दूसरी पारी की शुरुआत – पहला दिन


दूसरी पारी का पहला दिन यानी एक अक्तूबर 2015।

मैं 30 सितम्बर 2015 को रिटायर हुआ। उस समय मैं पूर्वोत्तर रेलवे का परिचालन प्रमुख था। रिटायरमेण्ट से एक दो साल पहले से शुभचिंतकों के सुझाव थे कि मैं अपने जूते न उतारूं। साठ साल की उम्र घर बैठने की नहीं होती। उसके बाद भी किसी न किसी हैसियत में काम करना चाहिये। पर मैं सोचता था, रोज रोज खटने का काम बहुत हुआ। मेरा शरीर और उससे ज्यादा मेरा मन दिनचर्या में व्यापक बदलाव चाहता था। शायद आराम भी।

मैं मूलत:, अपनी प्रवृत्ति के हिसाब से, एक छोटी जगह का आदमी हूं। मेरा जन्म गांव में हुआ और छोटे शहरों, कस्बों में रहना मुझे भाया। मेरे पिताजी दिल्ली, राजस्थान में जोधपुर और नसीराबाद (अजमेर के पास छावनी), पंजाब में ऊंची बस्सी (पश्चिमी-उत्तरी पंजाब की एक गांव में छावनी), और चण्डीगढ़ में रहे। जोधपुर, नसीराबाद और ऊंची बस्सी मुझे छोटी जगहों के अहसास देते रहे। फिर मेरी उच्च शिक्षा पिलानी में हुई। बिरला तकनीकी और विज्ञान संथान (BITS -बितविस) भी कोई मैट्रो में नहीं था; पिलानी गांव ही था। रेल की नौकरी में भी बड़ा समय मैंने रतलाम जैसे छोटे शहर में काटा। सत्तरह से अधिक साल वहां रहा। इसके अलावा कोटा या उदयपुर में भी रहा पर वहां भी अपने रेल परिसर में ही रहा, शहर बहुत कम देखा। रेल परिसर एक छोटा शहर या गांव ही होता है।

मुझे फुसला कर 1994 में बम्बई पोस्ट किया गया था। चर्चगेट में अच्छा दफ्तर था। महत्वपूर्ण पद और कोलाबा (बधवार पार्क) में एक फ्लैट का अलॉटमेंट। फ्लैट की चाभी मेरे जेब में थी और चर्चगेट पर दो कमरे के रेस्ट हाउस में रह रहा था। ऐसी पोस्टिंग पाने की कल्पना से ही बहुत से अधिकारियों का मन-मयूर नाच सकता है। पर मुझे बम्बई रास नहीं आयी। मैंने कोटा रेल मंडल में वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक में पोस्टिंग जुगाड़ी और महानगर को नमस्कार कर पोस्टिंग ऑर्डर हाथ में आते ही, दो घण्टे में वह पद और वह स्थान त्याग दिया। बमुश्किल दो महीने रहा बम्बई में!

अधिकारियों ने कहा कि मुझसे बड़ा बेवकूफ़ नहीं हो सकता। पर बड़े शहर का मुझे फोबिया था। और इस तरह बड़े शहर के फोबिया ने कई बार लोगों को मुझे बेवकूफ़ कहने का अवसर प्रदान किया।

शायद यह शहरों का फोबिया ही था कि रिटायरमेण्ट के पहले मैंने गांव में बसने की तैयारी शुरू कर दी । एक साल पहले से साइकिल खरीद कर चलाने का अभ्यास किया। अपनी ससुराल के गांव में बसने का निर्णय लिया – वह जगह नेशनल हाईवे और रेलवे स्टेशन के पास थी। वहां रिटायरमेण्ट से एक साल पहले जमीन खरीदी और अपने साले साहब (भूपेंद्र कुमार दुबे) को मकान का नक्शा और आर्थिक रिसोर्स दिये। सब कुछ इस तरह से सिन्क्रोनाइज किया कि रिटायरमेण्ट के समय मकान बन कर तैयार रहे उसमें शिफ्ट होने के लिये।

तीस सितम्बर को मैं गोरखपुर से सेवा निवृत्त हुआ और अगले ही दिन चौरी चौरा एक्स्प्रेस से माधोसिंह स्टेशन पर पूरे परिवार और सामान के साथ पंहुच गया। गोरखपुर शहर से मुझे रेल के इतर लगाव नहीं था और रेल की नौकरी खत्म तो लगाव का निमित्त भी जाता रहा। गांव मुझे खींच रहा था। सो वहां एक भी दिन वहां रुका नहीं।

