इन्दारा, सप्तगिरि में


मेरे घर “सप्तगिरि” में आज पीछे की तरफ देखा। सेमल का विशालकाय वृक्ष है। उसके पास गूलर और बेल के पेड़ भी हैं। सेमल की छाया में एक इन्दारा है – कुंआ। अब परित्यक्त है। कुंये की गोलाई में ईंट लगी हैं। उन्ही के साथ है एक पीपल का वृक्ष।

बहुत पुराने पन का अहसास। आसपास पेड़, जमीन पर छितरायी गिरी पत्तियां और इधर से उधर आती-जाती लतायें! यह सब देख रहा था तो कलेवा कर कुल्ला करता चन्द्रिका पास आ गया। बताने लगा कि कुंआ अब भठ गया है। कुछ साल पहले एक गेंहुअन गिर गया था इसमें। निकल नहीं पाया। कुछ दिन तो दूध गिराया गया उसे पीने के लिये। फिर खतम हो गया।

इन्दारा, पीपल और बांयी ओर सेमल के विशाल तने का अंश।
इन्दारा, पीपल और बांयी ओर सेमल के विशाल तने का अंश।

गूलर अभी लगना नहीं शुरू हुआ। बिल्वपत्र विवर्ण लगते हैं। कोई भी तीन पत्तियां मुझे कोमल, हरी और समूची नहीं दिखीं। “पड़ोस के विपुल सिंह सा’ब के घर में अच्छा बेल का पेड़ है। पत्तियां मंगानी हों तो वहां से ले आऊंगा”। चन्द्रिका ने कहा।

सेमल विशालकाय है। “साहेब पारसाल छंटवाये रहेन्; तब्बौं एतना बड़ा बा।”

सेमल, बेल, गूलर – सभी पवित्र वृक्ष हैं। पास में आंवला भी है। सप्तगिरि अपने आप में अनूठापन लिये है। पुराना, जर्जर, पवित्र और वर्णनीय!

बंगला, वनस्पति और और चन्द्रिका


चन्द्रिका इस घर में मुझे आते ही मिला था। सवेरे बंगले को बुहारता है और क्यारियों में काम करता है। उससे कह दिया था कि कुछ सब्जियां लगा दे। तो आज पाया कि लौकी, करेला, नेनुआं, खीरा आदि लगा दिये हैं। बेलें फैलने लगी हैं। चन्द्रिका के अनुसार लगभग दो सप्ताह में सब्जियां मिलने लगेंगी।

चन्द्रिका
चन्द्रिका

आज सवेरे चन्दिका फावड़ा चलाते दिख गया।

मैं उसे साथ ले कर बंगले में इधर उधर घूमने लगा। एक ओर लाल फूलों और काले मकोय जैसे बहुत से पौधे दीखे। मुझे लगा कि इनको क्यारी में कभी रोपा गया रहा होगा। पर चन्द्रिका ने बताया कि यह खरपतवार है। भटकुईंया कहते हैं इसे। कण्ट्रोल से कोई व्यक्ति आ कर इसके बारे में बताया था कि कोई दवाई बनती है इससे सूअर के लिये। सूअर के लिये भी दवाई होती है – यह मुझे नयी जानकारी थी।

भटकुईंया
भटकुईंया

भटकुईंया की बगल में बहुत झाड़ियां थीं। चन्द्रिका ने बताया कि वह भांग है। भांग में फूल भी आ रहे थे। मैने अनुमान लगाया कि यूंही पनप आये लगभग 30-40 पौधे होंगे। पता नहीं, भांग का यूं होना वैध है या अवैध। चन्द्रिका के अनुसार इनका कोई उपयोग नहीं है। यूंही उगते और खत्म हो जाते हैं।

भांग।
भांग।

एक विशालकाय पारिजात का वृक्ष था। काफी पुराना। उसके साथ पीपल भी गुंथा था। कुछ फूल झर रहे थे उससे। फल भी लगे थे। फल का भी पीस कर कोई औषधि के रूप में प्रयोग होता है। चन्द्रिका ने बताया कि जब झरते हैं तो नीचे की जमीन फूलों से पूरी बिछ जाती है।

पारिजात। पीपल भी गुंथा है इसमें।
पारिजात। पीपल भी गुंथा है इसमें।

“साहेब, पहले वाले साहेब मेंहदी लगाते थे बालों में” – चन्द्रिका ने बताया। मेंहदी की कई झाड़ियां दिखीं। फूल भी लगे थे मेंहदी में। फल भी आने वाले थे। उसकी पत्तियां, फूल, फल – सभी काम आते हैं रंग देने में।

मेंहदी। फूल-फल आ रहे हैं मेंहदी में।
मेंहदी। फूल-फल आ रहे हैं मेंहदी में।

रंग लाती है हिना, पत्थर पे पिस जाने के बाद!

