जंगल की वनस्पतियों पर शोध ग्रंथ


मैने श्री प्रवीण चन्द्र दुबे से उनके शोध कार्यों पर लिखी उनकी पुस्तकों पर जिज्ञासा जताई थी।

कुछ दिनों बाद मुझे एक अनजान नम्बर से फोन आया। बोटानिकल सर्वे ऑफ इण्डिया के सेण्ट्रल रीजनल सेण्टर, इलाहाबाद से श्री अर्जुन तिवारी फोन पर थे। उन्होने बताया कि कुछ समय बाद वे अपने विन्ध्य की वनस्पतियों पर अध्ययन वाली पुस्तक मुझे भिजवा देंगे।

लगभग 15 दिन बाद वह पुस्तक मेरे हाथ में थी।

मेरा सोचना था कि यह लगभग 50-100 पेज की कोई पुस्तिका होगी। ऐसी पुस्तिका, जो लोग कम से कम मेहनत में लिखते-छपवाते हैं कि लेखक होने का नाम भर हो जाये और कहने को हो कि वे शोध कर सामग्री पब्लिश कर चुके हैं। ऐसी पुस्तकें लोगों पर रुआब डालने भर का काम करती हैं।

पर यह पुस्तक – विन्ध्य की वनस्पतियों का पारम्परिक ज्ञान – एक पुस्तिका नहीं, ए-4 साइज बड़े आकार के 400 से अधिक पेजों का भारी भरकम शोध ग्रन्थ निकला। छ व्यक्तियों के कई वर्षों की जंगल छानने, पारम्परिक चिकित्सकों के मिलने, नोट्स बनाने और वनस्पतियों का वैज्ञानिक विश्लेषण करने का नतीजा था। यह पुस्तक तो आगे आने वाले चिकित्सकीय शोध के कई अध्यायों को ट्रिगर कर सकती है।


महुआ बड़ा मिठहुआ भाई
लाटा, ड़ोभरी खा बनाई
भुरकुन्ना खुरमा डोभराऊरा
खा रसखीर मौहारी भउरा
येखे फर का तेल निकारी
यामा न घाले कोउ कुल्हारी।
महुआ कितना मीठा पदार्थ है कि इससे लाटा, डोभरी भुरकुन्ना, सुरमा रसखीर, गौहारी आदि तरह तरह के व्यंजनों को बना कर खाया जाता है। इसके फल से तेल भी निकलता है। इस लिये ऐसे उपकारी पेड़ को कोई कुल्हाड़ी न चलाये।

(पुस्तक से)


वनवासी वे हैं, जो अपनी समस्त आवश्यकताओं के लिये वन पर निर्भर हैं। निर्भर हैं तो वन के प्रति उनमें माता-पिता जैसा भाव है। वृक्षों के प्रति आदर। उनका रहन-सहन, भोजन, दवा-दारू, देवी-देवता सब का आधार वन है। जंगल का वे आवश्यकता से अधिक दोहन/शोषण नहीं करते।

पुस्तक में यह और वन से सम्बन्धित अनेकानेक जानकारियां; अनेकानेक आयाम स्पष्ट होते हैं। यह सर्राटे से पढ़ी जा सकने लायक पुस्तक नहीं है। सन्दर्भ-ग्रंथ है; जिसपर बार बार लौटा जाये।

यह पुस्तक रीवां सम्भाग के रींवा, सतना, शहडोल, अनूपपुर, सीधी और उमरिया जिलों के वनो के जैवविविधता बहुल 22 क्षेत्रों के दो वर्षों तक सघन भ्रमण, स्थानीय जानकारों और पारम्परिक चिकित्सकों से सम्पर्क से निकली संतृप्त जानकारी का संग्रह है। इसमें दो सौ से अधिक स्थानीय जानकारों, वैद्यों, वन कर्मियों आदि की सूची है जिनके साथ सम्पर्क से इस पुस्तक की सामग्री बनी है। बड़े ही वैज्ञानिक तरह से अध्ययन किया गया है, इस ग्रंथ के लिये।

