प. विष्णुकांत शास्त्री से क्या सीख सकते हैं चिठेरे?


पण्डित विष्णुकांत शास्त्री (1929-2005) को मैं बतौर आर.एस.एस. के सक्रिय सम्बद्ध व्यक्ति, पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष, भाजपा के उपाध्यक्ष अथवा उत्तरप्रदेश/उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में नहीं वरन एक लेखक के रूप में याद कर रहा हूं. और उस रूप में अच्छे ब्लॉगर के लिये एक सबक है जो मैं बताना चाहता हूं.

पण्डित विष्णुकांत शास्त्री को मैं धर्मयुग में पढ़ा करता था. उन्होने पूर्वी बंगाल (बांगलादेश) के स्वातंत्र्य के विषय में बहुत लिखा था. उस समय हमारी किशोरावस्था थी, विषय सामयिक था, और शास्त्री जी का लेखन अद्भुत!

मुझे दो वर्ष पहले कहीं से उपहार में विष्णुकांत शास्त्री : चुनी हुई रचनायें के दो खण्ड जो श्री बड़ाबाजार कुमारसभा पुस्तकालय, कोलकाता ने प्रकाशित किये थे, प्राप्त हुये. जैसा मुफ्त में प्राप्त पुस्तकों के साथ होता है इन दोनो खण्डों का अवलोकन टलता गया. अब मैने हाथ में लिया है इन्हें पढ़ने/ब्राउज करने को.

पहले भाग में प्रस्तावना के रूप में पण्डित विष्णुकांत शास्त्री का एक लेख है मेरी रचना प्रक्रिया. उनकी रचना प्रक्रिया में बहुत कुछ है जो एक अच्छे ब्लॉगर को अपने में उतारना चाहिये.

मेरी रचना प्रक्रिया में उन्होने अपने लेखन के आयाम बताते हुये लेखन की तैयारी के विषय में कहा है. मैं उनके द्वारा उनके लेखन के आयामों की सूची देता हूं :

  • उपाधि के लिये शोध ग्रंथ लेखन
  • संस्मरण और यात्रा वृतांत लेखन
  • बांगला मुक्ति संग्राम विषयक लेखन
  • आध्यात्म लेखन

मैं समझता हूं कि इन मूल आयामों के अतिरिक्त भी शास्त्री जी के लेखन में बहुत विस्तार था. यह विस्तार ऐसे ही नहीं आ जाता. मां सरस्वती सतत और कठोर साधना मांगती हैं. अत:, बतौर ब्लॉगर लेखन को बहु आयामी बनाना मैं पहली आवश्यकता मानता हूं.

अपनी लेखन तैयारी के विषय मे उन्होने जो कहा है वह भी महत्वपूर्ण और रोचक है. उसके कुछ अंश उद्धृत कर रहा हूं :

मैं जितना लिख सकता था. उतना लिख नहीं पाया…. इसका बाहरी कारण मेरा बहुधन्धीपन रहा….इसका सीधा परिणाम यह हुआ कि अल्प महत्व के तात्कालिक प्रयोजन वाले कार्य ही अधिकांश समय चाट जाते रहे और स्थायी महत्व के दीर्घकालिक प्रकल्प टलते रहे. लेखन भी इन्ही प्रकल्पों के अंतर्गत आता है.

इससे भी अधिक गुरुतर कारण मेरा भीतरी प्रतिरोध रहा है. मेरी पूर्णता ग्रंथि ने मुझे बहुत सताया है. गंभीर विवेचनात्मक लेख लिखते समय मेरा अंतर्मन मुझे कुरेद-कुरेद कर कहता रहा है कि इस विषय पर लिखने के पहले तुम्हे जितना जानना चाहिये, उतना तुम नहीं जानते, थोड़ा और पढ़ लो, इस विषय के विशेषज्ञों से थोड़ा विचार विमर्श कर लो, तब लिखो……

मैं यह भी नहीं मानता कि इस ग्रंथि के कारण मुझे केवल हानि ही हुई है. नहीं, इसका एक विधायक पक्ष भी है. इसी भावना के कारण मेरे लेखों से भले ही कुछ विद्वान असहमत हों, पर उन्हें हंस कर नहीं उड़ाया जा सकता. निराला की दो पंक्तियां भी मेरे मन में बराबर कौन्धती रहती हैं: भाव जो छलके पदों पर, न हों हल्के न हों नश्वर.

मैं भी चेष्ठा यही करता हूं कि हल्के लेख न लिखूं. कितना सफल हो पाया हूं, इसका फैसला तो आप ही लोग कर सकते हैं.

