जंगर चोरई नहींं करता मैं – रामसेवक

ramsevak bind, gardener

रामसेवक 51 साल के हैं। उनकी बेटी की शादी हो गयी है। दो लड़के हैं, जो गांव में ही अपने अपने हिसाब से काम करते हैं। कोचिंग करना, जूते चप्पल की दुकान रखना और सब्जी का धंधा करना उनके व्यवसाय हैं। बड़े लड़के की शादी हो गयी है। उसकी पत्नी भी सिलाई कर अर्जन करती है। पूरे परिवार में कोई दुर्गुण नहीं है। अपने काम से काम रखने वाला परिवार। घर के सभी लोग काम में लगे हैं तो (अपेक्षाकृत) सम्पन्नता भी है। रहन सहन और पास पड़ोस से बेहतर है।

Ramsevak gardener
“मेरा शरीर पतला है, इसलिये मेहनत करने में दिक्कत नहीं होती।” – रामसेवक

रामसेवक खुद रोज बनारस जाते हैं। कई बंगलों और फ्लैट्स में बागवानी का काम देखते हैं। हर घर से समय तय है। नियत समय पर वहां पंहुचते हैं और पूरे समय काम में लगे रहते हैं। सवेरे आठ बजे के आसपास घर से निकल कर बस या ऑटो पकड़ने के लिये हाईवे की ओर जाते देखता हूं बहुधा। शाम के समय तीन साढ़े तीन बजे बनारस से वापस निकल देते हैं। पहले जब हाईवे पर फ्लाईओवर के काम चल रहे थे तो दो दो घण्टे जाम में लग जाते थे। अब, वाराणसी-प्रयाग नेशनल हाईवे का काम पूरा हो जाने के बाद, समय पर सांझ होने के पहले घर वापस आ जाते हैं।

रामसेवक हमारे घर रविवार की सुबह दो-तीन घण्टे बागवानी का काम देखते हैं। उनके आने से घर के पौधे जीवंत हो उठे हैं। अभी कोहरे के कारण फूल कुछ दब गये हैं, पर वैसे हमारी बगिया चमक गयी है।

रामसेवक हमारे लिये खुशियाँ लाते हैं!

छरहरे बदन के रामसेवक जब से आते हैं, काम में ही लगे रहते हैं। एक काम निपटाते ही दूसरा पकड़ लेते हैं। शायद मन में सोच कर रखते हैं कि यह करना है और उसके बाद इस चीज का नम्बर है। घर परिसर में एक जगह से दूसरी पर जाना हो तो फुर्ती से जाते आते हैं। जैसे कैसियस क्ले (मुहम्मद अली) को बॉक्सिंग का बटरफ्लाई कहा जाता था, रामसेवक बागवानी के बटरफ्लाई हैं।

“उन्होने काम जांचने को सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं। दफ्तर से आने के बाद अपने कम्यूटर पर देख लेते होंगे कि कहां क्या काम हुआ है। वर्ना उनसे ज्यादा बातचीत नहीं होती। अपने हिसाब से काम करता रहता हूं। समय पूरा देता हूं। जंगर चोरई नहीं करता।”

“बनारस में लोग, जिनके यहां आप काम करते हैं, आपके काम में साथ साथ रहते हैं?”

“नहीं। उनके पास समय ही नहीं है। बाग बगीचे की जानकारी है। यह जानते और बता देते हैं कि क्या कहां लगना चाहिये। पर साथ साथ लगने के लिये समय नहीं है। उन्होने सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं। दफ्तर से आने के बाद अपने कम्यूटर पर देख लेते होंगे कि कहां क्या काम हुआ है। वर्ना ज्यादा बातचीत नहीं होती। अपने हिसाब से काम करता रहता हूं। समय पूरा देता हूं। जंगर चोरई (जांगर – पौरुष/श्रमशीलता। जंगर चोरई – काम से जी चुराने की आदत) नहीं करता।” रामसेवक बताते हैं। “मेरा शरीर पतला है, इसलिये मेहनत करने में दिक्कत नहीं होती।”

