भारतीय रेल का पूर्व विभागाध्यक्ष, अब साइकिल से चलता गाँव का निवासी। गंगा किनारे रहते हुए जीवन को नये नज़रिये से देखता हूँ। सत्तर की उम्र में भी सीखने और साझा करने की यात्रा जारी है।
गांव की सड़क किनारे एक पेड़ की छाया में, चबूतरे पर चार लड़के कोई खेल खेल रहे थे। मैंने द्वारिकापुर गंगा किनारे जाते हुये उन्हे देखा, पर आगे बढ़ गया। आधे पौने घण्टे बाद वापस लौटा तो भी वे वहीं थे और वही खेल खेल रहे थे।
साइकिल रोक कर उनसे पूछा – क्या खेल रहे हो?
पचीसा खेलते किशोर
“पचीसा।” उन्होने खेलते खेलते, बिना सिर उठाये जवाब दिया। बताया कि चौबीस गोटियोँ का खेल है। दो खिलाड़ी होते हैं। काली और सफेद गोटियों वाले। हर एक की बारह गोटियाँ होती हैं। एक गोटी की जगह खाली रहती है। खिलाड़ी को दूसरे खिलाड़ी की गोटी लांघ कर गोटी मारनी होती है। जब एक खिलाड़ी की सभी गोटियां खतम हो जायें तो खेल पूरा हो जाता है।
आपको इस पोस्ट का शीर्षक अजीब सा लग सकता है। यह स्कूल मास्टर की आर्थिक दशा पर अवधी/भोजपुरी में कही एक कहावत है जो गुन्नीलाल पाण्डेय जी ने उद्धृत की। अभिप्राय यह कि, उनके युग में, (अनियंत्रित आदतों के कारण) स्कूल मास्टर दो का ही खर्च संभालने लायक होता था, बच्चे ननिहाल की कृपा से पलते थे। … आज भी कमोबेश वही हालत होगी, बावजूद इसके कि वेतन पहले की अपेक्षा बहुत सुधर गये हैं। बहुत बड़ी आबादी अपने खर्चे अपनी आय की सीमा में समेटने की आदतों को नहीं अपनाती… और यह इस प्रांत/देश की बात नहीं है – वैश्विक समस्या है। उपभोक्तावाद ने उत्तरोत्तर उसे और विकट बना दिया है।
श्री गुन्नीलाल पाण्डेय
गुन्नी लाल पाण्डेय मेरी जीवन की दूसरी पारी के प्रिय मित्र हैं। वे स्कूल मास्टर के पद से रिटायर हुये हैं। पहली पारी में उनसे मुलाकात तो सम्भव नहीं ही होती। दूसरी पारी में भी अगर मैं अगर एक कॉन्ट्रेरियन जिंदगी जीने की (विकट) इच्छा वाला व्यक्ति न होता और मेरी पत्नीजी मेरी इस खब्ती चाहत में साथ न देतीं तो गुन्नीलाल जी से मुलाकात न होती। उनसे मैत्री में बहुत और भी ‘अगर’ हैं, पर उनसे मैत्री शायद हाथ की रेखाओं में लिखी थी, तो हुई।
दो किलोमीटर दूर गांव है राजधर का। करहर। साइकिल पर सब्जी ले कर निकलते हैं और करहर, भगवानपुर, विक्रमपुर, मेदिनीपुर, कोलाहलपुर और द्वारिकापुर होते हुये करहर वापस लौटते हैं। करीव 8-10 किलोमीटर की साइकिल-फेरी लगाते हैं। आज शाम चार बजे उन्हें मैंने पहली बार देखा। नौजवान आदमी। शायद साल दो साल पहले लड़का ही रहा हो।
“रोज आता था, कोई बाहर मिलता नहीं था तो चला जाता था।”; उन्होने कहा।
दो महीना पहले तमिलनाडु से गांव लौटे थे राजधर। वहां कोयम्बटूर में किसी धागा बनाने वाली कम्पनी में कारीगर थे। अभी वापस जाने की नहीं सोची है। “कम से कम चार-पांच महीने तो यहीं रहना है।”
मैंने पूछा नहींं कि वहां फैटरी चालू हुई या नहीं। शायद वहां काम में अभी भी अवरोध हो; या शायद कोरोना संक्रमण का मामला हो। कोयम्बटूर की बजाय करहर में हालात कोरोना संक्रमण के हिसाब से ज्यादा सुरक्षित तो है ही।
राजधर, सब्जीवाले
पर मुझे नहीं लगता कि संक्रमण का कोण है राजधर के निर्णय में। तीन थैले आगे और एक बास्केट पीछे रख साइकिल पर घर घर घूमते राजधर ने कोई मास्क नहीं लगा रखा। कोविड-19 संक्रमण से बचाव उनके लिये प्रमुख मुद्दा हो, ऐसा लगता नहीं। जीविकोपार्जन ज्यादा महत्व रखता होगा।
राजधर को जल्दी थी। आज सब्जी ले कर निकलने में देर हो गयी। बोले – “अब तक तो द्वारिकापुर पंहुचता था। लगता है देर होने के कारण आज पूरी सब्जी बिक नहीं पायेगी।”
संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ रहा है। पूर्वांचल में उसके बढ़ने की रफ्तार पहले पूरे उत्तर प्रदेश से कम हुआ करती थी, अब ज्यादा हो गयी है। उत्तर प्रदेश पहले भारत के औसत से बढ़त में नीचे रहता था, अब उसमें देश से ज्यादा तेजी से नये मामले बढ़ रहे हैं। और खराब बात यह है कि ठीक होने की दर, बढ़ने की दर से कम हो गयी है। लोग ज्यादा बीमार हैं। पहले कुल मामलों के 25% लोग ही कोरोना पॉजिटिव हुआ करते थे; अब पूर्वांचल में कुल पाये गये मामलों के 40+% पॉजिटिव हैं।
संक्रमण की विकट दशा में राजधर जैसे व्यक्ति का सब्जी घर घर पंहुचाना बड़े महत्व का काम है, समाज के लिये। पता नहीं, वे इसको समझते हैं या नहीं। उनसे किसी ने इसके बारे में बोला भी है या नहीं।
फिलहाल, राजधर को जाने की जल्दी थी; मैंने उनसे रोज आने को कहा। शायद वे कल आयें।