आत्मकथ्य, इसी पोस्ट से

पर वैसा हुआ नहीं। लगभग एक महीने की देरी हुई मकान बन कर तैयार होने में। ऐसे में मेरे वाराणसी मण्डल के मित्र प्रवीण पाण्डेय की सहायता से मुझे गांव के पास के बड़े रेलवे स्टेशन माधोसिंह स्थित रेलवे रेस्ट हाउस में रहने की अनुमति मिल गयी।

माधोसिंघ स्टेशन, सवेरे के धुंधलके में। दो अक्तूबर 2015 का चित्र।

तीस सितम्बर को मैं गोरखपुर से सेवा निवृत्त हुआ और अगले ही दिन चौरी चौरा एक्स्प्रेस से माधोसिंह स्टेशन पर पूरे परिवार और सामान के साथ पंहुच गया। गोरखपुर शहर से मुझे रेल के इतर लगाव नहीं था और रेल की नौकरी खत्म तो लगाव का निमित्त भी जाता रहा। गांव मुझे खींच रहा था। सो वहां एक भी दिन वहां रुका नहीं। ट्रेन में ही एक पार्सल वान लगा था, जिसमें मेरा घर का सारा सामान था। एक साथी अधिकारी धीरेन्द्र कुमार जी इलाहाबाद निरीक्षण पर जा रहे थे, तो उन्ही के सैलून में मुझे और मेरे परिवार (मेरी पत्नीजी और पिताजी) को जगह मिल गयी थी। खण्ड के यातायात निरीक्षक भोला राम जी ने हमारी अगवानी की। सामान उतरवाया। गाड़ी उस प्रक्रिया में आधा घण्टा खड़ी रही। पर ट्रेन समय से पहले पंहुच गयी थी माधोसिंह तो उसने यह टाइम कवर कर लिया और इलाहाबाद समय पर ही पंहुची।

मेरे साथ रेलवे के निरीक्षण यान में यात्रा कर रहे मनीश कुमार (जो मेरे लगभग पौने दो साल से सहायक और अटैच्ड निरीक्षक थे) तथा अपने चपरासी राम मिलन से ट्रेन के माधोसिंह से रवाना होते समय गले मिला तो लगा कि एक लम्बा युग समाप्त हो गया!

साफ सफाई की जा चुकी थी माधोसिंघ रेस्टटहाउस की। पहली ही नजर में वह स्थान मुझे बहुत भा गया। स्टेशन प्लेटफार्म से रेस्ट हाउस तक छोटी झाड़ियां थीं और उनके बीच पतली पगडण्डी से गुजरते समय बड़ी मधुर सुगंध आ रही थी। पौधों को ध्यान से देखा तो उनमें पाया कि वन तुलसी बहुतायत से थी। अपनी साइकिल निकाल कर माधोसिंह की रेलवे कालोनी का एक चक्कर भी लगा आया। कालोनी भी छोटी और सुंदर लगी। सड़क और पगडण्डियां साफ थीं। बरसात खत्म होने के कारण झाड़ियां – मुख्यत: वनतुलसी और उसके जैसी एक और झाड़ी जिसमें गंध नहीं थी, पर मंजरी वाले फूल थे, बहुतायत से थीं। लोगों ने अपने अपने क्वार्टर के आसपास सब्जियां उगा रखी थीं।

इन सब के बीच मुझे अगले दो तीन सप्ताह गुजारने थे।

रेस्ट हाउस के दो कमरों में हमारा सामान व्यवस्थित किया गया। भोला राम जी ने एक गैस सिलिण्डर का इंतजाम कर दिया था। सो किचन भी व्यवस्थित हो गयी। घर व्यवस्थित करने के लिये मेरा पुराना बंगलो पियुन मोनू (जो अब वाराणसी मण्डल में प्रवीण पाण्डेय के यहां पदस्थापित था) हमारी सहायता कर रहा था। रिटायरमेण्ट, रेलवे स्टेशन की सुविधा, रेस्ट हाउस और पुराना बंगलो पियून – कुल मिला कर रिटायरमेण्ट के अगले दिन बहुत अधिक डिसकण्टीन्यूटी नहीं थी। मजेदार बात यह रही कि मेरे फोन नम्बर पर दो तीन अधिकारियों-कर्मचारियों के फोन भी आये। वे मुझे (जैसा कल तक बताया करते थे) माल गाड़ी की रनिंग पोजीशन और सवारी गाड़ियों की पंक्चुअलिटी बता रहे थे। मैं तो रेलवे को छोड़ रहा था, पर वे मुझे छोड़ना नहीं चाह रहे थे। एक तरह से यह अच्छा लगा; पर इतना स्पष्ट था कि रेलवे के रूटीन और कम्फर्ट जोन से जितना जल्दी मैं अपने को मुक्त कर लूं; उतना बेहतर होगा।