इस पुस्तक पर छ लेखकों के नाम हैं। सर्वश्री प्रवीण चन्द्र दुबे, के के खन्ना, आरएलएस सिकरवार, आरएन सक्सेना, बीएल पाण्डेय और अर्जुन प्रसाद तिवारी। इनमें से मैं श्री प्रवीण चन्द्र दुबे से मिला हूं। और अर्जुन तिवारी से फोन पर चर्चा हुई है। अन्य सज्जनों से भी मुलाकात की इच्छा है।

इस ब्लॉग पोस्ट में पुस्तक की सामग्री परिचय के बारे में अगर मैं कहना शुरू करूं तो उसे 500-1000 शब्दों में समेट नहीं सकता। अत: उसका प्रयास नहीं करूंगा। प्रवीण जी और अर्जुन ने मुझे यह भरोसा दिया है कि इस पुस्तक की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा देंगे। तब, जब भी समय मिला, मैं इसके अंशों से आप पाठकगणों को जानकारी देता रहूंगा।

फिलहाल तो मैं इतना ही कह सकता हूं कि अत्यंत प्रभावित हूं इस अध्ययन-सन्दर्भ-ग्रंथ से।


मैने अर्जुन तिवारी से फोन पर बातचीत की। वे बोटानिकल सर्वे ऑफ इण्डिया के इलाहाबाद केन्द्र में शोध कार्य कर रहे हैं। [ प्रवीण चन्द्र दुबे जी ने मुझे फोन पर कहा था – बड़ा ही अच्छा लड़का है। इसके लिये कोई अच्छी लड़की हो तो बताइयेगा! :lol: ]

अर्जुन से मैने पूछा कि जितना पारम्परिक ज्ञान उन्होने अनेक जनजातीय लोगों/वैद्यों/जानकारों से एकत्र किया है, उसमें से कितना, बकौल उनके, आयुर्वेद ने अपने में समाहित किया है?

अर्जुन का विचार था कि अभी बहुत कुछ वैज्ञानिक/आयुर्वेदीय अध्ययन बाकी है। लगभग 40 प्रतिशत ज्ञान किसी न किसी तरह से आयुर्वेदीय औषधियों-पद्धतियों में है। एलोपैथिक दवाओं में भी बहुत सी का मूल ये जड़ी-बूटियां ही हैं। पर बहुत से वनस्पतीय-पारम्परिक ज्ञान का वैलीडेशन होना शेष है। उस दिशा में बहुत प्रयास नहीं हुये हैं। पर अब आयुष मंत्रालय की स्थापना हुई है तो आशा की किरण नजर आती है।

उदाहरण के लिये अर्जुन ने बताया कि जनजातीय लोग भस्म-कन्द नामक जड़ी का प्रयोग केंसर के लिये करते आये हैं। उज्जैन में एक बीएमएस डाक्टर से उन्हे प्रवीण जी ने मिलवाया था। उन डाक्टर साहब ने  बताया था कि भस्म-कन्द का सफल प्रयोग उन्होने कई केंसर रोगियों पर किया था।

पर जन जातीय लोग भस्म-कन्द का सूरन के विकल्प के रूप में अपने भोजन में प्रयोग करते आये हैं। व्यापक दोहन हो चुका है इस वनस्पति का और यह एंडेंजर्ड प्रजाति में आ गयी है। इसको बनाये रखने के प्रयास की आवश्यकता है।

अर्जुन ने एलोपैथी और आयुर्वैदिक दवाओं में वनस्पति के प्रयोग पर अपने विचार व्यक्त किये। एलोपैथी में वनस्पति का संश्लेषित रूप प्रयोग होता है। आयुर्वेदिक औषधि में वनस्पति अपनी मूल दशा में रहती है। भारत में आयुर्वेदिक दवाओं की मूल समस्या उनमें कठोर क्वालिटी कण्ट्रोल का न होना है। उनकी फार्मास्युटिकल कम्पनियां जड़ी-बूटियों की गुणवत्ता से समझौता करती हैं। (उदाहरण के लिये अशोकारिष्ट में वे अशोक के उस प्रकार का प्रयोग कर रही हैं, जिसमें औषधीय गुण नगण्य़ हैं।) कई बार पुरानी जड़ी-बूटियों का प्रयोग कर लिया जाता है। वे कुशल प्लाण्ट टेक्सोनॉमिस्ट अपनी दवाओं के उत्पादन में नहीं रखतीं।


