चलो बुलावा आया है, जंगल ने बुलाया है!



Plants 1 "पास के जंगल मे चमकने वाले पौधे का पता चला है। आप जल्दी आ जाइये।" ज्यों ही बरसात का मौसम आरम्भ होता है प्रदेश भर से ऐसे फोन आने शुरु हो जाते हैं। फोन आते ही बिना विलम्ब किराये की गाडी लेकर उस स्थान पर पहुँचना होता है। कभी दो घंटे का सफर होता है तो कभी रात भर का। मैं दस से भी अधिक वर्षो से विचित्र मानी जाने वाली वनस्पतियों की तलाश मे इस तरह भाग-दौड कर रहा हूँ। ज्यादातर मामलो मे निराशा ही हाथ लगती है पर हर यात्रा से नया सीखने को मिलता है।

चमकने वाले पौधे का वर्णन रामायण मे मिलता है। पारम्परिक चिकित्सक भी इस वनस्पति की उपस्थिति का दावा करते रहते हैं। मैने अपने अनुभव से सीखा है कि यदि आप विशेषज्ञ बनकर इन पारम्परिक चिकित्सकों के पास जायेंगे तो आप को बहुत कम जानकारी मिलेगी। आप छात्र बनकर अपने ‘इगो’ को दरकिनार कर जायें तो वे आपको सहर्ष अपना लेंगे। भले ही शहरी मानव समाज मुझे विशेषज्ञ होने का दर्जा दे पर जब मैं जंगल मे पहुँचता हूँ तो ऐसा लगता है जैसे स्कूल का पहला दिन है और सब कुछ नया है।

pankajयह पोस्ट श्री पंकज अवधिया की बुधवासरीय अतिथि पोस्ट है।

आप उनके पिछले लेख पंकज अवधिया पर लेबल सर्च कर देख सकते हैं।

पारम्परिक चिकित्सको से बात करते समय मै किसी तरह की प्रश्नावली तो दूर कागज का टुकडा रखना भी पसन्द नही करता हूँ। कागज देखकर वे सहम से जाते हैं। संभल के जवाब देते हैं। वानस्पतिक सर्वेक्षण के दौरान मै जो भी सुनता हूँ उसे उसके मूल रुप में लिख लेता हूँ। वे जो कहते हैं सहर्ष मान लेता हूँ। तर्कशील मन कहता है कि मै अपनी विशेषज्ञता झाड़ूं पर जैसे ही आपने यह किया, सूचनाओ का प्रवाह रुक जाता है। वैसे भी मै अपनी चन्द वर्षो की किताबी पढ़ाई को पीढ़ियों पुराने ज्ञान के सामने कम ही आँकता हूँ।

Plants 4 बरसात के आरम्भ होते ही जंगलों मे कई प्रकार के पारम्परिक चिकित्सक मिल जाते हैं। बरसाती रात मे आसमानी बिजली से झुलसे पेड़ों के विभिन्न भागों को एकत्र किया जाता है। बिजली गिरने के बाद जितनी जल्दी हो सके उस पेड़ तक पहुँचना होता है। फिर उपयोगी भाग को एक घोल मे सुरक्षित करना होता है। इन भागो का प्रयोग कम जीवनी शक्ति वाले रोगियो की चिकित्सा मे होता है। इस समय विभिन्न वनस्पतियों से वर्षा का जल एकत्र करते पारम्परिक चिकित्सक भी मिल जाते हैं। पहली वर्षा का जल औषधीय गुणों से परिपूर्ण माना जाता है। विभिन्न वनस्पतियों से जब यह बहकर आता है तो इसके गुणों मे और वृद्धि हो जाती है। जमीन पर गिरने से पहले इसे एकत्र कर लिया जाता है। रानी कीडा या भगवान की बुढिया के एकत्रण मे जुटे पारम्परिक चिकित्सक भी मिलेंगे। दलदली इलाकों मे नाना प्रकार के कन्दों से नव अंकुर निकलने का यही समय है। Plants 3

