राजन भाई की पोती के स्वास्थ्य के लिये नानी के नुस्खे


सवेरे की चाय पर लगभग रोज रहते हैं राजन भाई। मेरे चचेरे भाई हैं। उम्र में मुझसे करीब छ साल बड़े। उनका घर रेलवे लाइन के उस पार अहाता में है। हमारे घर से करीब आधा किलोमीटर दूर। लॉकडाउन पीरियड में एक वही हैं, जो लगभग नियमित मिलते हैं। उनसे गांव की कई सूचनायें मिलती हैं। अन्यथा हम लोग शायद उतने सामाजिक नहीं हैं। :lol:

सवेरे की चाय पर राजन भाई। राजेंद्र दुबे।

उनसे कई तरह की चर्चा होती है। आज वे थोड़ा परेशान थे। उनकी सात महीने की पोती की कुछ स्वास्थ्य सम्बंधी समस्या है। उनसे बात करते समय मुझे बरबस अपनी नानी की याद हो आयी। जब मैं अपने तीन महीने के बेटे के साथ दिल्ली से बनारस उनके पास आयी थी। आने के पहले बेटा बीमार था और मेरे साथ उसके सामान की बड़ी सी गठरी थी। उसमें थे बदाम का तेल, जान्सन के उत्पादों का पूरा किट और अनेक दवाइयां।

नानी ने वह सब एक तरफ पटक दिया। पूरे दिन भुनभुनाती रहीं कि किताब पढ़ कर बच्चे पाले जायेंगे? बदाम के तेल से हड्डी मजबूत होगी? अरे ये सब चोंचले हैं।

Continue reading “राजन भाई की पोती के स्वास्थ्य के लिये नानी के नुस्खे”

गांव को लौटते हतप्रभ और हारे श्रमिकों को भोजन


मैं बार बार कह रहा था राह चलते श्रमिकों को भोजन कराने का उपक्रम पुन: प्रारम्भ करने के लिये। गांव के वे नौजवान भी चाहते थे। शायद इंतजाम करने में समय लगा। कल मुझे कैलाश बिंद जी ने फोन पर बताया कि लोग इकठ्ठा हैं शिवाला पर और भोजन भी बन गया है। “आप वहीं आ जाइये।”

सात-आठ लोग थे वहां। तहरी बन कर तैयार थी एक बड़े से भगौने में। टेण्ट लगा था और उसके नीचे हरी जाजिम बिछा दी गयी थी। थर्मोकोल की थालियां, मिर्च, नमक आदि उपलब्ध था। एक कण्डाल में पानी भरा रखा था।

बांये से – मोहित, नीरज, धीरज, सुशील और कैलाश। इन्होने निस्वार्थ भोजन दान का आयोजन किया। पहले दस दिन तक और अब पुन: प्रारम्भ किया है।

हाईवे (ग्राण्ड ट्रंक रोड) की बगल में शिवाला है। अभी हाल ही में हाईवे के छ लेन का करने के काम में शिवाला पीछे शिफ्ट किया गया है। पुराने मंदिर का मलबा अभी वहीं है। पर परिसर बड़ा है। आम और आंवला के पेड़ भी हैं वहां।

कोरोना लॉकडाउन में घर की ओर पलायन करते श्रमिक और उनके परिवार पश्चिम से पूर्व की ओर चलते हैं। पूर्व की ओर चलते व्यक्ति के लिये शिवाला उसी ओर पड़ता है। सड़क क्रॉस करने का झंझट नहीं। कुल मिला कर भण्डारा आयोजन करने के लिये सही जगह है।

Continue reading “गांव को लौटते हतप्रभ और हारे श्रमिकों को भोजन”

उन्होने लॉकडाउन में हजारों घर लौटते श्रमिकों को भोजन कराया


वे सुशील हैं। सुशील कुमार मिश्र उर्फ बबलू। पास के गांव भगवानपुर में रहते हैं। उनके पिता राजनाथ मेरे अच्छे मित्र हैं। एक रात जया दुबे के घर बाटी भोज के दौरान वे भी आमंत्रित थे। भोजन के दौरान उन्होने बताया कि उन्होने और उनके मित्रों ने लॉकडाउन 1.0 में हाईवे के पास शिवाला पर दस दिन तक भण्डारा चलाया था। ध्येय था अपने घरों को लौटते श्रमिकों के लिये भोजन -पानी और कुछ आराम की सुविधा देना।

बाटी-भोज के अगले दिन मैं सुशील से मिलने गया उनके घर। लगभग आधा घण्टा उनसे चर्चा हुई। ज्यादातर सुशील ने ही बताया।

“फुफ्फा, लॉकडाउन होने पर पहले पहल जो लोग पैदल निकले वे बिना तैयारी के थे। उनके पास सामान नहीं था, खाने को भी नहीं। रास्ते में उन्हें ज्यादा सहायता भी नहीं मिल रही थी। हम लोग देखते थे उन लोगों को जाते। तब मन में आया कि इनके लिये कुछ करना चाहिये।”

Continue reading “उन्होने लॉकडाउन में हजारों घर लौटते श्रमिकों को भोजन कराया”
Design a site like this with WordPress.com
Get started