अर्जुन तिवारी से बातचीत कर मुझे लगा कि वनस्पतियों के पारम्परिक ज्ञान का अध्ययन और उसका आयुर्वेद/एलोपैथ के साथ सही संश्लेषण समय की मांग भी है और वर्तमान सरकार की सोच के अनुसार एक महत्वपूर्ण घटक भी – जनता के स्वास्थ्य के लिये।

अर्जुन निकट भविष्य में वैज्ञानिक पद के लिये चयन में जायेंगे। उन्हे शुभकामनायें!


DEMU – डेमू गाड़ी का उद्घाटन समारोह


सादात में डेमू उद्घाटन के दौरान भीड़ को सम्बोधित करते श्री मनोज सिन्हा।
सादात में डेमू उद्घाटन के दौरान भीड़ को सम्बोधित करते श्री मनोज सिन्हा।

अपनी रेल सेवा के दौरान मैने कई ट्रेनों के शुभारम्भ के समारोह देखे हैं। बहुतों में बहुत सक्रिय भूमिका रही है। इन्दौर से देश के विभिन्न भागों में जाने वाली लगभग आधा दर्जन ट्रेनों का शुभारम्भ, अलग-अलग रेल मन्त्रियों द्वारा होते देखा है। माधव राव सिंधिया, नीतिश कुमार, ममता बैनर्जी, लालू प्रसाद यादव के समारोहों की यादें हैं। ये तब के अवसर हैं जब मैं रेल मण्डल स्तर का अधिकारी हुआ करता था। उसके बाद जोनल रेलवे के मुख्यालय – पूर्वोत्तर और उत्तर मध्य रेलवे के मुख्यालयों में आने पर (मेरे कार्य की प्रकृति बदलने के कारण) – ट्रेनों के उद्घाटन समारोहों में जाने का सिलसिला लगभग समाप्त हो गया था।

हाल ही में पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य परिचालन प्रबन्धक बनने पर यह उद्घाटन समारोहों में जाने का सिलसिला पुन: कुछ प्रारम्भ हुआ। रेल राज्य मन्त्री श्री मनोज सिन्हा ने मण्डुआडीह (वाराणसी) से दो ट्रेनों को हरी झण्डी दिखाई। उन समारोहों में मैं उपस्थित था।

अब, तीस जून को एक ट्रेन के उद्घाटन समारोह में जाने का अवसर मिला। यह अलग प्रकार की रेलगाड़ी थी और अलग प्रकार के जगह पर उसका उद्घाटन हो रहा था।

मऊ से बरास्ते वाराणसी, इलाहाबाद सिटी को जाने वाली एक डीजल-इलेक्ट्रिक-मल्टीपल-यूनिट (DEMU) सवारी गाड़ी – जो सभी स्टेशनों पर रुकती है – के शुभारम्भ का कार्यक्रम था यह। माननीय  रेल राज्य मन्त्री श्री मनोज सिन्हा उसका उद्घाटन करने जा रहे थे। उद्घाटन किसी प्रमुख नगर – इस मामले में मऊ, इलाहाबाद या वाराणसी – में न हो कर एक छोटे स्टेशन सादात में होने जा रहा था। एक प्रकार से यह सही भी था – छोटे स्टेशनों की जरूरतों को पूरा करने वाली ट्रेन का उद्घाटन भी एक छोटे स्टेशन पर हो।

सादात स्टेशन पर बनारस से सड़क मार्ग से हम घूम-घाम कर पंहुचे। पहले आशापुर-पांड़ेपुर के आस पास ट्रैफिक जाम में फंसे रहे पौना घण्टा। एक बस और एक टैंकर वाले आमने सामने भिड़े हुये थे। कोई अपनी जगह से टस से मस नहीं हो रहा था। अंतत:, समय से थक हार कर दोनो शायद थोड़ा थोड़ा पीछे हटे और हमें निकलने का मौका मिल गया। अन्यथा लगने लगा था कि उद्घाटन कार्यक्रम में चूक जी जायेंगे हम। सड़क आगे अच्छी मिली। सैदपुर के आसपास हम गंगा नदी के पास से गुजरे। वहां का दृष्य देख कर लगा कि लौटानी में कुछ समय गंगा किनारे व्यतीत करना उचित रहेगा। वही बाद में किया भी।