सुबह शाम सुहावनी थी, पर दिन में गर्मी हो गयी। कूलर का इंतजाम था। बिजली की सप्लाई अनियमित थी तो उसके बैक अप के लिये स्टेशन मास्टर सतीश जी स्टेशन का जेनरेटर चलवा रहे थे। मेरे पिताजी को कुछ अटपटा सा लग रहा था नयी जगह पर। लेकिन वे तेजी से अपने को व्यवस्थित कर रहे थे।

दूसरी पारी का पहला दिन अच्छा ही रहा।


महराजगंज कस्बे का मोची – जमुना


रिटायरमेण्ट के बाद गांव में घर बनाने और बटोही (साइकिल) के साथ घूमने में जिन पात्रों से परिचय हुआ, उनमें जमुना मोची भी है। और वह यहां मिले सबसे अच्छे पात्रों में एक है। जमुना भी मूलत: यहां भदोही जिले का रहने वाला नहीं है। चालीस साल पहले यहां आया था छपरा से। उस समय महराजगंज कस्बे के बाजार मेंं इतनी दुकानें नहीं थीं। कुल चार पांच दुकानें और उनके बाद खेत और पेड़ थे। तब से जमुना यहीं रह गये।

छपरा में अपने गांव आते जाते हैं, पर रिहायश यहीं हो गयी है।

जूता-चप्पल-बैग आदि की मरम्मत करते हैं। उसके अलावा जूते चप्पलों के तल्ले बाहर से मंगवा कर उनपर जूता बनाने का भी काम करते हैं। मैंने उनसे दो तीन जोड़ी चप्पलें ली हैं। अच्छी ही चल रही हैं। काफी मजबूत हैं।

मुझे लगता है कि लोग मुझसे बात करना चाहेंगे, मेरी बोलने बतियाने का स्तर या मेरी मेधा आंकेंगे। पर इन दोनो महिलाओं (पत्नी-बिटिया) को लगता है कि लोग मेरे बौद्धिक स्तर की बजाय मेरे जूते का ब्राण्ड देखेंगे।

मेरा चमड़े का बाटा का जूता भी अब पुराना हो गया है। सोचता हूं कि बनारस या प्रयागराज की किसी हाई फाई दुकान से नया जूता खरीदने की बजाय जमुना से ही नया बनवा लिया जाये। पर मेरी पत्नीजी और मेरी बिटिया, जो मेरे व्यक्तित्व में अब भी राजपत्रित अधिकारी का अंश देखती हैं; को यह पचता नहीं कि किसी समारोह में मैं गांव के मोची का बना “चमरौधा” जूता पहन कर जाऊं। मुझे लगता है कि लोग मुझसे बात करना चाहेंगे, मेरी बोलने बतियाने का स्तर या मेरी मेधा आंकेंगे। पर इन दोनो महिलाओं (पत्नी-बिटिया) को लगता है कि लोग मेरे बौद्धिक स्तर की बजाय मेरे जूते का ब्राण्ड देखेंगे। इसलिये, फिलहाल अब तक जमुना से एक जोड़ी जूता नहीं बनवाया या खरीदा है।

village, cobbler, jamuna mochi
अपनी गुमटी में कार्यरत जमुना

हां, चमड़े की सभी चीजें, जिनका काम मरम्मत करा कर चल सकता है, वे मैं जमुना की गुमटी पर ले जाता हूं। उनकी जिंदगी बढ़ जाती है। एक चमड़े की बेल्ट, जो मैंने छब्बीस साल पहले खरीदी थी (जिसे मेरे एक निरीक्षक महोदय नीमच के बाजार से खरीद लाये थे), का चमड़ा अच्छी क्वालिटी का होने के बावजूद, उम्र लगभग पूरी हो चली है। उसकी लम्बाई कुछ कम करा कर एक चकत्ती लगवा कर दो बार जमुना के माध्यम से उसकी उम्र बढ़वा चुका हूं। कल फिर उसकी मरम्मत कराने जमुना के पास ले कर गया। उसका लूप (बेल्ट कमर में कसने के बाद खुला हिस्सा खोंसने वाला रिंग) टूट गया था। जमुना से नया बनवाया। दस रुपया बनवाई लगी।

jamuna mochi, cobbler,
जमुना मेरी बेल्ट मरम्मत कर देते हुये। बेल्ट पर चकत्ती पहले लगी थी, अब उसके आगे लूप लगवाया है!

