मूलचन्द, गीता पाठ और भजन गायन


कई महीनों से सवेरे योगेश्वरानन्द आश्रम के कुंये के चबूतरे पर मूलचन्द पाठ करने आते हैं। उन्होने बताया कि गीता के नौंवे अध्याय का पाठ करते हैं; “जिसको पढ़ने से आदमी नरक नहीं जाता है”। पूछने पर वे श्लोक नहीं बता पाते भग्वद्गीता के। जो एक श्लोक वे कहते हैं, वह भग्वद्गीता में नहीं है। उनका कहना है कि हिन्दी अनुवाद पढ़ते हैं। पर जो वे बताते हैं, वह बहुत गड्ड-मड्ड है। यह भी बोलते हैं मूलचन्द कि उनकी गीता की प्रति का पन्ना फट गया है।

खैर मूल बात यह नहीं कि मूलचन्द का भग्वद्गीता से कैसा परिचय है। हिन्दू धर्म में विविध स्तर के विविध स्कूलों के छात्र हैं। मूलचन्द जिस कक्षा में हैं, हम उसमें नहीं हैं। बस। यह नहीं कह सकते कि हम उनसे श्रेष्ठ कक्षा में हैं।

moolchand
अपनी साइकिल के साथ योगेश्वरानन्द आश्रम से लौटने को तैयार थे मूलचन्द। तब उनसे हम लोगों की बात हुई।

मुझे रामकृष्ण परमहंस की वह कथा याद आती है जिसमें एक द्वीप पर रहने वाले तीन साधू, मात्र श्रद्धा के सहारे “हम तीन, हमारे तीन” मन्त्र का जाप करते करते नदी को पैरों से चलते हुये पार कर आये जबकि सही मन्त्र सिखाने वाले गुरू जी को मन्त्र शक्ति पर विश्वास नहीं था। उन्होने द्वीप पर आने जाने के लिये नाव का प्रयोग किया। सारा खेल श्रद्धा का है।

हम लोग नाव का प्रयोग करने वाले छात्र हैं हिन्दू धर्म के। मूलचन्द अनगढ़ मन्त्रजाप से पार उतरने वाले हैं।

यो यत् श्रद्ध:; स एव स:। जिसकी जैसी श्रद्धा है, वह वैसा होता है।

moolchand 2
मूलचन्द की बात सुनने और और लोग भी जुट गये।

किसी विद्वान ने (सम्भवत:) गीता के नवें अध्याय – राजविद्या-राजगुह्ययोग के बारे में बताया होगा मूलचन्द को। “यज्ज्ञात्वा मोक्ष्यसे शुभात”। जिसे जानने पर व्यक्ति बन्धन मुक्त हो जाता है। मोक्ष शायद कठिन कॉसेप्ट हो; सो उन विद्वान ने पौराणिक अन्दाज में यह कहा हो कि इस अध्याय के अध्ययन से नरक नहीं जाता आदमी।

खैर जो भी रहा हो; मूलचन्द भोर में गंगा स्नान कर कुंये की जगत पर अकेले जो भी पाठ करते हों, उसको सुनने वाले कृष्ण ही होते होंगे। मूलचन्द जी से उनके पाठ के विषय में और कुछ नहीं पूछा हमने।

moolchand 3
मुझसे आगे चल रहे थे मूलचन्द। अचानक भजन गाने लगे।

वापसी में अपनी साइकिल पर मूलचन्द मुझसे आगे चल रहे थे। अचानक वे कुछ गाने लगे। पीछे से मैने आवाज लगाई – बढ़िया गा रहे हैं। क्या है यह?