मुख्य सड़क से सादात स्टेशन को पंहुचने का रास्ता टेढ़ा-मेढ़ा था। टेढ़ा-मेढ़ा और कहीं कहीं संकरा भी। लोग हमें कौतूहल से देख भी रहे थे। कहीं कहीं झोंपड़ियां और गुमटियां थीं तो बीच में इक्का-दुक्का पक्के मकान (जिन्हे शहर के स्तर से भी आलीशान कहा जा सकता है) भी थे। मुझे लगने लगा था कि यह पक्का सामंती इलाका है – जहां गरीबी और पिछड़ेपन के बीच सम्पन्नता के द्वीप हैं। मुझे यह भी बताया गया कि इस इलाके में कई कॉलेज हैं और वहां के छात्र बहुत उत्पाती हुआ करते थे। पहले जब यहां लाइन क्लियर लेने के लिये टोकन की व्यवस्था थी तो ट्रेने ज्यादा देर तक रोकने के लिये वे रेलवे स्टाफ से टोकन छीन कर फैंक दिया करते थे। अब भी यहां चेन खींचने की घटनायें आम से अधिक हैं।


अगले दिन मुझे मेरे साले जी – शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि यह इलाका समाजवादी पार्टी का गढ़ हुआ करता था। श्री मनोज सिन्हा ने वह इस बार संसदीय चुनाव में जीत हासिल कर वह गढ़ ध्वस्त कर दिया। सादात के इलाके से श्री सिन्हा को व्यापक समर्थन मिला। इस भाग में लगभग क्लीन स्वीप मिली उन्हे।


अंतत: हम समय से रेलवे स्टेशन पंहुच ही गये। डेमू ट्रेन सजी, संवरी अपने इनॉग्युरल रन के लिये प्लेटफार्म पर तैयार खड़ी थी। सादात स्टेशन पर प्लेटफार्म के ऊंचा करने का काम चल रहा है। उसके कारण व्यवधान था। व्यवधान पिछले दिनों हुई बारिश के कारण भी था। पर उसके बावजूद बहुत से स्थानीय उस ट्रेन को देखने के लिये वहां उपस्थित थे। कुछ तो नाच भी रहे थे।

उद्घाटन के लिये सजी डेमू सवारी गाड़ी। सादात स्टेशन पर।
उद्घाटन के लिये सजी डेमू सवारी गाड़ी। सादात स्टेशन पर।

स्टेशन के सामने पण्डाल बना था। पूरे पण्डाल स्थल पर कारपेट बिछा था। बिछाना वैसे भी जरूरी हो गया था – बारिश के कारण अगर कारपेट न होता तो चलना कठिन होता। पण्डाल, शामियाना और मंच की गुणवत्ता सादात जैसे छोटे स्टेशन की तुलना में काफी अच्छी कही जायेगी।

मंत्री महोदय समय पर आये। उन्हे देख कर भीड़ में जो रिस्पॉंस दिखा, वह एक नेता के क्षेत्र में औपचारिक दौरे जैसा नहीं था। लगभग हर व्यक्ति उन्हे ऐसे देख रहा था या उन्हे ऐसे सम्बोधित कर रहा था मानो श्री सिन्हा उसी के खासमखास हों। वे हर व्यक्ति से उसका ज्ञापन स्वयम ले रहे थे। वह जो कह रहा था उसे सुन भी रहे थे और उसके कहे पर आश्वासन और प्रतिक्रिया भी दे रहे थे। … मुझे दशकों पहले माधव राव सिन्धिया जी के कार्यक्रम की याद हो आयी। वहां तीस-चालीस कदम की दूरी रखी जा रही थी भीड़ की उनसे और एक दो व्यक्ति लोगों से ज्ञापन ले कर तह लगाने के बाद एक बोरी में इकठ्ठा कर रहे थे। शायद सिन्धिया जी श्रीमंत थे जिनके लिये लोगों से सम्बन्ध राजा-प्रजा वाले थे; और, उसके उलट सिन्हा जी जमीन से जुड़ी राजनीति कर रहे थे।

