कम्प्यूटर तकनीक बच्चों से सीखें



मेरे पास रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी आये। उन्होने कहीं से सुना था कि मेरे पास कोई वेब साइट है, जिसपर मैं लिखता हूं। ये वरिष्ठ अधिकारी नॉन-टेक नहीं हैं। इंजीनियर हैं। उन्होने जब संघ लोक सेवा अयोग की परीक्षा पास की होगी तब इंजीनियरिग प्रतिभा की क्रीम रेलवे में आती थी।

Photo Sharing and Video Hosting at Photobucket
(उम्र के साथ) अव्वल तो आदमी में सीखने का मद्दा नहीं बचता। बचता भी है तो अपने से छोटों पर यह जाहिर हो कि हम अनाड़ी हैं – बड़ी तौहीन महसूस होती है।

इन वरिष्ठ अधिकारी महोदय को भी अपने काम की तकनीक का अच्छा अनुभव है। पर जहां कम्प्यूटर/इण्टरनेट के प्रयोग का नाम आता है, अपंग महसूस करते हैं। मुझे नहीं लगता कि यह पीढ़ी (और यह मेरी पीढ़ी है) कम्प्यूटर तकनीक का बहुत प्रयोग करेगी। बहुतों को मैने मोबाइल फोन के मूलभूत प्रयोग से आगे बढ़ने में उलझते देखा है।

मैंने उन सज्जन को ब्लॉग बनाने के बेसिक्स बताये। उन्हे अपने ब्लॉग के बारे में बताया। उन्हें विश्वास ही न हो रहा था कि मैं यह सब लिखता-करता हूं। वे चले गये। थोड़े जोश और अधिक कंफ्यूजन में। मुझे नहीं लगता कि वे स्वयम मेरा ब्लॉग खोलेंगे या खोल पायेंगे। ऐसे लोग अपवाद नहीं, बहुतेरे हैं।

Lap Top

सभी रेल प्रशासनिक अधिकारियों को रेलवे ने लैपटॉप दिये। हमने जब अपना लैपटॉप प्राप्त किया तो बहुत उत्सुकता थी। पर ज्यादातर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बड़ी साफगोई से कहते पाये गये कि यह कम्प्यूटर तो उनके बच्चे प्रयोग करेंगे।

नये लैपटॉप ने मेरे पुराने बूढ़े सेलेरॉन वाले असेम्बल्ड पीसी को लगभग 85% विश्राम दे दिया है। पर लगभग सभी अधिकारी जो मेरी जान पहचान वाले हैं, या तो लैपटॉप का प्रयोग नहीं कर रहे या फिर उनके बच्चे उसका उपयोग कर रहे हैं। कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अवश्य प्रयोग कर रहे हैं इस सुविधा का।

कम्प्यूटर तकनीक (या कोई भी तकनीक) का प्रयोग करने में उम्र बाधक नहीं।1 पर झिझक अवश्य देती है। अव्वल तो आदमी में सीखने का मद्दा नहीं बचता। बचता भी है तो अपने से छोटों पर यह जाहिर हो कि हम अनाड़ी हैं – बड़ी तौहीन महसूस होती है।

सरकारी अफसर के साथ एक और फिनॉमिनॉ है। वह नये गैजेट के लिये एक बन्दा ढ़ूंढता है जो उसका प्रयोग कर सके। वह स्वयम ‘गिफ्ट ऑफ द गैब’ (बकबक करने की प्रतिभा) के माध्यम से काम चलाता है। प्राइवेट सेक्टर में शायद लोग ज्यादा उम्र में भी तकनीक का प्रयोग सीखने में तत्पर रहते हों।

तो मित्रों, तकनीक का प्रयोग सीखने में अगर दिक्कत है तो अपने से छोटी उम्र के व्यक्ति को दोस्ताना अन्दाज में पकड़िये!


1. इसी लिये जब अनूप शुक्ल जब मेरी कल की पोस्ट पर टिप्पणी देते हैं कि – ‘आपने पुलकोट के भी आगे फोटो लगाना सीख लिया। क्या कहने!’ और फिर फोन पर वही बात दुहराते हैं तो (यद्यपि मैं यूं जताता हूं कि कोई खास बात नही है; पर) मन ही मन प्रसन्न होता हूं।