“मेरे ख्याल से इसके उलट बात है। आप काम में लगे रहते हैं। काहिली नहीं दिखाते। इसी लिये शरीर इकहरा है। नहीं तो शरीर पर चर्बी चढ़ जाती और काम करने में फुर्ती नहीं रहती।”

जैसे कैसियस क्ले (मुहम्मद अली) को बॉक्सिंग का बटरफ्लाई कहा जाता था, रामसेवक बागवानी के बटरफ्लाई हैं।

लम्बा अर्सा हो गया, रामसेवक की पत्नी के देहावसान को। “तब बच्चे छोटे छोटे थे। मैंने सोचा कि अगर दूसरा विवाह किया तो इन बच्चों की जिंदगी बरबाद हो जायेगी। इसलिये मैंने अपना ध्यान काम करने और बच्चों को पालने में लगाया। पहले मैं यहीं गांव में कोचिंग करता था। फिर बनारस जा कर साइकिल पर टोकरी में ले कर गली गली पौधे बेचना शुरू किया। लोग पौधों के बारे में और उन्हे कैसे लगाया जाये, इसके बारे में पूछते थे। कुछ लोगों ने कहा कि उनके बगीचे में काम कर उसे ठीक करूं। वह मुझे ज्यादा रुचा। तब टोकरी में पौधे ले कर गली गली बेचने की बजाय यह काम शुरू किया जो आज कर रहा हूं।”

रामसेवक के बारे में मैंने सबसे पहले 13 जुलाई 2020 को लिखा था –

आज राम सेवक जी से संपर्क किया। गांव में मेरे पड़ोसी हैं। वाराणसी में बंगलों पर माली का काम करते हैं। ट्रेनें नहीं चल रहीं तो साइकिल से आते जाते हैं। रविवार ही गांव में बिता पाते हैं।
उन्होंने मान लिया है कि रविवार को समय दे कर मेरे अरण्य को मेनिक्योर करेंगे।
#गांवदेहात

13 जुलाई 2020 को लिखे के साथ चित्र।

तब से अब तक छ महीने हो गये हैं। अरण्य अब उपवन बन गया है। उपवन से बेहतर उपवन की दिशा में कार्यरत हैं रामसेवक। वे अपने हिसाब से बनारस से खरीद लाते हैं फूलों के पौधे, गमले या अन्य उपकरण। मेरी पत्नीजी उनके साथ लगी रहती हैं। पौधों, वृक्षों को पानी देना, धूप में रखना या बचाना आदि नियमित करती हैं। मेरी पोती चिन्ना पांड़े भी रामसेवक अंकल से पूछने के लिये अपने सवाल तैयार रखती है। “जब वे रविवार को आयेंगे तो उनसे ये सब पूछना है।” रामसेवक अंकल को अपना मित्र समझती है।

मैंने रामसेवक जी के बैंक अकाउण्ट का विवरण ले रखा है। मेरा बागवानी में योगदान केवल रामसेवक जी के अकाउण्ट में उनका महीने का पेमेण्ट और उनके लाये सामान का पैसा देना भर है। यदाकदा उनके चित्र लेता हूं और उनसे बात करता हूं। वे मेरे ब्लॉग के काम के हैं।

रामसेवक के आने के बाद अरण्य अब उपवन बन गया है।

मुझे यकीन है कि रामसेवक जी से हमारा सम्बंध चिरस्थायी होगा।


Published by Gyan Dutt Pandey

Exploring rural India with a curious lens and a calm heart. Once managed Indian Railways operations — now I study the rhythm of a village by the Ganges. Reverse-migrated to Vikrampur (Katka), Bhadohi, Uttar Pradesh. Writing at - gyandutt.com — reflections from a life “Beyond Seventy”. FB / Instagram / X : @gyandutt | FB Page : @gyanfb

5 thoughts on “जंगर चोरई नहींं करता मैं – रामसेवक

आपकी टिप्पणी के लिये खांचा:

Discover more from मानसिक हलचल

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Design a site like this with WordPress.com
Get started