जमीन, भैंसें और शिलिर-शिलिर परिवर्तन



मेरे घर के आसपास गाय भैंस पालने वाले रहते हैं। पिछली मुलायम सिंह सरकार के थोक वोटबैंक थे यह। उस दौरान कई सरकारी नौकरी पा गये और सभी ने शिवकुटी मेला क्षेत्र की जमीन लेफ्ट-राइट-सेण्टर हड़पी। कई अपनी दुकाने अधिकृत-अनाधिकृत तरीके से खोल कर जीवन यापन करने लगे। उनका जीवन स्तर गंवई, श्रमिक या निम्न मध्यवर्गीय शहरी जैसा है। मेरा अनुमान है कि जिस औकात के लगते हैं, उससे अधिक पैसा या रसूख है इनके पास। ये लोग श्रम करने में कोताही नहीं करते और व्यर्थ खर्च करने में नहीं पड़ते। 

सरकार बदलने से समीकरण जरा गड़बड़ा गया है। कुछ दिन पहले मेरे पड़ोस के यादव जी ने बताया कि अतिक्रमण ढ़हा देने के विषय वाला एक नोटिस मिला है उन लोगों को। उसके कारण बहुत हलचल है। पास में ही एक पार्क है। या यूं कहें कि पार्क नुमा जगह है। उसमें भी धीरे धीरे भैंसें बंधने लगी थीं। पर अब उसकी चारदीवारी रिपेयर कर उसमें कोई घास लगा रहा है। अर्थात उसे पार्क का स्वरूप दिया जा रहा है। यह सब सामान्य प्रकृति के विपरीत है। पार्क को जीवित रखने के लिये अदम्य इच्छा शक्ति और नागरिक अनुशासन की आवश्यकता होती है। वे दोनो ही नहीं हैं। तब यह क्या गोरखधन्धा है?

Encroachment small

"उनका जीवन स्तर गंवई, श्रमिक या निम्न मध्यवर्गीय शहरी जैसा है। मेरा अनुमान है कि जिस औकात के लगते हैं, उससे अधिक पैसा या रसूख है इनके पास। ये लोग श्रम करने में कोताही नहीं करते और व्यर्थ खर्च करने में नहीं पड़ते।" 

मेरी मानसिक ट्यूब लाइट को कुछ और इनपुट मिले। कल मेरी पत्नी ने बताया कि अतिक्रमण विरोधी मुहीम ठण्डी पड़ गयी है। सामुहिक रूप से शायद कुछ चढ़ावा चढ़ाया गया है।  अब जब जब यह नोटिस आयेगा, ऐसा ही किया जायेगा। भैसें, गायें और छप्पर यथावत हैं। पूरी सम्भावना है कि यथावत रहेगा – अगर लोग सरलता से चढ़ावा देते रहेंगे। शहर के व्यवस्थित विकास/सौन्दर्यीकरण और मेहनतकश लोगों की जीजीविषा में गड्ड-मड्ड तरीके से तालमेल बनता रहेगा।  

जो जमीन पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है – उसका भी अर्थशास्त्र है। घास-वास तो उसमें क्या लगेगी, जमीन जरूर उपलब्ध हो जायेगी सामुहिक फंक्शन आदि के लिये। शादी-व्याह और अन्य सामुहिक कार्यों के लिये स्थानीय स्वीकृति से वह उपलब्ध होगी। और स्वीकृति निशुल्क नहीं मिलती।

परिवर्तन लाना सरल कार्य नहीं है। बहुधा हम चाहते हैं कि सब व्यवस्थित हो। पर होता अपने अनुसार है। कई बार हल्के से यत्न से या यत्न न करने पर भी बड़े परिवर्तन हो जाते हैं। सामान्यत: सब ऐसे ही शिलिर-शिलिर चलता है।    


1. एक स्वीकारोक्ति – मैं मेहनतकश लोगों की जीजीविषा के पक्ष में हूं या जमीन के अतिक्रमण के विपक्ष में; यह तय नहीं कर पा रहा हूं और यह संभ्रम ऊपर के लेखन में झलकता है। शायद ऐसा संभ्रम बहुत से लोगों को होता हो।) उसी कोण से यह पोस्ट लिख रहा हूं।

2. रवि रतलामी जी ने कल कहा कि मैं चित्रों में बहुत किलोबाइट्स बरबाद कर रहा हूं। लिहाजा मैने एमएस ऑफिस पिक्चर मैनेजर का प्रयोग कर ऊपर की फोटो १३२ किलोबाइट्स से कम कर २२ किलोबाइट्स कर दी है। आगे भी वही करने का इरादा है। मैं दूसरों की सोच के प्रति इतना कंसीडरेट पहले नहीं था। यह बी-इफेक्ट (ब्लॉगिन्ग इफेक्ट) है!Blushing

