भारतीय रेल का पूर्व विभागाध्यक्ष, अब साइकिल से चलता गाँव का निवासी। गंगा किनारे रहते हुए जीवन को नये नज़रिये से देखता हूँ। सत्तर की उम्र में भी सीखने और साझा करने की यात्रा जारी है।
वह सामान्यत: अपने सब्जी के खेत में काम करता दीखता है गंगाजी के किनारे। मेहनती है। उसी को सबसे पहले काम में लगते देखता हूं।
दशमी के दिन वह खेत में काम करने के बजाय पानी में हिल कर खड़ा था। पैण्ट उतार कर, मात्र नेकर और कमीज पहने। नदी की धारा में कुछ नारियल, पॉलीथीन की पन्नियों में पूजा सामग्री और फूल बह कर जा रहे थे। उसने उनके आने की दिशा में अपने आप को पोजीशन कर रखा था।
लोग नवरात्रि के पश्चात पूजा में रखे नारियल और पूजा सामग्री दशमी के दिन सवेरे विसर्जित करते हैं गंगाजी में। वह वही विसर्जित नारियल पकड़ने के लिये उद्यम कर रहा था।
एक नारियल उसने लपक कर पकड़ा। फिर उसे हिला-बजा कर देखा। नारियल की क्वालिटी से संतुष्ट लगा वह। कुछ देर बाद बहते पॉलीथीन के पैकेट को पकड़ा उसने। पन्नी खोल कर नारियल देखा। ठीक नहीं लगा वह। सो पन्नी में रख कर ही वापस नदी में उछाल दिया उसने।
मै करीब सौ कदम दूर खड़ा था उससे – गंगा तट पर। जोर से चिल्ला कर पूछा – हाथ लगा नारियल?
हां, कह कर उसने हाथ ऊपर उठा कर नारियल दिखाया मुझे। फिर वह आती नदी की धारा में ध्यान केन्द्रित करने लगा। कुछ दूर दो नारियल बहते आ रहे थे। उसको अपनी बेताबी के मुकाबले बहाव धीमा लगा नदी का।
जैसे हाथ हिला हिला कर किसी को बुलाया जाता है; वैसा ही वह धारा की दिशा में हाथ हिला कर कहने लगा – आउ, आउ; जल्दी आउ!(आओ, आओ, जल्दी आओ!)
सवेरे का आनन्ददायक समय, गंगा की धारा और नारियल का मुफ्त में हाथ लगने वाला खजाना – सब मिल कर उस तीस पैंतीस साल के आदमी में बचपना उभार रहे थे। मैं भी बहती धारा की चाल निहारता सोच रहा था कि जरा जल्दी ही पंहुचें नारियल उस व्यक्ति तक!
विध्याचल स्टेशन के बाहर नवमी की शाम भोजन बनाते तीर्थयात्री।
चैत्र माह की नवरात्रि। नौ दिन का मेला विन्ध्याचल में। विन्ध्याचल इलाहाबाद से मुगलसराय के बीच रेलवे स्टेशन है। मिर्जापुर से पहले। गांगेय मैदान के पास आ जाती हैं विन्ध्य की पहाड़ियां और एक पहाडी पर है माँ विंध्यवासिनी का शक्तिपीठ।
जैसा सभी शक्तिपीठों में होता रहा है, यहाँ भी बलि देने की परम्परा रही है। संभवत: जारी भी है। बचपन में कभी वहां वधस्थल देखा था, सो वहां जाने का मन नहीं होता। माँ को दूर से, मन ही मन में प्रणाम कर लेता हूँ।
मेरे समाधी श्री रवींद्र पाण्डेय वहां नवरात्रि की नवमी को आते हैं अपने नवरात्रि अनुष्ठान की समाप्ति की पूजा के लिए। इस तरह साल में दो बार उनसे मिलना हो जाता है। या तो मैं उनसे विन्ध्याचल जा कर मिल लेता हूँ, या वे अपना अनुष्ठान पूरा कर रात में अपनी ट्रेन पकड़ने इलाहाबाद आ जाते हैं। इस बार मैं ही विन्ध्याचल आया।
शाम के समय विध्याचल पंहुचा तो धुंधलका हो गया था। स्टेशन के बाहर बहुत से तीर्थयात्री जमा थे। कई चूल्हे जले थे, या जलने की तैयारी में थे। लोग अपना भोजन बनाने जा रहे थे। उनकी सहायता के लिये कई लोग वहीं मिट्टी का चूल्हा, लकड़ी, सब्जी-भाजी और भोजन की अन्य सामग्री बेच रहे थे। टूरिज्म का विशुद्ध गंवई संस्करण।