कविता मेरे लिये ऊर्जा का स्रोत रही है. कठिन परिस्थितियों में भी कविताओं की कुछ पंक्तियां कौन्धती रही हैं, मुझे कष्ट झेल कर भी कार्य करने की प्रेरणा देती रही हैं. लिखूं, न लिखूं की मनस्थिति में श्रीकांत वर्मा की कुछ पंक्तियों ने मुझे बहुत सहारा दिया है, जो मुझे अनायास याद आ रही हैं

चाहता तो बच सकता था,
मगर कैसे बच सकता था!
जो बचेगा, कैसे रचेगा!!
पहले मैं झुलसा, फिर धधका
चिटखने लगा,
कराह सकता था,
मगर कैसे कराह सकता था,
जो कराहेगा, कैसे निबाहेगा!!!

प्रभु से प्रार्थना है कि बिना कराहे सृजन की ज्वाला झेलता रहूं, और जो अच्छे से अच्छा दे सकता हूं दे जाऊं….

आप समझ सकते हैं कि किस प्रकार का परफेक्शनिस्ट था पण्डित विष्णुकांत शास्त्री में. हम ब्लॉगर जो फटाफट पोस्ट बना पब्लिश करने के फेर में रहते हैं, वे अगर पण्डित विष्णुकांत शास्त्री के अच्छे से अच्छा लिख कर दे जाने की भावना ले कर चलें, बहु आयामी बनें, अपना ज्ञान परिपक्व करें तो शायद किसी भी प्रकार के हथकण्डों की आवश्यकता ही न पड़े!


रवि रतलामी, सुन रहे हैं?*


कल रवि रतलामी ने अपने फीड का सैकड़ा पार करने की खबर दी. रवि वह सज्जन हैं जो अकस्मात मुझे नेट पर दिखे थे. मैं रतलामी सेव की रेसिपी गूगल सर्च में खंगाल रहा था और मिल गये रवि रतलामी! उसी के बाद मुझे हिन्दी में नेट पर लिखने की सनक सवार हुई. उनका दफ्तर मेरे दफ्तर और घर से कुछ कदम की दूरी पर था, पर वहां रतलाम में हम कभी नहीं मिले. मिले तो अभी भी नहीं; पर जान जरूर गये एक दूसरे के बारे में.रवि ने फीड का सैंकडा कल या परसों पार किया हो, ऐसा नहीं है.यह तो ब्लॉगर-फीडबर्नर की फीड इण्टीग्रेशन के कारण है. अत: फीड का सैकड़ा तो रवि पहले मारे हुये थे, पहचान में कल आया. इसलिये कल का खास महत्व नहीं है.

जो बात मैं जोर देना चाहता हूं, वह यह है कि हिन्दी ब्लॉगरी में, जहां बहुत सा क्लिक का यातायात फीड एग्रेगेटरों के माध्यम से होता है, बनिस्पत इण्डीवीजुअल पाठक द्वारा फीड सबस्क्राइब कर, वहां 110 की फीड बहुत इम्प्रेसिव है.

मैने उनके ब्लॉग का लेंस लेकर अध्ययन नहीं किया है. (वैसे भी सब अपने ब्लॉग को लेकर आत्ममुग्ध रहते हैं – दूसरे का ब्लॉग क्रिटिकली कौन देखता है!) पर यह शतक की सूचना वह करने के लिये मुझे उत्प्रेरित कर रही है कि उनके ब्लॉग को विभिन्न कोणों से विश्लेषित किया जाये. ब्लॉगरी में फीड बढ़ाने के तरीके ढ़ूंढ़ने के लिये यह जरूरी लगता है.

यह खुर्दबीन से विश्लेषण मुझे या हममें से किसी को करना है, पर बेहतर होगा कि रवि इस बारे में स्ट्रेट हिन्दी में; बम्बईया फिल्मों वाली में नहीं (वह स्टिकी हिन्दी तो समझने में समय लगता है), जिसमें उन्होने तरंग में आकर पोस्ट लिखी है; कुछ लिखें. बहुत सम्भव है ऐसा वे पहले लिख चुके हों. अगर वैसा है तो उसका लिंक प्रदान करें.
रवि वे शख्स है, जिन्हें मैं ब्लॉगरी में पसन्द करता हूं.


*- रवि, आर यू लिस्निंग? डू यू स्टिल हैव माई इनीशियल ई-मेल इन योर मेल बॉक्स?


इण्डियन एक्स्प्रेस हाजिर हो!!!