और ब्लॉगिंग में अगर कुछ सफलता मुझे मिलती है तो वह बी-इफेक्ट के कारण ही होगी।

3. शास्त्री फिलिप जी ने याद दिला दिया कि वर्ष के अन्त का समय आत्म विवेचन और भविष्य की योजनायें फर्म-अप करने का है। लिहाजा कल और परसों दुकान बन्द! आत्ममन्थनम करिष्यामि।Praying


कैसे लाऊं जिप्सियाना स्वभाव



छब्बीस दिसम्बर को मेरा दफ्तर इलाहाबाद में सिविल लाइन्स से बदल कर सुबेदारगंज चला गया। महाप्रबंधक कार्यालय का उद्घाटन तो पिछले महीने ही हो गया था। मेरे दफ्तर का शिफ्टिंग अब हुआ। बड़ी आलीशान इमारत है नये दफ्तर की। खुला वातावरण। पर मैं अवसादग्रस्त हो गया हूं। नयी जगह पर अटपटा लग रहा है। ट्यूब लाइट नहीं लगी हैं सभी। चपरासी के लिये घण्टी नहीं है। चाय बनाने का इन्तजाम नहीं हो पाया है। बाहर से लायी चाय ’पेशल’ है पर अदरक कस के पड़ी है उसमें। इण्टरकॉम और इण्टरनेट काम नहीं कर रहे। कमरे में कर्टेन नहीं लगे हैं। स्टॉफ अपने दफ्तर और कण्ट्रोल सेण्टर की जगह के लिये लड़ रहा है।

उत्तर मध्य रेलवे के नये मुख्यालय उद्घाटन के कुछ चित्र

N C Railway Hq N C Railway Hq 1
N C Railway Hq 2

Gyan(228) 

शाम होते ही फेटीग और मच्छर घेर लेते हैं। मैं घर के लिये निकल लेता हूं। पर घर का रास्ता भी नयी जगह से पंद्रह मिनट और लम्बा हो गया है। अंधेरा हो गया है। ट्रैफिक ज्यादा है। यह ड्राइवर तेज क्यों चल रहा है? अवसाद ही अवसाद!

मैं गाड़ुलिया लुहारों और जिप्सियों की कल्पना करता हूं। ये घुमन्तू लोग तो आज यहां कल वहां। उन्हे तनाव नहीं होता क्या? दक्षिणी-पूर्वी योरोप के गड़रिये – जो अपनी भेड़ों के साथ चारे और पानी की तलाश में घूमते हैं, क्या वे नयी जगह में असहज होते हैं?

यायावरी और फक्कड़ी जीवन में कैसे लाई जाये? अधेड़ उम्र में जीवन की निश्चितता को कैसे अनलर्न किया जाये? ये प्रश्न हॉण्ट कर रहे हैं और बड़ी तीव्रता से कर रहे हैं।

पता नहीं, अज़दक चीन हो आये। मुझे कोई चुनार जाने को कह दे – जो मेरे अपने कार्यक्षेत्र का अंग है और जिसके कर्मचारी मेरे कहने पर सभी सम्भव कम्फर्ट मुहैया करा देंगे – तो भी मैं वहां न जाऊं। जाने के लिये ठेला जाऊं तो बात अलग है!  

जरा सा परिवर्तन, जरा सा डिसकम्फर्ट सहा नहीं जाता। कैसे बदला जाये अपने स्वभाव को?Thinking

कोई सुझाव हैं आपके पास?  


लगता है इस जिप्सियाना प्रश्नों के चलते मेरी ब्लॉगिंग अनियमित रहेगी।


रक्त की शुद्धता के लिये ग्वार पाठा (एलो वेरा)



यह श्री पंकज अवधिया की बुधवासरीय अतिथि पोस्ट है। श्री अवधिया वनस्पति जगत के औषधीय गुणों से सम्बंधित एक पोस्ट मेरे ब्लॉग के लिये लिख कर मेरे ब्लॉग को एक महत्वपूर्ण आयाम दे रहे हैं। आप यह एलो वेरा (ग्वार-पाठा) के गुणों से सम्बंधित पोस्ट पढ़ें:


प्रश्न: आप तो जानते ही है कि रक्त की अशुद्धि को ज्यादातर रोगो की जड़ माना जाता है। इसके लिये रोग होने पर विशेष दवा लेने की बजाय यदि ऐसा कुछ उपाय मिल जाये जिसे अपनाने से साल-दर-साल शुद्धता बनी रहे और रोगों से बचाव होता रहे।
उत्तर: यह तो आप सही कह रहे हैं कि रक्त की अशुद्धता ज्यादातर रोगो के लिये उत्तरदायी है। आज का हमारा रहन-सहन और खान-पान कई तरह के दोषों को उत्पन्न कर रहा है और हम चाह कर भी इससे नहीं बच पा रहे हैं। मै एक सरल पर प्रभावी उपाय बता रहा हूँ। यदि बन पडे़ तो इसे अपनायें और लाभांवित हों।