एक नयी बेल्ट खरीदने की बजाय इस तरह से मरम्मत करवा कर पहनना मेरी पत्नीजी को तनिक नहीं सुहाता। पर अब उम्र बढ़ने के साथ देखता हूं कि उनका मेरी “चिरकुट” वृत्ति पर नाक-भौं सिकोड़ना पहले की अपेक्षा कम होता जा रहा है। जिंदगी भर उन्होने मुझे साहब बनाने, मेरा स्तर इम्प्रूव करने की जद्दोजहद की; अब शायद समझ गयी हैं कि मैं अपने मूल स्वभाव को त्यागने वाला नहीं हूं। :-D

जमुना

सवर्ण लोग उसकी गुमटी के सामने खड़े खड़े अपने जूते चप्पल मरम्मत करवाते हैं। उसकी दुकान पर बैठना सवर्णियत की तौहीन लगती होगी। मैं, बैठ कर उससे बतियाता हूं।

लॉकडाउन में कैसे काम चला?

प्रश्न सुन कर जमुना एकबारगी अपनी आंखें बंद कर लेता है। “उसकी तो सोचना भी खराब लगता है। कोई काम नहीं था, कोई ग्राहक नहींं। घर का खर्चा चलाने के लिये तीन लाख का कर्जा हो गया है।” – जमुना उत्तर देता है।


इस ब्लॉग पर यह 1500वीं पोस्ट है।


मैं पूछने के लिये पूछ लेता हूं – मेरे लिये जूता बना दोगे?

वह बनाये हुये जूते दिखाता है। वे पसंद नहीं आते। मैं फरमाइश करता हूं कि जूते का तल्ला अच्छा होना चाहिये, गद्देदार। जिससे चलने में सहूलियत हो। वैसा तल्ला उसके पास उपलब्ध नहीं है। मंहगे तल्ले के मंहगे जूते की मांग यहां नहीं है। वह नया तल्ला लाना भी नहीं चाहता।

“अभी जितना सामान है, जितने जूते बनाये हैं; उनकी भी ग्राहकी नहीं है। ग्राहक आ रहे हैं लॉकडाउन के बाद। पर ग्राहकों के पास पैसा नहीं है। लगन की ग्राहकी थी कुछ समय के लिये। वह भी ज्यादा नहीं। अब तो मरम्मत का ही काम मिलता है।” – जमुना के कहने से यकीन होता है कि लोग अभी दैनिक खर्च लायक खरीददारी कर रहे हैं कस्बे के स्तर पर। उनकी माली हालत सामान्य नहीं हुई है।

अपनी मरम्मत की गयी बेल्ट ले कर वापस लौटता हूं। कम से कम एक दो साल और चल जायेगी यह एण्टीक बेल्ट!

old belt
छबीस साल पुरानी, चमड़े की मरम्मत और चकत्ती लगायी बेल्ट।

रघुनाथ पांड़े जी का मृत्यु-पुराण


हाल ही में मैंने एक पोस्ट लिखी थी – रघुनाथ पांड़े और धर्मराज के दूत

उसमें मैंनेे स्पष्ट किया था –

ऐसा नहीं है कि रघुनाथ पांड़े जी अभी मृत्यु की सोचने लगे हैं। पिछ्ले साढ़े तीन साल से तो मैं देखता/सुनता ही रहा हूं उनका यह मृत्यु-पुराण। एक पोस्ट और फेसबुक नोट्स पर है इस विषय में। देर सबेर उसे भी ब्लॉग पर सहेजूंगा। फेसबुक की “कांइया” नीति ने फेसबुक नोट्स गायब जो कर दिये हैं! 

