढ़ने की उत्कण्ठा और जहां पंहुचा है, वहां से लगाव में बंटा उसका हृदय शायद यायावरी को अपना निमित्त मान कर आगे बढ़ जाता है। ऊपर से निस्पृह पर भीतर पीड़ाओं का कोलाहल लिये!

क्या मैं अपने को स्पष्ट कर पा रहा हूं? इस समय मेरा शरीर वाराणसी की यात्रा कर रहा है। … मैं अपने को नागालैण्ड में छोड़ कर आ रहा हूं। मैं वैसा ही होम सिक महसूस कर रहा हूं, जैसा 1994 में घर से नेवी ज्वाइन करने के लिये जाते समय कर रहा था! 


इसके बाद मैने शैलेश से कुछ स्पष्टीकरण मांगे ब्लॉग पर सामग्री प्रस्तुत करने के लिए। अन्यथा, बहुत ज्यादा इण्टरेक्शन नहीं कर पाया। शैलेश का यात्रा का, ऊपर प्रस्तुत, अंतिम कथ्य पाठकों की प्रतिक्रिया के लिये प्रस्तुत है।


Design a site like this with WordPress.com
Get started