और भी वनस्पतीय/जैव विविधता है मुझे मिले बंगले में। करीब एक एकड़ या डेढ़ बीघे में है यह बंगला। नाम सप्तगिरि। सप्तगिरि जैसा वैविध्य! आगे भी बताता रहेगा चन्द्रिका और आगे भी आता रहेगा ब्लॉग पर।

चन्द्रिका यादव।
चन्द्रिका यादव।

मिलते हैं एक ब्रेक के बाद! :lol:

एक विभागीय हिन्दी पत्रिका से अपेक्षा


कुछ दिन पहले यहां पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय में राजभाषा की त्रैमासिक बैठक हुई। बैठक में सामान्य आंकड़ेबाजी/आंकड़े-की-बाजीगरी के अलावा वाणिज्य विभाग के हिन्दी कार्यों की प्रदर्शनी थी। महाप्रबन्धक महोदय ने उसका निरीक्षण किया और ईनाम-ऊनाम भी दिया। रूटीन कार्य। हिन्दी की बैठकें रूटीनेत्तर कम ही होती हैं।

रेल रश्मि। पूर्वोत्तर रेलवे की त्रैमासिक हिन्दी पत्रिका।  वेबज़ीन/नेट-पत्रिका बननी चाहिये?
रेल रश्मि। पूर्वोत्तर रेलवे की त्रैमासिक हिन्दी पत्रिका।
वेबज़ीन/नेट-पत्रिका बननी चाहिये?

एक बात हुई। महाप्रबन्धक महोदय ने हिन्दी पत्रिका के स्तरहीनता पर टिप्पणी की। वे छाप-छपाई और गेट-अप की बात कर रहे थे। मुझे लगा कि कितना भी हो, छपी पत्रिका का इम्पैक्ट अब वैसा नहीं रहा। अगर पत्रिका वेब पर आ जाये और उसपर पाठकीय इण्टरेक्शन भी हो सके तो उसकी पठनीयता कई गुणा बढ़ जायेगी। मैने अपना यह विचार व्यक्त भी किया।

पत्रिका के कण्टेण्ट के बारे में भी चर्चा हुई। सपाट कहानी, कविता, हास्य आदि की मंघाराम असॉर्टेड बिस्कुट छाप पत्रिका – जो सामान्यत: होती हैं; पाठक के लिये रोती हैं।  आवश्यकता है कि रेल कर्मियों को उनकी रुचि के अनुसार बांधा जाये। उनके कार्य सम्बन्धी लेखन, विभागीय पत्रकारिता, अंतरविभागीय जानकारी आदि का होना पत्रिका को पुष्ट करेगा बनिस्पत लिक्खाड़ साहित्यकारों की दोयम दर्जे की नकल प्रस्तुत करने के। कई अन्य ने और मैने भी ऐसे विचार रखे। इन विचारों को व्यापक समर्थन मिला हो, बैठक में; वह मैं नहीं कहूंगा। पर विरोध नहीं हुआ।


रेलवे हिन्दी संकाय (?) चिरकुट साहित्य का लॉंचपैड है। भारत की बड़ी आबादी रेलवे का अंग है और वह हिन्दी में अभिव्यक्त होती – करती है। पर उस अभिव्यक्ति को यह संकाय सहारा देता या परिमार्जित करता हो, ऐसा नहीं लगता। यह आंकड़े चर्न करने और हिन्दी सेवा की खुशफहमी अहसासियाता विभाग है। पता नहीं, मुझे मु.रा.धि. बनाते समय मेरी हिन्दी पर इस आशय की पुरानी सोच का किसी को पता है या नहीं – अमूमन मुझे लगता है; कि हिन्दी में मुझे रेलवे के इतर लोग ही देखते-जानते हैं। इस लिये स्थापित हिन्दी के प्रति मेरी उदग्रता रेलवे में ज्ञात न हो, बहुत सम्भव है। पर कुछ समय से रेलवे वृत्त में भी लोग (कर्टसी फेसबुक/ट्विटर) पहचानने लगे हैं। ऐसे में शायद नेट पर रेलवे हिन्दी की उपस्थिति बेहतर बनाने में शायद मैं और (अब होने जा रही) मेरी टीम कुछ कर पाये।

बस मुझे मलाल रहेगा कि हिन्दी एस्टेब्लिशमेण्ट की अब मैं खुल्ला खेल फर्रुक्खाबादी आलोचना नहीं कर पाऊंगा! :lol:


महाप्रबन्धक महोदय ने बताया कि आगे आने वाले समय में मुझे मुख्य राजभाषा अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे का कार्य भी देखना है। अत: मेरे पास अवसर है कि अपने सोचे अनुसार यह वेबज़ीन लॉंच कर सकूं। अपनी बनने वाली टीम को इस विषय में गीयर-अप होने के लिये मैं कहने जा रहा हूं।

Design a site like this with WordPress.com
Get started