चूल्हे पांच से दस रुपये के मिल रहे थे। लकड़ी (एक बार भोजन बनाने लायक) बीस रुपये में। एक बेंचने वाले से हमने बात की तो रेट पता चला। उसने बताया कि स्टेशन के बाहर बेचने की अनुमति देने वाला पुलीस वाला बीस रुपये लेता है। यह अनुमति आठ घण्टे के लिये होती है। उसके बाद पुलीस वाले की शिफ्ट बदल जाती है और नया आने वाला फिर से बीस रुपये लेता है। पूरे परिसर में करीब बारह- पन्द्रह ऐसी फुटपाथी दुकानें लगी थीं। अत: हर पुलीस वाला 200-300 रुपये इन्ही से रोजाना कमाता होगा नवरात्रि मेले के दौरान।
चूल्हे, लकड़ी और सब्जी बेचने की जमीन पर लगी दुकानें। विन्ध्याचल स्टेशन के बाहर।
उस बेचने वाले ने बताया कि लकड़ी तो लोग इस्तेमाल कर लेते हैं। चूल्हा जरूर छोड़ जाते हैं। उसे यह फिर से इकठ्ठा कर फिर से मिट्टी पोत कर नया कर लेता है और फिर बेचता है।
एक व्यक्ति तेल पिलाई लाठी बेच रहा था। बताया गया कि विन्ध्याचल मेले से बहुत लोग लाठी खरीद कर ले जाते हैं। एक खरीददार ने बताया कि उसने साठ रुपये की खरीदी है लाठी। हमारे छोटेलाल ने वह फेल कर दी – साहेब, तेल जरूर पिलाए है लाठी को, पर बाँस अभी हरियर ही है। पका नहीं। कच्चा बाँस कुछ दिन बाद सूख कर फट जायेगा। लाठी बेकार हो जायेगी।
मेला टिकटघर में भीड़ थी। करीब पांच काउण्टर चल रहे थे। फिर भी टी.आई. साहेब ने बताया कि इस साल भीड़ कम ही रही है नवरात्रि मेले में। यह पता चला कि बगल में ही अष्टभुजा माता का एक और शक्तिपीठ है और उसके पास कालीखोह की गुफा में माँ काली का स्थान भी। श्रद्धालु वहां भी जाते हैं। कल वहां दशमी के दिन लोग बाटी चोखा बनायेंगे उन स्थानों पर।
शाम को स्टेशन पर आधा घण्टा घूम कर जो देखा, उससे पूरा अहसास हो गया कि किफायत में तीर्थ और पर्यटन का रस लेना बखूबी जानते हैं भारतवासी। भगवान करें यह परम्परा इसी रूप में जीवित रहे और विकसित हो!
मैं जब भी बोकारो जाता हूं तो मुझे फोड़ (खनन का कोयला जला कर उससे बने फोड़ – हार्ड कोक) को ले कर चलते साइकल वाले बहुत आकर्षित करते हैं। कोयले का अवैध खनन; उसके बाद उसे खुले में जला कर फोड़ बनाना और फोड़ को ले कर बोकारो के पास तक ले कर आना एक व्यवसायिक चेन है। मुझे यह भी बताया गया कि बोकारो में यह चेन और आगे बढ़ती है। यहां इस हार्ड कोक को खरीद कर अन्य साइकल वाले उसे ले कर बंगाल तक जाते हैं।
मैं बोकारो में स्टील प्लाण्ट की ओर जा रहा था। रास्ते में ये साइकल व्यवसायी दिखे तो वाहन रुकवा कर एक से मैने बात की। मेरे साथ बोकारो के यातायात निरीक्षक श्री गोस्वामी और वहां के एरिया मैनेजर श्री कुलदीप तिवारी थे। कुलदीप तो वहां हाल ही में पदस्थ हुये थे, पर गोस्वामी ड़ेढ़ दो दशक से वहां हैं। उन्हे इन लोगों को पर्याप्त देखा है।
फोड़ का व्यवसायी और यातायात करने वाला – बालूचन्द
वे एक के पीछे एक चलने वाले दो साइकल सवार थे। मेरे अनुमान से उनमें से प्रत्येक के पास लगभग तीन क्विण्टल कोयला था। साइकल के दोनो ओर, बीच में और पीछे लादा हुआ। लगभग इतना कोयला, जिससे ज्यादा लाद कर चल पाना शायद सम्भव न हो। चित्र मैने दोनो के लिये पर बातचीत आगे चलने वाले साइकल व्यवसायी से की।
उसने बताया कि वह धनबाद क्षेत्र के जारीडिह से यह हार्ड कोक/फोड़ ले कर चले हैं। उसके पास लगभग तीन क्विण्टल कोयला है। वे आगे नया मोड़ तक जा रहे हैं बेचने के लिये। तीन क्विण्टल फोड़ उसने चार सौ रुपये में खरीदा है। इसे जब नया मोड़ पर वह बेचेगा, तब तक उसका लगभग 100 रुपया और खर्च होगा। बेचने पर उसे करीब 1200 रुपये प्राप्त होंगे। इस तरह दो दिन की मेहनत पर उसे सात सौ रुपये मिलेंगे। साढ़े तीन सौ रुपये प्रतिदिन।