मूलचन्द ने रुक कर भजन सुनाया। बताया कि एक जोगी गाता था। “हम ओके सौ रुपिया देहे रहे। ओसे सुना और सीखा भी (मैने उसे 100रुपया दिया। उससे सुना और सीखा भी)”। पगडण्डी पर खड़े हो मैने मूलचन्द का भजन अपने मोबाइल से रिकार्ड किया। (शायद) कौशल्या माता किसी साधू से पूछती हैं – कईसे बाटल बा बबुआ हमार, तनी बतईहे जईहअ (वन में मेरा बच्चा कैसा है? उसका छोटा भाई, उसकी पत्नी सीता कैसी हैं, जरा बताये जाओ)। बड़ा ही मार्मिक। उस समय तो मात्र रिकार्ड कर रहा था मैं; पर घर पर आ कर सुना तो आंखें नम जरूर हो गयीं। आप भी सुनें मूलचन्द जी का भजन गायन –

मूलचन्द ने अपने बारे में बताया। पास के गांव पिपरिया के हैं। “ऊ सामने ईंट-भट्ठा देखात बा। उहीं काम करत रहे। अब काम छुटि गबा। एक भईंस रही, उहौ बेचि दिहा (वह सामने भट्ठा दिख रहा है। वहां काम करता था।अब काम छूट गया। एक भैंस थी। वह भी महीना भर पहले बेच दी।)” । मूलचन्द की विपन्नता स्पष्ट हो गयी। घर में शादी भी पड़ी है।

विपन्नता और जिम्मेदारियों में यह व्यक्ति टूटने की बजाय गंगा स्नान, गीता पाठ और भरथरी के नाथ पन्थी जोगियों के भजन का सहारा ले रहा है।

गजब है मूलचन्द। गजब है हिन्दू समाज!


यह पोस्ट फेसबुक नोट्स में मई 2017 में पब्लिश की थी। अब मुझे पता चल रहा है कि अक्तूबर 2020 से फेसबुक ने नोट्स को दिखाना बंद कर दिया है। यह बहुत ही दुखद है। मुझे वहां से निकाल कर यह ब्लॉग पर सहेजनी पड़ रही है पोस्ट। :-(


डेल्हीवरी के नीरज मिश्र जी मचिया का पैकेट ले गये आज!


1 फरवरी 2021 –

नीरज कुमार मिश्र डेल्हीवरी नामक कुरियर कम्पनी से एक दशक से जुड़े हैं। उनपर मैंने पहले भी एक पोस्ट लिखी थी अप्रेल 2020 में, कि कैसे कोरोना संक्रमण के पीक समय में भी वे कार्यरत थे और अपनी सेवायें भदोही के ग्रामीण अंचल में भी प्रदान कर रहे थे। उस समय बाकी सारी कुरियर कम्पनियां बिल में समा गयी थीं। इस इलाके में केवल डेल्हीवरी ही (नीरज कुमार मिश्र की कार्यकुशलता से) अपनी सेवायें प्रदान कर रही थी।

Machiya – मचिया

अब रघुनाथ जी के लिये मचिया भेजने की जरूरत सामने आयी तो मुझे नीरज जी का स्मरण हो आया। हम लोगों ने घर में उपलब्ध कार्डबोर्ड और थर्मोकोल का प्रयोग करते हुये दोनो मचिया एक साथ रख कर एक पैकेट तो बना दिया पर उसे एक बाहरी आवरण देने और उसपर नाम-पता आदि लिखने की बात बाकी रह गयी थी। सोचा कि जूट का एक आवरण दे कर उसे सुतली से सिला जाये। पर वह विकल्प जम नहीं रहा था। जूट का पैकेट के आकार का कोई बोरा भी नहीं था।

नीरज जी ने हमारी समस्या हल कर दी। उन्होने कहा कि आप अपना पैकेट तैयार रखें, वे सवेरे सात बजे अपनी ड्यूटी पर जाते समय उसे कलेक्ट कर लेंगे और डेल्हीवरी के दफ्तर में उस पैकेट को डेल्हीवरी के ही बोरे में पैक कर, उस पर पाने वाले का पता आदि लगा कर, उसकी डिस्पैच की औपचारिकतायें पूरी कर देंगे। औपचारिकतायें पूरी करते समय उसका जो भी कुरियर चार्ज लगेगा, वह मुझे वे फोन पर बता देंगे और वह मुझे फोन-पे एप्प पर उन्हे देना होगा। इस प्रकार गांव में अपने घर से ही मुझे पैकेट भेजने की सुविधा मिल जायेगी। इस तरह की सुविधा की कल्पना भी मैं नहींं कर सकता था।