मै टाटा इंडिका (बहुत कम स्कार्पियो या इनोवा) का प्रयोग करता हूँ। घने जंगलों मे तो बरसात में गाडी से जाना सम्भव नही है। इसलिये पैदल चलना होता है। मै पेड़ पर चढने मे उतना माहिर नही हूँ इसलिये सुरक्षित जगहों पर ही जाता हूँ। वन्य प्राणियो से दूर रहना पसन्द करता हूँ। उनकी तस्वीरे लेने मे भी कम रुचि है। आमतौर पर साथ में पारम्परिक चिकित्सक और ड्रायवर ही होते हैं।

चमकने वाले पौधे नही मिलने की दशा मे यह कोशिश करता हूँ कि एक दिन में एक से डेढ हजार अच्छे छायाचित्र मिल जायें। पहले तो यह सम्भव नही था पर अब डिजिटल कैमरे के कारण बहुत सुविधा हो गयी है। कुछ वर्षो पहले मुझे एक रंगीन मशरुम मिल गया था घने जंगल में। मैने तस्वीरें उतारी और उसके बारे मे लिखा तो पता चला कि भारत मे इसे पहली बार देखा गया है। दस्तावेजों मे यह मेक्सिको तक ही सीमित था। पिछले वर्ष जंगल में अजगर परिवार से मुलाकात हो गयी। कुछ उपयोगी कीट भी मिल गये।

आने वाले कुछ महीनों मे इन दौरो के कारण व्यस्तता बढ़ेगी और आप मुझे ज्ञान जी के ब्लाग पर नही पढ़ पायेंगे। नये अनुभव के साथ मै दिसम्बर से फिर आपसे मिल सकूंगा। आप दुआ करें कि इस बार चमकने वाला पौधा मिल जाये ताकि देश के बिजली संकट को कुछ हद तक ही सही पर कम किया जा सके।Happy

विभिन्न वनस्पतियो से एकत्र किये गये पहली वर्षा के जल के पारम्परिक उपयोग।

आसमानी बिजली उपयोगी भी है

पंकज अवधिया

© सर्वाधिकार पंकज अवधिया।


ऊपर वनस्पतीय चित्र मेरे बगीचे के हैं। वर्षा में आये नये पत्तों से युक्त पौधे। इनमें कोई चमकने वाली वनस्पति तो नहीं, पर रात में इनपर यदा-कदा जुगुनू उड़ते पाये जाते हैं। Waiting

कल हमने समय से पहले सॉफ्टपेडिया के यहां से फॉयर फॉक्स ३ डाउनलोड कर इन्स्टाल कर लिया था पर इस आशंका में थे कि यह कुछ पहले का वर्जन न हो। लिहाजा, आज यहां से फिर डाउनलोड किया, चीज वही निकली। खैर दुबारा कर उन लोगों को गिनीज में नाम दर्ज कराने को टेका लगा दिया!
3D Spinning Smiley


किराना की कीमतें और महंगाई



kirana महीने की किराना की खपत की खरीद एक साथ की जाती है। और उसमें महंगाई का अन्दाज मजे से हो जाता है। मेरी पत्नीजी इस बार जब सामान ले कर आयीं तो घर में बहुत देर तक सन्न-शान्त बैठी रहीं। फिर महंगाई पुराण प्रारम्भ हुआ।

यह निकल कर सामने आया कि खरीद पहले के स्तर पर की गयी थी, पर पैसे पहले की बजाय लगभग २०% ज्यादा लगे। अब तय हुआ है कि महीने का बजट बनाते और खर्च के पैसे बैंक से निकालते समय इस बढ़े २०% का प्रावधान किया जाये।

अगला महंगाई भत्ता की बढ़त कब होने वाली है जी?! अब तो सरकार के पे-कमीशन की अनुशंसा पर अमल करने की सम्भावना भी धूमिल पड़ गयी है, श्रमिक यूनियनों के विरोध के चलते।

बीबीसी की खबर:
महँगाई सात साल के रिकॉर्ड स्तर पर

ताज़ा आंकडों के अनुसार भारत में महँगाई की दर 8.75 प्रतिशत हो गई है और ये पिछले सात साल का रिकॉर्ड स्तर है. दस फ़रवरी 2001 को महँगाई की दर 8.77 प्रतिशत थी.