अरुण शौरी के जमाने से इण्डियन एक्स्प्रेस मेरा पसन्दीदा अखबार है. मैं 2003-04 में गोरखपुर में था. इण्डियन एक्स्प्रेस एक दिन देर से मिलता था, फिर भी मैने उसे जारी रखा. पर जब एक दिन बाद भी उसकी सप्लाई अटकने लग गयी तो जा कर अपनी लॉयल्टी बदली. अब भी मैं नेट पर इण्डियन एक्स्प्रेस ज्यादा देखता हूं बनिस्पत और अखबार के.

कुछ दिन पहले फोन आया इण्डियन एक्स्प्रेस के किसी व्यक्ति का. मैने उनके अखबार मे यह लिखा देखा था कि अगर अखबार मिलने में कोई दिक्कत हो तो फलाने पते पर ई-मेल कर सकते हैं. महीने भर पहले ई-मेल मैने किया होगा पर चलो, देरसे ही सही, किसी ने कॉण्टेक्ट तो किया! उस सज्जन को मैने अपनी घर की लोकेशन और अखबार न मिलने के बारे में बताया. यह भी बताया कि पॉयोनियर भी समय पर आता है, टाइम्स ऑफ इण्डिया की तो बात ही दूसरी है. पर इण्डियन एक्स्प्रेस की तो उपस्थिति ही नहीं है. मेरे विस्तार से समझाने पर वह व्यक्ति बोला जी कुछ प्रॉबलम है जरूर. हम देख कर कोशिश करेंगे.

मेरा पैर पटकने का मन हुआ. यह चिरकुट अगर कुछ कर नहीं सकता था तो फोन क्यों किया. और सरकारी स्टाइल जवाब क्यों दिया. खैर आई-गई हो गई. पर अन्दर की कथा कल नेट सर्फिंग में मिली.

हिन्दुस्तान टाइम्स के सह अखबार मिण्ट ने खबर दी है कि शेखर गुप्ता, इण्डियन एक्स्प्रेस ग्रुप के प्रमुख और एडीटर-इन-चीफ ने अपने साथियों को लम्बी ईमेल कर इण्डियन एक्स्प्रेस ग्रुप की खराब दशा के विषय में बताया है. शेखर ने कहा है कि मीडिया 25% की ग्रोथ कर चुका है पिछले साल और इण्डियन एक्स्प्रेस ग्रुप ने आय में 3% की कमी देखी है. उनके अनुसार कॉस्ट बढ़ती गयी है, मशीने काम नहीं कर रहीं, न्यूज प्रिण्ट का वेस्टेज बढ़ता गया है, इंवेन्टरी कंट्रोल कमजोर पड़ा है और सर्कुलेशन में दिक्कतें हैं…. यानी वह सब हो रहा है जो नहीं होना चाहिये. इतने बढ़िया ग्रुप का कचरा हो रहा है. निश्चय ही हिन्दुस्तान टाइम्स वाले मगन होंगे यह ईमेल लीक कर!

पर जो समाधान बताया जा रहा है शेखर को एडीटोरियल देखने देना और अन्य व्यक्ति को सीईओ बनाना, सेलरी फ्रीज, मार्केट और बैंकों से साख के आधार पर पैसा लेना आदि सफल नहीं होंगे अगर सरकारी छाप टरकाऊ जवाब देने की प्रवृत्ति चलती रही तो. अखबार बढ़िया है. सवेरे साढ़े चार बजे मेरी लोकल्टी में अगर पहुंचने लगे और अखबार वाला यह कहने की अवस्था में आ जाये कि फलाना अखबार आज देर हो गया है, उसकी जगह आप इण्डियन एक्स्प्रेस ले लें तो किला फतह मानें इण्डियन एक्स्प्रेस वाले. एडीटोरियल मे फेर बदल नहीं, लॉजिस्टिक्स में आमूल चूल परिवर्तन चाहिये. और ये कॉस्ट कटिंग-वटिंग कॉस्मेटिक लटके झटके हैं. हांक लगाने के लिये ठीक हैं, पर काम नहीं करते. प्रोडक्शन लाइन ठीक करें, सर्कुलेशन की लॉजिस्टिक्स के लिये सही बन्दा डबल सेलरी पर भी मिले तो फोड़ लायें. शुरू में ही माली हालत ठीक किये बगैर बहुत ज्यादा सर्क्युलेशन बढ़ाने को लार न टपकायें – टाइम्स आफ इण्डिया वाला प्राइस-वार शुरू कर देगा जो समेटना भारी पड़ेगा…

इण्डियन एक्स्प्रेस मुझे प्रिय है तो उसपर सोच रहे हैं. शायद आपको लगे कि यह व्यक्ति क्या प्रलाप कर रहा है. पर भैया, जो रुचता है, वह रुचता है!


Design a site like this with WordPress.com
Get started