आखिर बढ़ती उम्र में तकनीकी खुराफात जिन्दा तो है!Thumbs-up

हर्रा या हरड़ – एक चमत्कारिक वनौषधि



पंकज अवधिया मेरे ब्लॉग के नियमित पाठक हैं। मैं भी इनका ब्लॉग मेरी कविता नियमित पढ़ता हूं। इनका वनस्पति और पर्यावरण के प्रति जुनूनी प्रेम मुझे बहुत आकर्षित भी करता है और अपने अज्ञान पर मुझे संकुचित भी करता है। अपनी टिप्पणियों में मेरी नींद, वजन, पैरों में दर्द तथा मेरी पत्नी के आधासीसी सिरदर्द के विषय में उन्होने बहुत उपयोगी सुझाव दिये। मुझे मौका मिला उन्हें मेरे ब्लॉग के लिये स्वास्थ्य विषयक अतिथि-ब्लॉगपोस्टें लिखने का आमंत्रण देने का। और उन्होने मुझे निराश नहीं किया। आप उनकी पोस्ट पढ़ें – 


panj_imageमैं पिछले कुछ समय से लगातार ज्ञान जी के ब्लॉग को पढ रहा हूँ और टिप्पणी कर रहा हूँ। मेरी टिप्पणियो मे यदा-कदा वनौषधीयों के विषय मे भी लिखा होता है। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि इस आधार पर ढेरो सन्देश पाठकों की स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं को लेकर मुझे मिल रहे है।

मैने जब ज्ञान जी को इसके बारे मे बताया तो उन्होने सुझाया कि मै बतौर अतिथि लेखक उनके ब्लाग पर इन सन्देशों का जवाब दूँ। मैने स्वीकार कर लिया। अब मै प्रति सप्ताह एक प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास करूंगा। अभी तो इतने प्रश्न है कि छ माह तक जवाब दिये जा सकते है। आप भी अपने प्रश्न प्रेषित कर सकते है ज्ञान जी को।

जैसा आप जानते है मै कृषि विशेषज्ञ हूँ और वर्तमान मे वनौषधियों से सम्बन्धित पारम्परिक चिकित्सकीय ज्ञान का दस्तावेजीकरण कर रहा हूँ। अब तक किये गये कार्य के आधार पर ढाई लाख पन्नो मे समाहित 20,000 वैज्ञानिक दस्तावेज अंतरजाल पर उपलब्ध है। देश भर के पारम्परिक चिकित्सको के सानिध्य से जो कुछ मैने सीखा है उस ज्ञान को जग-हित मे मैं यहाँ बाँटना चाहूंगा। अब मैं एक आम हित का प्रश्न लेता हूं –

 

प्रश्न: ऐसा उपाय बतायें जिससे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़े और रोगों से बचाव हो सके।

Photo Sharing and Video Hosting at Photobucket
मेरे दिवंगत स्वसुर जी कहते थे कि जिस अभागे की मां न हो, वह हर्रा, बहेर्रा और आंवला को अपनी मां समझे। ये तीनों मां की तरह स्वास्थ्य की रक्षा करेंगे।


– ज्ञानदत्त पाण्डेय

उत्तर: देश के मध्य भाग के पारम्परिक चिकित्सक एक बडा ही सरल उपाय सुझाते है। यह उपाय है हर्रा या हरड के प्रयोग का।

एक फल ले और उसे रात भर एक कटोरी पानी मे भिगो दे। सुबह खाली पेट पानी पीयेँ और फल को फैंक दें। यह सरल सा दिखने वाला प्रयोग बहुत प्रभावी है। यह ताउम्र रोगो से बचाता है। वैसे विदेशो मे किये गये अनुसन्धान हर्रा के बुढापा रोकने की क्षमता को पहले ही साबित कर चुके हैं।

अब प्रश्न उठता है कि कितने समय तक इसे लिया जाये। बहुत से विशेषज्ञ इसे आजीवन लेने की सलाह देते है पर किसी भी दवा का नियमित प्रयोग उचित नही है। अत: साल के किसी भी तीन महिने इसे लिया जा सकता है।

मैने पेट, आँख, अच्छी नींद, तनाव मुक्ति, जोड़ों के दर्द, मोटापे आदि के लिये इसे उपयोगी पाया है पर पारम्परिक चिकित्सक इसे पूरे शरीर को मजबूत करने वाला उपाय मानते है। शरीर चंगा तो फिर रोग कहाँ से आयेंगे।

terminalia Harad
harra ^ चित्र ऊपर
छोटी और बड़ी हर्रा/हरड़ के हैं – इण्टरनेट से लिये गये।

«चित्र बायें 
कटोरी में रात भर पानी में भिगोया हर्रा व उसका पानी

यदि आपको कोई गम्भीर रोग है तो आप अपने चिकित्सक की सलाह लेकर इसका प्रयोग करे। अन्य अंग्रेजी दवाओ के साथ इसके प्रयोग के लिये भी उनसे पूछ ले। मैने तो पाया है कि किशोरावस्था से यदि इसके प्रयोग की आदत हो जाये तो क्या कहने?!