ताज़ा आंकडे 31 मई को ख़त्म हुए सप्ताह तक के हैं. इससे पहले 24 मई को ख़त्म हुए सप्ताह में यह दर 8.24 प्रतिशत थी….

अपने बस में कुछ खास नहीं है। महंगाई का कॉन्सेप्ट समझने को कुछ समय गुजारेंगे लेख-वेख पढ़ने में। कोई नयी बात नहीं है – बचपन से ही इन्फ्लेशन/हाइपर इन्फ्लेशन देखते आये हैं। जमाखोरों/कालाबाजारियों के खिलाफ शंखनाद, पीडीएस में कसावट की घोषणा, इस उस चीज का आयात/निर्यात बन्द/खुला और सरकार के खिलाफ “नो-होल्ड बार” स्तर की आलोचना। यह सदैव चलता रहा है। इन्फ्लेशन, रिसेशन, स्टैगफ्लेशन जैसे भारी भरकम और समझ में न/कम आने वाले शब्दों के बावजूद जिन्दगी चलती रहती है।

बहुत लेख आ रहे हैं मंहगाई पर पत्र-पत्रिकाओं में और हिन्दी ब्लॉग जगत में भी। ईर-बीर-फत्ते1; सब लिख रहे हैं।

हमने भी सोचा, हमहूं लिख दें, लगे हाथ अपनी और अपने परिवार की व्यथा! आपके घर में महंगाई का क्या सीन है? सीन है कि ऑबसीन (obscene – disgusting or repulsive – अरुचिकर और अप्रिय) है?!


1. “ईर-बीर-फत्ते और हम” वाक्यांश बच्चन जी की प्रसिद्ध कविता से प्रेरित है!


गंगा किनारे एक शाम



Ganga 3सूर्यास्त के समय गंगा का दांया तट, इलाहाबाद

मां गंगा मेरे घर से ५००-७०० कदम पर हैं। आज गंगा किनारे गया शाम को। गंगा में पानी बहुत बढ़ा नहीं है, पर शुरुआत की बारिश से बहाव तेज हो गया है। कोटेश्वर महादेव (वह स्थान जहां राम जी ने वन जाते समय गंगा पार कर शिव पूजा की थी) के पास कटान दांयी ओर ले रही हैं गंगा मैया।

शाम के समय तट पर बीस-पच्चीस लोग गंगा आरती कर रहे थे – दीपक, घण्ट, फूल-माला आदि से लैस। बच्चे, महिलायें और पुरुष; सब थे। बहुत अच्छा लग रहा था श्रद्धा का वह प्रवाह। मैने कुछ चित्र लिये अपने मोबाइल से। इसी बीच गंगाजी के तेज बहाव को क्षिप्र गति से चीरता एक सर्प तट पर आ लगा, पर इतने लोग और आरती की ध्वनि सुन कर कहीं दुबक गया।

Ganga 1
श्री गंगा जी
हरनि पाप त्रिबिध ताप, सुमिरत सुरसरित,
बिलसति महि कल्प-बेलि, मुद मनोरथ फरित।।१॥
सोहत ससि-धवल धार, सुधा-सलित-भरित,
बिमलतर तरंग लसत, रघुबर के चरित॥२॥
तो बिनु जगदम्ब गंग, कलियुग का करति?
घोर भव अपार सिन्धु, तुलसी किमि तरित॥३॥

दूर कुछ कुत्ते तट पर चहरक-महरक करते घूम रहे थे। कुछ नौजवान जवान लड़कियों को घूरने के ध्येय से वहां बैठे थे और बीच बीच में गंगा में दूर तक कंकर फैंकने की स्पर्धा कर ले रहे थे।
कोटेशर महादेव के पास ढ़ेरों शिवजी की पिण्डियां हैं। उनमें से एक के सामने चबूतरे पर एक काले रंग का सांड़ विराजमान था – मानो आदिकाल से नन्दी वहीं बैठे हों।

आप मेरे मोबाइलीय चित्र देखें गंगा तट के –
Ganga 6 Ganga 4
Ganga 7 Ganga 5

Design a site like this with WordPress.com
Get started