मैं नीरज जी की एक दिन प्रतीक्षा करता रहा। उनसे फोन पर पूछा तो बताया कि मोटर साइकिल पर एक अन्य व्यक्ति के साथ हो जाने के कारण वे पैकेट लेने नहीं आ सके। वे दूसरे दिन सवेरे सात बजे आये। मैं उनको घर के बाहर गेट पर ही मिल गया।

नीरज दूसरे दिन सवेरे सात बजे आये। मैं उनको घर के बाहर गेट पर ही मिल गया।

उन्होने मेरा और मेरी पत्नीजी का चरण स्पर्श कर अभिवादन किया; पैकेट उठाया और दो मिनट में ले कर रवाना भी हो गये। सवेरे सवेरे चाय की पूछने पर कहा – बाबूजी, आज दफ्तर पंहुचने की जल्दी है। फिर कभी आऊंगा।

नीरज पैकेट लेते हुये।

कुरियर सेवा में पिछले पांच साल में गांव में मैंने बहुत परिवर्तन देखे हैं। शुरू शुरू में डरते डरते मैंने अमेजन और फ्लिपकार्ट से सामान मंगवाना प्रारम्भ किया। यह 2016 की बात है। तब कुरियर प्रतिनिधि गांव में घर पर आने को तैयार ही नहीं होते थे। एक दो पैकेट तो उन्होने यह कह कर मना कर दिये कि ‘सही पते पर कोई व्यक्ति मिला ही नहीं’ जब कि उन्होने आने या सम्पर्क करने का कोई यत्न ही नहीं किया था। फ्लिपकार्ट वाले तो कस्टमर केयर को सम्पर्क करने पर भी कोई सहायता नहीं कर सके। अमेजन वालों ने जरूर तत्परता दिखाई और उनके कहने के बाद कोई प्रतिनिधि बहुत कुड़बुड़ाते हुये पैकेट ले कर आता। अहसान भी जताता और कभी कभी साफ साफ अपना सेवा-शुल्क मांगता। पर यह चिरकुट व्यवहार साल-डेढ़ साल तक ही चला।

उसके बाद अमेजन ने डेलीह्वरी के माध्यम से पैकेट भेजने प्रारम्भ कर दिये। और तब मैं नीरज कुमार मिश्र जी से मिला। नीरज विश्वसनीय, विनम्र और अत्यंत कुशल कर्मचारी और व्यक्ति निकले। उनके साथ परिवार के सदस्य की तरह व्यवहार होने लगा।

मचिये का पैकेट ले कर नीरज अपने भदोही के दफ्तर पंहुचे। वहां से उन्होने मुझे कुरियर चार्ज फोन पर बताया। मैंने घर बैठे पेमेण्ट किया और तुरंत ही उन्होने मोबाइल पर पैकेट बुक करने की रसीद मुझे प्रेषित कर दी।

पैकेट का बोझ जो हमारे सिर पर था; वह नीरज की तत्पर सेवा से हल्का हो गया। नीरज जी ने बताया कि चार दिन में रघुनाथ जी को नोयडा में वह डिलिवर हो जाने की सम्भावना है।

नीरज ने मेरे घर के बाहर अपनी मोटर साइकिल पर बड़ी कुशलता से मचिया का पैकेट बांधा। बांधने के लिये मोटी एलास्टिक की हुक लगी डोरी उनकी मोटर साइकिल में ही जुड़ी थी। उनके रवाना होते ही सामान का बोझ हमारे सिर से उतर गया।

गांवदेहात में रहते हुये साधन विपन्न मैं इससे बेहतर सर्विस की अपेक्षा नहीं कर सकता था। और गांव ही क्यों, शहर में भी नीरज जैसे तत्पर व्यक्ति का मिलना सौभाग्य ही है!