समारोह के दौरान जनता से बोलते-बतियाते श्री मनोज सिन्हा।
समारोह के दौरान जनता से बोलते-बतियाते श्री मनोज सिन्हा।

मैं मन्त्री महोदय के पीछे बैठा था और उनका जनता के साथ इण्टरेक्शन बड़ी बारीकी से देख रहा था। अपने ब्यूरोक्रेटिक जीवन में दो दर्जन से अधिक सांसदों और मांत्रियों को बारीकी से देखा है मैने। अपने समधी (गिरिडीह के लोक सभा सदस्य, श्री रवीन्द्र पाण्डेय) के साथ भी समय व्यतीत करने का पर्याप्त अनुभव है। मैने इन अधिकांश नेताओं को अच्छी ग्रास्पिंग पावर का पाया था। उनका जनता और भीड़ को देख ‘हरियरा जाना’ भी मैने ऑब्जर्व किया है। पर जनता का उनको देख कर इस प्रकार प्रसन्न होना – जैसा यहां समारोह में देख रहा था – कम ही (या शायद नहीं ही) देखा है मैने।

इस लिये, समारोह के बाद जब मंत्री महोदय के साथ कुछ क्षण गुजारने का समय मिला; तब मैने यह कहा भी – “बहुत आत्मीय भीड़ थी। बहुत भारी संख्या में और बहुत आत्मीय।”

इस प्रकार के छोटे स्टेशन पर उद्घाटन समारोह का आयोजन करना रेलवे प्रशासन के लिये झंझटिया काम हो सकता है। शायद कुछ लोग कुड़बुड़ा भी रहे हों और इसे सामान्य प्रक्रिया के विपरीत बता रहे हों। पर अगर लोगों का सही रिस्पॉंस ही एक घटक हो समारोह का; तो यह सादात में (छोटे स्टेशन पर) समारोह को मैं सम्भवत: सब से अच्छा समारोह मानूंगा अपने करीयर में।

इस इलाके को डेमू सेवा देना और उसका उद्घाटन सादात जैसे स्टेशन से करना अगर श्री मनोज सिन्हा की स्थानीय टीम के सोच के बल पर हुआ है, तो मानना पड़ेगा कि उनके पास एक कुशल राजनीतिक-प्रबन्धन की टीम है। और अगर यह उनका अपना तय किया था, तो उनके राजनीतिक प्रबन्धन को मास्टर-स्ट्रोक लगाने वाला ही कहा जायेगा।

ग्रामीण जनता का दिल जीतने के लिये डेमू बेहतर है लम्बी दूरी की गाड़ी से। छोटा कदम बेहतर है अंतर महानगरीय छलांगों की अपेक्षा!


पूर्वोत्तर रेलवे के ब्राण्ड-अम्बेसडर


पूर्वोत्तर रेलवे के ब्राण्ड अम्बेसडर श्री कन्हैयालाल गुप्ता। यूनियन नेता। उम्र 98 साल।
पूर्वोत्तर रेलवे के ब्राण्ड अम्बेसडर श्री कन्हैयालाल गुप्ता। यूनियन नेता। उम्र 98 साल।

वे वृद्ध नेता हैं पूर्वोत्तर रेलवे की मजदूर यूनियन के। रेल का उपभोक्ता पखवाड़ा मनाने का समय था। अनेकानेक कार्यक्रम हुये। रेलवे की मान्यताप्राप्त यूनियनों के नेताओं को; सन्देश कर्मचारियों और जनता तक फैलाने के लिये; ब्राण्ड-अम्बेसडर घोषित किया गया। उस आधार पर ये वयोवृद्ध नेता – श्री कन्हैयालाल गुप्ता – पूर्वोत्तर रेलवे के ब्राण्ड-अम्बेसडर थे।