वह अक्तूबर 2018 की पोस्ट फेसबुक नोट्स आर्काइव्स से खींचतान कर निकाली है और नीचे प्रस्तुत है। यह पोस्ट आपको उम्र मेें नब्बे पार के एक व्यक्ति से परिचय कराती है; जो वैसे स्वस्थ है, पर देर सबेर होने वाली मृत्यु के बारे में सोचता रहता है।


मेरे मित्र गुन्नीलाल पांडे के पिता श्री रघुनाथ पाण्डेय। नब्बे प्लस की अवस्था। सब ठीकठाक है, पर मृत्यु से भय की बात हमेशा करते रहते हैं।

उन्होने बेटे से कहा – मुझे जरा लोरी जैसा सुनाया करो, जिससे नींद ठीक से आ जाये। “कौनों भूत जईसा बा सरवा, जेसे डर लागथअ। देखात नाहीं, पर बा। (कोई भूत जैसा है। दिखता नहीं पर भय लगता है उससे। लगता है कि है।)”

श्री रघुनाथ पाण्डेय। 

मृत्यु की सोच बड़ी कारुणिक है उनकी….

कहते हैं – मर जाने पर पूरा इत्मीनान कर लेना। डाक्टर से भी पूछ लेना। कहीं ऐसा न हो कि जान बची रहे। एक चिनगारी छू जाने पर कितना दर्द होता है। पूरी देह आग में जाने पर तो बहुत दर्द होगा। … न हो तो बिजली वाले फ़ूंकने की जगह ले जाना।

यह कहने पर कि बिजली वाला शवदाह तो बनारस में है, वे बोले – “तब यहीं ठीक रहेगा। आखिर मरने पर शव यात्रा में काफ़ी संख्या में लोग तो होने चाहियें। इतने लोग बनारस तो जा नहीं सकेंगे।”

हर आये दिन घर और पट्टीदार लोगों को बुलाते हैं – अब हम जात हई (अब मैं जा रहा हूं। कल शायद नहीं रहूंगा)। सब को हाथ जोड़ते हैं। अगले दिन फिर चैतन्य हो कर गांव में घूमते नजर आते हैं।

रघुनाथ पांड़े जी

कुछ दिन पहले जिऊतिया के समय उन्होने कहा कि उनकी तबियत ठीक नहीं है। बुखार है। डाक्टर के पास ले चला जाये उन्हें। संजय (उनके पोते) ने देखा तो बुखार नहीं था। उन्हें बताया गया कि आज दवा ले लें। घर में स्त्रियां जिऊतिया का निर्जल व्रत हैं। ऐसे में उन्हें ले कर अस्पताल जाना असुविधाजनक होगा। उन्हें दवा दी। दो घण्टे बाद अपने को ठीक महसूस करने लगे| उस प्लेसबो के मुरीद हो गये वे। बार बार वही दवा मांगने लगे। पेरासेटमॉल की गोली बहुत काम की निकली।

मुझे लगता है कि स्वास्थ्य के आधार पर अभी वे 4-5 साल तो चलेंगे ही। वैसे यह मृत्यु-पुराण पिछले दो साल से तो मैं सुन रह हूं। उसके पहले भी अपने परिवार में कहते रहे होंगे।

(गुन्नीलाल पाण्डेय बताते हैं कि सन 2014-15 से मृत्यु के बारे में सोचने-बोलने, अपना स्वास्थ्य खराब होने, दिल घबराने आदि की बातें करने लगे हैं। कुटुम्ब में उनसे उम्र में किसी छोटे की मृत्यु हो गयी थी। उसके सदमे में उन्हे लगा कि उनकी भी तबियत बिगड़ गयी है। वे भी जाने वाले हैं। लोग उस समय शवदाह के लिये गंगा घाट पर थे। गुन्नीलाल पिता की तबियत बिगड़ने की खबर पा कर घर वापस लौटे। सिवाय सदमे के बाकी सब ठीक था उनके साथ। दो घण्टे बाद सामान्य हो गये। पर उसके बाद से अपनी मृत्यु के बारे में बातें करने लगे हैं।

वैसे, गुन्नीलाल कहते हैं कि उनके पिताजी “मरना कत्तई नहीं चाहते”!)

सरल व्यक्ति हैं रघुनाथ पांडे और पिता/बाबा की पूरे मना से सेवा करने वाले हैं गुन्नी/संजय और उनका परिवार।

भगवान करे, रघुनाथ पांड़े शतायु हों!

यह पं. रघुनाथ पाण्डेय का ताजा चित्र है। वे धूप में बैठने के लिये अपनी खाट खुद घसीट कर ला रहे हैं। उन्हे देख कर नहीं लगता कि वे अस्वस्थ हैं।

Design a site like this with WordPress.com
Get started