ट्विटर पर एक टिप्पणी –

1941 से 2021 – अनिरुद्ध कर्मकार से राजबली विश्वकर्मा


गणदेवता – ताराशंकर बंद्योपाध्याय

“गणदेवता” (सन 1941-46 के बीच लिखा कालजयी उपन्यास। लेखक ताराशंकर बंद्योपाध्याय) के प्रारम्भ में आते हैंं पात्र – अनिरुद्ध कर्मकार लुहार और गिरीश सूत्रधार बढ़ई। पंचग्राम (पांच गांवों का समूह) के गांव वालों के सभी लुहार/बढ़ई के काम ये करते हैं। ये दोनों बेगारी और बिना पैसा दिये काम कराने की गांव की व्यवस्था के खिलाफ उठ खड़े होते हैं। उपन्यास का समय बंगाल और भारत के नवजागरण काल का है। ताराबाबू उपन्यास के हिंदी अनुवाद की भूमिका में लिखते हैं –

बंगाल के ग्राम्य जीवन का जो चित्र इस उपन्यास का आधार है, वह केवल बंगाल का होने के बावजूद भी, उसमें सम्पूर्ण भारत के ग्राम्यजीवन का न्यूनाधिक प्रतिबिम्ब मिलेगा। बंगाल के गांव का खेतिहर-महाजन श्रीहरि घोष, संघर्षरत आदर्शवादी युवक देबू घोष, अथवा जीविकाहीन-भूमिहीन अनिरुद्ध लुहार केवल बंगाल के ही निवासी नहीं हैं। इनमें भारत के उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम – सब दिशाओं के भिन्न भिन्न राज्यों के ग्रामीण मनुष्यों का चेहरा खोजने पर प्रतिबिम्बित मिल जायेगा। बंगाल के श्रीहरि, देबू या अनिरुद्ध ने दूसरे प्रांतों में जा कर सिर्फ नाम ही बदला है, पेशे और चरित्र में वे लोग भिन्न नहीं हैं।

राजबली विश्वकर्मा की लोहा तपाने की भट्ठी। बांयी ओर धौंकनी (bellow) दिख रही है। भट्ठी के सामने कूट (anvil) है।

मैंं मचिया मिशन के संदर्भ में आसपास के लुहार – खाती/बढ़ई लोगों से मिला हूं। द्वारिकापुर के भोला विश्वकर्मा और कटका पड़ाव के राजबली विश्वकर्मा से कई बार मिला हूं। राजबली के साथ उनके घर-कम-वर्कशॉप पर पीढ़ा और कुर्सी पर बैठ कर उनसे बात की है। उनके घर की तीन पीढ़ी से मेरा परिचय है। हर एक के गुणों, बदलावों और बदलते जीवन मूल्यों को मैंने महसूस किया है। मैंने यह भी विश्लेषण करने का यत्न किया है कि भोला विश्वकर्मा ने कई बार चक्कर लगाने और उसके द्वारा मांगी गयी कीमत पर सहमत होने के बावजूद भी क्यों नहीं बनाया मचिया का फ्रेम? लीक से अलग काम करना क्यों नहीं चाहता आम गंवई कारीगर? उसके उलट राजबली ने अपने कहे को निभाया। राजबली की इज्जत, प्रतिष्ठा और जीवन मूल्य क्या हैं?