इस साधारण प्रयोग को और अधिक उपयोगी बनाने बहुत सारे जटिल नियम है। जैसे झरने के पानी के साथ इसका प्रयोग, या फिर उच्च गुणवत्ता के फलों का उपयोग। हमारे छत्तीसगढ मे पारम्परिक चिकित्सक पुराने पेड़ों को विभिन्न सत्वो से सींचते है ताकि फल उच्च गुणयुक्त हो। आज के व्यस्त जीवन मे यह सब कर पाना असम्भव सा है हम आधुनिक मनुष्यों के लिये।

अत: जो भी और जितना भी बन पड़े उसे ही अच्छे से करना चाहिये।

पंकज अवधिया


कहाँ से कसवाये हो जी!



साइकल ऑफ-द-शेल्फ मिलने वाला उत्पाद नहीं है। आप दुकान पर बाइसाइकल खरीदते हैं। उसके एक्सेसरीज पर सहमति जताते हैं। उसके बाद उसके पुर्जे कसे जाते हैं। नयी साइकल ले कर आप निकलते हैं तो मित्र गण उसे देख कर पूछते हैं – ‘नयी है! कहाँ से कसवाये भाई!?’।

नयी चीज, नया प्रकरण या नया माहौल – उसमें ‘कसवाना‘ शब्द का प्रयोग या दुष्प्रयोग बड़ा मनोरंजक हो जाता है।

सोनियाँ गांधी जी से पूछा जा सकता है कि उनकी "स्पीच बहुत धांसू है; किससे कसवाई है?"

पांड़े जी नयी जींस की नीली शर्ट पहने फोटो खिंचाकर अपने ब्लॉग पर फोटो चस्पाँ करते हैं। टिप्पणियाँ आती हैं – "बड़े चमक रहे हो जी। नयी जमाने की शर्ट है। कब कसवाये?"

मेटर्निटी होम से लौटने पर नौजवान से लोग पूछ बैठें (यह जानने को कि क्या हुआ) – "क्या कसवाये जी? लड़का या लड़की?"

बाऊजी के दांत क्षरित हो गये। नयी बत्तीसी के लिये डेण्टिस्ट से अप्वॉइण्टमेण्ट तय कराया लड़के ने। पिताजी को बोला – "संझा को दफ्तर से लौटूंगा तो चलेंगे। आपके नये दांत कसवाने!"

Gyan(202)

Gyan(203) कसवाई जाती नयी साइकल

रविवार को साढ़े इग्यारह बजे मैं कटरा बाजार में पुरानी 4-5 घड़ियों में सेल लगवा रहा था। एक दो में कुछ रिपेयर भी कराना था। मोबाइल पर उपेन्द्र कुमार सिन्ह जी का फोन बजा – "क्या कसवा रहे हैं जी?" कसवाना शब्द मेरी जिन्दगी में इन अर्थों में परिचित कराने का श्रेय उन्हें ही है। पिछले सप्ताह भर से इस शब्द को वे बहुत कस कर प्रयोग कर रहे हैं।Gyan(207) मैने जवाब दिया कि फिलहाल तो घड़ी कसवा रहा हूं। वहीं बगल में साइकल वाले की दुकान थी और उसका कारीगर वास्तव में नयी साइकल कस रहा था।

कसवाने में दूसरे पर निर्भरता निहित है। उदाहरण के लिये अनूप सुकुल को यह नहीं कह सकते कि "आपकी पोस्ट बड़ी मस्त है, किससे कसवाये हो जी!" यह जग जानता है कि वे (भले ही जबरी लिखते हों) अपनी पोस्ट खुद कसते हैं! सोनियाँ गांधी जी से पूछा जा सकता है कि उनकी "स्पीच बहुत धांसू है; किससे कसवाई है?"

‘गुरू गुड़ और चेला शक्कर’ वाले मामलों में कसवाने का मुक्त हस्त से प्रयोग हो सकता है – कसवाया गुरू से और क्रेडिट चेले ने झटक लिया। मसलन ब्लॉग जगत का टेण्ट कसवाया नारद से और झांकी जम रही है नये एग्रेगेटरों की!

सो मित्रों, कसवाना शब्द मैने उपेन्द्र कुमार सिन्ह से – जो खुद ब्लॉगर नहीं हैं; झटका है। पर असकी कसावट तो आप ला सकते हैं अपनी टिप्पणियों से। Laughing


Design a site like this with WordPress.com
Get started