मैं उसके लिये व्यवसायी शब्द का इस्तेमाल इसी लिये कर रहा हूं। वह मुझे 350 रुपये प्रतिदिन की आमदनी का अर्थशात्र बड़ी सूक्ष्मता से बता गया। फिर वह मात्र श्रम का इनपुट नहीं कर रहा था इस चेन में। वह (माल – फोड़) खरीद और बेचने का व्यवसाय करने वाला था। वह शारीरिक खतरा ले कर उत्खनन के काम में नहीं लगा था, वरन ट्रांसपोर्टेशन और उससे जुड़े पुलीसिया भ्रष्टाचार को डील कर कोयले के फुटकर व्यवसाय को एक अंजाम तक पंहुचा रहा था। मैने उसका नाम पूछा – उसने बताया – बालू चन्द।
फोड़ के फुटकर व्यवसाय पर मैं पहले भी इस ब्लॉग पर लिख चुका हूं। पर इस बार बालू चन्द से बात चीत में स्थिति मुझे और स्पष्ट हुई।
पिछली पोस्ट (15 मई 2009) में मैने यह लिखा था –
कत्रासगढ़ के पास कोयला खदान से अवैध कोयला उठाते हैं ये लोग। सीसीएल के स्टाफ को कार्ड पर कोयला घरेलू प्रयोग के लिये मिलता है। कुछ उसका अंश होता है। इसके अलावा कुछ कोयला सिक्यूरिटी फोर्स वाले को दूसरी तरफ झांकने का शुल्क अदाकर अवैध खनन से निकाला जाता है। निकालने के बाद यह कोयला खुले में जला कर उसका धुआं करने का तत्व निकाला जाता है। उसके बाद बचने वाले “फोड़” को बेचने निकलते हैं ये लोग। निकालने/फोड़ बनाने वाले ही रातोंरात कत्रास से चास/बोकारो (३३-३४ किलोमीटर) तक साइकल पर ढो कर लाते हैं। एक साइकल के माल पर ४००-५०० रुपया कमाते होंगे ये बन्दे। उसमें से पुलीस का भी हिस्सा होता होगा।
बोकारो के रेलवे के यातायात निरिक्षक श्री गोस्वामी ने बताया कि कोयला अवैध उत्खनन करने वाले और उसे जला कर फोड़ बनाने वाले अधिकांशत: एक ही व्यक्ति होते हैं। उन्हे अपने रिस्क के लिये सवा सौ/ड़ेढ सौ रुपया प्रति क्विण्टल मिलता है। उसके बाद इसे कोयला आढ़तियों तक पंहुचाने वाले बालूचन्द जैसे दो सौ, सवा दो सौ रुपया प्रति क्विण्टल पाते हैं। बालू चन्द जैसे व्यवसायियों को स्थानीय भाषा में क्या कहा जाता है? मैने यह कई लोगों से पूछा, पर मुझे कोई सम्बोधन उनके लिये नहीं बता पाया कोई। उन्हे कुछ तो कहा ही जाता होगा!
मेरी बिटिया के वाहन ड्राइवर श्री किशोर ने इस चेन के तीसरे घटक की बात बतायी। नया मोड़/ बालीडीह से कोयला ढ़ोने वाले एक और साइकल व्यवसायी यह हार्ड कोक उठाते हैं और उसे ले कर पश्चिम बंगाल जाते हैं। बोकारो से पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) अढ़सठ किलो मीटर है। वे तीन-चार दिन में अपना सफर पूरा करते होंगे। मैं अभी इस तीसरी स्तर के व्यवसायी से मिल नहीं पाया हूं। पर धनबाद – बोकारो की आगे आने वाली ट्रिप्स में उस प्रकार के व्यक्ति से भी कभी सामना होगा, जरूर। या शायद नया-मोड़/बालीडीह पर तहकीकात करनी चाहिये उसके लिये।
जारीडीह से पुरुलिया का रास्ता – 95 किलोमीटर
हां, यह तब कर पाऊंगा, जब कि मेरे मन में जिज्ञासा बरकरार रहे और मैं इस ब्लॉग को यह सब पोस्ट करने के लिये जीवित रखे रखूं।
जरूरी यह है कि, अनुभव जो भी हों, उन्हे लिख डाला जाये!
[श्री गोस्वामी ने मुझे बताया कि लौह अयस्क को भी इसी तरह अवैध खनन और वहन करने वाले व्यवसायी होते हैं। वे निश्चय ही इतना अधिक/तीन क्विण्टल अयस्क ले कर नहीं चलते होंगे। पर वे कहां से कहां तक जाते हैं, इसके बारे में आगे कभी पता करूंगा।]