Pankaj Oudhiyaश्री पंकज अवधिया

आप लोकप्रिय वनस्पति ग्वार पाठा को तो जानते ही होंगे। इसे घीक्वाँर भी कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम एलो वेरा है। वही एलो वेरा जिसका नाम प्रसाधन सामग्रियों के विज्ञापन मे आप रोज सुनते हैं। सम्भव हो तो अपने बगीचे मे आठ-दस पौधे लगा लें। प्रयोग के लिये पत्तियों के ताजे गूदे की आवश्यकता है।
ताजा गूदा लेकर उसे जमीन पर रख दें फिर उसे नंगे पाँव कुचलें। कुचलना तब तक जारी रखें जब तक कि आपका मुँह कड़वाहट से न भर जाये। पैरो से कुचलने पर भला मुँह कड़वाहट से कैसे भरेगा? प्रश्न जायज है पर जब यह करेंगे तो आपको यकीन हो जायेगा। शुरू के दिनो में 15-20 मिनट लगेंगे फिर 2-3 मिनट मे ही कड़वाहट का अहसास होने लगेगा। जैसे ही यह अहसास हो आप एक ग्लास कुनकुना पानी पी लीजिये। पाँच मिनट बाद एक चम्मच हल्दी कुनकुने पानी के साथ फाँक लीजिये। ऐसा आपको सप्ताह मे एक बार करना है। ऐसा आप लम्बे समय तक कर सकते हैं। आप नयी स्फूर्ति का अनुभव तो उसी समय से करेंगे पर दो-तीन बार इसे करने से आपको गहरा असर दिखने लगेगा।

aloe vera 1 aloe vera 2
aloe vera 3
एलो वेरा के चित्र  
यह त्वचा के मलहम में बहुतायत से प्रयोग किया जाता है – त्वचा के दर्द, जख्म और जलन में लाभ प्रद है। यह सौन्दर्य प्रसाधनों और अन्य कई औषधियों में इस्तेमाल होता है।  
यह औषधि सूखे और कम जलीय स्थानों पर सरलता से पनपती है।

एलो का इस तरह प्रयोग अलग-अलग तरीकों से भी होता है। श्वेत कुष्ठ (ल्यूकोडर्मा) से प्रभावित रोगियों को तो दवाओ के आँतरिक सेवन के साथ इसे दिन मे दो से तीन बार करने को कहा जाता है।
एलो की तरह ही 600 से अधिक वनौषधीयों का प्रयोग इस अनोखे ढंग से होता है। एलो के पौधे आसानी से मिल जाते है। वैसे देश के बहुत से भागों में यह माना जाता है कि इसे घर मे लगाने से पारिवारिक क्लेश बढ़ जाता है। यदि इस विश्वास का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाय तो कंटीले होने के कारण सम्भवत: बच्चों को हानि पहुँचने के भय से इसे न लगाने की सलाह दी गयी होगी। यह भी देखा गया है कि गर्मी के दिनो मे ठंडक की तलाश मे साँप जैसे जीव इनके पास आ जाते हैं। इसलिये भी शायद इसे घर मे न लगाने की बात कही गयी होगी। मैं तो यही सलाह देता हूँ कि इसे पड़ोसी की दीवार के पास लगाये ताकि झगड़ा हो भी तो उधर ही हो।Smile
एलो की बहुत अधिक देखभाल न करें। पानी तो कम ही डालें। जंगल मे वनस्पतियाँ बिना देखभाल के उगती हैं, और फिर भी दिव्य गुणों से युक्त होती है। जब मनुष्य खूब देखभाल कर इसे खेतों या बागीचो मे लगाता है तो वैसे गुण नही मिल पाते हैं। आधुनिक अनुसन्धानो से भी यह पता चल चुका है कि ‘स्ट्रेस’ दिव्य औषधीय गुणो के लिये जरूरी है। यही कारण है कि बहुत सी औषधीय फसलो की खेती मे कुछ समय तक सिंचाई रोक दी जाती है।
एलो वेरा पर मेरा ईकोपोर्ट पर लेख यहां देखें।
पंकज अवधिया


पंकज जी की अतिथि पोस्ट के चित्र के लिये पड़ोस से ग्वार पाठा का गमला १० मिनट के लिये मंगवाया गया। भरतलाल भूत की पोस्ट से जोश में हैं। लाते समय पूरी गली को एनाउंस करते आये कि इस गमले का फोटो कम्प्यूटर में लगेगा और दुनियां में दिखेगा।
मेरे पर-बाबा पं. आदित्यप्रसाद पाण्डेय आयुर्वेदाचार्य थे और अपनी औषधियां सामान्यत: स्वयम बनाते थे। वे घीक्वांर(ग्वारपाठा) से औषधि बनाया करते थे। 


Design a site like this with WordPress.com
Get started