राजबली का पोता ईश्वरचंद्र मुझे भट्ठी की कार्यविधि समझाते हुये।

समाज में, विशेषकर कारीगर समाज कैसा है और उसके जीवन में क्या परिवर्तन हुये पिछले पचास साठ साल में – वह जानना और दर्ज करना मुझे एक चैलेंज लगता है।

गणदेवता को तो ज्ञानपीठ पुरस्कार ही मिला। मेरे ख्याल से उससे कई कमतर पुस्तकों को नोबेल मिल चुका है। मैं उस पुस्तक जैसे किसी दस्तावेज सृजन का स्वप्न तो नहीं देखता; पर अपने जीवन की दूसरी पारी में गांव में रहने के कारण यह तो मन में है कि पचास साल से हुये ग्रामीण बदलाव को महसूस किया जाये और लेखन में (भले ही ब्लॉग पर ही हो) दर्ज किया जाये।

भट्ठी पर गलीचा बुनकर के औजार को तपाते और धार देते राजबली।

राजबली का जीवन बंगाल के अनिरुद्ध कर्मकार जैसा तो नहीं दिखता। उनके बेटे शिवकुमार ने बताया कि उनके घर में अभाव जैसा कुछ नहीं था। औराई से गडौली तक पांच-छ कोस के इलाके में सारी खेती किसानी उन्ही के द्वारा बनाये गये औजारों-हलों पर निर्भर थी। लोगों के पास पैसे नहीं होते थे और पैसे की बजाय बनी-मजूरी का प्रचलन था। उनके घर में इतना अनाज आता था कि मौसम से इतर उसे खरीदने वाले भीड़ लगाये रहते थे। यह सब उनकी कारीगरी के बल पर ही था। अब भी काम मिलने की समस्या नहीं है। हुनर के लिये ग्राहक हैं ही। यह जरूर है कि समय के साथ काम का स्वरूप/प्रकार बदला है। पहले जिन चीजों की जरूरत होती थी, आज उनकी मांग नहीं है।

शिवकुमार जो बता रहे थे, वह मेरी सामान्य सोच और “गणदेवता” में पढ़े बदलते समय के द्वंद्व से अलग, एक खुशनुमा रोमाण्टिक कथा जैसा लगा। किसी बदलते समय की क्राइसिस जैसा नहीं। क्या ऐसा है? क्या ऐसा इसलिये है कि राजबली ने अपने और अपने परिवार के लिये नैतिक चरित्र के प्रतिमान बना दिये हैं और उनका पालन करते हैं? क्या ऐसा अगर वास्तव में है तो वह इसलिये कि उनके परिवार की जरूरतें संयमित थीं/हैं? या सामान्यत: कारीगर वर्ग दलित या खेत मजदूरों की अपेक्षा हमेशा बेहतर रहा और उसे अपने हाथ के हुनर के बल पर कभी आर्थिक समस्या नहीं आयी?

मेरे घर पर शिवकुमार अपने पिताजी (राजबली) के बारे में बताते हुये।

मैं शिवकुमार से कहता हूं कि उनके पिताजी के पास मुझे फुर्सत में समय गुजार कर उनके जीवन की गाथा सुननी और नोट करनी है। कुछ दिनों में मौसम सुधरे तो यह किया जाना है। शिवकुमार ने बताया कि राजबली सवेरे तीन बजे उठ कर शौच-स्नान-पूजा-पाठ में समय व्यतीत करते हैं। उनहत्तर साल के हो गये हैं पर दिनचर्या के नियम पूरी कड़ाई से पालन करते हैं। अपनी जिंदगी अपने उसूलों के अनुसार चलाते हैं और उसमें किसी की दखल नहीं होती! शिवकुमार अपने पिता के बारे में जो भी बताये, उसके अनुसार राजबली के पास फुर्सत के समय में मिलने की इच्छा बलवती हो गयी है। अभी तो जब भी उनसे मिला हूं, वे काम में लगे मिले हैं। कभी खड़ाऊं बनाते, कभी भट्टी पर लुहार का काम करते पाया है।

‘गणदेवता’ के अनिरुद्ध कर्मकार के समांतर राजबली विश्वकर्मा को रख कर तुलना करना रोचक होगा। उन दोनो का जीवन अब तक ज्ञात जानकारी के अनुसार बहुत अलग नजर आता है।

देखें; राजबली से विस्तृत मुलाकात कब होती है!


Design a site like this with WordPress.com
Get started