पखवाड़े के समापन समारोह में गुप्ता जी गोरखपुर स्टेशन परिसर में वृक्ष लगा रहे थे। मैने उनका चित्र लिया। जब वे पौधे को रोप कर पानी पिला चुके, तब मैने उनकी उम्र और उनकी ऊर्जा का रहस्य पूछा। दोनो प्रश्न वे हंस कर टाल गये।

वृक्षारोपण करते श्री कन्हैयालाल गुप्ता
वृक्षारोपण करते श्री कन्हैयालाल गुप्ता

मैने गुप्ता जी को छोड़ा नहीं। ट्री-प्लाण्टेशन के बाद हम लोग रेलवे स्टेशन के यात्री लॉंज में बैठे थे। गुप्ता जी मुझसे थोड़ी दूर बैठे थे। मैं सयास उठ कर उनके पास गया और उनसे उनके बारे में पूछा।

गुप्ताजी, रेलवे की सेवा में आने के पहले सेना में हवलदार भर्ती हुये थे। एक रेंक प्रोमोशन भी पाये थे। उनके बाद आर्मी छोड़ कर कुछ समय एम्प्लॉयमेण्ट एक्स्चेंज में नौकरी किये और उसके बाद रेलवे की अकाउण्ट शाखा में जूनियर क्लर्क बन गये।

“कौन से सन में रेलवे ज्वाइन की थी?” मेरे यह पूछने पर गुप्ता जी ने हंस कर अपना सिर झटका। सम्भवत: मेरे प्रश्न का उत्तर वे टालना चाहते थे। पर फिर बताया – सन 1946 में।

सन 1946 – मैं चौक गया। ये शारीरिक और मानसिक रूप से चैतन्य, पूर्वोत्तर रेलवे की यूनियन में अपना दबदबा अभी भी कायम रखने वाले ये सज्जन श्री कन्हैयालाल गुप्ता आज से लगभग 70 साल पहले रेल सेवा में आये थे।

किसी ने मुझे उनकी उम्र 98 वर्ष बतायी थी और मैने उसपर यकीन नहीं किया था। पर अब गुप्ता जी स्वयम उस कथन की पुष्टि करते दिख रहे थे। मेरे मन मेंं गुप्ताजी के प्रति आदर में अचानक और वृद्धि हो गयी। पैराडाइम शिफ्ट।

मैने गुप्ता जी से उनकी दिन चर्या पूछी। वे सवेरे चार बजे उठते हैं। थोड़ा व्यायाम कर सवेरे सैर करते हैं। दिन भर यूनियन का काम करते थें। यूनियन और रेल कर्मचारी ही उनका मिशन हैं। पत्नी नहीं रहीं और बाल-बच्चों की विचारधारा से पीढ़ी का अंतर होने के कारण बहुत सामंजस्य नहीं बनता। अत: वे हैं और रेल कर्मचारी हैं, जो परस्पर गुंथे हैं। रात दस बजे सोते हैं। “नींद गहरी आती है। तब चाहे कोई नगाड़ा बजाये, टूटती नहीं।” 

सौ के आसपास की उम्र के गुप्ता जी। एक मिशन ले कर जीवन बिताते। अभी भी ऊर्जावान और सजग। आर्य और वैदिक साहित्य जिस “शतायु” की बात कहता होगा, वह गुप्ता जी साकार करते दिखे। … पूर्वोत्तर रेलवे ने एक प्रकार से सटीक ब्राण्ड अम्बेसडर चुना। पूर्वोत्तर रेलवे की तरह उम्रदराज, ऊर्जावान और अपने परिवेश पर सही प्रभाव डालने वाला।

अपने से चालीस-पचास साल कम उम्र के रेल कर्मचारियों को अपने किन गुणों से बांध कर रखते होंगे वे; कौन से उनके गुण अभी भी उन्हे यूनियन का शीर्षस्थ बनाये हुये हैं; यह जानने का मन है। आगे कभी उनके पास बैठा तो पूछूंगा। आपको भी बताऊंगा।

मैने श्री गुप्ता के पास बैठ कर उनसे उनके बारे में पूछना बेहतर समझा।
मैने श्री गुप्ता के पास बैठ कर उनसे उनके बारे में पूछना बेहतर समझा।

Design a site like this with WordPress.com
Get started